देश में 80 प्रतिशत वयस्क आबादी को दोनों टीके लगाये गए
नई दिल्ली। देश में कोविड टीकाकरण लगभग 175 करोड के आंकडे तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 18 फरवरी को 32 लाख से अधिक टीके शाम सात बजे तक लगाये गए। 15 से 18 वर्ष आयुवर्ग में पांच करोड चौंतीस लाख से अधिक टीके पहली डोज के रूप में और दो करोड छह लाख से अधिक दूसरी डोज के रूप में लगाये गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि 80 प्रतिशत व्यस्क जनसंख्या का पूर्ण टीकाकरण किया जा चुका है। अब तक एक करोड 86 लाख से अधिक एहतियाती डोज लगाये गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा है कि देश ने पात्र वयस्क जनसंख्या के 80 प्रतिशत लोगों को कोविड रोधी दोनों टीके लगा कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका प्रयास के सिद्धांत के साथ भारत शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य हासिल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
ओमिक्रॉन वैरिएंट से उत्पन्न कोविड महामारी की तीसरी लहर में आई कमी के बीच यह उपलब्धि हासिल हुई है। केंद्र सरकार, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को लागू प्रतिबंध हटाए जाने की पहले ही सलाह दे चुकी है, क्योंकि देशभर में कोविड स्थिति में काफी सुधार है।
Leave A Comment