रुई जैसी सॉफ्ट और फूली-फूली बनेगी इडली!
साउथ इंडिया की फेमस इडली अब वहीं तक सीमित नहीं रही। आज ये एक पॉपुलर इंडियन ब्रेकफास्ट बन चुकी है, जिसका स्वाद भी लाजवाब होता है और ये काफी हेल्दी भी होती है। आमतौर पर लोग घर पर ही इडली बनाना प्रिफर करते हैं। इसकी रेसिपी भी सिंपल है, लेकिन अक्सर लोगों का सवाल रहता है कि घर पर इडली सॉफ्ट क्यों नहीं बनती। दरअसल सारा खेल इसके बैटर में छिपा है। अगर इडली का बैटर एक बार आप ठीक तरीके से बनाना सीख लें तो हर बार ये एकदम रुई जैसी सॉफ्ट बनेंगी। इंस्टाग्राम पर शेफ सागर ने इसी से जुड़ी कुछ टिप्स साझा की हैं। इडली का बैटर बनाते हुए ये छोटी-छोटी बातें ध्यान में रखेंगे तो बिल्कुल रुई जैसी सॉफ्ट और टेस्टी इडली बनकर तैयार होंगी।
चावल और दाल का सही अनुपात क्या रखें?
पारंपरिक रूप से इडली बनाते हुए दाल चावल की मात्रा अलग रखी जाती है। हालांकि अगर आप पहली बार में ही बिल्कुल सॉफ्ट और स्पंजी इडली बनाना चाहते हैं, तो शेफ का बताया हुआ रेशियो फॉलो कर सकते हैं। इसके लिए अगर आप डेढ़ कप कच्चे चावल ले रहे हैं, तो उसमें सिर्फ दो चम्मच उड़द की धुली हुई दाल डालें। इन्हें अच्छे से 3-4 बार धो लें, फिर लगभग चार से पांच घंटे के लिए भिगोकर रख दें।
स्वाद की टिप: इडली बनाने के लिए इडली राइस इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे इडली ज्यादा सॉफ्ट और स्पंजी बनती है।
पापड़ वाली ट्रिक से सॉफ्ट बनेगी इडली
इडली को सॉफ्ट और स्पंजी बनाने के लिए शेफ बैटर में थोड़ा सा पापड़ मिलाने की भी सलाह देते हैं। इसके लिए आप किसी भी ब्रांड के दो से तीन उड़द दाल पापड़ ले सकते हैं। जब दाल-चावल भिगोकर रख रहे हैं, उसी समय पापड़ को भी अलग से किसी बर्तन में भिगोकर रख दें। इन्हें छोटे टुकड़ों में तोड़ लें, ताकि ये अच्छे से भीग जाएं। दरअसल पापड़ में पापड़खार जैसे तत्व मौजूद होते हैं, जो बैटर को हल्का बनाने में मदद करते हैं।
बासी चावल डालकर इस तरह बनाएं इडली का बैटर
इडली का बैटर बनाने के लिए एक मिक्सर में भिगोकर रखे हुए दाल-चावल डालें। साथ में एक कप बासी चावल भी एड करें। बासी चावल मिलाने से बैटर काफी फ्लफी बनता है। अब इसमें एक चम्मच चीनी, आधा चम्मच यीस्ट पाउडर (खमीर) और नमक डालें। साथ ही जो पापड़ आपने भिगोकर रखे हुए थे, उन्हें भी मिक्सर में डाल दें। सभी चीजों को पीसकर एक फाइन सा बैटर बनाकर तैयार कर लें।
कितनी देर रखना है इडली का बैटर?
बैटर अच्छी तरह फर्मेंट हो जाए, इसके लिए इसे कुछ देर रखना होता है। इस तरह अगर आपने इडली बैटर बनाया है, तो इसे ढककर लगभग 4-5 घंटे के लिए रख दें। आप देखेंगे कि बैटर पूरी तरह फूलकर ऊपर की तरफ उठने लगा है। ये परफेक्ट इडली बैटर की निशानी है। अब इसे इडली मोल्ड में भरें और सॉफ्ट-सॉफ्ट इडली बनाकर तैयार कर लें। महज 6-7 मिनट की स्टीम में ही इडली बनकर तैयार हो जाती है।










Leave A Comment