प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नौ सितंबर को करेंगे पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
चंडीगढ़. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए नौ सितंबर को राज्य का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी पंजाब में बाढ़ की स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हैं और इस पर कड़ी नजर रख रहे हैं। जाखड़ ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया,‘‘पंजाब के लोगों को अधिकतम सहायता प्रदान करने के लिए वह (मोदी) स्थानीय परिस्थितियों का व्यक्तिगत रूप से आकलन करने और जमीनी हकीकत को समझने के लिए नौ सितंबर को पंजाब का दौरा कर रहे हैं।'' इससे पहले, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब की स्थिति का आकलन करने के लिए राज्य का दौरा किया था। जाखड़ ने कहा,‘‘पंजाब में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने आई केंद्र सरकार की दो टीम अपने दौरे के बाद केंद्र सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी। भारत सरकार पूरी तरह पंजाब के लोगों के साथ खड़ी है।'' चौहान ने चार सितंबर को पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था और फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया था। उन्होंने इसे ‘जल प्रलय' की स्थिति बताया था। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया था कि केंद्र उन्हें इस संकट से उबारने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। मंत्री ने अमृतसर, गुरदासपुर और कपूरथला जिलों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था ।
पंजाब इस समय दशकों में आई सबसे भीषण बाढ़ आपदाओं में से एक का सामना कर रहा है।
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद सतलुज, व्यास और रावी नदियों और मौसमी नालों में उफान के कारण पंजाब के बड़े हिस्से में बाढ़ आयी हुयी है। इसके अलावा, पिछले कुछ दिनों से पंजाब में हो रही भारी बारिश ने बाढ़ की स्थिति और बिगाड़ दी है।
अधिकारियों के अनुसार, पंजाब में बाढ़ के कारण अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1.75 लाख हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में लगी फसलें बर्बाद हो गई हैं।
Leave A Comment