ब्रेकिंग न्यूज़

देशभर में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया राम नवमी का पर्व

नयी दिल्ली.  देशभर में बृहस्पतिवार को राम नवमी का पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर मंदिर रंग-बिरंगे फूलों और रोशनी से सजे हुए थे, जहां पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन की गूंज सुनाई दे रही थी जबकि सड़कों पर भव्य शोभा यात्राओं ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। कई राज्यों में विशेष पूजा-अर्चना और सामुदायिक भोज का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालु सुबह से ही बड़ी संख्या में मंदिरों में उमड़ पड़े। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। देश के विभिन्न हिस्सों में भगवान राम के जन्मोत्सव के मौके पर भव्य शोभा यात्राएं निकाली गईं, जिनमें श्रद्धालु 'जय श्री राम' का उद्घोष करते हुए और भगवा झंडे लेकर उत्सव में शामिल हुए। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में शुक्रवार को मुख्य उत्सव मनाया जायेगा,जहां राम जन्मभूमि मंदिर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि मुख्य आकर्षण सूर्य तिलक समारोह होगा। शुक्रवार को होने वाले उत्सवों से पहले सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है, वहीं राज्य सरकार ने त्योहार के लिए दो दिन (बृहस्पतिवार और शुक्रवार) की छुट्टी की घोषणा की है। वाराणसी और मथुरा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों के मंदिरों को भी सजाया गया है।
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के हब्बा कदल इलाके में स्थित रघुनाथ मंदिर बृहस्पतिवार को एक ऐतिहासिक पल का गवाह बना, जब 36 वर्ष बाद इस सौ साल पुराने मंदिर में राम नवमी की पहली पूजा आयोजित की। इस खास अवसर पर न सिर्फ हिंदू श्रद्धालु जुटे, बल्कि उनके मुस्लिम पड़ोसी भी साथ खड़े नजर आए, जिससे माहौल भाईचारे और सौहार्द से भर उठा। राम नवमी के मौके पर शंकराचार्य मंदिर समेत शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा की गईं। पर्यटकों और सुरक्षा बलों ने भी स्थानीय हिंदू आबादी के साथ मिलकर उत्सव में हिस्सा लिया। इसी तरह, राजस्थान के जयपुर में सामुदायिक सद्भाव से भरपूर एक भव्य शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया, क्योंकि मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने मुस्लिम बहुल हसनपुरा क्षेत्र में एक शोभा यात्रा का पारंपरिक रूप से स्वागत किया। स्थानीय निवासियों ने गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर, पानी की बोतलें बांटकर और ''जय श्री राम'' के नारे लगाकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। गुजरात में रंगारंग शोभा यात्राओं से लेकर युवाओं द्वारा आयोजित अभिनव कार्यक्रमों में भक्तों ने राम नवमी को पूरे उत्साह के साथ मनाया। शहरों में 'जय श्री राम' के उद्घोष की गूंज सुनाई दी।
   इस मौके पर राजकोट और वडोदरा सहित राज्य के कई शहरों में शोभा यात्राएं निकाली गयीं। सड़कें रंगारंग प्रस्तुतियों, भक्ति गीतों और सामुदायिक भागीदारी से गुलजार हो उठीं। अहमदाबाद स्थित इस्कॉन मंदिर में सुबह 'श्री राम दरबार अभिषेक' और पारंपरिक '56 भोग' अर्पण के साथ एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। सूरत में, लगभग 90 बाइकर्स डाभरी बीच पहुंचे, जहां 65 मोटरसाइकिलों को इस तरह व्यवस्थित किया गया कि उनसे 'राम' शब्द लिखे होने का आभास हो सके। गोवा के मंदिरों में राम नवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस मौके पर विशेष प्रार्थनाओं, भजनों और अन्य अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। दक्षिण गोवा के पोंडा तालुका में स्थित श्री रामनाथ मंदिर में सुबह से ही सैकड़ों श्रद्धालु एकत्रित होने लगे। इस अवसर पर मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया। उत्तरी गोवा के कोल्वाले स्थित श्री राम देवस्थान मंदिर में श्रद्धालुओं ने रामायण पाठ, भजन और प्रसाद वितरण में भाग लिया। दक्षिण गोवा के मडगांव जिले के कोम्बा इलाके में स्थित श्री दामोदर मंदिर में भी विशेष प्रार्थना आयोजित की गई। चुनाव वाले राज्य पश्चिम बंगाल में राम नवमी के मौके पर एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हिंदुत्व के अपने एजेंडे को आगे बढ़ाती हुई दिखी, वहीं सत्तारूढ़ तृणमूल (टीएमसी) कांग्रेस भी विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा को धार्मिक विमर्श पर एकाधिकार स्थापित करने से रोकने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही। राज्य की राजधानी कोलकाता और कई जिलों में राम नवमी के अवसर पर भगवा ध्वज लहरा रहे थे, सड़कों पर ''जय श्री राम'' के नारे गूंज रहे थे और सैकड़ों की संख्या में झांकियां निकाली गईं। कोलकाता शहर में 60 से अधिक छोटी-बड़ी रैलियां निकाली गईं, जबकि हावड़ा, हुगली, बीरभूम और उत्तर दिनाजपुर जैसे जिलों में भी इसी तरह की झांकी निकाली गईं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए थे, हजारों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था और संवेदनशील क्षेत्रों में केंद्रीय बलों को मुस्तैद रखा गया था। झारखंड और बिहार में शुक्रवार को बड़े पैमाने पर उत्सव आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। झारखंड में राम नवमी के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए ड्रोन और त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए गए हैं और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अधिकांश जिलों में शोभा यात्रा शुक्रवार को निकाली जाएंगी, जबकि संवेदनशील क्षेत्र हजारीबाग और जमशेदपुर में ये शोभा यात्रा शनिवार को निकाली जाएंगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उम्मीद जताई कि बिहार में होने वाले उत्सवों में लाखों श्रद्धालु भाग लेंगे। राष्ट्रीय राजधानी में, पहाड़गंज क्षेत्र में आयोजित शोभा यात्रा के कारण शाम को मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ। शोभा यात्रा में लगभग 300 श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को राम नवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान राम के आदर्श न केवल भारत के लोगों के लिए, बल्कि अंनतकाल तक पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक शक्ति बने रहेंगे। मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''देशभर के मेरे परिवारजनों को रामनवमी की असीम शुभकामनाएं। त्याग, तप और संयम से भरे मर्यादा पुरुषोत्तम के जीवन से हमें हर परिस्थिति का पूरे सामर्थ्य से सामना करने की प्रेरणा मिलती है। उनके आदर्श अनंतकाल तक भारतवासियों के साथ-साथ संपूर्ण मानवता के पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english