ब्रेकिंग न्यूज़

 यह बदलाव का समय है, बदले का नहीं : मोदी

 नयी दिल्ली.  पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भाजपा की शानदार जीत के बाद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि ''आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है'' और यह बदलाव का समय है, बदले का नहीं। उन्होंने सभी दलों से राजनीतिक हिंसा की संस्कृति को त्यागने और राज्य के भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की भी अपील की। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद भाजपा मुख्यालय में उत्साहित पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन (संशोधन) विधेयक का विरोध की कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और अन्य दलों को कड़ी सजा मिली है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी (सपा) को भी जल्द ही महिलाओं के गुस्से का सामना करना पड़ेगा। उनका इशारा उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की ओर था। करीब 50 मिनट के अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस साल के चुनाव खास रहे हैं, क्योंकि इससे पहले के चुनावों में हिंसा, भय और निर्दोष लोगों की मौत होती थी। उन्होंने कहा कि लेकिन इस बार खबर अलग थी, क्योंकि पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान हुआ और ऐसा पहली बार हुआ कि मतदान के दौरान किसी की जान नहीं गई। मोदी ने कहा, ''बंगाल बदलाव के एक नये दौर में प्रवेश कर रहा है, मैं बंगाल की हर राजनीतिक पार्टी से एक अपील करना चाहता हूं। पिछले कई दशकों में बंगाल में राजनीतिक हिंसा के कारण अनगिनत लोग प्रभावित हुए हैं। मेरा दृढ़ विश्वास है कि बंगाल की यह चुनावी संस्कृति आज से ही बदलनी चाहिए।'' उन्होंने कहा, ''आज जब भाजपा जीती है, तो बदला नहीं, बदलाव की बात होनी चाहिए। भय नहीं, भविष्य की बात होनी चाहिए।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ''यह भरोसे का दिन है। यह भारत के महान लोकतंत्र पर भरोसे का दिन है, (जनता के लिए) काम करने की राजनीति पर भरोसे का दिन है, स्थिरता के संकल्प पर भरोसे का दिन है, और 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना पर भरोसे का दिन है।'' उन्होंने विजय समारोह में कहा, ''मैं पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल की जनता को नमन करता हूं।'' समारोह में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह सहित पार्टी के अन्य नेता उपस्थित थे। पिछले साल 14 नवंबर को, जब बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए थे, मोदी ने इसी स्थान से भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि गंगा बिहार से पश्चिम बंगाल के गंगा सागर तक बहती है। उन्होंने कहा, ''और आज, पश्चिम बंगाल में जीत के साथ, गंगोत्री (उत्तराखंड) से गंगा सागर (पश्चिम बंगाल) तक कमल ही कमल खिला हुआ है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल -- मां गंगा के किनारे बसे इन सभी राज्यों में अब भाजपा-राजग की सरकारें हैं।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि जीत और हार लोकतंत्र और राजनीति का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन इन पांच राज्यों की जनता ने दुनिया को दिखा दिया है कि क्यों ''हमारा देश लोकतंत्र की जननी'' है। उन्होंने कहा, ''नारी शक्ति अब तेजी से एक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि, कुछ दिन पहले कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने महिला शक्ति की इस गति को अवरुद्ध कर दिया।'' मोदी ने कहा, ''इन महिला विरोधी दलों ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन को पारित होने नहीं दिया। इसीलिए मैंने कुछ दिन पहले कहा था कि इस (संशोधन) विधेयक का विरोध करने वाले दलों को महिलाओं के प्रकोप का सामना करना पड़ेगा। आज बहनों और बेटियों ने कांग्रेस, तृणमूल और द्रमुक को सबक सिखा दिया है।'' मोदी ने कहा कि केरल में वामपंथियों के 10 साल के कुशासन से कांग्रेस को निश्चित रूप से फायदा हुआ है, लेकिन उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ''केरल की माताएं-बहनें भी अगले चुनावों में कांग्रेस को सबक जरूर सिखाएंगी।'' उन्होंने कहा, ''संसद में महिलाओं के लिए आरक्षण को रोकने वाली समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश की महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ेगा। महिला विरोधी समाजवादी पार्टी चाहे कुछ भी कर ले, वह अपने पापों को कभी नहीं धो पाएगी।'' असम का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मां गंगा और ब्रह्मपुत्र नदी ने भाजपा को आशीर्वाद दिया है और मां कामाख्या का आशीर्वाद भी पार्टी के साथ है।        उन्होंने कहा, ''असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा-राजग पर भरोसा जताया है।''
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के 20 से अधिक राज्यों में भाजपा-राजग की सरकारें हैं।
 
मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के साथ, जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को अब शांति मिल गई होगी। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि यह देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है। उन्होंने कहा, ''आज मैं बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल के लोगों को नमन करता हूं। आज मैं भाजपा के अनगिनत कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई भी देता हूं।'' अपने भाषण के बाद, प्रधानमंत्री ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक की। 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english