ब्रेकिंग न्यूज़

हिमंत असम के मुख्यमंत्री के रूप में लेंगे शपथ; प्रधानमंत्री, राजग के शीर्ष नेता रहेंगे मौजूद

गुवाहाटी.  असम में मंगलवार को हिमंत विश्व शर्मा के लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की तैयारी पूरी हो चुकी है। इसके साथ ही राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का लगातार तीसरा कार्यकाल शुरू होगा। खानापारा के पशु चिकित्सा महाविद्यालय मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ-साथ राजग शासित राज्यों के 40 से अधिक मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के उपस्थित रहने की संभावना है। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य पूर्वाह्न 11 बजकर 40 मिनट पर शर्मा और नयी मंत्रिपरिषद के सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। भाजपा नीत गठबंधन के 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में पहली बार सत्ता में आने के बाद से यह राज्य में राजग का लगातार तीसरा कार्यकाल होगा। राजग में भाजपा, असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) शामिल हैं। गठबंधन ने 126 सदस्यीय विधानसभा में रिकॉर्ड 102 सीट पर जीत दर्ज की। भाजपा ने अकेले 82 सीट जीतकर राज्य में पहली बार अपने दम पर बहुमत हासिल किया, जबकि अगप और बीपीएफ को 10-10 सीट मिलीं। शर्मा के साथ ही मंत्रिपरिषद के नए सदस्यों के शपथ ग्रहण करने की भी संभावना है, जिसमें सभी गठबंधन सहयोगियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह के बाद शर्मा द्वारा नयी सरकार के पहले 100 दिन की प्राथमिकताओं को प्रस्तुत करने की उम्मीद है। इनमें भूमि अधिकारों और अतिक्रमण हटाने के अभियानों से संबंधित प्रतिबद्धताएं भी शामिल होंगी। यह प्रचंड चुनावी जीत 'पहचान, भूमि और सुरक्षा' के मुद्दों को उठाते हुए चलाए गए प्रचार अभियान के बाद मिली है। शर्मा पहले ही कह चुके हैं कि नयी सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी और असम को प्रगति की दिशा में ले जाएगी। उन्होंने सोमवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में इसी बात को दोहराते हुए लिखा, ''असम की भूमि, पहचान और भविष्य पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता। 1.5 लाख बीघा भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के बाद, राजग असम के लोगों के लिए पांच लाख बीघा और भूमि वापस दिलाने के दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। क्योंकि हमारे लिए जाति, माटी, बेटी सर्वोपरि हैं।'' प्रदेश भाजपा के मीडिया संयोजक ध्रुवज्योति मारल ने बताया कि सभी 126 निर्वाचन क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को एकजुट किया जा रहा है और इस कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ''कार्यक्रम स्थल पर तीन मंच होंगे। शपथ ग्रहण समारोह मुख्य मंच पर होगा, जहां प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, राज्यपाल, नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री बैठेंगे। हमें उम्मीद है कि कम से कम छह केंद्रीय मंत्री, 20 मुख्यमंत्री और 23 उपमुख्यमंत्री उपस्थित हो सकते हैं।''

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english