पीएम मोदी पर शिवराज चौहान की किताब ‘अपनापन’ का 26 मई को होगा विमोचन
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आधारित किताब ‘अपनापन’ लिखी है। इस पुस्तक का विमोचन 26 मई को दिल्ली में किया जाएगा। इसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की। उन्होंने इस किताब को 35 वर्षों के अनुभवों का दस्तावेज बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से लोग पीएम मोदी के व्यक्तित्व को करीब से जान सकेंगे।
कृषि मंत्री ने एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि तीन दशकों से अधिक के सार्वजनिक जीवन में पीएम मोदी के साथ विभिन्न भूमिकाओं और दायित्वों में काम करते हुए उन्हें उनके व्यक्तित्व, नेतृत्व, सेवा, संगठन, सुशासन और राष्ट्र-समर्पण को करीब से समझने का अवसर मिला। इन्हीं अनुभवों, भावनाओं और जीवन मूल्यों को उन्होंने अपनी पुस्तक ‘अपनापन’ में संजोने का प्रयास किया है।उन्होंने बताया कि पुस्तक का लोकार्पण 26 मई को सुबह 10:30 बजे एनएएससी कॉम्प्लेक्स, पूसा, नई दिल्ली में किया जाएगा। उनका मानना है कि यह पुस्तक खासकर युवाओं को सेवा, संवेदना, राष्ट्रभक्ति और जनकल्याण के विचारों के साथ विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देगी।
वीडियो संदेश में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कभी-कभी जिंदगी में इंसान किसी ऐसे व्यक्ति के साथ काम करता है, जिसे दुनिया एक नेता के रूप में देखती है, लेकिन वह उसमें एक साधक, कर्मयोगी और असाधारण इंसान को देखता है। उन्होंने कहा कि यह किताब लिखना सिर्फ एक साहित्यिक कार्य नहीं, बल्कि उन 35 वर्षों को शब्दों में पिरोने का प्रयास है, जिन्हें उन्होंने पीएम मोदी के साथ बेहद करीब से जिया है।उन्होंने कहा कि लोग नरेंद्र मोदी को मंच से भाषण देते हुए देखते हैं, लेकिन उन्होंने उनमें उस व्यक्ति को देखा है, जो दिन-रात काम करने के बाद भी अगली सुबह देश के लिए उसी ऊर्जा के साथ खड़ा होता है।
1991 की एकता यात्रा का भी किया जिक्र
शिवराज सिंह चौहान ने 1991 की एकता यात्रा को याद करते हुए कहा कि उस समय कई लोग इसे सिर्फ एक राजनीतिक मार्च मान रहे थे, लेकिन नरेंद्र मोदी ने इसे राजनीतिक जागरूकता का अभियान बना दिया। उनकी सोच थी कि तिरंगा केवल लाल चौक तक नहीं, बल्कि देश के हर युवा के दिल तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि तभी उन्हें एहसास हुआ कि नेतृत्व केवल भाषणों से नहीं, बल्कि तपस्या, सुशासन और लोगों के करीब रहने से आता है।
युवाओं और कार्यकर्ताओं को प्रेरित करेगी किताब
किताब के उद्देश्य पर बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ये अनुभव केवल यादों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, इसलिए उन्हें पुस्तक का रूप दिया गया। उन्होंने कहा कि इस किताब में कार्यकर्ता और संगठन से जुड़े लोग देख सकेंगे कि कैसे लोगों को साथ लेकर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।उन्होंने कहा कि युवा समझेंगे कि लोगों की समस्याओं को समझकर और कड़ी मेहनत के जरिए बदलाव लाया जा सकता है। वहीं सामाजिक और राजनीतिक बदलाव की इच्छा रखने वाले लोगों को छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े परिवर्तन लाने की प्रेरणा मिलेगी।
अमेजन और फ्लिपकार्ट पर भी उपलब्ध होगी पुस्तक
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अगर इस किताब को पढ़ने के बाद किसी को यह महसूस होता है कि देश बदलने के लिए बड़े पद की नहीं, बल्कि बड़े संकल्प की जरूरत होती है, तो उनका प्रयास सफल माना जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पुस्तक ‘अपनापन’ अमेजन और फ्लिपकार्ट पर भी उपलब्ध होगी।


.jpg)







Leave A Comment