नेपाल के सत्तारूढ़ दल के प्रतिनिधिमंडल के साथ सार्थक चर्चा हुई : नितिन नवीन
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को कहा कि भाजपा और नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के बीच दलीय स्तर पर संबंधों को और मजबूत करने को लेकर 'सार्थक चर्चा' हुई। नवीन ने यह टिप्पणी आरएसपी अध्यक्ष रवि लामिछाने के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ मंगलवार को यहां भाजपा के मुख्यालय में हुई मुलाकात के बाद की। प्रतिनिधिमंडल के आगमन पर भाजपा मुख्यालय में उनका भव्य स्वागत किया गया।
नवीन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''भाजपा को जानो पहल के तहत, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) नेपाल के अध्यक्ष रवि लामिछाने और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल का भाजपा मुख्यालय में स्वागत करना और उनसे बातचीत करना मेरे लिए खुशी की बात है।'' उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसपी के बीच दलीय स्तर पर संबंधों को और मजबूत करने को लेकर 'सार्थक चर्चा' हुई। नवीन ने कहा, ''इस बात पर भी व्यापक चर्चा हुई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का शासन मॉडल विकास और जनसेवा पर केंद्रित है।'' लामिछाने के नेतृत्व में आरएसपी का यह प्रतिनिधिमंडल भाजपा अध्यक्ष नवीन के निमंत्रण पर भारत के दौरे पर है। यह प्रतिनिधिमंडल सोमवार दोपहर को नयी दिल्ली पहुंचा। भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने एक बयान में कहा, "प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए, नवीन ने साझा सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक संबंधों और मजबूत जन-केंद्रित संबंधों पर आधारित भारत और नेपाल के बीच घनिष्ठ और ऐतिहासिक संबंधों को रेखांकित किया।" चौथाईवाले ने कहा कि नवीन ने इस बात पर जोर दिया कि इस तरह की बातचीत से भाजपा और आरएसपी के बीच "लोकतांत्रिक संवाद मजबूत होता है और दलों के बीच जुड़ाव गहरा होता है"। उन्होंने कहा कि नवीन ने भाजपा की यात्रा, विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे और राजनीतिक जुड़ाव के लिए उसके जन-केंद्रित दृष्टिकोण के बारे में जानकारी साझा की। चौथाईवाले ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष ने राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी के संगठनात्मक मॉडल से अवगत कराया और जमीनी स्तर पर लोगों के साथ सीधा और निरंतर संपर्क बनाए रखने में भाजपा कार्यकर्ताओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "बातचीत के दौरान, आरएसपी प्रतिनिधिमंडल भाजपा की सदस्यता प्रक्रिया, उम्मीदवार चयन प्रणाली और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की पहचान करने तथा उनके साथ जुड़ने के पार्टी के तंत्र को जानने के लिए काफी उत्सुक नजर आया।" चौथाईवाले ने कहा कि नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकासोन्मुख शासन मॉडल पर भी प्रकाश डाला। पार्टी के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी ने कहा, "उन्होंने (नवीन ने) कहा कि विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना भाजपा के जनसंपर्क और शासन के दृष्टिकोण के केंद्र में रहा है।" चौथाईवाले ने बताया कि दोनों नेताओं ने राजनीति में 'जेन जेड' की बढ़ती भूमिका पर भी चर्चा की, विशेष रूप से लोकतांत्रिक भागीदारी, सार्वजनिक संवाद और भविष्य के नेतृत्व को आकार देने में उनकी भूमिका को लेकर बातचीत हुई। 'जेन जेड' से अभिप्राय 1997 से 2012 के बीच जन्में युवाओं से है। भाजपा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर, मुलाकात का एक वीडियो साझा करते हुए पोस्ट किया, "नेपाल की आरएसपी पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने आज नयी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की।"







.jpg)


Leave A Comment