पूर्वी भारत विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है : प्रधानमंत्री मोदी
रायरंगपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि पूर्वी भारत कांग्रेस के शासनकाल के दौरान पिछड़ा हुआ रहा और अब यह प्रगति तथा विकास के प्रवेश द्वार के रूप में उभर रहा है। ओडिशा में मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और कल्याणकारी योजनाएं गरीबों के जीवन में बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कहा, ''पूर्वी भारत कांग्रेस के शासनकाल के दौरान पिछड़ा हुआ रहा और अब यह प्रगति तथा विकास के प्रवेश द्वार के रूप में उभर रहा है।'' मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का नजरिया पूर्वी भारत के विकास के माध्यम से देश का विकास करना है और सरकार 'पूर्वोदय' नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा, ''ओडिशा विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र का दृष्टिकोण पूर्वी भारत के विकास के माध्यम से भारत का विकास करना है। इसीलिए हम 'पूर्वोदय' नीति पर काम कर रहे हैं।'' मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ओडिशा के संसाधनों को संभावनाओं में बदल रही है और अब तक लगभग 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने (मुर्मू) ओडिशा की पहचान को और मजबूत किया है।










Leave A Comment