ब्रेकिंग न्यूज़

भाजपा प्रमुख नितिन नवीन ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि दी

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें प्रखर राष्ट्रवादी तथा महान चिंतक के रूप में याद किया। मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नवीन ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 370 को निरस्त किया जाना जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रति ''सच्ची श्रद्धांजलि'' है। पांच अगस्त 2019 को नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया था, जिसके तहत तत्कालीन जम्मू-कश्मीर राज्य को विशेष दर्जा प्राप्त था। श्यामा प्रसाद मुखर्जी का 23 जून 1953 को संदिग्ध परिस्थितियों में श्रीनगर की एक जेल में निधन हो गया था। उन्हें बिना परमिट जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने के कारण गिरफ्तार किया गया था। भाजपा हर वर्ष 23 जून को उनकी याद में 'बलिदान दिवस' के रूप में मनाती है।
नवीन ने संवाददाताओं से कहा, ''आज पूज्य श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 73वीं पुण्यतिथि पर मैं उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। वह प्रखर राष्ट्रवादी और महान चिंतक थे। वह देश के पहले उद्योग मंत्री थे। उन्होंने जो सपना देखा था और जिसके लिए अपना बलिदान दिया, उस बलिदान का महत्व आज हम सभी के सामने स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।'' भाजपा मुख्यालय में जनसंघ नेता को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद नवीन ने कहा, ''मेरा निश्चित रूप से मानना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 को निरस्त किया जाना श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।'' नवीन ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल, असम और पंजाब की जनसांख्यिकी तथा सीमाओं की रक्षा के लिए भी संघर्ष किया था। उन्होंने कहा कि मुखर्जी की जन्मभूमि पश्चिम बंगाल में हाल में भाजपा सरकार के गठन से यह संकेत मिलता है कि राज्य की जनता पार्टी के साथ है। नवीन ने कहा, ''इसलिए हम कह सकते हैं कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने भारत के लिए जो सपना देखा था, उसे हमारे नेता नरेन्द्र मोदी साकार कर रहे हैं। और आज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता तथा हमारे नेता नरेन्द्र मोदी उनके अधूरे कार्यों को पूरा करके उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।'' भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुखर्जी ने 1951 में इस विचार और भावना के साथ भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी कि यह राष्ट्रवादी विचारधारा का नेतृत्व करेगा। नवीन ने कहा, ''आज भारतीय जनता पार्टी के 14 करोड़ से अधिक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उसी राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ भारत को आगे बढ़ाने के कार्य में जुटे हुए हैं।''

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english