ये पेड़ लाते हैं सकारात्मक ऊर्जा....इनकी छाया में जरूर बैठें....
वास्तुशास्त्र में विशेष तौर पर नकारात्मक ऊर्जा को दूर करके सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा दिया जाता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने में पेड़ पौधों का बहुत योगदान रहता है। कुछ ऐसे पेड़ बताए गए हैं जिनकी छाया में बैठने से आप सकारात्मक ऊर्जा से भर जाते हैं। जानते हैं कि कौन से हैं वे पेड़।
केले का वृक्ष
केले के पेड़ को देव वृक्ष कहा गया है। बृहस्पतिदेव को प्रसन्न करने हेतु केले के पेड़ की पूजा करने का विधान है। केले के पेड़ की छांव में बैठने से सकारात्मक ऊर्जा तो प्राप्त होती ही है साथ ही इस पेड़ की छांव में बैठना छात्रों के लिए बहुत ही शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि केले के पेड़ की छांव में यदि विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं तो उन्हें अपना पाठ जल्दी याद हो जाता है। लोग केले का पेड़ घरों में भी लगाते हैं , लेकिन इस पेड़ को घर के अंदर लगाने की बजाय द्वार पर लगाना चाहिए।
नीम का पेड़
नीम का पेड़ औषधीय गुणों से तो भरपूर होता ही है साथ ही इसपर मां दुर्गा का वास भी माना जाता है। यदि आप इस पेड़ की जड़ में प्रतिदिन जल अर्पित करते हैं तो आपको मां दुर्गा की कृपा प्राप्त होती है। नीम की छाया में बैठने से सकारात्मक ऊर्जा भी प्राप्त होती है। घर में नीम का पेड़ लगा होने से नजर दोष से भी बचाव होता है।
आंवला का पेड़
आंवले के औषधीय गुणों से तो सभी परिचित हैं यह शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। इसके साथ ही आंवले के वृक्ष का धार्मिक महत्व भी बताया गया है।पौराणिक मान्यता के अनुसार आंवले के पेड़ पर स्वयं भगवान श्रीहरि का वास होता है। इस पेड़ की छाया में बैठने से आपको सकारात्मक ऊर्जा तो प्राप्त होती ही है साथ ही इस वृक्ष के पूजन से आपको भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की कृपा भी प्राप्त होती है। आपकी धन संबंधी समस्याएं दूर होती हैं।
----
Leave A Comment