ब्रेकिंग न्यूज़

रिंकू सिंह काफी नीचे बल्लेबाजी कर रहे हैं, नाइट राइडर्स को उन्हें ऊपर खिलाना चाहिए: गांगुली
कोलकाता. भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का मानना ​​है कि कोलकाता नाइट राइडर्स को मौजूदा आईपीएल 2026 में टीम की बल्लेबाजी की परेशानियों को कम करने के लिए उप कप्तान रिंकू सिंह को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजना चाहिए। तीन बार की चैंपियन नाइट राइडर्स की टीम मौजूदा सत्र में अपने तीन मैच में से एक भी मैच नहीं जीत पाई है और उनके खाते में जो एक अंक हैं वह भी सोमवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश की वजह से रद्द हुए मैच से मिला। बंगाल प्रो टी20 लीग के तीसरे सत्र के लॉन्च के मौके पर गांगुली ने कहा, ''वह (अजिंक्य रहाणे) नाइट राइडर्स के कप्तान हैं और मुझे लगता है कि रिंकू बहुत नीचे बल्लेबाजी करता है। वह (रिंकू) उससे कहीं बेहतर खिलाड़ी है और उम्मीद है कि टीम उसे बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजने का कोई तरीका ढूंढ लेगी।'' रहाणे और रिंकू के अलावा लखनऊ सुपर जाइंट्स के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी इस दौरान मौजूद थे।
 रिंकू ने आईपीएल 2023 में धूम मचा दी थी और गुजरात टाइटन्स के खिलाफ जीत के दौरान आईपीएल या किसी भी टी20 मैच के आखिरी ओवर में लगातार पांच छक्के लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज बन गए थे। रिंकू ने IPL 2024 में नाइट राइडर्स को खिताब जिताने में भी अहम भूमिका निभाई थी।
 रिंकू ने अधिकतर पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी की है। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ 21 गेंद में नाबाद 33 रन बनाए और उसके बाद ईडन गार्डन्स में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 227 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 25 गेंद में 35 रन की पारी खेली लेकिन टीम दोनों मैच हार गई। अब बृहस्पतिवार को नाइट राइडर्स का अगला मुकाबला यहीं लखनऊ सुपर जाइंट्स से होगा।
गांगुली ने साथ ही भारतीय टीम से बाहर चल रहे शमी का राष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए समर्थन किया जिससे कि वह जसप्रीत बुमराह के साथ गेंदबाजी कर सकें। उन्होंने कहा, ''उन्हें बुमराह के साथ दूसरे छोर से गेंदबाजी करनी चाहिए। वह इतने ही बेहतरीन गेंदबाज हैं। हम सभी ने पिछली रात सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनकी गेंदबाजी देखी थी। चार ओवर में सिर्फ नौ रन दिए और वह भी दो बेहतरीन टी20 खिलाड़ियों ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा के खिलाफ। यह सचमुच जबरदस्त था।'' शमी ने चार ओवर में नौ रन देकर दो विकेट चटकाए जिसके लिए उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। गांगुली ने कहा कि शमी अपनी फिटनेस के चरम पर नजर आ रहे हैं।
 उन्होंने कहा, ''मुझे अब भी यही लगता है कि उन्हें भारत के लिए खेलना चाहिए। उम्मीद है कि उनका समय फिर से आएगा क्योंकि वह सचमुच बहुत बेहतरीन गेंदबाज हैं। जब गेंद एकदम सीधी सीम के साथ हाथ से निकलती है तो उसे देखना अपने आप में एक शानदार नजारा होता है।'' गांगुली ने कहा, ''वह पूरी तरह फिट और चुस्त-दुरुस्त नजर आ रहे हैं। महीनों तक लगातार गेंदबाजी करने से आप स्वाभाविक रूप से अपनी फिटनेस के चरम पर पहुंच जाते हैं। कोई भी ट्रेनिंग इसकी बराबरी नहीं कर सकती। मैं उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं और उन्हें एक बार फिर भारत की जर्सी में खेलते हुए देखना चाहूंगा।'' इस बीच बंगाल क्रिकेट संघ ने बंगाल प्रो टी20 लीग के लिए नौवीं टीम पुरुलिया फ्रेंचाइजी की घोषणा की है। यह लीग जून में पुरुष और महिला दोनों ही वर्गों में आयोजित की जाएगी। 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english