बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में आयुष का धमाका, ली शी फेंग को हराया
नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड नंबर 7 ली शी फेंग को सीधे गेमों में हराकर बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
आयुष ने 51 मिनट चले मुकाबले में 21-13, 21-16 से जीत दर्ज की। यह मुकाबला निंगबो ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर में खेला गया। यह दोनों खिलाड़ियों के बीच पहला मुकाबला था। अब अगले दौर में आयुष का सामना वर्ल्ड नंबर 20 ची यू जेन से होगा।यह पहली बार नहीं है जब वर्ल्ड नंबर 25 आयुष ने किसी उच्च रैंकिंग वाले खिलाड़ी को हराया हो। पिछले साल उन्होंने यूएस ओपन सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर 6 चाउ टिएन-चेन को हराकर शानदार वापसी की थी और बाद में फाइनल में ब्रायन यांग को हराकर खिताब भी जीता था।
इससे पहले, भारत की शीर्ष मिक्स्ड डबल्स जोड़ी ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो ने भी अपने अभियान की जीत के साथ शुरुआत की। भारतीय जोड़ी ने थाईलैंड के फुवानत होरबानलुएकिट और बेन्यापा ऐमसार्ड को 21-14, 11-21, 21-15 से हराया।अन्य मुकाबलों में, आशिथ सूर्या और अमृता प्रमुथेश को मलेशिया की जोड़ी वोंग टिएन सी और लिम च्यू सिएन से 21-16, 21-15 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं रोहन कपूर और गड्डे रुथविका शिवानी की जोड़ी आठवीं वरीयता प्राप्त गोह सून हुआत और लाई शेवोन जेमी के खिलाफ 21-13, 21-19 से हारकर बाहर हो गई।
इस बीच, भारत के शीर्ष सिंगल्स खिलाड़ी पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन दिन में बाद में एक्शन में नजर आएंगे। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु राउंड ऑफ 32 में मलेशिया की वोंग लिंग चिंग के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। महिला सिंगल्स में भारत की अन्य खिलाड़ी उन्नति हुड्डा, मालविका बंसोड़ और तन्वी शर्मा भी मुख्य ड्रॉ में शामिल हैं और बुधवार को अपने मुकाबले शुरू करेंगी।










Leave A Comment