- Home
- देश
-
बिहार में हुई वारदात में 4 बच्चों की मौत
पत्नी और एक बेटी अस्पताल में दाखिल
आरोपी ने कहा- मन में आया और कर दिया
सीवान। बिहार में सीवान जिले के अलीमर्दनपुर गांव में एक पिता ने अपने पांच बच्चों और पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। चार बच्चों की मौके पर मौत हो गई। पत्नी और एक बच्ची नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद भी जहर खाकर जान देने की कोशिश की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसका भी इलाज चल रहा है। आरोपी अवधेश चौधरी पुलिस को खुद ही फोन करके वारदात की सूचना दी थी। जिनकी मौत हुई उनमें आरोपी अवधेश की बेटी ज्योति कुमारी, बेटा अभिषेक, मुकेश और भोला शामिल हैं। दूसरी बेटी अंजलि और पत्नी रीता देवी गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को पटना रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, वारदात रविवार देर रात की है। उन्होंने बताया कि आरोपी से हत्या की वजह पूछी तो उसने बस इतना कहा, मन में आया और कर दिया। वारदात को अंजाम देने से कुछ देर पहले ही वह बाहर से अपने घर लौटा था। अवधेश ने कहा कि बच्चों की हत्या के बाद उसने सीवान के डीएम और एसपी के सरकारी मोबाइल नंबर पर कॉल की थी, लेकिन कॉल को किसी ने रिसीव नहीं किया। इसके बाद उसने भगवानपुर हाट थाना को कॉल किया और वारदात की जानकारी पुलिस को खुद ही दी। तब जाकर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। -
नयी दिल्ली। कश्मीर में पारा शून्य से नीचे चले जाने के बीच उत्तर भारत के कई हिस्सों में सोमवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। दिल्ली में नवंबर का महीना 71 साल में सबसे सर्द रहा। उधर, आईएमडी ने तूफान के अनुमान के मद्देनजर दक्षिणी तमिलनाडु व केरल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर सोमवार को कम दबाव का क्षेत्र बना और इसके गहरे कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने का अनुमान है। आगे जाकर यह चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इस वजह से दो और तीन दिसंबर के बीच दक्षिणी तमिलनाडु और दक्षिणी केरल में भारी बारिश का अंदेशा है। आईएमडी ने बताया कि तूफान दो दिसंबर की शाम या रात में श्रीलंका के तट को पार कर सकता है।
विभाग ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा कि इसके प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश में एक से चार दिसंबर के बीच बारिश होने के आसार हैं। कुछ दिन पहले ही तमिलनाडु और पुडुचेरी से चक्रवाती तूफान निवार गुजरा था, जिससे भारी बारिश हुई थी। राष्ट्रीय राजधानी में नवंबर का महीना 71 वर्ष में सबसे सर्द रहा। औसत न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक, 1949 के नवंबर में औसत न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, 1938 के नवंबर में औसत न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस, 1931 में नौ डिग्री सेल्सियस और 1930 में 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। आम तौर पर नवंबर का औसत न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जाता है।
पिछले साल नवंबर का औसत न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस, 2018 में 13.4 डिग्री सेल्सियस, 2017 तथा 2016 में 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता 'अत्यंत खराब' श्रेणी में लुढ़क गई तथा तापमान के गिरने और हवा की गति मंद पडऩे के कारण इसके और खराब होने की आशंका है। आईएमडी के मुताबिक, शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 307 दर्ज किया गया।
रविवार को 24 घंटे का औसत एक्यूआई 268 था, शनिवार को यह 231, शुक्रवार को 137, बृहस्पतिवार को 302 और बुधवार को एक्यूआई 413 दर्ज किया गया था। दिल्ली का न्यूनतम तापमान सोमवार को 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस महीने में आठवां दिन था जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। कश्मीर घाटी में विभिन्न स्थानों पर रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि अनंतनाग जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम का तापमान शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। केंद्रशासित प्रदेश में गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा। राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में रात के तापमान में और गिरावट के बाद ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार रात माउंट आबू में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। -
कोच्चि। कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड ने स्वदेशी विमान वाहक पोत (आईएसी) का सोमवार को सफलतापूर्वक बेसिन ट्रायल किया गया। इसके साथ महात्वाकांक्षी युद्धपोत निर्माण परियोजना का अंतिम चरण आरंभ हो गया। समुद्र में परीक्षण के पहले बेसिन ट्रायल के दौरान जहाज की मशीनरी और उपकरणों को जांचा परखा जाता है। एक बयान में कहा गया कि बेसिन ट्रायल के कामयाब रहने के बाद आईएससी परियोजना अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। समुद्र में इसका परीक्षण 2021 की पहली छमाही में किए जाने की संभावना है । बयान में कहा गया, भारतीय नौसेना और कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) के केंद्रित और प्रतिबद्ध प्रयासों के कारण कुछ समय में आईएएसी तिरंगे के साथ समुद्र में नजर आएगा। कोविड-19 महामारी के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन के बावजूद सीएसएल और भारतीय नौसेना ने समय पर विमानवाहक पोत के बेसिन ट्रायल को लेकर लगातार साथ मिलकर काम किया। सही तरीके से बनायी गयी रणनीति और आवश्यक सुरक्षा उपाय के साथ विमानवाहक पोत के निर्माण का कार्य बाधित नहीं हुआ । इस दौरान नौसेना के दक्षिण नौसैन्य कमान के प्रमुख फ्लैग ऑफिसर वाइस एडमिरल ए के चावला और और कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। आईएसी परियोजना आत्मनिर्भर भारत का एक नायाब उदाहरण है जिसमें करीब 75 प्रतिशित सामग्री स्वदेशी है।
-
चेन्नई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर सोमवार को कम दबाव का क्षेत्र बना और इसके गहरे कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है और आगे जाकर यह चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इस वजह से दो और तीन दिसंबर के बीच दक्षिणी तमिलनाडु और दक्षिणी केरल में भारी बारिश का अंदेशा है। आईएमडी ने बताया कि तूफान दो दिसंबर की शाम या रात में श्रीलंका के तट को पार कर सकता है और फिर यह अगली सुबह में कोमोरिन क्षेत्र-तमिलनाडु में कन्याकुमारी के पास- में उभरेगा । विभाग ने अपने ताजे बुलेटिन में कहा कि इसके प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, लक्ष्यद्वीप, आंध्र प्रदेश में एक से चार दिसंबर के बीच बारिश होने के आसार हैं। इन सभी क्षेत्रों में कुछ में सोमवार को भी बारिश होने की संभावना है।
दक्षिणी तमिलनाडु और दक्षिणी केरल के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है और तीन दिसंबर को अलग अलग इलाकों में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने बताया कि दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर सोमवार को एक दबाव का क्षेत्र बना है। यह पश्चिम - उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ा है। उसने बताया कि इसके अगले 12 घंटे में गहरे कम दबाव के क्षेत्र में बदलने और उसके बाद के अगले 24 घंटे में चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। दो दिसंबर की पूर्वाह्न से कोमोरिन क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी और दक्षिण तमिलनाडु-केरल में तेज हवाएं चलने की संभावना है और समंदर के अशांत रहने की अनुमान है। विभाग ने इसके प्रभाव में आने वाले सभी क्षेत्रों में सोमवार से चार दिसंबर तक मछली पकडऩे की सभी गतिविधियों को बंद करने की सलाह दी है। अंडमान सागर और सटे हुए बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व में 28 नवंबर को कम दबाव का क्षेत्र बना था। कुछ दिन पहले ही तमिलनाडु और पुडुचेरी में चक्रवाती तूफान निवार गुजरा था, जिसे भारी बारिश हुई थी। -
अल्मोडा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में दो अलग—अलग दुर्घटनाओं में चार व्यक्तियों की मृत्यु हो गई तथा 11 अन्य घायल हो गए । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । लम्गड़ा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि जैनती के निकट एक कार के गहरे खड्ड में गिर जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि इतने ही अन्य घायल हो गए । उन्होंने बताया कि घायलों को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है । एक अन्य घटना में, केसरदेवी के पास एक कार के खड्ड में गिर जाने से उसमें सवार दो यात्रियों की मृत्यु हो गई तथा नौ अन्य घायल हो गए । पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन बागेश्वर से हल्द्वानी जा रहा था।
-
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से यहां उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। प्रदेश के जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया, यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। मुलाकात से पहले सिंधिया ने संवाददाताओं से कहा, हम अपनी बैठक के दौरान प्रदेश की विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगें और यह सुनिश्चित करेंगें कि उन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाये। मंत्रिपरिषद के विस्तार के सवाल पर सिंधिया ने कहा, इस विषय पर कोई चर्चा नहीं होगी क्योंकि यह मुख्यमंत्री और शीर्ष नेतृत्व का अधिकार है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद सिंधिया और चौहान दोनों ने केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल के परिवार में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिये ऐतहासिक शहर ओरछा के लिये उड़ान भरी। उपचुनाव के परिणाम के बाद यह कयास लगाया जा रहा था कि सिंधिया के दो कट्टर समर्थकों तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को जल्द ही मंत्रिपरिषद में फिर से शामिल किया जायेगा। गैर विधायक के तौर पर मंत्रिपरिषद में रहने की अधिकतम छह माह की अवधि पूरी होने की वजह से दोनों को उपचुनाव से पहले ही त्यागपत्र देना पड़ा था। उपचुनाव में दोनों ही नेता अपनी-अपनी विधानसभा सीटों से फिर से चुनाव जीत कर विधायक बन चुके हैं। -
भोपाल। टाइगर स्टेट का दर्जा प्राप्त मध्यप्रदेश में बीते लगभग 19 वर्षों में 290 बाघों की मौत के बाद भी वर्तमान में राज्य में बाघों की संख्या बढ़कर 675 से अधिक हो गई है, जिनमें 550 वयस्क बाघ एवं 125 से अधिक शावक शामिल हैं। मध्यप्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) आलोक कुमार ने सोमवार को बताया, राज्य में वर्ष 2002 से नवंबर, 2020 तक 290 बाघों की मौत हुई है। उन्होंने दावा किया, इतने बाघों के मरने के बाद भी वर्तमान में समूचे मध्यप्रदेश में (बाघ संरक्षित एवं गैर संरक्षित क्षेत्र में) 550 वयस्क बाघ हैं। इनके अलावा, राज्य के छह बाघ अभयारण्यों बांधवगढ़, कान्हा, पेंच, सतपुड़ा, पन्ना एवं संजय में वर्तमान में 125 बाघ शावक हैं, जिन्हें हमने कैमरे की मदद से ट्रैपिंग करने के साथ-साथ गश्त के दौरान देखा है। हमारे पास इनके फोटोग्राफ भी हैं। कुमार ने कहा, ''इन शावकों के अतिरिक्त भी प्रदेश के अन्य खुले जंगलों में भी 10 से 20 बाघ शावक होने की उम्मीद है, लेकिन हम उन्हें कैमरे की मदद से देख नहीं सकते हैं, क्योंकि वहां पर इन्हें ट्रैपिंग करने के लिए कैमरे नहीं लगे हुए हैं। ये शावक जब थोड़ा बड़े हो जाते हैं, तभी दिख पाते हैं। जब उनसे पूछा गया कि इन 19 वर्षों में इतनी बड़ी संख्या में बाघ क्यों मर गये, तो उन्होंने कहा, ''हमारे प्रदेश में बहुत ज्यादा बाघ हो गये हैं। इसलिए उनमें क्षेत्र (एरिया) को लेकर आपसी संघर्ष बढ़ रहा है। हर साल 25 से 30 बाघ मरते हैं। जो बाघ मरते हैं उनमें से 95 प्रतिशत कमजोर एवं बूढ़े होते हैं। ऐसे कमजोर एवं बूढ़े बाघ इलाके एवं प्रभुत्व को लेकर बाघों की आपसी लड़ाई में मारे जाते हैं, जबकि पांच प्रतिशत बाघों का शिकारियों द्वारा शिकार कर दिया जाता है या मानव द्वारा रखे गये जहर खाने एवं करंट लगने से उनकी मौत हो जाती है। जब उनसे पूछा गया कि क्या बाघों के लिए मध्यप्रदेश में वन क्षेत्र की कमी है तो इस पर कुमार ने कहा, ''जितना क्षेत्र है, उसके हिसाब से पर्याप्त बाघ हैं। उनके लिए क्षेत्र बढ़ाने का विचार नहीं है। इन बाघों का उसी क्षेत्र में संरक्षण करना है। लोगों को इसके प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा, ''बाघ की जंगल में उम्र 12 से 13 साल की है। हर साल 25 से 30 बाघों के मरने के बाद भी हमारे पास हर साल 100 से 125 नये बाघ उपलब्ध रहते हैं। इसलिए प्रदेश में बाघों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कुमार ने दावा किया, आने वाली अगली राष्ट्रीय बाघ आकलन रिपोर्ट में भी बाघों की संख्या में मध्यप्रदेश अव्वल स्थान पर ही रहेगा और हम टाइगर स्टेट के दर्जे को बरकरार रखेंगे। वहीं, इन 19 वर्षों में 290 बाघों की हुई मौतों पर प्रतिक्रिया देते हुए मध्यप्रदेश वन्यप्राणी बोर्ड के सदस्य अभिलाष खांडेकर ने कहा, 'इतने सालों में इतनी मौतें होना शायद बहुत आश्चर्यजनक नहीं होगा। बाघ प्राकृतिक कारणों से भी मरते हैं और आपसी लड़ाई में भी मरते हैं। लेकिन, मुझे बाघों की अप्राकृतिक मौतों की चिंता है।'' उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश वन विभाग की वन्यप्राणी शाखा को हर वो कदम उठाना चाहिए जिससे बाघों का शिकार बंद हो जाए। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से प्रदेश के सभी छह बाघ अभयारण्य में शिकार की घटना नहीं होनी चाहिए। खांडेकर ने कहा कि बाघ की खाल एवं अन्य अंगों की तस्करी पर हर तरीके से प्रभावकारी रोक होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि 2005 में पन्ना अभयारण्य में बाघों की संख्या कम होने पर पन्ना क्षेत्र की अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा था। हालांकि उन्होंने दावा किया कि आज पन्ना देश का एक बहुत बढिय़ा बाघ अभयारण्य हो गया है और इसे एक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि 31 जुलाई 2019 को जारी हुई राष्ट्रीय बाघ आकलन रिपोर्ट 2018 के अनुसार 526 बाघों के साथ मध्यप्रदेश ने प्रतिष्ठित टाइगर स्टेट का अपना खोया हुआ दर्जा कर्नाटक से आठ साल बाद फिर से हासिल किया है। इससे पहले, 2006 में भी मध्यप्रदेश को 300 बाघों के होने के कारण टाइगर स्टेट का दर्जा प्राप्त था। लेकिन कथित तौर पर शिकार आदि की वजह से 2010 में बाघों की संख्या घटकर 257 रह गई थी, जिसके कारण कर्नाटक ने मध्यप्रदेश से टाइगर स्टेट का दर्जा छीन लिया था। तब कर्नाटक में 300 बाघ थे। वहीं, 2014 में मध्यप्रदेश में बाघों की संख्या बढ़कर 308 हुई। लेकिन मध्यप्रदेश बाघों की संख्या के मामले में देश में कर्नाटक (408) एवं उत्तराखंड (340) के बाद तीसरे स्थान पर खिसक गया था। राष्ट्रीय बाघ आकलन रिपोर्ट 2018 के अनुसार देश में सबसे अधिक 526 बाघ मध्यप्रदेश में थे, जबकि कर्नाटक 524 बाघों के साथ दूसरे स्थान पर है। -
पुणे। पुणे में सोमवार को राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की ओर से तय दिशा-निर्देशों के मुताबिक ''बाल-सुलभ'' थाने की शुरुआत की गई। अधिकारियों ने कहा कि लश्कर थाने के परिसर में इसकी शुरुआत की गई और इसका उद्देश्य कानूनी विवादों में फंसे बच्चों और पीडि़त नाबालिगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। आईआईटी कानपुर के निदेशक डॉ अभय करांदिकर ने बाल-सुलभ थाने का उद्घाटन किया। साथ ही ट्वीट करके पुणे पुलिस को इस अनूठी पहल के लिए बधाई दी। - माल्दा। पश्चिम बंगाल के माल्दा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-512 पर एक मोटरसाइकिल के एक चार-पहिया वाहन से टकराने पर तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तीनों की उम्र 18 से 20 साल के बीच थी और सभी नशे में थे। अधिकारी ने बताया कि गाजोल पुलिस थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 11 बजे मोटरसाइकिल की एसयूवी से टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि एसयूवी में सवार लोग गाड़ी वहीं छोड़ मौके से फरार हो गए। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद ही मोटरसाइकिल से गिरे तीन लोगों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें ‘‘मृत लाया'' घोषित कर दिया।
- बहराइच। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति' कार्यक्रम के तहत ‘एक दिन की थानेदार' दसवीं की छात्रा आंचल ने रविवार को दो भाइयों के बीच समझौता कराकर उनका विवाद सुलझा दिया। पुलिस अधीक्षक विपिन मिश्र ने जिले के पांच थानों की कमान रविवार को एक दिन के लिए छात्राओं को सौंपी थी। पुलिस अधीक्षक डा. विपिन मिश्र ने बताया कि महिलाओं एवं बलिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए मिशन शक्ति के रुप में संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत रविवार सुबह गजाधरपुर के एक विद्यालय में पढ़ने वाली आंचल को फखरपुर थाने का एक दिन का प्रभार सौंपा गया था। इसी तरह खैरीघाट थाने में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अशोक कुमार ने छात्रा मानसी तिवारी को पुलिस कैप पहनाकर थाने का प्रभार सौंपा। देहात कोतवाली में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) कुंवर ज्ञानन्जय सिंह ने 11वीं की छात्रा उमा सिंह को कोतवाल का कार्यभार सौंपा। मिश्र ने बताया कि महिलाओं एवं बच्चियों को पुलिस की कार्यप्रणाली से रू ब रू कराने, पुलिस का भय कम कर और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत जिले के थानों में छात्राओं को थानेदार बनाने की मुहिम शुरू की गयी है। पहले दिन प्रयोग के रूप में पांच थानों- कोतवाली देहात में 11 वीं की छात्रा उमा सिंह, नानपारा में 10 वीं की छात्रा ईरा फातिमा, खैरीघाट में 12 वीं की छात्रा मानसी तिवारी, पयागपुर में 12वीं की तनिष्का सिंह एवं फखरपुर में दसवीं की छात्रा आंचल ने थानों का प्रभार संभालकर प्रार्थनापत्रों का निस्तारण किया एवं विवादों को सुलझाया। थानेदार बनी छात्राओं ने थाने में आए प्रार्थना पत्रों पर फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उन पर वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों से विचार-विमर्श किया और उनका निस्तारण किया। इस दौरान आंचल के सामने फखरपुर थाना क्षेत्र के दुजईपुरवा गांव के दो सगे भाइयों के बीच बंटवारे के बाद टंकी का पानी बांटने का विवाद आया, जिसे सुलझाने के लिए वह पुलिस कर्मियों को लेकर विवादित स्थल पर पहुंचीं। आंचल ने दोनों भाइयों को समझा-बुझाकर एक ही टंकी से पानी लेने पर राजी कर लिया। जिलाधिकारी शंभू कुमार ने कहा, "क्षमतावान होने के बावजूद बहुत सी बेटियां विभिन्न कारणों से आगे नहीं बढ़ पाती हैं। सरकार और प्रशासन इस तरह की कई योजनाओं के माध्यम से बेटियों की लगातार मदद कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले माह नवरात्रि के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में मिशन शक्ति कार्यक्रम की शुरुआत की थी। कार्यक्रम शारदीय नवरात्रि से वासंतिक नवरात्रि तक चलेगा।
- बहराइच (उप्र)। बहराइच में राष्ट्रीय राजमार्ग-927 पर प्रहलादा गांव के पास एक कार और जीप की टक्कर होने से दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अशोक कुमार ने सोमवार को बताया कि रविवार देर रात बहराइच से नानपारा की तरफ जा रही कार एक ट्रैक्टर ट्राली से आगे निकल रही थी, तभी मटेरा थानांतर्गत प्रहलादा गांव के पास सामने से आ रही जीप से उसकी टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि टक्कर लगने से कार में सवार बहराइच शहर के नाजिरपुरा मोहल्ले के छह निवासी घायल हो गये, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में हिना शेख (25) एवं रहीम (23) को मृत घोषित कर दिया गया। चार अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-
बाइक चला रहा भाई हुआ घायल
परबतसर। परबतसर मेगा हाइवे पर सोमवार को एक ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला और उसकी दो साल की बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। बाइक चालक घायल हो गया। महिला शादी में शामिल होने अपने ससुराल जा रही थी। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाए हैं।
थाने के सूचना सहायक बलबीर चौधरी ने बताया कि साहबुराम (22) पुत्र खेताराम अपनी बहन पुष्पा (28) को लेकर बाइक से किशनगढ़ जा रहा था। पुष्पा की गोद में उसकी दो साल की बेटी परी थी। पुष्पा अपने पीहर मारोठ आई हुई थी। वह भाई के साथ डेगाना तहसील के पास अपने ससुराल शादी में शामिल होने के लिए जा रही थी। परबतसर से आगे मेगा हाइवे पर उनकी बाइक को सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मारी दी। इससे महिला और उसकी बेटी दूर जा गिरे। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं साहबुराम घायल हो गया। हादसा होते ही आरोपी ट्रक चालक वहां से वाहन भगा ले गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पास के अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और घायल साहबुराम को अस्पताल में भर्ती कराया।
-
खून से लथपथ कमरे में मिला शव, आरोपी फरार
सोनीपत। सोनीपत के सदर थाना क्षेत्र के गांव बंदेपुर में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की कथित रूप से बेलन से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पति का खून से लथपथ शव कमरे में चारपाई पर मिला। मृतक के भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से बेलन बरामद किया है। आरोपियों ने सिर पर वार किए हुए थे। मुंह पर चादर व चुनरी बांध रखी थी। सदर थाना प्रभारी सुनील ने इस घटना की पुष्टि की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मूलरूप से गुहणा निवासी नरेंद्र राठधाना रोड स्थित गैस एजेंसी में काम करता था। वह यहां पत्नी व दो बच्चों के साथ रहता था। उन्होंने बताया कि नरेंद्र की शादी 22 साल पहले गांव पिपलीखेड़ा की आरोपी रेखा से हुई थी। उनमें कई साल से अनबन चल रही थी। इसके चलते आरोपी रेखा एक साल तक आर्य नगर की पत्थर वाली गली निवासी आरोपी सोमबीर के साथ रही। वह तीन माह पहले वापस आई थी। 10 दिन पहले उनमें कहा सुनी हुई थी। इसको लेकर पंचायत में आरोपी रेखा ने पति के साथ ही रहने की बात कही थी।
पुलिस ने बताया कि मृतक के भाई को रविवार सुबह आरोपी सोमबीर ने मृतक नरेंद्र के मोबाइल से फोन कर कहा कि उन्होंने नरेंद्र का काम तमाम कर दिया है। आरोपी रेखा ने भी हत्या करने की बात कही थी। पुलिस ने बताया कि मृतक का भाई घर पहुंचा तो ताला लगा था। आसपास के लोगों को साथ लेकर ताला तोड़कर घुसे तो नरेंद्र का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।
मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपी पत्नी रेखा और आरोपी सोमबीर के खिलाफ केस दर्ज कर कर लिया गया है। दोनों फरार हैं।
-
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में रविवार सुबह एक कार के गड्ढे में गिरने के बाद उसमें आग लग गई जिससे कार में सवार दो लगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना सयाना पुलिस थानाक्षेत्र के करोठी गांव के पास बीबी नगर रोड पर हुई। पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया लगता है कि चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिसकी वजह से कार गड्ढे में गिरी और उसमें आग लग गई। उन्होंने बताया कि अब तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।
-
कानपुर। कानपुर में जीटी रोड पर स्थित शिवराजपुर कस्बे के पास रविवार की सुबह रोडवेज की बस ने एक वैन को टक्कर मार दी जिससे दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गये।
पुलिस ने बताया कि रविवार की सुबह करीब दसे बजे कानपुर से हरदोई जा रही रोडवेज बस ने धमनी निवादा गांव के पास सामने से आ रही वैन में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दो महिलाओं और वैन चालक की मौत हो गई। मृतकों की पहचान माया देवी (42), राम कली (39) और वैन चला रहे रिंकू (21) के रूप में हुई है। ये सभी कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र के निवासी हैं। बिल्हौर के पुलिस क्षेत्राधिकारी संतोष सिंह ने बताया कि यह घटना शिवराजपुर के धमनी निवादा गांव के पास जीटी रोड पर हुई। सिंह ने कहा कि घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत लोगों को बाहर निकाला जिनमें से तीन की जान जा चुकी थी। -
नोएडा। उत्तर प्रदेश में नोएडा के फेस-3 थाना क्षेत्र के सेक्टर-63 में स्थित एक कंपनी के परिसर में रविवार को आग लग गई। मुख्य दमकल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-63 के एच- ब्लॉक में स्थित स्पेयर पार्ट बनाने वाली एक कंपनी के परिसर में आग लग गई। उन्होंने बताया कि आग की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की छह गाडिय़ों ने आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। -
सीहोर। नेपाल की 16 वर्षीय एक लड़की फेसबुक पर बने अपने मित्र से मिलने के लिए मध्यप्रदेश में सीहोर जिले के आष्टा पहुंच गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) मोहन सारवान ने बताया कि नेपाल की किशोरी विगत दो वर्षों से मध्यप्रदेश में सीहोर जिले के आष्टा स्थित मुबारिकपुर मांडली निवासी 20 वर्षीय एक युवक के साथ चैटिंग के जरिए संपर्क में थी और वह शनिवार को उससे मिलने के लिए नेपाल से आष्टा पहुंच गई। उन्होंने बताया कि किशोरी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वह नेपाल से भारत हवाई मार्ग से आई और उसके बाद बस सहित यातायात के विभिन्न साधनों का उपयोग करते हुए सड़क मार्ग से आष्टा पहुंची। सारवान ने बताया कि जिस युवक से इसकी फेसबुक पर दोस्ती हुई है, वह आष्टा में एक मेडिकल स्टोर पर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि इस युवक ने पुलिस को बताया कि यह किशोरी उससे मिलने के लिए नेपाल से आष्टा आई है। उन्होंने कहा, कोविड-19 जांच के बाद किशोरी को आष्टा से करीब 80 किलोमीटर दूर मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है। किशोरी के परिजन को भी इसकी सूचना दे दी गई है और यह समिति उसे वापस नेपाल भेजने का बंदोबस्त कर रही है। -
मुंबई/पणजी। भारतीय नौसेना को तीन दिन पहले गोवा के तट से अरब सागर में लापता हो गए मिग-29 के विमान का कुछ मलबा मिल गया है। एक प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि लापता पायलट कमांडर निशांत सिंह की तलाश के लिए पोत और विमानों के जरिए खोज अभियान जारी रहेगा। एक रक्षा विज्ञप्ति में कहा गया है कि खोज अभियान में नौ युद्धपोतों के साथ ही 14 विमान लगे हुए हैं। भारतीय नौसेना के फास्ट इंटरसेप्टर क्राफ्ट को भी तट के किनारे पानी में खोज के लिए तैनात किया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया, मिग-29 के प्रशिक्षण विमान के दूसरे पायलट का पता लगाने के लिए भारतीय नौसेना का खोज एवं बचाव अभियान जारी रहेगा।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह विमान 26 नवंबर को गोवा के तट के पास दुघर्टनाग्रस्त हो गया था। उसमें बताया गया है कि विमान का टर्बो चार्जर, ईंधन टैंक इंजन विंग इंजन समेत कुछ मलबा मिला है। विज्ञप्ति में बताया गया है कि मरीन पुलिस और तटीय पुलिस भी तलाश कर रही है और पास के मछली पकडऩे वाले गांवों के लोगों को भी इस बाबत सूचित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि रूस निर्मित विमान ने बृहस्पतिवार को विमान वाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य से उड़ान भरी थी और शाम में करीब पांच बजे यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उन्होंने बताया था कि विमान के एक पायलट को बचा लिया गया था। -
इंग्लिश बाजार। पश्चिम बंगाल के माल्दा जिले में एक शख्स ने सिर्फ इसलिए अपनी पत्नी की कथित रूप से हत्या की कोशिश की, क्योंकि उसने चौथी बच्ची को जन्म दिया था। पुलिस ने बताया कि घटना जिले के इंग्लिश बाजार थाना-क्षेत्र में शनिवार रात को हुई और महिला के सिर पर चोट आई है। उसे माल्दा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि 28 वर्षीय महिला ने 10 साल पहले आरोपी से शादी की थी। उन्होंने बताया कि दंपति की पहले से तीन बेटियां हैं और महिला ने सात दिन पहले एक और बेटी को जन्म दिया। इसके बाद आरोपी इमरान शेख ने शनिवार रात अपनी पत्नी की हत्या की कोशिश की। अधिकारी ने बताया कि मामले की तहकीकात की जा रही है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। - मुजफ्फरनगर (उप्र)। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में स्थित अपने घर में सेना का एक जवान फंदे से लटकता मिला । पुलिस के अनुसार यह आत्महत्या का संदिग्ध मामला लगता है।पुलिस ने बताया कि जवान की पहचान कुलदीप (36) के रूप में की गयी है और वह घर में छत से लगे फंदे में लटकता मिला । उन्होंने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं किया गया है। क्षेत्राधिकारी प्रदीप सिंह के अनुसार जब यह घटना हुयी उस वक्त उसकी पत्नी घर में नहीं थी और यह घातक कदम उठाने के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि जवान भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट में था और लेह में तैनात था और 13 नवंबर को एक महीने के अवकाश में घर आया था । पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है और जांच की जा रही है । जवान के परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं । (सांकेतिक फोटो)
- नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा है कि उत्तर भारत में इस बार अधिक कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है और ज्यादा शीत लहर चल सकती हैं। आईएमडी ने दिसंबर से फरवरी के लिए अपने सर्दियों के पूर्वानुमान में कहा कि उत्तर और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।महापात्र ने रविवार को कहा, उत्तर भारत में इस मौसम में अधिक कड़ाके की सर्दी पडऩे की संभावना है। शीत लहर अधिक चलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत में रात का तापमान सामान्य से कम रह सकता है, वहीं दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। पश्चिमी तट और दक्षिण भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा, ''आगामी सर्दी के मौसम (दिसंबर से फरवरी) में उत्तर, उत्तर पश्चिम, मध्य भारत के अधिकतर उपसंभागों में और पूर्वी भारत के कुछ उपसंभागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।'' उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में हर साल सर्दी के मौसम में शीत लहर के प्रकोप से अनेक लोगों की जान चली जाती है। महापात्र ने पिछले महीने एक वेबिनार में संकेत दिया था कि इस बार ला नीना प्रभाव की वजह से अधिक कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है। ला नीना प्रशांत महासागर के पानी के शीतलन से जुड़ा घटनाक्रम है। आईएमडी के मौसम विज्ञान के लिहाज से चार भाग हैं। इनमें उत्तर पश्चिम भारत, दक्षिण प्रायद्वीप, पूर्व एवं उत्तर पूर्व भारत तथा मध्य भारत हैं। उत्तर पश्चिम भाग में राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर तथा लद्दाख हैं। मध्य भारत में गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा जैसे राज्यों का बड़ा हिस्सा आता है, वहीं दक्षिण प्रायद्वीपीय संभाग में समस्त दक्षिणी राज्य और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी आते हैं। पूर्व और उत्तर पूर्व भारत संभाग में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के सारे राज्य आते हैं।
- नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश के कोविड-19 टीका विकास मिशन - कोविड सुरक्षा के लिए तीसरी किश्त के रूप में नौ अरब रुपये के पैकेज की घोषणा की है। यह राशि कोविड-19 के टीके के देश में शोध और विकास बायोटेक्नोलॉजी विकास द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा है कि इससे देश में पांच-छह जगह टीके के विकास के काम में तेजी लाने में मदद मिलेगी। इस प्रयास से कोविड के टीके के विकास, प्रमाणीकरण और उसे जन-स्वास्थ्य व्यवस्था में लाकर संक्रमण के फैलाव को रोकने में मदद मिलेगी।कोविड सुरक्षा मिशन के पहले चरण में बारह महीनों के लिए नौ अरब रुपये का प्रावधान किया गया था। मंत्रालय ने बताया कि शोध और उत्पादन दोनों क्षेत्रों में बायोटेक्नोलॉजी विभाग ने टीका बनाने के कुल दस तरह के प्रयासों में अब तक मदद दी है। रूसी टीके स्पुतनिक- वी के अलावा पांच टीकों का मानवीय परीक्षण चल रहा है और अन्य तीन टीकों का भी जल्दी ही मानवीय परीक्षण शुरू हो जाएगा।----
-
बलिया। उत्तरप्रदेश के बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के सोहांव गांव के निकट एक कार से टक्कर में मोटरसाइकिल सवार एक दंपति और उनकी बेटी की मौत हो गई और उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव ने रविवार को बताया कि नरही थाना क्षेत्र के सोहांव गांव के निकट शनिवार को एक मोटरसाइकिल असंतुलित होकर विपरीत दिशा से आ रही कार से टकरा गई, जिससे मोटरसाइकिल सवार गुलाब राजभर (30), उसकी पत्नी सीमा (25) और एक माह की मासूम पुत्री की मौत हो गई तथा डेढ़ साल का पुत्र अंश गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि अंश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार गुलाब अपनी ससुराल से पत्नी और बच्चों को लेकर घर आ रहा था तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
-
भोपाल। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केन्द्रीय मंत्रियों धर्मेन्द्र प्रधान एवं शांडिल्य गिरिराज सिंह ने रविवार को मध्यप्रदेश के दतिया जिले में स्थित प्रसिद्ध मां पीतांबरा के मंदिर में पूजा-अर्चना की। इससे पहले, मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सिन्हा, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री प्रधान एवं केंद्रीय पशुपालन एवं डेयरी मंत्री सिंह का दतिया पहुंचने पर स्वागत किया। बाद में वे मां पीतांबरा मंदिर में गये। मिश्रा ने ट्वीट किया, जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान एवं केंद्रीय पशुपालन एवं डेयरी मंत्री गिरिराज सिंह का आज दतिया प्रवास पर स्वागत किया। सभी के साथ शक्ति पीठ में मां पीतांबरा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
-
जयपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले के डीग थाना क्षेत्र में रविवार को एक छोटे यात्री वाहन और डंपर की भिडंत में वाहन सवार एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि सात अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के झांसी से हरियाणा के नारनौल जा रहे वाहन की नरायना और पान्हौरी के बीच सामने से आ रहे डंपर से भिड़ंत हो गई जिससे वाहन सवार घनेन्द्र (33), उमा (30), जमुनाप्रसाद (56) और वाहन चालक कासिम (26) की मौत हो गई। जबकि सात अन्य लोग गंभीर घायल हो गये। उन्होंने बताया कि घायलों को डीग के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें भरतपुर रैफर किया गया है। उन्होंने बताया कि शवों को डीग के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के शवगृह में रखवाया गया है। परिजनों के आने पर पोस्टमॉर्टम करवाया जायेगा। पुलिस ने बताया कि वाहन सवार लोग शादी के लिये नारनौल जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






















.jpg)




