- Home
- देश
-
नई दिल्ली। दिल्ली के लोग एक बार फिर प्रदूषण की चपेट में दिवाली मनाने पर मजबूर हो गए हैं। आज सुबह दिल्ली-NCR के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 350 से भी अधिक दर्ज किया गया। दिवाली से पहले ही हालात इतने गंभीर हैं, तो दिवाली के बाद राजधानी की हवा और भी ज़हरीली हो सकती है। प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली सरकार ने राजधानी में पटाखों पर लगे बैन को लागू करने के लिए कई टीमें लगाई हैं।
आज सुबह 7:45 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 273 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। कई जगहों पर AQI ‘खराब’ श्रेणी (201-300) में था, जबकि कुछ जगहों पर यह ‘बहुत खराब’ श्रेणी (301-400) में भी दर्ज हुआ। सफर-इंडिया के अनुसार, आनंद विहार में AQI 351, अशोक विहार में 351, बवाना में 319, बुराड़ी क्रॉसिंग में 289, मथुरा रोड पर 289, द्वारका सेक्टर 8 में 268, आईजीआई एयरपोर्ट पर 279, आईटीओ पर 284, जहांगीरपुरी में 317, लोधी रोड पर 214, पटपड़गंज में 277, पंजाबी बाग में 276, पूसा में 222, आरके पुरम में 285, रोहिणी में 289, शादिपुर में 279, सीरी फोर्ट में 273, श्री अरबिंदो मार्ग पर 289, विवेक विहार में 326 और वज़ीरपुर में 327 दर्ज किया गया।केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, दिल्ली के आईटीओ में AQI 284 है, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। हर साल सर्दियों के दौरान दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है, लेकिन इस बार सर्दियों से पहले ही प्रदूषण बढ़ने लगा है। पटाखों पर प्रतिबंध के बावजूद, एक दिन दिल्ली का AQI 400 के पार पहुंच गया था। हालांकि, फिलहाल प्रदूषण का स्तर पहले से कुछ कम है। - भुवनेश्वर,।ओडिशा के भुवनेश्वर में लिंगराज मंदिर प्रशासन ने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के मंदिर में जाने की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद एक सेवादार व एक अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। मंदिर के भीतर तस्वीरें लेने पर प्रतिबंध है।शिल्पा शेट्टी को मंदिर परिसर में तस्वीरें खींचने और वीडियो बनाने की अनुमति कैसे दी गई, इस बात को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी के बाद यह कदम उठाया गया। सूत्रों ने बताया कि शिल्पा शेट्टी सोमवार को एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए राज्य की राजधानी में थीं और शाम को मंदिर गईं। भुवनेश्वर के अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) और मंदिर प्रशासन के प्रभारी रुद्र नारायण मोहंती ने बताया, “हमारे संज्ञान में आया है कि शिल्पा शेट्टी की तस्वीरें वायरल हुई हैं। हमने मामले के संबंध में एक सेवादार और एक पर्यवेक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्हें सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देना होगा।” मोहंती ने बताया कि दोनों को अभिनेत्री के साथ तस्वीरों में देखा गया था।स्थानीय विधायक बाबू सिंह ने भी इस बात पर चिंता जताई कि प्रतिबंध के बावजूद मंदिर परिसर में कैमरे या मोबाइल फोन कैसे ले जाने दिए गए। सिंह ने कहा, “यहां तक कि जब प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति मंदिर में आते हैं, तब भी अंदर कैमरा ले जाने की अनुमति नहीं होती। मंदिर में आने वाली मशहूर हस्तियों को भी परिसर के अंदर मोबाइल फोन न ले जाने का निर्देश दिया जाता है, लेकिन फिर भी ये गलतियां हो रही हैं। ऐसी घटनाओं में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
- नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि इस साल की दीपावली ऐतिहासिक होगी क्योंकि 500 साल के इंतजार के बाद इस त्योहार पर अयोध्या में रामलला के जन्मस्थान पर बने मंदिर में हजारों दीप जलाये जाएंगे। मोदी ने कहा ये ऐसी दीपावली होगी जब भगवान राम एक बार फिर अपने घर आए हैं और इस बार ये प्रतीक्षा 14 वर्षों के बाद नहीं, बल्कि 500 वर्षों बाद पूरी हो रही है। प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी स्वास्थ्य क्षेत्र की करीब 12,850 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद अपने संबोधन में की। इससे पहले, एक अन्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इस साल की दीपावली बहुत खास है, बहुत विशेष है...500 वर्षों के बाद प्रभु श्री राम अयोध्या के अपने भव्य मंदिर में विराजमान हैं। और उस भव्य मंदिर में विराजमान होने के बाद ये पहली दीपावली है।'' उन्होंने कहा कि इस दीपावली की प्रतीक्षा में कई पीढ़ियां गुजर गईं, लाखों लोगों ने बलिदान दिए और यातनाएं झेलीं। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी बहुत सौभाग्यशाली हैं जो ऐसी विशेष, खास, भव्य दीपावली के साक्षी बनेंगे।'' इस साल जनवरी में अयोध्या मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने इस कार्यक्रम का नेतृत्व किया था। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर निर्माण से आगे बढ़कर अगले 1,000 साल के भारत की नींव रखने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा था कि राम के विचार, ‘मानस के साथ ही जनमानस' में भी हों, यही राष्ट्र निर्माण की सीढ़ी है।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को आयुर्वेद दिवस पर देशवासियों को बधाई दी और विश्वास जताया कि चिकित्सा की यह प्राचीन पद्धति पूरी मानवता के आरोग्यपूर्ण जीवन के लिए निरंतर काम आती रहेगी। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "समस्त देशवासियों को आयुर्वेद दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। भगवान धन्वंतरि की जन्म-जयंती का यह पावन अवसर हमारी महान संस्कृति में आयुर्वेद की उपयोगिता और उसके योगदान से जुड़ा है जिसके महत्त्व को आज पूरी दुनिया मान रही है।" उन्होंने कहा, "मुझे विश्वास है कि चिकित्सा की यह प्राचीन पद्धति पूरी मानवता के आरोग्यपूर्ण जीवन के लिए निरंतर काम आती रहेगी।" आयुर्वेद दिवस हर साल धन्वंतरि जयंती (धनतेरस) के अवसर पर मनाया जाता है। इसकी शुरुआत 2016 में की गई थी। इस वर्ष नौंवा आयुर्वेद दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आज राजधानी दिल्ली में स्वास्थ्य क्षेत्र की 12,850 करोड रूपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। -
नोएडा . स्वयं को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई बताकर फिल्म अभिनेता सलमान खान को धमकी देने और 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के आरोप में एक युवक को नोएडा और मुंबई पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के तहत सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुंबई की बांद्रा पुलिस ने देर रात नोएडा पुलिस से संपर्क किया और बताया कि लारेंस बिश्नोई के भाई के नाम पर सलमान खान को धमकी दी है और जिस नंबर से धमकी दी गई है उसका ‘लोकेशन' नोएडा में है। उन्होंने बताया कि बांद्रा पुलिस के सहायक पुलिस उप निरीक्षक रऊफ शेख अपनी टीम के साथ नोएडा आए।
सिंह ने बताया कि नोएडा और मुंबई पुलिस की एक संयुक्त टीम बनाकर सेक्टर 92 स्थित एक निर्माणाधीन मकान पर छापेमारी की गई और धमकी देने एवं 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के आरोप में वहां से आरोपी तैयब अंसारी नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से बरेली जिले का रहने वाला है और बढ़ई का काम करता है।
उन्होंने बताया कि आरोपी तैयब अंसारी सेक्टर 92 में निर्माणाधीन मकान में बढ़ई का काम कर रहा था।
उन्होंने कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी अंसारी ने इंटरनेट के माध्यम से एक नंबर निकाला और उस पर फोन करके धमकी दी। बताया जाता है कि आरोपी ने जिस नंबर पर फोन करके धमकी दी थी वह मुंबई पुलिस द्वारा जारी किया गया एक ‘हेल्पलाइन' नंबर है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने बताया कि मुंबई पुलिस उसे गौतम बुद्ध नगर जिले की अदालत में पेश करने के बाद ‘ट्रांजिट रिमांड' पर महाराष्ट्र लेकर जाएगी। -
भुवनेश्वर. ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समिति, अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) के भारतीय प्राधिकारियों से अमेरिका में ‘‘असमय रथ यात्रा'' आयोजित करने की उसकी योजना के संबंध में बात करेगी। उन्होंने कहा कि कई सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात की और इस्कॉन की ह्यूस्टन इकाई द्वारा नवंबर में भगवान जगन्नाथ की ‘स्नान यात्रा' तथा रथ यात्रा आयोजित करने की योजना पर चिंता व्यक्त की। यह योजना पुरी के मंदिर की सामान्य प्रथा से अलग है जहां कुछ समय पहले ही एक तय समय पर रथ यात्रा निकाली गई थी। कानून मंत्री ने सोमवार को कहा कि जगन्नाथ मंदिर के पुजारियों सहित कई लोगों की यह राय है कि दुनिया भर में भगवान जगन्नाथ के सभी अनुष्ठान पुरी में आयोजित धार्मिक प्रथाओं के अनुसार ही किए जाने चाहिए। पुरी जगन्नाथ मंदिर राज्य सरकार के विधि विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है।
हरिचंदन ने कहा, ‘‘श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन इस्कॉन के साथ बातचीत करेगा और मुझे उम्मीद है कि इसका सकारात्मक परिणाम निकलेगा।'' इस्कॉन की ह्यूस्टन इकाई की वेबसाइट के अनुसार, ‘स्नान यात्रा' और ‘रथ यात्रा' क्रमशः तीन तथा नौ नवंबर को आयोजित की जाएगी। पुरी की प्रथा के अनुसार, ‘स्नान यात्रा' ज्येष्ठ माह की पूर्णिमा को आयोजित की जाती है, जो आमतौर पर जून में होती है। इसी प्रकार, रथ यात्रा या रथ उत्सव ‘आषाढ़' माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया को मनाया जाता है, जो जून या जुलाई में होता है। इस्कॉन ह्यूस्टन इकाई की वेबसाइट पर कहा गया है, ‘‘प्रसिद्ध रथ यात्रा परेड का यह पुनः मंचन, जिसे रथों के उत्सव के रूप में भी मनाया जाता है, प्राचीन भारत की भक्ति परंपरा में निहित है। यह भारत के ओडिशा के पवित्र शहर पुरी में तीन हजार से अधिक वर्षों से प्रतिवर्ष मनाया जाता रहा है।'' -
अयोध्या .उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बुधवार को 'दीपोत्सव-2024' में अयोध्या 28 लाख दीपों से जगमग होगी और इसके लिए तैयारियां चरम पर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय ने मंगलवार की सुबह सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर ''सबका उत्सव-अयोध्या दीपोत्सव'' नारे के साथ एक पोस्ट में कहा ''दीपोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं... दीये लगाए जा रहे हैं... कलाकारों के लेजर, साउंड, ड्रोन शो का ट्रायल जारी है।'' अयोध्या में सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं और राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं। अयोध्या में दीपोत्सव-2024 का यह आठवां साल है। इसकी शुरुआत 2017 में उप्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद हुई। इस बार अयोध्या में सरयू तट के घाटों पर 28 लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी वर्ष 22 जनवरी को अयोध्या में भव्य नवनिर्मित मंदिर में भगवान श्री रामलला की प्रतिष्ठा की गयी। रामलला के मंदिर में इस बार एक खास तरह का दीपक जलाने की योजना है। नवनिर्मित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में पहली दीपावली के लिए भव्य और "पर्यावरण के अनुकूल" तैयारियां चल रही हैं। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि श्री राम जन्मभूमि मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मंदिर भवन के परिसर में विशेष मोम के दीपक जलाए जाएंगे, जिनसे कार्बन का कम से कम उत्सर्जन होगा। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस दीपोत्सव में राम नगरी में अध्यात्म, परंपरा व संस्कृति का संगम दिखेगा। 30 अक्टूबर को रामकथा पार्क स्थित मुख्य मंच पर उत्तराखंड की रामलीला के साथ छह देशों... म्यांमा, नेपाल, थाईलैंड, मलेशिया, कंबोडिया और इंडोनेशिया के कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे। दीपोत्सव पर अन्य राज्यों के कलाकारों की भी प्रस्तुति होगी। इसमें मध्य प्रदेश की निधि चौरसिया की टीम बधावा पर, असम की सनहल देवी बीहू पर, महाराष्ट्र की श्रद्धा लावणी पर, तेलंगाना के श्रीधर विश्वकर्मा गुसादी पर, झारखंड के सृष्टिधर महतो व टीम छाऊ नृत्य पर, बिहार की महिमा झिझिंया पर, राजस्थान की ममता देवी कालबेलिया/घूमर लोक नृत्य पर, जम्मू के मोहम्मद यसीन और उनकी टीम रउफ लोकनृत्य पर प्रस्तुति देंगे। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि पशुधन विभाग अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर डेढ़ लाख गो दीप जलाएगा। सोमवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने प्रतीकात्मक रूप से गो दीप और अन्य गो उत्पाद भेंट किए। 28 लाख दीये सरयू नदी के 55 घाटों पर जलाए जाएंगे, जिसे विश्व कीर्तिमान के रूप में स्थापित किया जाएगा। इन दीयों को सजाने के लिए 30 हजार से ज्यादा स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता के मुताबिक, ये खास दीपक मंदिर भवन को दाग-धब्बों और कालिख से सुरक्षित रखेंगे और इनसे लम्बे वक्त तक रोशनी भी मिलेगी। राज्य के सूचना विभाग ने इस पूरे आयोजन के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की है। दीपोत्सव के दिन राम की पैड़ी पर होने वाले सभी कार्यक्रमों को दूरदर्शन व सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म पर लाइव दिखाया जाएगा। अयोध्या के जिला सूचना अधिकारी संतोष द्विवेदी ने बताया कि नगर में 20 जगहों पर एलईडी वाल और एलईडी वैन की व्यवस्था कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि अयोध्या कोतवाली, हनुमानगढ़ी, वाल्मीकि भवन, पोस्ट आफिस, तुलसी स्मारक भवन, कारसेवकपुरम, मीडिया सेन्टर, टेढ़ी बाजार चौराहा, रेलवे स्टेशन, विद्या कुंड, साकेत पेट्रोल पंप, दीनबन्धु नेत्रालय कार्यशाला, हनुमान गुफा के पास एलईडी वाल लग चुकी हैं। उनके अनुसार बस स्टैंड, सहादतगंज, नाका, देवकाली बाईपास, साकेत, उदया सहित अन्य स्थानों पर एलईडी वैन को खड़ा कराया जाएगा। शहर के मार्गों को फूलों की लड़ियों और आकर्षक लाइट से सजाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने त्योहारों के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये एक बैठक की और खास तौर से अयोध्या की चाक चौबंद सुरक्षा के निर्देश दिये। डीजीपी ने अयोध्या के सभी धर्मशालाओं, होटल, ढाबों आदि पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और सभी प्रमुख स्थानों की सघन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। अयोध्या में भव्य दीपोत्सव आयोजन की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने सरयू नदी पर राम की पैड़ी की ओर जाने वाले 17 मार्ग बंद कर दिए हैं। अयोध्या थाने के निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने सोमवार को बताया कि राम की पैड़ी से जुड़ी 17 सड़कों को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया गया है और सिर्फ पास धारकों को ही इन रास्तों से गुजरने की अनुमति होगी। सभी 17 सम्पर्क मार्गों पर एक-एक दारोगा और चार-चार सिपाही तैनात किये गये हैं। इस बीच, आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अयोध्या की सीमाएं मंगलवार को ही सील कर दी जाएंगी। दीपोत्सव के मद्देनजर यातायात पुलिस ने वाहनों की आवाजाही के लिये एक विस्तृत योजना तैयार की है। वाहनों को दूसरे रास्तों से भेजने की व्यवस्था 29 अक्टूबर की सुबह से 31 अक्टूबर की देर रात तक लागू रहेगी। लखनऊ से अयोध्या आने वाले वाहनों को बाराबंकी में जरवल रोड की तरफ मोड़ा जाएगा। गोंडा और बलरामपुर से अयोध्या आने वाले वाहनों को मनकापुर से लखनऊ की तरफ मोड़ा जाएगा। इलाहाबाद, सुलतानपुर, अमेठी और रायबरेली से अयोध्या आने वाले वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से आंबेडकर नगर होते हुए बस्ती और गोरखपुर की ओर मोड़ दिया जाएगा। गोरखपुर और बस्ती से अयोध्या आने वाले वाहनों को अंबेडकर नगर के कलवारी टांडा से पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की ओर मोड़ा जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजकरन नैयर ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में अधिकारियों और प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्ययोजना और अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नैयर ने पत्रकारों को बताया कि आवश्यकतानुसार सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, एटीएस, एसटीएफ और सीआरपीएफ के दो सौ कमांडो राम मंदिर और आसपास के इलाकों की सुरक्षा करेंगे।
-
ठाणे, महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक व्यक्ति ने अपने प्रेम प्रस्ताव को अस्वीकार करने पर 23 वर्षीय एक महिला की कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी और उसकी बहन को घायल कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार की सुबह भिवंडी के भदवड़ गांव में हुई।
शांति नगर थाने के निरीक्षक अतुल अदुरकर ने बताया कि उत्तर प्रदेश के एक ही गांव के रहने वाले महिला और आरोपी राजू महेंद्र सिंह (24) एक-दूसरे के पड़ोसी थे, जिस कारण महिला उसे जानती थी। उन्होंने बताया कि पीड़िता ने आरोपी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था जिससे वह नाराज था।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी पूर्वाह्न 11:15 बजे महिला के घर में घुसा और रसोई घर के चाकू से उस पर तब तक वार करता रहा जब तक वह जमीन पर गिर नहीं गई। उन्होंने बताया कि महिला को बचाने आई उसकी बहन पर भी आरोपी व्यक्ति ने हमला किया जिससे वह घायल हो गई। उन्होंने बताया कि आरोपी मौके से फरार हो गया है। अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए महिला के शव को भिवंडी के सरकारी अस्पताल भेजा। उन्होंने बताया कि मृतक महिला के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 103 (हत्या), 333 (चोट पहुंचाने, हमला करने या गलत तरीके से रोकने की तैयारी के बाद घर में जबरन प्रवेश) और भारतीय न्याय संहिता तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। -
कोलकाता, कोलकाता के अलीपुर चिड़ियाघर को विरासत का दर्जा देते हुए एक नीला फलक लगाया गया है। पिछले महीने ही इस चिड़ियाघर ने 150 साल पूरे किये हैं। चिड़ियाघर के निदेशक शुभंकर सेनगुप्ता ने मंगलवार को बताया कि यह फलक कोलकाता नगर निगम (केएमसी) द्वारा लगाया गया है। करीब 19 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस चिड़ियाघर का उद्घाटन 24 सितंबर, 1875 को किया गया था। इसमें करीब 1,265 जानवर हैं। सेनगुप्ता ने बताया कि देश के सबसे पुराने चिड़ियाघर को सोमवार को यह बैज प्राप्त हुआ। नीले फलक से लोग किसी इमारत की विरासत के दर्जे के बारे में जान पाते हैं।
केएमसी ने पहले भारतीय संग्रहालय, तत्कालीन राज्य सचिवालय राइटर्स बिल्डिंग, जनरल पोस्ट ऑफिस (जीपीओ) और गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ आर्ट एंड क्राफ्ट में नीले बैज लगाये थे। ये सभी प्रथम श्रेणी की विरासती इमारतें हैं।
केएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नगर निकाय ने शहर में 350 से अधिक विरासत भवनों पर नीले फलक लगाये हैं। किसी स्थान के वास्तुशिल्प मूल्य, राष्ट्रीय और ऐतिहासिक महत्व को उसकी श्रेणीबद्ध विरासत स्थिति के लिए मापदंड माना जाता है। -
छत्रपति संभाजीनगर, महाराष्ट्र में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू रहने के बीच पुलिस ने मंगलवार को नांदेड़ जिले में एक कार से 1.05 करोड़ रुपये नकद जब्त किए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम ने नांदेड़ के भाग्यनगर इलाके में एक जांच चौकी पर चार पहिया वाहन को रोका और वाहन से नकदी बरामद की। नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार ने बताया, “हम पैसे के स्रोत और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच कर रहे हैं। हमने बैंक से भी संपर्क किया है।” महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 20 नवंबर को होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी। - लखनऊ/अयोध्या (उप्र),। अयोध्या में बुधवार को आयोजित होने वाले दीपोत्सव के आठवें संस्करण को लेकर राम नगरी के निवासी और संतगण खुशी से झूम रहे हैं, क्योंकि यहां नवनिर्मित भव्य मंदिर में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला दिवाली समारोह होगा। अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत राजू दास ने कहा, ‘‘पहले हमें दुख होता था कि हमारे रामलला टेंट में हैं...लेकिन अब हर कोई खुश है कि पहली बार प्रभु (भगवान राम) भव्य नए मंदिर में दीपावली उत्सव में भाग लेंगे।'' उन्होंने कहा, ‘‘हमें भगवान श्री कृष्ण की जन्मस्थली पर भी इसी तरह की दीपावली मनाने की उम्मीद है।''पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान केंद्रित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा कि उसका लक्ष्य इस दिवाली पर सरयू नदी के तट पर 28 लाख दीये जलाकर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाना है। राम मंदिर को पर्यावरण के अनुकूल विशेष दीपक से रोशन किया जाएगा। ये दीपक मंदिर की संरचना पर दाग और कालिख के प्रभाव को रोकने के लिए बनाए गए हैं और इनकी लौ लंबे समय तक जलते रहेगी। राम मंदिर परिसर को पुष्प से सजाया जाएगा। सजावट के लिए इसे विभिन्न खंडों में विभाजित किया गया है।राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा, ‘‘मुझे बहुत खुशी हो रही है क्योंकि इस साल दीपोत्सव अद्वितीय, विलक्षण और अद्भुत होने जा रहा है। लोगों और भगवान राम के भक्तों का उत्साह बढ़ा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह से लोगों का उत्साह देखा जा रहा है, उससे पता चलता है कि इस साल का दीपोत्सव वास्तव में अद्भुत होगा।'' हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति साधुवाद प्रकट किया और कहा, ‘‘अगर वह नहीं होते तो दीपोत्सव नहीं होता, राम मंदिर नहीं बन पाता और न ही प्राण प्रतिष्ठा संभव हो पाती।'' उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी सराहना की, जिन्होंने ‘‘अयोध्या के विकास के लिए बड़ा बजट आवंटित किया और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि प्रत्येक मंदिर और मठ रोशन रहें।'' अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि लोगों और श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर है। अयोध्या के अधिकारी और लोग ऐसी व्यवस्था कर रहे हैं, जिससे दीपोत्सव के दिन माहौल त्रेता युग जैसा हो जाए। त्रेता युग में भगवान राम लंका विजय के बाद अयोध्या लौटे थे।'' अयोध्या के महापौर ने कहा, ‘‘दीपोत्सव एक ऐसा त्योहार है, जो भगवान राम के अयोध्या आगमन का प्रतीक है। एक शानदार परंपरा शुरू हो गई है। इन दिनों लगभग एक लाख लोग भगवान राम के दर्शन करने आते हैं।'' श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने कहा, ‘‘दीपोत्सव के कारण पूरी दुनिया अयोध्या की ओर आकर्षित हुई है। हर कोई अयोध्या में दीपोत्सव देखना चाहता है।'' स्थानीय निवासी प्रज्वल सिंह ने कहा, ‘‘हम इस साल के दीपोत्सव का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि भगवान राम की भव्य प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला भव्य उत्सव है। घाट सजे हुए दिख रहे हैं और अयोध्या में भक्ति की हवा बह रही है। मैं इस नगरी का निवासी होने के नाते वास्तव में धन्य और गौरवान्वित महसूस करता हूं।''
- मथुरा (उप्र)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थानीय सांसद और मशहूर सिने अभिनेत्री हेमा मालिनी ने स्वच्छता अभियान की शुरुआत की और कहा कि यदि आप स्वच्छता बनाए रखेंगे तो बीमारियों से बचे रहेंगे। हेमा मालिनी ने सोमवार को स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय)' के तहत तीन नवंबर तक चलाये जा रहे अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा, ''अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें। यदि आप स्वच्छता बनाए रखेंगे, तो बीमारियों की चपेट में नहीं आएंगे। स्वच्छ बने रहेंगे।'' सोमवार को मथुरा—वृन्दावन नगर निगम के तत्वावधान में वृन्दावन से इसके लिए एक रैली निकाली गई।यह रैली वृंदावन में इस्कॉन मंदिर के समीप से हरि निकुंज चौराहे तक निकाली गई जिससे कुल 700 स्कूली बच्चों ने भाग लिया। वे हाथ में स्वच्छता संदेश देने वाली तख्तियां उठाए हुए थे और स्वच्छ रहने का आह्वान करते चल रहे थे। इस रैली में महापौर विनोद अग्रवाल एवं नगर आयुक्त शशांक चौधरी आदि निगम के अधिकारी भी सम्मिलित हुए।
- नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को 9वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर लगभग 12,850 करोड़ रुपये की लागत वाली स्वास्थ्य क्षेत्र से सम्बंधित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। राजधानी स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) में आयोजित एक कार्यक्रम में मोदी ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में 70 वर्ष और इससे अधिक आयु के नागरिकों को भी शामिल करने की योजना की शुरुआत भी की। इससे सभी आय वर्गों के वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ होंगी। इस अवसर पर मोदी ने भारत के पहले अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान के दूसरे चरण का उद्घाटन किया। इस चरण में, एक पंचकर्म अस्पताल, औषधि निर्माण के लिए एक आयुर्वेदिक फार्मेसी, एक खेल चिकित्सा इकाई, एक केंद्रीय पुस्तकालय, एक आईटी और स्टार्ट-अप इनक्यूबेशन सेंटर और 500 सीटों वाला ऑडिटोरियम शामिल है। उन्होंने मध्य प्रदेश के मंदसौर, नीमच और सिवनी में तीन मेडिकल कॉलेजों के अलावा हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, पश्चिम बंगाल के कल्याणी, बिहार में पटना, उत्तरप्रदेश में गोरखपुर, मध्य प्रदेश में भोपाल, असम में गुवाहाटी और नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में चिकित्सा सेवा के विस्तार और जन औषधि केंद्र का भी उद्घाटन किया।प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सरकारी मेडिकल कॉलेज में एक सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक और ओडिशा के बरगढ़ में एक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का भी उद्घाटन किया। उन्होंने मध्य प्रदेश में शिवपुरी, रतलाम, खंडवा, राजगढ़ और मंदसौर में पांच नर्सिंग कॉलेजों की आधारशिला रखी। उन्होंने हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, मणिपुर, तमिलनाडु और राजस्थान में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत 21 गंभीर रोग उपचार केन्द्रों का भी शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश के इंदौर में कर्मचारी राज्य बीमा निगम-ईएसआईसी अस्पताल का उद्घाटन किया तथा हरियाणा के फरीदाबाद, कर्नाटक के बोम्मासंद्र और नरसापुर, मध्य प्रदेश के इंदौर, उत्तर प्रदेश के मेरठ और आंध्र प्रदेश के अच्युतपुरम में ईएसआईसी अस्पतालों की आधारशिला रखी। मोदी ने इस अवसर पर ‘यू-विन' पोर्टल की भी शुरुआत की। इससे टीकाकरण प्रक्रिया डिजिटल बनेगी जिससे गर्भवती महिलाओं और शिशुओं को लाभ होगा। प्रधानमंत्री ने संबद्ध और स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों तथा संस्थानों के लिए भी एक पोर्टल की शुरूआत की। यह मौजूदा स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों और संस्थानों के लिए केंद्रीकृत डेटाबेस होगा। उन्होंने ओडिशा के भुवनेश्वर के गोथापाटन में एक केंद्रीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन किया।स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में ‘मेक इन इंडिया' पहल को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री ने गुजरात के वापी, तेलंगाना के हैदराबाद, कर्नाटक के बेंगलुरु, आंध्र प्रदेश के काकीनाडा और हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ में चिकित्सा उपकरणों और बल्क दवाओं के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत पांच परियोजनाओं का उद्घाटन किया। ये इकाइयां बड़ी मात्रा में महत्वपूर्ण दवाओं के साथ-साथ बॉडी इम्प्लांट और क्रिटिकल केयर उपकरण जैसे उच्च-स्तरीय चिकित्सा उपकरणों का निर्माण करेंगी। प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम के दौरान ‘देश का प्रकृति परीक्षण अभियान' भी शुरू किया। इसका उद्देश्य नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन के अनुकूल स्वास्थ्य सेवाओं के विकास के लिए प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के लिए जलवायु परिवर्तन और मानव स्वास्थ्य पर राज्य-विशिष्ट कार्य योजना की भी शुरूआत की।
- नयी दिल्ली. रेलवे बोर्ड ने बोगी, कपलर और अन्य माल ढुलाई घटकों के विकास के लिए दो सदस्यीय विशेषज्ञ दल को “प्रतिनियुक्ति पर उत्तर अमेरिका, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया” भेजने का फैसला किया है। विशेषज्ञ दल का एक सदस्य पूर्वी तटीय रेलवे में वित्तीय सलाहकार और मुख्य लेखा अधिकारी है, जबकि दूसरा दक्षिण-पूर्वी रेलवे में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक है। रेलवे बोर्ड के 18 अक्टूबर के पत्र के मुताबिक, रेलवे बोर्ड के सदस्य (वित्त) और सदस्य (संचालन एवं व्यवसाय विकास) ने इन दोनों अधिकारियों को नामित किया था। दोनों रेलवे जोन के महाप्रबंधकों को संबोधित पत्र में कहा गया है, “उपरोक्त अधिकारियों को संलग्न प्रारूप में जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश देने का अनुरोध किया जाता है, ताकि मामले में आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सके।” हालांकि, विशेषज्ञों के एक वर्ग ने इस कदम की आलोचना की है। उनका कहना है कि निर्धारित टीम में एक गैर-तकनीकी और एक जूनियर यातायात अधिकारी शामिल है। जिंदल स्टील के पूर्व अध्यक्ष एवं ग्रुप सीएलओ (मुख्य शिक्षण अधिकारी) अनिमेष गुप्ता ने कहा, “नामित टीम के सदस्यों को विभिन्न प्रकार की माल ढुलाई, बोगी संबंधी आवश्यकताओं और उनके इस्तेमाल एवं रखरखाव की स्थितियों के बारे में लगभग शून्य अनुभव है। ऐसे में यह ज्यादा उपयुक्त होता कि रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी, जो वर्तमान नामित टीम से अधिक योगदान दे सकते थे, इस तरह के दौरे पर भेजे जाते।” गुप्ता के मुताबिक, अगस्त में नयी दिल्ली में आयोजित एसोचैम की एक बैठक के दौरान नयी तरह की बोगी के साथ-साथ रेट्रोफिटिंग लोको और यात्री डिब्बों पर गहन चर्चा की गई थी। उन्होंने यांत्रिक डिजाइन पहलुओं का अध्ययन करने के लिए गैर-तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को विदेश भेजने पर सवाल उठाया। गुप्ता ने कहा, “क्रिसिल ने ‘विकसित भारत के लिए रेलवे का आधुनिकीकरण' रिपोर्ट प्रकाशित की है, जिसमें नये स्मार्ट लोको, टिल्टिंग ट्रेन, वैगन, डिजाइन और आधुनिकीकरण का स्पष्ट जिक्र किया गया है। वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेन के लिए एक नये डिजाइन, एलएचबी (लिंके-हॉफमैन-बुश) पर संक्षेप में चर्चा की गई है।”
- नयी दिल्ली. केंद्र ने महीने भर के स्वच्छता अभियान के दौरान अपने विभिन्न विभागों और संगठनों द्वारा किये गए कबाड़ के निपटान से 279 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग को नोडल विभाग बनाकर केंद्र सरकार की ओर से शुरू किया गया ‘विशेष अभियान 4' समन्वित दृष्टिकोण के साथ स्वच्छता अभियान के घोषित उद्देश्यों और लंबित मामलों में कमी लाने के लक्ष्य को प्राप्त करेगा। दो से 31 अक्टूबर तक चलाए जा रहे अभियान का ब्योरा देते हुए कार्मिक मंत्रालय ने कहा कि कचरा निपटान के माध्यम से 279 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया, बेहतर उपयोग के लिए 127 लाख वर्ग फुट कार्यालय स्थल मुक्त कराया गया और 4.27 लाख जन शिकायत के मामलों का निपटारा किया गया।
-
विजयपुरा (कर्नाटक). प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात' कार्यक्रम में जिक्र किये जाने के बाद से कर्नाटक के विजयपुरा के रहने वाले संतोष पाटिल सुर्खियों में हैं । उन्होंने लोगों को ‘डिजिटल गिरफ्तारी' के साइबर अपराध के जरिए निशाना बनाने वाले जालसाजों के मुद्दे को उठाया था। पुलिसकर्मी बनकर डिजिटल तरीके से गिरफ्तार करने की कोशिश करने वाले जालसाज से कुशलतापूर्वक निपटने के लिए पाटिल को बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई है। इस मुद्दे को 19 सितंबर को भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और तेलंगाना सड़क परिवहन निगम के एमडी वी सी सज्जनार ने उठाया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर पाटिल एवं जालसाज का वीडियो शेयर किया था और डिजिटल गिरफ्तारी की चेतावनी दी थी। रविवार को ‘मन की बात' कार्यक्रम के दौरान मोदी ने डिजिटल गिरफ्तारी के साइबर अपराध को उजागर करने के लिए बातचीत को भी शेयर किया था। पाटिल ने मोदी और सज्जनार को ‘एक्स' पर वीडियो साझा करने के लिए धन्यवाद दिया, जो अब वायरल हो गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘आपके (आईपीएस अधिकारी) द्वारा वीडियो साझा किए जाने के बाद, वीडियो को लाखों लोगों ने देखा है और वीडियो को खूब रीट्वीट भी किया जा रहा है।'' पाटिल ने कहा, ‘‘डिजिटल गिरफ्तारी के जालसाज कभी पुलिस, सीबीआई, नारकोटिक्स, कभी आरबीआई जैसे नाम का इस्तेमाल करके फोन कॉल करते हैं, वे बहुत आत्मविश्वास के साथ नकली अधिकारी बनकर बात करते हैं। 'मन की बात' के कई श्रोताओं ने चाहा है कि हम इस पर चर्चा करें।'' -
नयी दिल्ली. केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सोमवार को चावल मिलों के लिए एफसीआई शिकायत निवारण प्रणाली (एफसीआई-जीआरएस) का मोबाइल ऐप पेश किया। सरकार ने यह कदम पारदर्शिता, जवाबदेही और हितधारकों की संतुष्टि बढ़ाने के मकसद से उठाया है।
सार्वजनिक क्षेत्र का भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) खाद्यान्नों की खरीद और वितरण के लिए प्रमुख एजेंसी है। इस अवसर पर जोशी ने कहा कि चावल मिलों को खाद्य सुरक्षा प्रणाली के महत्वपूर्ण अंशधारक और अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि सरकार ‘‘उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।'' उन्होंने कहा कि मोबाइल ऐप चावल मिल मालिकों की शिकायतों के समाधान में मदद करेगा। इस मोबाइल ऐप को एंड्रॉयड फोन उपयोगकर्ता गूगल पे स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। जोशी ने कहा कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए काम करने के साथ यह भी सुनिश्चित कर रही है कि उपभोक्ताओं को उचित दरों पर खाद्य उत्पाद मिलें। इस ऐप का उपयोग करके मिल मालिक आसानी से अपने मोबाइल की मदद से शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। उन्हें केवल एक बार पंजीकरण करना होगा और उसके बाद कितनी भी शिकायतें दर्ज की जा सकती हैं। ऐप शिकायत की स्थिति के बारे में वास्तविक समय में अद्यतन सूचना प्रदान करता है, जिससे मिल मालिकों को अवगत कराया जाता है और पारदर्शिता सुनिश्चित होती है। एफसीआई शिकायत मिलने पर उसे आगे की कार्रवाई के लिए स्वचालित रूप से संबंधित नोडल अधिकारियों को सौंप देगा। -
अमरेली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि दुनिया अब भारत को पूरे ध्यान और गंभीरता से सुन रही है तथा सभी लोग देश को नयी उम्मीद से देख रहे हैं एवं विभिन्न क्षेत्रों में भारत में उपलब्ध अपार संभावनाओं पर चर्चा कर रहे हैं। गुजरात के अमरेली जिले के लाठी में 4,800 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद एक समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल में ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल हुए देशों ने भारत से हाथ मिलाने और उसकी विकास यात्रा में साझेदार बनने की उत्सुकता प्रकट की थी। मोदी ने कहा कि जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज ने पिछले सप्ताह नयी दिल्ली की अपनी यात्रा में घोषणा की थी कि उनका देश हर साल 90,000 भारतीयों को वीजा जारी करेगा, और अब यह देश के युवाओं पर निर्भर है कि वे इसके लिए कौशल विकसित करें। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘जैसे-जैसे हम विकास करते जा रहे हैं, वैसे-वैसे विश्व पटल पर भारत का गौरव और प्रभाव बढ़ता जा रहा है। पूरा विश्व भारत की ओर नयी उम्मीद और नयी दृष्टि से देख रहा है। लोग भारत के सामर्थ्य को पहचानने लगे हैं। आज पूरा विश्व भारत की बात को गंभीरता से और ध्यान से सुनता है, और हर कोई भारत में मौजूद संभावनाओं पर चर्चा करता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हर देश भारत में निवेश की संभावनाओं के बारे में पूछ रहा है।''
मोदी ने कहा कि जब वह ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से स्वदेश लौटे तो जर्मन चांसलर शोल्ज एशिया में निवेश करने वाले प्रतिनिधियों के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ नयी दिल्ली आए थे और उन्होंने उन लोगों से कहा था कि वे उनकी (प्रधानमंत्री की) बात सुनें और तय करें कि वे भारत में क्या करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने (शोल्ज ने) (यात्रा के दौरान) कुछ महत्वपूर्ण बातें कहीं जो हमारे युवा मित्रों के काम आने वाली हैं। पहले जर्मनी भारतीयों को सालाना 20,000 वीजा देता था। चांसलर ने घोषणा की कि वे 90,0000 वीजा जारी करेंगे क्योंकि उन्हें (जर्मनी की) फैक्टरियों में युवाओं और जनशक्ति की जरूरत है क्योंकि भारत के लोग मजबूत हैं, वे नियमों का पालन करते हैं और शांति से रहना पसंद करते हैं। अब, यह आपके हाथ में है कि आप उनकी (नौकरी की) जरूरतों के हिसाब से खुद को तैयार करें।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि स्पेन ने भारत में बहुत बड़ा निवेश किया है और उन्होंने वडोदरा में टाटा एयरक्राफ्ट कॉम्प्लेक्स का जिक्र किया, जो सैन्य विमान बनाने वाला भारत का पहला निजी संयंत्र है, जहां सी295 विमान बनाए जाएंगे। मोदी ने कहा कि सोमवार को वडोदरा में जिस संयंत्र का उद्घाटन किया गया, वह छोटे उद्यमों की मदद करेगा क्योंकि वे सैन्य विमानों के विनिर्माण के लिए विभिन्न उत्पादों की आपूर्ति कर सकते हैं। मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि भारत के विकास के लिए गुजरात का विकास जरूरी है।
उन्होंने कहा, ‘‘गुजरात ने विभिन्न क्षेत्रों में अपने कामों के जरिए देश के लिए एक मिसाल कायम की है। घरों और खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए शुरू की गई योजना गुजरात में आज भी जारी है।'' उन्होंने कहा, ‘‘आज शुरू की गई (पानी से जुड़ी) परियोजनाओं से लाखों लोगों को फायदा होगा।"
मोदी ने कहा कि उन्होंने सोमवार को अमरेली में जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया या जिनकी आधारशिला रखी, उनका उद्देश्य लोगों के जीवन को आसान बनाना, किसानों की समृद्धि सुनिश्चित करना और युवाओं के लिए अवसर पैदा करना है। प्रधानमंत्री ने जल आपूर्ति परियोजनाओं और 'कैच द रेन' अभियान के माध्यम से भूजल संरक्षण और पुनर्भरण के लिए जन भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, ‘‘जब भाजपा ने (लगभग तीन दशक पहले) गुजरात में सरकार बनाई थी, तब से हमने पानी को प्राथमिकता दी है। हमने (परियोजनाओं में) जन भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए 80:20 योजना बनाई।'' उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अपने गृह राज्य के प्रत्येक गांव में नर्मदा नदी का पानी पहुंचाने में सफल रही है। मोदी ने कहा कि जब अमरेली जिले में 2007 में एक सहकारी डेयरी शुरू हुई थी तो केवल 25 गांव इससे जुड़े थे, लेकिन अब यह संख्या 700 हो गई है। उस समय वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की बंदरगाह नीति विकास पहल के तहत अमरेली जिले के बंदरगाहों का विकास किया जाएगा। -
नयी दिल्ली. भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी विपिन कुमार ने सोमवार को भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण (एएआई) के चेयरमैन का प्रदभार संभाल लिया। आधिकारिक बयान के अनुसार, बिहार कैडर के 1996 बैच के अधिकारी कुमार इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय में स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग में अतिरिक्त सचिव थे। इसके अलावा, कुमार ने बिहार में जिला मजिस्ट्रेट और बिहार पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया था। हाल ही में, एएआई के पूर्णकालिक चेयरमैन संजीव कुमार रक्षा उत्पादन सचिव बने और एएआई सदस्य एम सुरेश कार्यवाहक चेयरमैन के रूप में कार्यरत थे। प्राधिकरण की वेबसाइट के अनुसार मिनी रत्न कंपनी, एएआई कुल 137 हवाई अड्डों का प्रबंधन करती है।
- मऊगंज. मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में पुलिस के एक उप निरीक्षक को एक महिला से कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने के लिए लाइन हाजिर कर दिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें आरोपी पुलिसकर्मी लुंगी पहने हुए एक महिला से दुर्व्यवहार करता हुआ दिखाई दे रहा है, जिसके बाद उसे दंड के तौर पर फील्ड ड्यूटी से हटा दिया गया। रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक साकेत पांडे ने बताया कि हटा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आरोपी बृहस्पति पटेल (50) को लाइन हाजिर किया गया क्योंकि उसपर ड्यूटी के दौरान लुंगी पहनने और शिकायत दर्ज कराने आई एक महिला से दुर्व्यवहार करने का आरोप है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चौकी में हुई इस घटना की जांच कर रहे है। अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वीडियो में आरोपी पटेल को महिला पर चिल्लाते हुए और ‘चालाक नहीं बनने' के लिए कहते हुए सुना जा सकता है। वीडियो में आरोपी पुलिसकर्मी को पीड़िता को भगाते हुए देखा जा सकता है जबकि चौकी में एक अन्य महिला उसके सामने फर्श पर बैठी हुई है।
- नयी दिल्ली. आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के तहत 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी नागरिकों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वास्थ्य बीमा की शुरुआत 29 अक्टूबर को किये जाने की संभावना है। एक आधिकारिक सूत्र ने यह जानकारी दी। नियमित टीकाकरण की इलेक्ट्रॉनिक रजिस्ट्री बनाए रखने के लिए विकसित ‘यू-विन' पोर्टल, को भी उसी दिन प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया जाएगा। सूत्र ने कहा कि इन दोनों के अलावा, मंगलवार को कुछ अन्य परियोजनाओं की भी शुरुआत की जाएगी। यह पोर्टल अभी पायलट आधार पर संचालित किया जा रहा है।सूत्र ने बताया कि इन दोनों परियोजनाओं के अलावा, मंगलवार को कुछ अन्य परियोजनाओं की भी शुरुआत की जाएगी। ‘यू-विन' प्लेटफॉर्म, जो कोविड-19 टीका प्रबंधन प्रणाली ‘को-विन' की प्रतिकृति है, को सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिलाओं के साथ-साथ जन्म से लेकर 17 वर्ष की उम्र तक के बच्चों के टीकाकरण का स्थायी डिजिटल रिकॉर्ड रखने के लिए विकसित किया गया है। सूत्र ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री द्वारा 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत विस्तारित योजना की शुरुआत किये जाने की संभावना है। इससे लगभग 4.5 करोड़ परिवारों के लगभग छह करोड़ नागरिकों को लाभ मिलेगा।'' सत्तर वर्ष या उससे अधिक उम्र का प्रत्येक व्यक्ति आयुष्मान कार्ड पाने के लिए पात्र है और विस्तारित योजना शुरू होने पर ‘एबी पीएमजेएवाई' के तहत किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल में पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकता है। एक सितंबर 2024 तक 12,696 निजी अस्पतालों सहित कुल 29,648 अस्पतालों को पीएमजेएवाई के तहत सूचीबद्ध किया गया है। यह योजना वर्तमान में दिल्ली, ओडिशा और पश्चिम बंगाल को छोड़कर 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू की जा रही है। सूत्र ने बताया कि आधार कार्ड में दर्ज उम्र के अनुसार, 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति इस योजना के लिए आवेदन करने के लिए पात्र होगा।
- बारीपदा (ओडिशा). महाराष्ट्र के ताडोबा-अंधारी बाघ अभयारण्य (टीएटीआर) से एक बाघिन को लाया गया है और उसे ओडिशा के मयूरभंज जिले के सिमिलिपाल बाघ अभयारण्य में छोड़ा जाएगा। एक वन अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। बाघिन को शनिवार सुबह टीएटीआर में पकड़ा गया। एसटीआर के ‘फील्ड डायरेक्टर' प्रकाश चंद गोगिनेनी ने बताया कि बाघिन को रविवार रात सिमिलिपाल बाघ अभयारण्य के अंदर एक बाड़े में छोड़ा जाएगा। वन अधिकारियों ने बताया कि यह बाड़ा सिमिलिपाल दक्षिण प्रभाग के मुख्य क्षेत्र में बनाया गया है। बाघिन को सिमिलिपाल के मुख्य क्षेत्र में छोड़े जाने से पहले कम से कम एक से दो सप्ताह तक निगरानी के लिए बाड़े में रखा जाएगा। वर्तमान में ओडिशा में 30 बाघ हैं, जिनमें से 27 बाघ एसटीआर में हैं।
- अयोध्या. उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आठवें दीपोत्सव के तहत सरयू नदी के तट पर 28 लाख दीपक प्रज्ज्वलित कर विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारियों के बीच रामलला के मंदिर में इस बार एक विशेष तरह के दीपक जलाने की योजना है। नवनिर्मित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में पहली दीपावली के लिए भव्य और "पर्यावरण के प्रति जागरूक" तैयारियां चल रही हैं। सरयू के घाटों पर आगामी 30 अक्टूबर को होने वाले भव्य दीपोत्सव में 28 लाख दीयों को सजाने के लिये 30 हजार से ज्यादा स्वयंसेवकों की तैनाती की गयी है। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता के मुताबिक ये खास तरह के दीपक मंदिर भवन को दाग-धब्बों और कालिख से सुरक्षित रखेंगे और इनसे लंबे समय तक रोशनी भी मिलेगी। उन्होंने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाने की भी विशेष योजना है। मंदिर परिसर को कई खंडों और उपखंडों में विभाजित कर सजावट का दायित्व सौंपा गया है। बिहार कैडर के सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी आशु शुक्ला को मंदिर के हर कोने को व्यवस्थित रूप से रोशन करने, सभी प्रवेश द्वारों को तोरण से सजाने, साफ-सफाई और सजावट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे श्रद्धालु मनोहरी फूलों और दीपों से सजे मंदिर का दिव्य दर्शन कर सकेंगे। प्रवक्ता ने बताया कि इस बार दीपोत्सव में पर्यावरण संरक्षण का भी खास ख्याल रखा गया है। मंदिर भवन के ढांचे को धुंए की कालिख से बचाने के लिए परिसर में विशेष मोम के दीपक जलाए जाएंगे, जिनसे कॉर्बन का कम से कम उत्सर्जन होगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का प्रयास है कि इस दीपावली में अयोध्या न केवल धर्म और आस्था का केंद्र बने बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दे। उन्होंने बताया कि घाटों पर 28 लाख दीयों को सजाने के लिये 30 हजार से ज्यादा स्वयंसेवकों की तैनाती की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप डॉक्टर राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर प्रतिभा गोयल ने सरयू के 55 घाटों पर स्वयंसेवकों की यह भारी भरकम टीम उतारी है। प्रवक्ता ने बताया कि दो हजार से अधिक पर्यवेक्षक, समन्वयक, घाट प्रभारी, दीप गणना व अन्य सदस्यों की देखरेख में 30 हजार से अधिक स्वयंसेवक घाटों पर 28 लाख दीपों को सजाने का कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही यह स्वयंसेवक 80 हजार दीयों से राम की पैड़ी के घाट नंबर 10 पर प्रतीक के रूप में स्वास्तिक बना रहे हैं। यह दीपोत्सव आकर्षण का केन्द्र होने के साथ पूरे विश्व को शुभता का संदेश देगा। इसके लिए 150 से अधिक स्वयंसेवक तैनात किये गये हैं। उन्होंने बताया कि स्वयंसेवक छोटी दीपावली के दिन 30 अक्टूबर को 28 लाख दीयों में तेल, बाती लगाकर देर शाम प्रज्ज्वलित करने के साथ एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम करेंगे। दूसरी ओर घाटों पर घाट प्रभारी व समन्वयक द्वारा समय-समय पर स्वयंसेवकों को दिशा-निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं। दीपोत्सव के नोडल अधिकारी प्रोफेसर संत शरण मिश्र ने बताया कि दीपोत्सव के विश्व कीर्तिमान के लिए अवध विश्वविद्यालय परिसर सहित 14 महाविद्यालय, 37 इण्टर कॉलेज, 40 गैर-सरकारी संगठनों के 30 हजार स्वयंसेवक लगाये गए है। प्रवक्ता ने बताया कि इस बार दीपोत्सव की भव्यता को श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय बनाने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर को 29 अक्टूबर से एक नवंबर की रात 12 बजे तक बाहर से भवन दर्शन के लिए खुला रखने का निर्णय लिया है। इसके तहत गेट संख्या चार बी (लगेज स्कैनर प्वाइंट) से श्रद्धालु आधी रात तक मंदिर की भव्य सजावट का आनंद ले सकेंगे। यह दीपोत्सव न केवल आस्था बल्कि पर्यावरण और सौंदर्य का संदेश भी देगा, जिससे अयोध्या की दीपावली विश्वभर में विशेष स्थान बनाएगी।
- सूरत. शहर में कपड़ा और हीरा उद्योग में काम करने वाले सैकड़ों श्रमिक दिवाली तथा छठ पूजा के लिए बिहार एवं उत्तर प्रदेश में अपने गृहनगरों के लिए रवाना हुए जिससे सूरत के उधना रेलवे स्टेशन पर रविवार को बहुत ज्यादा भीड़ रही। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए विशेष ट्रेन चलाने की व्यवस्था की है तथा रविवार को उधना से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के लिए एक नयी ट्रेन चलाई गई। उन्होंने बताया कि इन दिनों भारी भीड़ को देखते हुए सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के वास्ते बिहार और उत्तर प्रदेश के लिए रेलगाड़ियों को शहर के तीन रेलवे स्टेशनों - सूरत, उधना और भेस्तान से रवाना किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्लेटफॉर्म पर राजकीय रेलवे पुलिस को तैनात किया गया है क्योंकि ट्रेन में चढ़ने के लिए बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूरत रेलवे स्टेशन से उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए 30 ट्रेन रवाना हो रही हैं, उधना से 18 और भेस्तान से सात ट्रेन रवाना हो रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से कई ट्रेन साप्ताहिक हैं और कुछ ट्रेन सप्ताह में दो, तीन और यहां तक कि पांच बार रवाना होती हैं। इस बीच, पश्चिम रेलवे ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि वह इस मौसम में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष त्योहारी ट्रेन की संख्या बढ़ा रहा है। इनमें से एक ट्रेन रविवार से उधना और गोरखपुर के बीच शुरू की गई है।
-
सिंगापुर. भारतीय पर्यटन उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भारत, खासतौर से उत्तर प्रदेश को सिंगापुरवासियों के लिए एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में प्रचारित करते हुए कहा कि पर्यटकों के लिए पूरे भारत की यात्रा करना सुरक्षित और आसान है। उन्होंने सिंगापुर में 23 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक हुए एक यात्रा व्यापार कार्यक्रम ‘आईटीबी एशिया' में यह टिप्पणी की। ‘सीएएल इंडिया टूर्स एंड ट्रैवल' का नेतृत्व करने वाले राहुल वाधवा ने कहा, ‘‘हमें विदेशी यात्रियों को उत्तर प्रदेश के आकर्षक स्थलों और आगरा के प्रतिष्ठित ताज महल के अलावा भी राज्य के अन्य प्रसिद्ध स्थलों के बारे में बताने की आवश्यकता है।'' उन्होंने उत्तर प्रदेश के यात्रा एजेंसी कारोबार में 10 फीसदी की वृद्धि का अनुमान जताया है।
‘जातक ट्रैवल्स' के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार सिंह ने भारत में सुरक्षा को लेकर सभी भ्रांतियों तथा गलतफहमतियों को खारिज करते हुए कहा कि पूरे भारत की यात्रा करना सुरक्षित और आसान है। वाराणसी स्थित यात्रा समूह के प्रमुख ने कहा, ‘‘देशभर तथा उत्तर प्रदेश में अत्यधिक अच्छी सुविधाएं हैं।'' उन्होंने कहा कि भारत में पर्यटक स्थल और सुविधाएं विश्व स्तरीय हैं।

.jpg)
.jpg)
.jpg)







.jpg)
.jpg)














.jpg)