- Home
- देश
-
हैदराबाद. लोगों को उनके घरों तक खाना मुहैया कराने वाले ‘‘फूड डिलिवरी'' मंच स्विगी ने बृहस्पतिवार को कहा कि हैदराबाद के एक व्यक्ति ने पिछले 12 महीने में इस ऐप के जरिए छह लाख रुपये की इडली मंगाई है। स्विगी ने हर साल 30 मार्च को मनाए जाने वाले 'विश्व इडली दिवस' पर अपना विश्लेषण जारी किया।
स्विगी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि यह विश्लेषण 30 मार्च, 2022 से 25 मार्च, 2023 तक की अवधि के बीच का है और इसमें दक्षिण भारतीय व्यंजन इडली की लोकप्रियता के संबंध में दिलचस्प जानकारी मिलती है। विज्ञप्ति मे कहा गया है कि हैदराबाद के एक उपयोगकर्ता ने पिछले साल सबसे अधिक संख्या में इडली का ऑर्डर दिया और उसने इडली पर छह लाख रुपये खर्च किए। उसने इस अवधि के दौरान 8,428 प्लेट इडली का ऑर्डर दिया। स्विगी ने पिछले 12 महीने में 3.3 करोड़ प्लेट इडली की डिलीवरी की, जिससे लोगों के बीच इस व्यंजन की व्यापक लोकप्रियता स्पष्ट होती है। आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार, बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई में सबसे ज्यादा इडली मंगाई जाती हैं। अन्य शहरों में मुंबई, कोयंबटूर, पुणे, विशाखापत्तनम, दिल्ली, कोलकाता और कोच्चि शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार, इडली ऑर्डर करने का सबसे पसंदीदा समय सुबह 8 बजे से 10 बजे के बीच है। - औरंगाबाद. महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में बृहस्पतिवार को एक ट्रक और ऑटोरिक्शा की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गयी, जबकि आठ अन्य घायल हो गये। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 10 बजे नांदेड़-मुदखेड़ मार्ग पर मुगत गांव के पास हुआ। ट्रक मुदखेड़ से नांदेड़ जा रहा था, जबकि ऑटो उस समय विपरीत दिशा से आ रही थी। अधिकारी ने बताया कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 37 वर्षीय एक महिला ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों को नांदेड़ के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि पालक मंत्री गिरीश महाजन ने मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डीन डॉ. पीटी जामदाड़े से बात की और उन्हें घायलों को आवश्यक इलाज मुहैया कराने को कहा।
- नयी दिल्ली. उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बृहस्पतिवार को वैश्विक स्तर पर सुनियोजित तरीके से भारत की अखंडता के खिलाफ ‘‘आभासी युद्ध'' को लेकर आगाह किया। नेटवर्क 18 के ‘राइजिंग इंडिया समिट' को संबोधित करते हुए, उन्होंने कहा कि पक्षपातपूर्ण रुख और व्यक्तिगत चिंताओं के आधार पर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का मुकाबला किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मुद्दे को राजनीतिक चश्मे से कैसे देखा जा सकता है।उन्होंने विपक्षी नेताओं के आरोपों की पृष्ठभूमि में यह टिप्पणी की है, जिन्होंने कहा है कि सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर उन्हें निशाना बना रही है। उपराष्ट्रपति ने आगाह किया, लोगों को "देश के भीतर और बाहर काम करने वाली वैश्विक मशीनरी" द्वारा सुनियोजित तरीके से "भारत की अखंडता के खिलाफ आभासी युद्ध" के बारे में जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत के विकास पथ में व्यवधान पैदा करने, लोकतांत्रिक व्यवस्था की छवि खराब करने और राष्ट्र की उपलब्धियों पर पानी फेरने के लिए देश के अंदर और बाहर कुछ ताकतें काम कर रही हैं। उन्होंने मौजूदा बजट सत्र के दौरान दोनों सदनों की कार्यवाही में लगातार व्यवधान के बीच कहा कि संसद में अव्यवस्था सामान्य बात हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि गतिशील लोकतंत्र में ऐसा कभी नहीं होता कि कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका के बीच कोई मुद्दा न हो। धनखड़ ने कहा, "मुद्दे होना तय है। सहयोगी रुख अपनाकर इन्हें हल करने की जरूरत है।"
-
नई दिल्ली। रक्षा मंत्रालय ने भारतीय सेना के लिए उन्नत आकाश हथियार प्रणाली तथा हथियारों का पता लगाने के लिए 12 रडारो-स्वाति की खरीद के लिए हस्ताक्षर किए हैं। इनकी लागत नौ हजार एक सौ करोड़ रूपये से अधिक है। उन्नत आकाश हथियार प्रणाली की खरीद के लिए भारत डायनामिक्स लिमिटेड के साथ हस्ताक्षर किए गए हैं। इसकी लागत 8160 रूपये से अधिक है। कम दूरी की जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल हवाई रक्षा प्रणाली है। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने स्वदेश निर्मित इस प्रणाली का डिज़ाइन और विकास किया है। हथियारों को पता लगाने के लिए 12 रडारों की खरीद के अनुबंध पर भारत इलेक्ट्रॉनिक लिमिटेड के साथ हस्ताक्षर किए गए हैं। इसकी लागत 990 करोड़ रूपये से अधिक है। स्वदेश निर्मित यह रडार मोर्टार और रॉकेटो का पता लगाने में सक्षम है।
-
होशियारपुर . पंजाब के होशियारपुर जिले के बेरिंग गांव में एक व्यक्ति ने अपनी दो नाबालिग बेटियों पर पेट्रोल छिड़ककर उन्हें कथित रूप से आग के हवाले कर दिया। घटना में दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। आरोपी विद्या राम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
तलवारा पुलिस थाने के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) रणवीर सिंह ने कहा कि आरोपी विद्या राम की पत्नी पूनम शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर आरोप लगाया है कि उसके पति ने उस पर जलती लकड़ी से हमला किया था जिससे उसके कपड़ों में आग लग गई थी। हालांकि किसी तरह वह आग बुझाने में सफल रही। बाद में आरोपी विद्या राम ने अपनी 16 और 10 साल की बेटियों पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। लड़कियां बाहर आईं, जिनकी चीख सुनकर उनके पड़ोसी तथा राहगीर उन्हें बचाने के लिए आए तथा आग को बुझाया। दोनों लड़कियों को यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उन्हें स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर), चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को ‘डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट सब्जेक्ट' श्रेणी में भारत के लिए पहला ऑस्कर पुरस्कार जीतने वाले वृत्तचित्र ‘द एलीफेंट व्हिस्परर्स' के निर्माण से संबंधित टीम के सदस्यों से मुलाकात की। कार्तिकी गोंजाल्विस द्वारा निर्देशित और गुनीत मोंगा द्वारा निर्मित तमिल भाषा के वृत्तचित्र ‘द एलीफेंट व्हिस्परर्स' तमिलनाडु के एक अभयारण्य में मनुष्यों और एक परित्यक्त हाथी के बच्चे के बीच के बंधन की कहानी है। इसमें इंसान और जानवर के बीच के प्यार और उनके बंधन को खूबसूरती से दर्शाया गया है। मोदी ने गोंजाल्विस और मोंगा सहित तमिल वृत्तचित्र की टीम के कुछ सदस्यों से मुलाकात की।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘द एलीफेंट व्हिस्परर्स' की सिनेमाई प्रतिभा और सफलता ने वैश्विक ध्यान आकर्षित करने के साथ-साथ प्रशंसा भी हासिल की है। आज मुझे इससे जुड़ी शानदार टीम से मिलने का मौका मिला। उन्होंने भारत को बहुत गौरवान्वित किया है।'' इसके साथ ही मोदी ने टीम और उनकी ऑस्कर ट्राफियों के साथ तस्वीरें पोस्ट कीं।
'द एलीफेंट व्हिस्परर्स' ने 95वें अकादमी पुरस्कारों में ‘‘डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट सब्जेक्ट'' श्रेणी में पुरस्कार जीतने वाली पहली भारतीय फिल्म बनकर इतिहास रच दिया था। -
अयोध्या राम नगरी अयोध्या में बृहस्पतिवार को भगवान राम का जन्मोत्सव यानी राम नवमी का त्योहार कड़ी सुरक्षा के बीच पूरे धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने आज सुबह सरयू नदी में पवित्र डुबकी लगाई और बाद में कनक भवन, हनुमानगढ़ी और नागेश्वरनाथ सहित सभी प्रमुख मंदिरों के दर्शन किए। हिंदू पंचांग के 'चैत्र' माह में शुक्ल पक्ष की नवमी को मनाए जाने वाले भगवान राम के "जन्मोत्सव" का स्वागत करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ मौजूद रही। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मधुबन सिंह ने बताया,"भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे अयोध्या शहर में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया। रामनवमी मेले के इस बड़े धार्मिक आयोजन के लिए कोई चरमपंथी खतरा नहीं है, लेकिन हमने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव व्यवस्था की है।" अयोध्या में सुबह-सुबह सूर्य को अर्घ्य देने के साथ रामनवमी पर्व की शुरुआत हुई। माना जाता है कि दोपहर के समय जब भगवान राम का जन्म हुआ था अयोध्या के सभी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई थी। राम नवमी पर लोगों ने भगवान राम को समर्पित भक्ति गीत गाए और उनके जन्म का जश्न मनाने के लिए प्रतीकात्मक रूप से राम लला की प्रतिकृतियों को पालने में झुलाया। कई मंदिरों से राम, सीता, भाई लक्ष्मण और भक्त हनुमान की रथ यात्रा निकाली गई। लाखों की संख्या में लोग पवित्र नदी सरयू के तट पर एकत्रित हुए और पवित्र स्नान किया तथा कुछ अन्य लोगों ने उपवास रखा। इस बीच, रामनवमी के अवसर पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम जन्मभूमि परिसर में ताजे फूलों से सुंदर सजावट की थी। मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास द्वारा विशेष पूजा-अर्चना की गई और रामलला ने हरे रंग के वस्त्र धारण किए।
- - इंदौर । मध्य प्रदेश के इंदौर में रामनवमी के अवसर पर एक मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बावड़ी की छत धंसने से 13 की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घटनास्थल पर राहत बचाव का काम अभी भी जारी है। इंदौर कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने बताया कि इंदौर के मंदिर से अभी तक 11 शव बरामद किए जा चुके हैं।मंदिर में हुए हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था।मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि बावड़ी से दस लोगों को सुरक्षित निकाला गया और आगे भी राहत बचाव का काम जारी है।उन्होंने आगे कहा कि हम सब पूरी ताकत से रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे हैं।. मुझे विश्वास है कि हम सभी को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल हो पाएंगे।गृह मंत्री अमित शाह ने भी घटना पर दुख जताया और ट्वीट कर कहा, “मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ हादसा अत्यंत दुःखद है। शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. स्थानीय प्रशासन बचाव कार्य में लगा हुआ है,। NDRF भी शीघ्र ही घटनास्थल पर पहुंच रही है. ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मंदिर में पुरानी बावड़ी की छत पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ इकट्ठा हो गई थी और छत ज्यादा लोगों का बोझ नहीं सहन कर सकी.।बता दें कि दौरान आंध्र प्रदेश गोदावरी जिले के दुवा गांव में रामनवमी समारोह के दौरान एक मंदिर में आग लगने की घटना सामने आई जिसमें अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.।
-
नयी दिल्ली. वित्त मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि सरकार आर्थिक वृद्धि को गति देने को लेकर राजस्व अंतर को पूरा करने के लिये 2023-24 की पहली छमाही में कर्ज के जरिये 8.88 लाख करोड़ रुपये जुटाने पर विचार कर रही है। आधिकारिक बयान के अनुसार, एक अप्रैल, 2023 से शुरू वित्त वर्ष 2023-24 के लिये कुल 15.43 लाख करोड़ रुपये की अनुमानित बाजार उधारी में से 8.88 लाख करोड़ रुपये यानी 57.5 प्रतिशत पहली छमाही में जुटाने की योजना है। उधारी कार्यक्रम 26 साप्ताहिक किस्तों में पूरा करने की योजना है। इसके तहत 31,000 से 39,000 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे। उधारी तीन, पांच, सात, 10, 14, 30 और 40 साल की प्रतिभूतियों के जरिये जुटाई जाएगी।
-
चन्द्रपुर . महाराष्ट्र के चन्द्रपुर जिले से पूजा और सैकड़ों कलाकारों की प्रस्तुति के बाद उच्च गुणवत्ता वाली सागौन की लड़की की एक खेप ने अयोध्या के राम मंदिर के लिए अपनी यात्रा शुरू की है। वन एवं सांस्कृतिक मामलों तथा मत्स्य पालन राज्य मंत्री सुधीर मुंगंटीवार ने बताया कि रामायण में वर्णित दंडकारण्य और वर्तमान चन्द्रपुर से बेहद उच्च गुणवत्ता वाली सागौन की लकड़ी भेजी जा रही है। मंत्री ने बताया कि करीब 1,855 क्यूबिक फुट लकड़ी का यह खेप अयोध्या रवाना हुआ है जहां इसका उपयोग मंदिर का मुख्य द्वार, गर्भगृह का द्वार और मंदिर के अन्य द्वारों के निर्माण में किया जाएगा। लकड़ी की यह खेप 1,946 कलाकारों की प्रस्तुति के बाद पूरे धूमधाम से रवाना हुई। कई फिल्मी हस्तियां भी इस दौरान मौके पर उपस्थित थीं। अधिकारियों ने बताया कि सर्वोत्तम गुणवत्ता और पौराणिक महत्व वाली सामग्री यहां से उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बन रहे मंदिर में भेजी जा रही है। मंत्री ने बताया कि भगवान राम की प्रतिमा बनाने के लिए नेपाल से दो विशाल शालिग्राम पत्थर लाए गए हैं।
मुंगंटीवार ने बताया कि अयोध्या मंदिर के न्यासियों ने देहरादून में स्थित वन अनुसंधान संस्थान से संपर्क किया था और उन्हें बताया गया कि सागौन की लकड़ी सबसे अच्छी चन्द्रपुर में मिलती है। उन्होंने कहा, ‘‘श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय के अनुरोध पर हमने उच्च गुणवत्ता वाली सागौन की लकड़ी भेजने का फैसला लिया है। यह हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है कि हम भगवान राम के मंदिर के लिए सागौन की लकड़ी अयोध्या भेज रहे हैं।'' मुंगंटीवार ने कहा कि मंत्री ने कहा कि भगवान राम की दादी इंदुमति विदर्भ क्षेत्र, वर्तमान महाराष्ट्र, की थीं। उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐतिहासिक क्षण है कि दादी की जन्मधरती से पोते का मंदिर बनाने के लिए सागौन की लकड़ी भेजी जा रही है।'' श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के एक पदाधिकारी ने पिछले सप्ताह बताया था कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का कार्य तय समय से महीनों पहले पूरा होने की संभावना है। राम जन्मभूमि में न्यास कार्यालय के प्रभारी प्रकाश गुप्ता ने बताया, ‘‘हमें विश्वास है कि मंदिर का निर्माण कार्य तय समय से तीन महीने पहले पूरा हो जाएगा। इसलिए हमने उसकी समय सीमा दिसंबर 2023 से घटाकर सितंबर 2023 कर दी है। अब मंदिर को उसका अंतिम रूप सितंबर में मिल जाएगा।' -
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा ने बुधवार को कहा कि देश की आजादी के बाद से अब तक अल्पसंख्यक समुदायों की जनसंख्या पांच प्रतिशत बढ़ी है तो बहुसंख्यक समुदाय की आबादी पांच प्रतिशत घटी है, जो इस बात का प्रमाण है कि भारत में अल्पसंख्यक सुरक्षित हैं। वह राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के वार्षिक सम्मेलन में बोल रहे थे।
लालपुरा ने कहा, आजादी के बाद से अब तक भारत में बहुसंख्यक आबादी पांच प्रतिशत घटी है और अल्पसंख्यक आबादी पांच प्रतिशत बढ़ी है। यह दिखाता है कि भारत ने अपने अल्पसंख्यकों को सुरक्षा प्रदान की है।'' उन्होंने कहा कि ऐसा कोई पेशा नहीं है जो अल्पसंख्यकों के योगदान से अछूता हो।
अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री जॉन बरला ने कहा कि राष्ट्रीय विकास में सभी लोगों को योगदान देना है और इस प्रयास में अल्पसंख्यकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अल्पसंख्ंयक आयोग के कार्यों की तारीफ भी की। -
उज्जैन . मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में कर्ज से परेशान 48 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी एवं बेटी की अपने घर में कथित रूप से चाकू मार कर हत्या कर दी और बाद में खुद अपने पेट में भी चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को दी। नरवर पुलिस थाना प्रभारी संजय मंडलोई ने बताया कि यह घटना नरवर थाना इलाके के टंकारिया गांव में मंगलवार रात को हुई। उन्होंने कहा कि आज सुबह आरोपी के भाई की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जाकर देखा तो आरोपी ओंकार नरवरिया (48) घायल है। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंडलोई ने बताया कि अपने पेट में चाकू घोंपने से पहले आरोपी नरवरिया ने चाकू से वार कर अपनी पत्नी तारा बाई (45) और बेटी रवीना (15) को कथित तौर पर मौत के घाट उतार दिया। दोनों के शव भी घर से बरामद कर लिए गये हैं। उन्होंने कहा कि घटना के वक्त आरोपी नरवरिया के दो मासूम बेटे भी घर पर थे। उसने उनसे कहा कि चुप रहना, वरना तुमको भी मार दूंगा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जानकारी के मुताबिक उसके बाद इन दोनों बेटों ने खुद को कमरे में बंद कर अपनी जान बचाई। मंडलोई ने बताया कि पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी नरवरिया पर कर्ज था, जिससे वह पिछले दो वर्ष से परेशान था। उन्होंने कहा कि आरोपी नरवरिया गांव का छोटा-मोटा व्यापारी था, जो विशेष रूप से खेत में पैदा हुए अनाज एवं सब्जियों को किसानों से खरीदकर बेचा करता था। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
-
भोपाल/श्योपुर. नामीबिया से मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान लाए गए आठ चीतों में से एक चीते ने चार शावकों को जन्म दिया है। चारों शावक और उनकी मां पूरी तरह स्वस्थ और सक्रिय हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह खुशी की खबर दो दिन पहले इस उद्यान में नामीबिया से लाये गये एक अन्य मादा चीता की मौत के बाद आई है। मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग की एक विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘प्रदेशवासियों और वन्य-प्राणी जगत के लिए 29 मार्च 2023 बुधवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़ी गई तीन वर्ष की नामीबियाई मादा चीता 'सियाया' ने चार चीता शावकों को जन्म दिया है।'' वहीं, मध्यप्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य-प्राणी) जे.एस. चौहान ने बताया, ‘‘विगत एक सप्ताह से सियाया की गतिविधियां बाड़ा क्रमांक 5 में एक ही स्थान पर केन्द्रित थी। इससे यह एहसास हुआ कि संभवत: सियाया बच्चों को जन्म देने वाली है।'' उन्होंने आगे कहा, ‘‘बुधवार को जब सियाया शिकार के लिए निकली तो नामीबियाई चीता विशेषज्ञ इलाई वॉकर द्वारा संबंधित स्थान पर सुरक्षित दूरी से देखने पर पाया कि मादा चीता ने चार शावकों को जन्म दिया है।'' वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अनुमान लगाया जा रहा है कि इन शावकों का जन्म पांच दिन पहले हुआ होगा, लेकिन अधिकारियों ने बुधवार को उन्हें देखा। उन्होंने कहा कि नामीबिया से लाए गए आठ चीतों में 'सियाया' भी शामिल थीं।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एव प्रदेश के वन मंत्री कुंवर विजय शाह ने चीता शावकों के जन्म पर खुशी जाहिर की है। चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘नन्हें मेहमानों के आने का अप्रतिम आनंद..''
उन्होंने आगे लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आपकी प्रेरणा और सफल प्रयासों से चीता की सुखद वापसी भारत में हुई है। मध्यप्रदेश चीता स्टेट बना है। आज कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता परिवार में चार नये शावकों के आगमन से हम समस्त मध्यप्रदेशवासी हर्षित एवं आनंदित हैं।'' चौहान ने कहा, ‘‘यह हमारे लिए अत्यंत आनंददायी है कि कूनो में चीता परिवार बढ़ रहा है। वन विभाग, कूनो राष्ट्रीय उद्यान, स्थानीय प्रशासन के सफल प्रबंधन से सुखद परिणाम मिले हैं। मैं वन विभाग की पूरी टीम को बधाई देता हूं, जिनकी देख रेख में भारत में चीता परियोजना सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘चारों शावक और सियाया पूरी तरह स्वस्थ और सक्रिय हैं।''
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 17 सितम्बर 2022 को कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़े गए नर/मादा चीतों में से नामीबियाई मादा चीता "सियाया" द्वारा पहली बार देश की मिट्टी पर वंश वृद्धि की गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने नामीबिया से लाए गए पांच मादा और तीन नर चीतों को पिछले साल 17 सितंबर को अपने 72वें जन्मदिन पर मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़ा था। इनमें से एक मादा चीता ‘साशा' की गुर्दे की बीमारी के कारण गत सोमवार को मौत हो गयी थी। मध्यप्रदेश के वन एवं वन्यजीवन अधिकारियों ने यह जानकारी दी थी। दक्षिण अफ्रीका से लाकर 18 फरवरी को भी कूनो में 12 अन्य चीतों को छोड़ा गया था।
भारत में अंतिम चीते की मृत्यु वर्तमान छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में 1947 में हुई थी और भूमि पर सबसे तेज दौड़ने वाले जानवर को 1952 में देश में विलुप्त घोषित किया गया था। - मुंबई। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के अधिकारियों ने बताया है कि मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक अप्रैल से टोल में 18 प्रतिशत की वृद्धि होगी। एमएसआरडीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि टोल में सालाना छह प्रतिशत की वृद्धि होती है, जो हर तीन साल बाद कुल 18 प्रतिशत हो जाता है, जैसा कि नौ अगस्त 2004 की एक सरकारी अधिसूचना में बताया गया है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इस वृद्धि से कार तथा जीप जैसे चौपहिया वाहनों के लिए टोल 270 रुपये के बढ़कर 320 रुपये और मिनी बस तथा टेम्पो जैसे वाहनों के लिए 420 रुपये से बढ़कर 495 रुपये हो जाएगा। बड़ी श्रेणी के टू-एक्सल ट्रक के लिए टोल 585 रुपये से बढ़कर 685 रुपये, जबकि बसों के लिए यह 797 रुपये से बढ़कर 940 रुपये हो जाएगा। वहीं, थ्री-एक्सल ट्रक के 1,380 रुपये से बढ़कर 1,630 रुपये, मल्टी-एक्सल ट्रक तथा मशीनरी-वाहनों के लिए टोल 1,835 रुपये के बढ़कर 2,165 रुपये हो जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि टोल 2030 तक समान रहेगा क्योंकि तीन साल बाद 2026 में इसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। करीब 95 किलोमीटर लंबा व छह लेन वाला मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे 2002 में पूरी तरह से वाहनों के लिए खोल दिया गया था। रोजाना करीब 1.5 लाख लोग एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करते हैं।
-
मथुरा (उप्र),। मथुरा में ई-रिक्शा चालकों द्वारा तीर्थयात्रियों के कथित शोषण और उत्पीड़न को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने इस वाहन का पंजीकरण अनिवार्य कर दिया है। उपजिलाधिकारी गोवर्धन कमलेश गोयल ने बुधवार को बताया, "पहले चरण में गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर चलने वाले ई-रिक्शा पर नियम लागू होगा। वैध पंजीकरण संख्या वाले केवल 400 ई-रिक्शा को परिक्रमा मार्ग पर जाने की अनुमति दी जाएगी।" उन्होंने बताया कि परिक्रमा मार्ग पर चलने वाले प्रत्येक ई-रिक्शा में अलग-अलग दूरियों के लिए किराया सूची, पंजीकरण संख्या और वाहन पर पुलिस का टेलीफोन नंबर अंकित होगा। अधिकारियों के मुताबिक, पहले चरण में यह व्यवस्था लगभग 22 किलोमीटर लंबे गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर चलने वाले ई-रिक्शा पर लागू होगी जबकि अन्य क्षेत्रों को आगे के चरणों में इसमें शामिल किया जाएगा। आमतौर पर बड़ी संख्या में भक्त गोवर्धन परिक्रमा पैदल ही पूरी करते हैं। हालांकि, कुछ बुजुर्ग और वरिष्ठ नागरिक इसके लिए ई-रिक्शा सेवा का भी इस्तेमाल करते हैं। अधिकारियों ने कहा कि ई-रिक्शा के चालकों के लिए वर्दी संहिता भी लागू होगी। उन्हें अपनी पहचान साबित करने के लिए एक टोकन भी दिया जाएगा। यह प्रणाली एक अप्रैल से लागू होगी।
- अमरावती । आंध्र प्रदेश सरकार गरीबों को शिक्षित करने के लिए 450 करोड़ रुपये के परिव्यय से राज्य के गांवों में 10,960 डिजिटल पुस्तकालय स्थापित करने की योजना बना रही है। आंध्र प्रदेश ग्रंथालय (पुस्तकालय) परिषद के अध्यक्ष एम. मंडापति शेशगिरी राव ने राज्य पुस्तकालय विभाग के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक के दौरान यह घोषणा की। राव ने मंगलवार को एक बयान में कहा, ‘‘ पहला डिजिटल पुस्तकालय कडप्पा में स्थापित किया जाएगा। ''उन्होंने कहा कि इस योजना का मकसद पुस्तकालयों के जरिए सभी गांवों में ज्ञान तक लोगों की पहुंच बढ़ाना है। राव ने बैठक में नई किताबें खरीदने और डिजिटल पुस्तकालय स्थापित करने के लिए बजट प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग ने इस संबंध में कई सुधार किए हैं। राव के अनुसार, वर्ष 2021-22 के बजट में पुस्तकालयों के लिए पुस्तकें खरीदने के लिए निर्धारित 16 करोड़ रुपये की धनराशि में से 10 करोड़ रुपये की पुस्तकों खरीदीं जा चुकी हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर पुस्तकालयों को कमजोर करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय पांच अप्रैल से ‘विज़नरी जगन' संगोष्ठियों का अयोजन करेंगे।
- नयी दिल्ली। सरकार ने उच्चतम न्यायालय का आदेश आने के बाद बुधवार को कहा कि सहारा समूह की चार सहकारी समितियों के 10 करोड़ निवेशकों को उनका पैसा नौ माह में लौटाया जाएगा। उच्चतम न्यायालय ने निर्देश दिया है कि 5,000 करोड़ रुपये की राशि को सहारा-सेबी रिफंड खाते से केंद्रीय पंजीयक को स्थानांतरित किया जाए। न्यायालय ने केंद्र सरकार की वह याचिका स्वीकार कर ली जिसमें जमाकर्ताओं को भुगतान के लिए सहारा समूह द्वारा भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास जमा कराए गए 24,000 करोड़ रुपये में से 5,000 करोड़ रुपये केंद्रीय पंजीयक को स्थानांतरित करने का अनुरोध किया गया था। केंद्र ने एक जनहित याचिका में न्यायालय से यह आवेदन दिया था। जनहित याचिका पिनाकी पाणि मोहंती नाम के व्यक्ति ने दायर की थी और इसमें विभिन्न चिट फंड कंपनियों तथा सहारा क्रेडिट कंपनियों में निवेश करने वाले जमाकर्ताओं को इस राशि से भुगतान करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया था। न्यायमूर्ति एमआर शाह और न्यायमूर्ति सीटी रविकुमार की पीठ ने कहा कि सहारा समूह की सहकारी समितियों द्वारा ठगे गए जमाकर्ताओं के बीच इस राशि का वितरण किया जाना चाहिए। इसमें कहा गया कि इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी शीर्ष अदालत के न्यायाधीश न्यायमूर्ति आर सुभाष रेड्डी करेंगे। सहकारिता मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि उच्चतम न्यायालय ने यह ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए सहारा समूह की चार सहकारी समितियों के 10 करोड़ निवेशकों को सहारा-सेबी रिफंड खाते से वापस करने का निर्देश दिया है। उसने कहा कि गौरव अग्रवाल की मदद से न्यायमूर्ति रेड्डी नौ महीने में इस भुगतान प्रक्रिया को पूरा करेंगे।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को भरोसा जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दक्षिणी राज्य में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता बरकरार रखेगी और “डबल इंजन की सरकार” फिर से बनाएगी। मांडविया आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के सह-प्रभारी भी हैं।“न्यूज 18” के “राइजिंग इंडिया समिट” में मांडविया ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, “कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद कर्नाटक में भाजपा की चुनावी जीत का कारण बनेंगे।'' केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हाल ही में कर्नाटक के अपने कई दौरों पर उन्होंने देखा कि राज्य के लोगों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अपार आस्था और सम्मान है तथा भाजपा के कार्यकर्ता जिस तेजी से जमीन पर काम कर रहे हैं, उसे वोट में बदल सकेंगे। चुनाव आयोग (ईसी) ने बुधवार को कर्नाटक विधानसभा के चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की। राज्य में मतदान 10 मई को एक चरण में होंगे और मतगणना 13 मई को होगी।
- पुणे। पुणे के सरकारी बी जे मेडिकल कॉलेज के 21 वर्षीय एक छात्रा ने बुधवार की सुबह कॉलेज से जुड़े अस्पताल की छत से कथित तौर पर कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि युवती पिछले कुछ दिनों से पढ़ाई और परीक्षा के तनाव के कारण परेशान थी। उन्होंने बताया कि उन्हें कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज की प्रथम वर्ष की छात्रा ने कथित तौर पर ससून जनरल अस्पताल की छत से छलांग लगा दी। अधिकारी ने बताया कि उसके माता-पिता उसे परामर्श के लिए एक मनोचिकित्सक के पास भी ले गए थे और पिछले तीन दिनों से उसके साथ थे। पुलिस उपायुक्त स्मार्तना पाटिल ने बताया कि आत्महत्या के पीछे के सही कारणों जांच की जारी है।(सांकेतिक फोटो)
- नयी दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मोबाइल एप्लिकेशन के जरिये कर्ज बांटने वाली फर्मों के खिलाफ जारी जांच के सिलसिले में विभिन्न भुगतान मंचों एवं बैंक खातों में मौजूद करीब 106 करोड़ रुपये की राशि जब्त की है। जांच एजेंसी ने बुधवार को बयान में यह जानकारी दी। चीनी नागरिकों के नियंत्रण वाले इन मोबाइल एप्लिकेशन पर ऑनलाइन कर्ज देकर लोगों को परेशान करने के आरोपों के सिलसिले में धनशोधन मामले की जांच ईडी कर रहा है। इस जांच के दौरान ईडी ने विभिन्न वाणिज्यिक खातों एवं बैंक खातों में मौजूद करीब 106 करोड़ रुपये की राशि धनशोधन निरोधक अधिनियम के तहत जब्त की है। यह राशि रेजरपे, कैशफ्री, पेटीएम, पेयू एवं ईजबज जैसे भुगतान मंचों के साथ खोले गए वाणिज्यिक खातों और कई बैंकों में मौजूद खातों में रखी गई थी। जांच एजेंसी ने कहा कि इन फर्मों का गठन चीनी नागरिकों की तरफ से ‘फर्जी' निदेशक नियुक्त कर किया गया था। ये फर्म अपने कर्मचारियों के केवाई दस्तावेज का इस्तेमाल कर उन्हें निदेशक के रूप में नियुक्त कर देती थीं। उनकी पूर्व-सहमति के बगैर उनके नाम पर बैंक खाते भी खोले गए। ऑनलाइन मंचों के जरिये मोबाइल एप्लिकेशन से छोटी राशि के कर्ज फौरन दे दिए जाते थे। उनकी वसूली के दौरान लोगों को परेशान करने की कई शिकायतें दर्ज कराई गई थीं
-
नई दिल्ली। सरकार ने तुअर दाल की कीमतों को सामान्य रखने के लिए चक्कीवालों, थोक विक्रेताओं, व्यापारियों और आयात्तकों द्वारा दालों के भंडार को खोलने संबंधी निगरानी करने के अपने प्रयासों को बढ़ा दिया है। उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव रोहित कुमार सिंह ने मुख्य दाल आयात्तकों को निर्देश दिया है कि वे उपलब्ध सभी भंड़ारों की नियमित और पारदर्शी तरीके से घोषणा करें। उन्हें किसी भी भंड़ार पर नियंत्रण नहीं रखने की सलाह दी गई है। इस नियंत्रण से घरेलू बाजारों में दालों की उपलब्धता बाधित हो सकती है। विभाग उपभोक्ताओं के लिए दालों की वहनीयता और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कीमतों को लेकर सभी हितधारकों के साथ परस्पर बातचीत करने की भी योजना बना रहा है। दाल संगठन और आयात्तकों ने पारदर्शी तरीके से भंड़ारों के बारे में बताने को लेकर पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया है।
अपर सचिव निधि खरे की अध्यक्षता वाली समिति ने कल सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ एक बैठक की। इस बैठक के दौरान सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से एफएसएसएआई के लाइसेंस धारकों, कृषि उत्पाद विपणन समिति में पंजीकृत और जीएसटी पंजीकृत दाल के व्यापारियों सहित भंड़ार घोषणा पोर्टल में पंजीकृत व्यापारियों की संख्या बढ़ाने के लिए सभी सूत्रों को तलाशने का आग्रह किया गया। -
नई दिल्ली। रक्षा मंत्रालय ने देश में रक्षा क्षमताओं को मजबूती देने के लिए लगभग 5400 करोड रूपये के तीन अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए हैं। पहला अनुबंध भारत इलेक्ट्रोनिक्स लिमिटेड के साथ किया गया है। एक हजार 982 करोड रूपये मूल्य का यह अनुबंध भारतीय सेना के लिए ऑटोमेटेड हवाई रक्षा नियंत्रण और रिर्पोटिंग प्रणाली परियोजना आकाशतीर की खरीद से जुडा है। भारत इलेक्ट्रोनिक्स लिमिटेड के साथ दूसरा अनुबंध नौसेना के लिए 412 करोड रूपये लागत की सारंग इलेक्ट्रोनिक्स सहयोग प्रणाली की खरीद से जुडा है। सारंग, भारतीय नौसेना के हेलीकॉप्टरों के लिए उन्नत इलेक्ट्रोनिक्स सहयोग प्रणाली है। न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड के साथ तीसरा अनुबंध उन्नत संचार उपग्रह जी-सैट 7-बी की खरीद से जुडा है। 2963 करोड रूपये का यह अनुबंध भारतीय नौसेना के लिए है। इस उपग्रह से सेना की संचार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
-
नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव का मतदान एक ही चरण में आगामी 10 मई को होगा। मतगणना 13 मई को होगी। 224 सदस्यों वाली विधानसभा का कार्यकाल 24 मई को समाप्त हो रहा है। नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है और चुनाव की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने इस बार युवा मतदाताओं, महिलाओं, किन्नरों और कमजोर जनजातीय समूहों पर विशेष ध्यान दिया है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, चुनाव कार्यक्रम की गजट अधिसूचना 13 अप्रैल को जारी होगी। नामांकन पत्र भरने की अंतिम तिथि बीस अप्रैल है। 21 अप्रैल को नामंकनों पत्रों की जांच होगी और 24 अप्रैल तक नाम वापिस लिए जा सकेंगे। श्री राजीव कुमार ने बताया कि 58 हजार 282 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 24 हजार 63 शहरी क्षेत्रों में और 34 हजार 219 ग्रामीण क्षेत्रों में है। मतदाताओं की कुल संख्या पांच करोड 21 लाख हैं, जिनमें दो करोड 62 लाख पुरुष और 2 करोड़ 59 लाख महिला मतदाता हैं। 9 लाख से अधिक लोगों को पहली बार वोट देने का मौका मिलेगा।राज्य की 224 विधानसभा सीटों में से 36 सीट अनुसूचित जातियों के लिए और 15 सीट अनुसूचित जन-जातियों के लिए आरक्षित हैं। वर्ष 2018 में हुए पिछले चुनाव में विधानसभा की 224 सीटों में से 104 सीटें भारतीय जनता पार्टी ने जीती थी, कांग्रेंस को 80 तथा जनता दल सेक्यूलर को 37 सीट मिली थी। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासव राव बाोमई ने रविवार को बताया था कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद अवने प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी। इस बीच विपक्षी कांग्रेस और जनता दल सेक्यूलर ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित कर दी है।कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बी.के. शिवकुमार ने बताया कि पार्टी की सौ उम्मीदवार की दूसरी सूची बृहस्पतिवार के बाद जारी होगी। पार्टी की पिछले हफ्ते जारी हुई पहली सूची में 124 उम्मीदवार शामिल हैं। -
हैदराबाद. तेलंगाना में हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मंगलवार को तड़के दो अलग अलग मामलों में दो यात्रियों के पास से कुल मिलाकर एक किलोग्राम से ज्यादा सोना जब्त किया गया है जिसकी कीमत करीब 65 लाख रुपये है। सीमा शुल्क विभाग ने एक विज्ञप्ति में बताया कि सीमा शुल्क हवाई खुफिया अधिकारियों ने दुबई से उड़ान के जरिए आए एक पुरुष यात्री को रोका और उसकी तलाशी लेने पर मलाशय में छुपा कर रखे गए सोने के ‘पेस्ट' से भरे तीन कैप्सूल मिले जिनका वज़न 840 ग्राम है और उनकी कीमत करीब 51.24 लाख रुपये है। विज्ञप्ति के मुताबिक, अन्य मुसाफिर भी दुबई से ही आया था और सीमा शुल्क अधिकारियों द्वारा उसके सामान की तलाशी लेने पर उसके पास से 233 ग्राम वज़नी सोने की दो छड़ मिलीं जिन्हें ‘टूना फिश' तेल के, टिन के डिब्बों के बीच छुपा कर रखा गया था। इस स्वर्ण की कीमत करीब 14.23 लाख रुपये है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि मामले की जांच जारी है।
-
कटक. जिला स्तर पर ऑनलाइन अदालतों से मिले नतीजों से उत्साहित उड़ीसा उच्च न्यायालय ने राज्य में 10 और डिजिटल अदालतें खोली हैं। इसी के साथ राज्य की 30 जिला अदालतों में से 20 में ऑनलाइन अदालतें संचालित होने लगी हैं और हर जिला मुख्यालय में एक ऑनलाइन अदालत संचालित हो रही है। उड़ीसा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डॉ एस मुरलीधर ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से यहां ऑनलाइन अदालतों के दूसरे चरण का उद्घाटन करने के बाद कहा कि राज्य के 10 शेष जिलों में भी यह सुविधा जल्द उपलब्ध होगी। इस साल फरवरी में भारत के प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड ने राज्य में कई ऑनलाइन अदालतों का उद्घाटन किया था। ऑनलाइन अदालतों के पहले चरण के बाद मामले दायर करने की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई थी। राज्य भर में विभिन्न ऑनलाइन अदालतों में पिछले दो महीनों में कम से कम 132 ई-मामले दायर किए गए। इस दौरान डिजिटल अदालतों ने ऑनलाइन माध्यम से कम से कम 295 सुनवाइयां कीं और इस मकसद के लिए करीब 500 वकीलों को प्रशिक्षित किया गया है।

.jpeg)

.jpeg)




.jpg)






.jpg)


.jpg)








.jpg)