- Home
- देश
-
नई दिल्ली. गेमिंग श्रेणी में पोर्टफोलियो बढ़ाने के साथ ही खुदरा क्षेत्र में लगातार विस्तार कर रही पर्सनल कंप्यूटर (पीसी) विनिर्माता आसुस की नजर इस वर्ष उपभोक्ता नोटबुक बाजार में शीर्ष स्थान पर है। उसकी योजना 2023 में भारत में अपने स्टोर की संख्या बढ़ाकर 300 करने की है। आसुस इंडिया में कारोबार प्रमुख (उपभोक्ता एवं गेमिंग पीसी, सिस्टम बिजनेस ग्रुप) अर्नाल्ड सू ने बताया कि कंपनी 2023 तक भारत में अपने विशिष्ट स्टोर की संख्या मौजूदा 200 से बढ़ाकर 300 करना चाहती है। इसके अलावा उपभोक्ताओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए वह अन्य प्रकार के खुदरा स्टोर में भी विस्तार करना चाहती है। सू ने कहा, ‘‘मौजूदा वर्ष हमारे लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। इस वर्ष हम भारत में पहले स्थान पर पहुंचने के लिए प्रयासरत हैं। यह पूरे कारोबार विस्तार को बहुत महत्वपूर्ण बनाता है। अभी भारत में हमारे 200 विशिष्ट स्टोर हैं जिन्हें बढ़ाकर 300 तक करने का लक्ष्य है। हम हर तिमाही में 20 से 25 स्टोर जोड़ेंगे।'' बाजार शोध कंपनी आईडीसी के मुताबिक आसुस उपभोक्ता नोटबुक श्रेणी में एचपी और लिनोवो के बाद तीसरे स्थान पर है। उसकी बाजार हिस्सेदारी 15.6 फीसदी है और 2022 की चौथी तिमाही में कंपनी की वार्षिक वृद्धि दर 20 फीसदी रही है। विशिष्ट स्टोर के अलावा कंपनी की योजना दिसंबर 2023 तक महंगी ‘शॉप इन शॉप आउटलेट' की संख्या 150 से बढ़ाकर 250 करने, कंपनी के कियोस्क वाली दुकानों की संख्या मौजूदा 1,200 से बढ़ाकर 2,000 और डीलर्स शॉप नेटवर्क को 6,000 से बढ़ाकर 8,000 करने की है।
-
जयपुर. राजस्थान के करौली जिले के सदर हिंडौन थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम तेज रफ्तार से जा रहे दो दुपहिया वाहनों की आमने सामने की भिड़ंत में चाचा भतीजा सहित तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस सहायक उपनिरीक्षक बदन सिंह ने बताया कि बयाना हिंडौन राजमार्ग पर एकोरासी मोड़ के पास दो बाइक की आमने सामने की भिड़ंत में एक बाइक पर सवार महेन्द्र जाटव, उसके भतीजे राहुल जाटव तथा दूसरी बाइक पर सवार पिंटू गुर्जर की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों के शव परिजनों को सौंप दिये गये। उन्होंने बताया कि एक बाइक पर सवार चाचा भतीजे लगन समारोह में शामिल होने के लिये सूरौठ जा रहे थे वहीं दूसरा बाइक सवार कांदरोली जा रहा था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
जयपुर. राजस्थान में बीकानेर जिले के जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात मिठाई की एक दुकान में लगी आग में दो श्रमिकों की जिंदा जलने से मौत हो गई। थानाधिकारी महावीर प्रसाद ने बताया कि जयपुर-बीकानेर राजमार्ग पर हल्दीराम प्याऊ के पास मिठाई की एक दुकान में देर रात शार्ट सर्किट के कारण लगी आग में ऊपरी मंजिल में सो रहे दो श्रमिकों की जिंदा जलने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान बिहार निवासी राकेश मंडल (24) और बीकानेर निवासी धन्नेसिंह (25) की रूप में की गई है। प्रसाद ने बताया कि मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
--file photo
-
नयी दिल्ली. होली के त्योहार के दौरान रेल यात्रियों की सुविधा और भीड़ कम करने के लिए 196 विशेष ट्रेन 491 फेरे लगाएंगी। रेलवे के अनुसार, विशेष ट्रेन देशभर के महत्वपूर्ण गंतव्यों को जोड़ेंगी।
रेल मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में कहा, होली के त्योहार के मौके पर रेल यात्रियों की सुविधा और यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए भारतीय रेलवे 196 विशेष ट्रेन के 491 फेरे चला रहा है।'' बयान के मुताबिक, ‘‘देशभर के प्रमुख स्थलों जैसे दिल्ली-पटना, दिल्ली-भागलपुर, दिल्ली-मुजफ्फरपुर, दिल्ली-सहरसा, गोरखपुर-मुंबई, कोलकाता-पुरी, गुवाहाटी-रांची, नयी दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा, जयपुर- बांद्रा टर्मिनस, पुणे-दानापुर आदि को जोड़ने के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएंगी। रेलवे ने अनारक्षित डिब्बों में यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से चढ़ाने के लिए आरपीएफ (रेलवे पुलिस बल) के कर्मचारियों की देखरेख में टर्मिनस स्टेशन पर कतारें लगवाने सहित भीड़ नियंत्रण के विभिन्न उपाय लागू किए हैं। मंत्रालय के अनुसार, ट्रेन का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर अधिकारियों को आपातकालीन ड्यूटी में तैनात किया गया है। -
मथुरा. ब्रज की होली कई मायनों में अलग है। यहां होली अन्य शहरों की तरह एक-दो दिन नहीं, बल्कि डेढ़-दो माह तक मनाई जाती है। दरअसल, ब्रज में होली से जुड़ी परंपराओं का निर्वहन वसंत पंचमी के दिन से ही शुरू हो जाता है, जब मंदिरों व चौराहों पर होली जलाए जाने वाले स्थानों पर होली का डांढ़ा (लकड़ी का टुकड़ा, जिसके चारों ओर जलावन लकड़ी, कंडे, उपले आदि लगाए जाते हैं) गाड़ा जाता है। अहिवासी ब्राह्मण समाज के प्रमुख डॉ. घनश्याम पांडेय ने बताया कि उसी दिन से मंदिरों में ठाकुर जी को प्रसाद के रूप में अबीर, गुलाल, इत्र आदि चढ़ाना और श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में यही सामग्री बांटना शुरू हो जाता है। इसके साथ ही मंदिरों में रोज सुबह-शाम होली के गीतों का गायन भी आरंभ हो जाता है। यह क्रम रंगभरी एकादशी तक जारी रहता है, जब गीले रंगों की बौछार शुरू होने लगती है। मथुरा में बरसाना और नंदगांव की लठमार होली, वृंदावन के मंदिरों की रंग-गुलाल वाली होली, मुखराई के चरकुला नृत्य और गोकुल की छड़ीमार होली के बीच होली पूजन के दो दिन बाद चैत्र मास की द्वितीया (दौज) के दिन बलदेव (दाऊजी) के मंदिर प्रांगण में भगवान बलदाऊ एवं रेवती मैया के श्रीविग्रह के समक्ष बलदेव का प्रसिद्ध हुरंगा खेला जाता है। इसमें कृष्ण और बलदाऊ के स्वरूप में मौजूद गोप ग्वाल (बलदेव कस्बे के अहिवासी ब्राह्मण समाज के पंडे) राधारानी की सखियां बनकर आईं भाभियों के साथ होली खेलते हैं। यह सिलसिला बलदाऊ से होली खेलने की अनुमति लेने के साथ शुरू होता है। देवर के रूप में आए पुरुषों का दल एक तरफ, तो भाभी के स्वरूप में मौजूद समाज की महिलाओं का दल दूसरी ओर होता है। दोनों दलों के बीच पहले होली की तान और गीतों के माध्यम से एक-दूसरे पर छींटाकशी होती है। इसके बाद, पुरुषों का दल महिलाओं पर रंग बरसाने लगता है। जवाब में महिलाएं पुरुषों के कपड़े फाड़कर उनका पोतना (कोड़े जैसा गीला कपड़ा) बनाती हैं और उनके नंगे बदन पर बरसाने लगती हैं। पोतना की मार शायद बरसाना की लाठियों से भी ज्यादा तकलीफ देने वाली होती है। लेकिन, होली के रंगे में डूबे हुरियार टेसू के फूलों से बने फिटकरी मिले प्राकृतिक रंगों से उस मार को भी झेल जाते हैं। इन दिनों मंदिर में नौ मार्च को आयोजित होने वाले इसी हुरंगा की तैयारियां जोरों पर हैं। जिलाधिकारी पुलकित खरे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेष कुमार पांडेय ने मंदिर का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया और जहां भी आवश्यक समझा, मंदिर प्रशासक आरके पांडेय को सुधार के निर्देश दिए। मंदिर प्रशासक ने बताया कि हुरंगा के लिए ढाई कुंतल केसरिया रंग मिलाकर टेसू के 10 कुंतल फूलों से रंग तैयार किया गया है। इसके अलावा, 10-10 कुंतल अबीर-गुलाल और फूलों का प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टेसू का रंग पूरी तरह से प्राकृतिक रूप से तैयार किया जाता है। इसमें केसर, चूना, फिटकरी मिलाकर शुद्ध रंग बनाया जाता है।
-
शिलांग. नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के नेता कोनराड के संगमा ने मंगलवार को दूसरी बार मेघालय के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। मेघालय के राज्यपाल फागू चौहान ने एनपीपी के सात अन्य विधायकों, यूनाइडेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के दो विधायकों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (एचएसपीडीपी) के एक-एक विधायक को राजभवन में मंत्रिमंडल में सदस्यों के रूप में गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा भी शपथ समारोह में शामिल हुए। एनपीपी के प्रेस्टोन तिनसोंग और स्नियाभलंग धार ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। मंत्री पद की शपथ लेने वालों में एनपीपी के मार्कुइस एन मारक, रक्कम ए संगमा, अम्पारेन लिंगदोह, कॉमिंगोन यंबन तथा ए टी मोंडल, भाजपा के ए एल हेक, यूडीपी के पॉल लिंगदोह तथा किरमेन श्याला और एचएसपीडीपी के शकलियर वर्जरी शामिल हैं।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगलादेश के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को पद संभालने पर बधाई दी है। श्री शहाबुद्दीन को भेजे पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी के तौर पर उनका योगदान और एक न्यायविद के रूप में उनका अनुभव इस उच्च पद पर उनके बहुत काम आएगा।
भारत और बंगलादेश के बीच संबंध को साझा बलिदानों पर आधारित बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये संबंध दोनों देशों की जीवंत संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संपर्क से मजबूत हुए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगलादेश का घनिष्ठ मित्र होने के नाते भारत दोनों देशों के लोगों के हित के लिए बहुआयामी भागीदारी को और आगे बढ़ाने के प्रति वचनबद्ध है। -
शाहजहांपुर (उप्र) . शाहजहांपुर में होली पर 'लाट साहब' का अनोखा और अजीबोगरीब जुलूस निकाले जाने का रिवाज हर साल लोगों के कौतूहल का विषय बनता है। इस साल भी इस जुलूस के लिए तैयारियां जोरों पर हैं और इसकी संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन बहुत एहतियात बरत रहा है। 'लाट साहब' का जुलूस शाहजहांपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के फूलमती देवी मंदिर से शुरू होता है। लाट साहब के तौर पर एक व्यक्ति को चुना जाता है लेकिन उसकी पहचान गुप्त रखी जाती है। जुलूस संपन्न होने के बाद उसे तरह-तरह के पुरस्कारों और नकदी से नवाजा जाता है। लाट साहब का जुलूस काफी दिलचस्प और अनोखा होता है। इसमें काले लिबास पहने 'लाट साहब' की पहचान छुपाने के लिए उसे हेलमेट पहनाया जाता है। शहर स्थित देवी मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद लाट साहब भैंसा गाड़ी पर डाले गए तख्त पर विराजमान होते हैं। उनके साथ चलने वाले होरियारे उन्हें झाड़ू से बने पंखे से हवा करते हैं। इतना ही नहीं, वे होलिका माता का जयकारा करते हुए लाट साहब को जूते भी मारते हैं। किसी नाटक के भव्य और यथार्थपूर्ण मंचन सा लगने वाला यह जुलूस जब कोतवाली के अंदर प्रवेश करता है तो कोतवाल परंपरागत रूप से लाट साहब को सलामी देते हैं। उसके बाद लाट साहब कोतवाल से पूरे वर्ष हुए अपराधों का ब्यौरा मांगते हैं तो कोतवाल उन्हें एक शराब की बोतल तथा नगद धनराशि इनाम में देते हैं। यह जुलूस कोतवाली क्षेत्र से शुरू होकर चार किलोमीटर का सफर तय करता हुआ थाना सदर बाजार क्षेत्र तक जाकर लौटता है। यह बड़े लाट साहब का जुलूस होता है। शहर में लाट साहब के छह अन्य जुलूस भी निकलते हैं जो अलग-अलग मोहल्लों में आयोजित किए जाते हैं। स्वामी शुकदेवानंद महाविद्यालय के इतिहास विभाग के प्रभारी डॉक्टर विकास खुराना ने इस जुलूस के इतिहास के बारे में रविवार को बताया कि रोहिलखंड के नवाब अब्दुल्ला खान बहादुर रोहिल्ला ने वर्ष 1730 में शाहजहांपुर में हिंदू-मुस्लिमों के साथ मिलकर होली खेली थी। फिर हिंदुओं के आग्रह पर नवाब ऊंट पर बैठकर किले के बाहर निकले तो दोनों धर्मों के लोगों ने नारा लगाया कि "नवाब साहब आ गए।" इसी घटना की याद में हर साल होली पर एक जुलूस निकाले जाने का रिवाज शुरू हुआ। बाद में इसे लाट साहब का जुलूस का नाम दे दिया गया। उन्होंने बताया कि नवाब अब्दुल्ला खां अंग्रेजों के कट्टर विरोधी थे। वर्ष 1857 की क्रांति के बाद तत्कालीन ब्रिटिश सरकार के इशारे पर खां की याद में निकाले जाने वाले इस जुलूस का स्वरूप बदल दिया गया और समय के साथ यह और विकृत होता चला गया। आज आलम यह है कि इस जुलूस में लाट साहब को जूते तक मारे जाते हैं। अपनी तरह के इस अकेले और अजीबोगरीब जुलूस की चर्चा पूरे देश में होती है। इस बार भी लाट साहब के जुलूस के लिए तैयारियां जोरों पर हैं और पुलिस प्रशासन इसकी संवेदनशीलता को देखते हुए बहुत एहतियात बरत रहा है। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि लाट साहब के जुलूस के लिए 12 जोनल मजिस्ट्रेट, 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 24 उप सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 87 स्टैटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। स्टैटिक मजिस्ट्रेट संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगे। बाकी मजिस्ट्रेट पूरे जुलूस मार्ग पर तैनात किए जाएंगे। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) त्रिभुवन ने बताया कि लाट साहब के जुलूस मार्ग में निकलने वाली छोटी-छोटी गलियों को अवरोधकों से बंद कर दिया जाएगा। पूरे जिले में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। पुलिस अधीक्षक एस. आनंद ने बताया कि लाट साहब के जुलूस के लिए उन्होंने प्रशासन से पांच पुलिस क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारियों, एक कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स, एक कंपनी पीएसी, 200 थाना प्रभारी निरीक्षक तथा 800 कांस्टेबल की मांग की है। इसके अलावा स्थानीय अभिसूचना इकाई द्वारा संदिग्ध लोगों तथा उपद्रवियों को भी चिन्हित किया जा रहा है। उपद्रवियों पर पैनी नजर रखी जाएगी किसी भी कीमत में हम माहौल खराब नहीं होने देंगे।
-file photo
- -
भोपाल । मध्यप्रदेश सरकार ने महिलाओं को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए आज एक अनूठी योजना का शुभारंभ किया है। लाडली बहना नाम की इस योजना के तहत प्रत्येक महिला को हर महीने एक हजार रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अपने जन्मदिन के अवसर पर एक समारोह में रिमोट कंट्रोल के माध्यम से महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की शुरुआत की। उन्होंने योजना का शीर्षक गीत भी जारी किया। मुख्यमंत्री ने योजना का पहला फॉर्म स्वयं भरा। समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक मैं बेटियों की पूजा किया करता था, लेकिन मुझे अब अपनी बहनों में मां दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती भी नजर आने लगी हैं।
तेईस से साठ वर्ष तक की महिलाएं इस योजना की पात्र होंगी। इस योजना का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय ढाई लाख रुपये से कम है या जिनके पास पांच एकड़ से कम भूमि है। इस योजना के अंतर्गत 23 से साठ वर्ष तक की स्थानीय महिलाओं के खाते में प्रतिमाह एक हजार रुपये जमा किए जाएंगे। योजना के लिए आवेदन 25 मार्च से 30 अप्रैल तक किया जा सकता है और धनराशि का वितरण 10 जून से शुरू होगा। राज्य में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, उनके स्वास्थ्य और पोषण में सुधार तथा परिवार से जुड़े फैसलों में उनकी भूमिका बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। -
नई दिल्ली। भारतीय नौसेना ने आज अरब सागर में पोत से छोड़ी जाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का सफल परीक्षण किया। इस मिसाइल को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन ने तैयार किया है।
भारतीय सौसेना ने एक ट्वीट में कहा कि मिसाइल के सफल परीक्षण से आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा। मिसाइल का परीक्षण मिसाइल विध्वसंक युद्ध पोत कोलकाता से किया गया। -
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को सुजानपुर टीरा के चार दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के होली उत्सव का उद्घाटन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने प्राचीन राधे कृष्ण मंदिर में पूजा भी की और अपने परिवार तथा राज्य के लोगों के लिए आशीर्वाद मांगा।
अधिकारियों ने बताया कि सुक्खू ने विभिन्न सरकारी और निजी उद्यमियों द्वारा लगाई गई एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनी में गहरी दिलचस्पी दिखाते हुए सुक्खू ने उद्यमियों और कलाकारों से अपने उत्पादों को बनाने तथा बेचने के लिए और अधिक उत्साह के साथ काम करने की अपील की। -
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में रविवार को एक बस, कार और ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि कई अन्य घायल हो गये। घटिया थाना के प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि हादसा घटिया थाना क्षेत्र के उज्जैन-आगरा रोड पर निपनिया गांव के पास दोपहर बाद हुआ।
उन्होंने बताया कि एक निजी संगठन के छह कर्मचारी एक समारोह में शामिल होने कार से सोयत जा रहे थे तभी एक बस ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मारी, इससे कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि कार में सवार लोगों को उज्जैन के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन की मौत हो गई और तीन अन्य का इलाज चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस कार को पीछे से टक्कर मारने वाली बस और उसके चालक की तलाश कर रही है। चालक बस को लेकर मौके से फरार हो गया। -
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि नैनो डीएपी (डाई-अमोनियम फॉस्फेट) उर्वरक को मंजूरी मिलना किसानों का जीवन आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख मांडविया के ट्वीट का जवाब देते हुए यह बात कही।
मांडविया ने एक दिन पहले नैनो तरल डीएपी उर्वरक को बाजार में उतारने के लिए मंजूरी दिए जाने की घोषणा की थी। इस मौके पर मांडविया ने कहा था कि उर्वरक के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता लाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। नैनो तरल डीएपी को वर्ष 2021 में पहली बार पेश करने वाले उर्वरक सहकारी संघ इफको ने शुक्रवार को ही कहा था कि सरकार ने उसके नैनो डीएपी उर्वरक को बाजार में उतारने की मंजूरी दे दी है। -
मुंबई। महिलाओं को कर्ज देना पुरुष कर्जदारों की तुलना में कम जोखिम भरा होता है। कर्ज सूचना देने वाली कंपनी ट्रांसयूनियन सिबिल ने यह आकलन पेश किया है। एक अध्ययन नतीजों के मुताबिक, 57 प्रतिशत महिलाओं का क्रेडिट स्कोर उन्हें ‘विशिष्ट' श्रेणी में रखता है जबकि पुरुषों के मामले में यह आंकड़ा 51 प्रतिशत है।
खुदरा कर्ज को आम तौर पर अधिक सुरक्षित माना जाता है क्योंकि इस श्रेणी के ज्यादातर कर्जों में घर जैसी संपत्तियों को गिरवी रखा जाता है। ट्रांसयूनियन सिबिल ने कहा कि व्यक्तिगत ऋण और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पादों के लिए ऋण जैसे खपत-केंद्रित कर्ज भी महिलाओं के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं।
कंपनी ने कहा, “जब महिला कर्जदार काम करती हैं और वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर हो जाती हैं तो वे अपने जीवन के लक्ष्यों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए ऋण अवसर तलाशती हैं।” इन आंकड़ों के अनुसार, महिलाएं भी व्यापारिक ऋण ले रही हैं और कुल कारोबारी ऋण में महिलाओं की हिस्सेदारी 32 प्रतिशत हो चुकी है। -
चंडीगढ़। पंजाब सरकार छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकारी स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाएगी। यह जानकारी एक बयान से मिली। स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने रविवार को कहा कि इस परियोजना के लिए 26.40 करोड़ रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं, जिसमें पंजाब के 15,584 सरकारी स्कूल शामिल होंगे।
बैंस ने कहा कि इसके साथ ही पंजाब के 80 फीसदी सरकारी स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार छात्रों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। -
कानपुर। कानपुर नगर के सजेती थाना क्षेत्र में रविवार को एक तेज रफतार डंपर (ट्रक) ने एसयूवी में टक्कर मार दी और उसे 100 मीटर तक घसीटता रहा। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में दो युवकों समेत तीन लोगों की मौत हो गयी।
सजेती थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) पवन कुमार ने बताया कि एमसीएल गैस कंपनी के मानव संसाधन विभाग में कार्यरत नरेन्द्र कुमार (28), अनिल कुमार (31) और उमेशचंद्र (59) सजेती स्थित एकलव्य इंटर कॉलेज में आयोजित एक समारोह में भाग लेने के लिए कन्नौज से एसयूवी से आ रहे थे।
उन्होंने बताया कि सजेती में गुजैना मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी एसयूवी को टक्कर मार दी और 100 मीटर तक घसीटता रहा। एसएचओ ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने नरेन्द्र कुमार और अनिल कुमार को मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल उमेशचंद्र को लाला लाजपत राय (एलआर) अस्पताल भेजा गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी। एसएचओ ने बताया कि डंपर जब्त कर लिया गया है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने कहा कि भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। -
जयपुर। राजस्थान में स्थित सरिस्का बाध रिजर्व पिछले डेढ दशकों में बाघों की आबादी को सफलतापूर्वक बढ़ाने के बाद अब अपने वन क्षेत्र में जैवविविधता को बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। इस दिशा में रिजर्व ने आने वाले दिनों में स्लॉथ बीयर (रीछ, भालू की प्रजाति) को वन क्षेत्र में शामिल करने क निर्णय लिया है।
रिजर्व के अधिकारियों ने बताया कि अगले कुछ दिनों में सरिस्का राष्ट्रीय उद्यान, जालोर जिले के सुंधा माता वन क्षेत्र से लाए गए दो जोड़े रीछों का नया घर होगा। सरिस्का बाघ परियोजना के क्षेत्रीय निदेशक रूप नारायण मीणा ने बताया, ‘‘हमें दो जोड़े स्लॉथ भालुओं (रीछ) को सारिका में स्थानांतरित करने की अनुमति मिल गई है। उनके पुनर्वास में मदद के लिए टीम बनायी गयी है।'' उन्होंने कहा कि भालू मुख्य रूप से जालोर में सुंधा माता वन क्षेत्र और माउंट आबू में मिलते हैं।
उन्होंने कहा, "रिजर्व की जैव विविधता को बढ़ाने के लिए स्लॉथ भालुओं के जोड़े को सरिस्का में स्थानांतरित किया जा रहा है।'' स्लॉथ भालू (रीछ) पश्चिमी भारत के अर्ध-शुष्क क्षेत्र की पहाड़ियों और पहाड़ों में पाए जाने वाले भालू की एक प्रमुख प्रजाति है। इसे ‘इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर' द्वारा संवेदनशील (जो भविष्य में लुप्त हो सकते हैं) श्रेणी में सूचीबद्ध किया गया है।
सरिस्का बाघ रिजर्व बाघों के पुनर्वास कार्यक्रम की सफलता के लिए जाना जाता है। 2005 में सरिस्का में सभी बाघों के गायब होने के बाद, 2008 में पुनर्वास कार्यक्रम शुरू किया गया, जिसके तहत रणथंभौर बाघ अभयारण्य से दो बाघो को यहां लाया गया था। कार्यक्रम सफल रहा और रिजर्व में अब बाघों की संख्या बढ़कर 27 हो गयी है। इनमें 13 बाघिन, आठ बाघ और छह शावक हैं।
बाघों के अलावा सरिस्का में तेंदुआ, लकड़बग्घा, सियार, जंगली बिल्ली, बिल्लियों की अन्य प्रजातियां, भोडिया, सांभर, चितल, जंगली भालू सहित अन्य कई वन्य जीव हैं। -
नयी दिल्ली। रियल एस्टेट परामर्शदाता एनरॉक के एक अध्ययन से पता चला है कि 65 प्रतिशत महिलाएं निवेश के लिए रियल एस्टेट को तरजीह देती हैं जबकि 20 प्रतिशत महिलाएं शेयर बाजार और सिर्फ आठ प्रतिशत महिलाएं ही सोने में निवेश करना पसंद करती हैं। इस उपभोक्ता सर्वेक्षण के दौरान करीब 5,500 लोगों से सवाल किए गए, जिनमें से 50 प्रतिशत महिलाएं थीं।
इसके आधार पर तैयार रिपोर्ट के अनुसार, कम-से-कम 65 प्रतिशत महिला प्रतिभागियों ने रियल एस्टेट में निवेश करना चाहती हैं जबकि 20 प्रतिशत महिलाओं ने शेयर बाजार में निवेश को तरजीह दी। रिपोर्ट के अनुसार, सिर्फ आठ प्रतिशत महिलाओं ने सोना खरीदने और सात प्रतिशत ने सावधि जमाओं (एफडी) में निवेश को वरीयता दी।
एनरॉक ने एक अन्य अध्ययन का जिक्र करते हुए कहा कि 83 प्रतिशत महिलाएं 45 लाख रुपये से अधिक कीमत का मकान तलाश रही हैं। करीब 36 प्रतिशत महिलाओं ने 45-90 लाख रुपये कीमत वाले मकान को वरीयता दी जबकि 27 प्रतिशत ने 90 लाख रुपये से 1.5 करोड़ रुपये के बीच के मकान को तरजीह दी। वहीं 45 लाख रुपये से कम कीमत के मकान खरीदने की इच्छा जताने वाली महिलाओं की संख्या कम थी। -
जयपुर। राजस्थान के झुंझुनू जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। कोतवाली थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी पूर्व सैनिक विजेंद्र जाट ने बीती रात अपनी पत्नी सरोज देवी (42) को उस समय डंडे से मारा जब वह खाना बना रही थी। उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया, “प्राथमिक जांच के अनुसार, दोनों एक दूसरे के चरित्र पर शक करते थे। कल भी उनके बीच कहासुनी हो गई थी और गुस्से में आकर आरोपी विजेंद्र ने अपनी पत्नी को लाठी से पीटा।'' थानाधिकारी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। थानाधिकारी ने बताया कि घटना के समय दंपती का 13 वर्षीय पुत्र घर में मौजूद था। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले शारीरिक तंदुरुस्ती को बढ़ावा देने के लिए रविवार को दिल्ली में एक ‘मेगा वॉकथॉन' का आयोजन किया। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ‘वॉक फॉर हेल्थ' विषय पर आधारित ‘वॉकथॉन' विजय चौक से शुरू हुआ और कर्तव्य पथ, इंडिया गेट होते हुए निर्माण भवन पहुंचा।
मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, सफदरजंग अस्पताल, राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज जैसे केंद्र सरकार के अस्पतालों के चिकित्सकों, नर्सों और कर्मचारियों ने भी ‘वॉकथॉन' में भाग लिया। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए देश भर के जिला मुख्यालयों में ‘साइकलैथॉन' (साइकिल यात्रा) भी आयोजित किया गया। ‘साइकलैथॉन' का आयोजन ‘स्वस्थ महिला स्वस्थ भारत' विषय के तहत किया गया। -
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को जंबूरी मैदान से ‘‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना'' की शुरूआत की जिसके तहत राज्य की सभी पात्र महिलाओं को मासिक एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। प्रदेश सरकार विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले इस योजना की शुरूआत करके राज्य की महिला मतदाताओं को लुभाने और उनके बूते फिर से सत्ता में लौटने का प्रयास कर रही है।
अपने 65वें जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक महिला के लिए इस योजना का आवेदन फॉर्म भरकर इसकी शुरूआत की। गौरतलब है कि योजना के तहत आयकर नहीं देने वाली और जिनके परिवार की वार्षिक 2.50 लाख रुपये से कम है, सहित कुछ अन्य शर्तों पर खरी उतरने वाली महिलाओं को प्रति माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
सरकार का लक्ष्य ‘मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना' के माध्यम से राज्य की करीब एक करोड़ महिलाओं को आर्थिक सहायता देना है। मध्य प्रदेश में इस साल की अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। गौरतलब है कि सरकार द्वारा एक मार्च को पेश प्रदेश के बजट में इस योजना के लिए प्रावधान किया गया है। चौहान ने कहा, ‘‘संभावित लाभार्थी 15 मार्च से 30 अप्रैल तक आवेदन फार्म जमा कर सकती हैं।
जांच के बाद लाभार्थियों की सूची एक मई को और अंतिम सूची 31 मई को जारी की जाएगी। 10 जून से और उसके बाद हर महीने से लाभार्थियों को उनके खातों में वित्तीय सहायता मिलना शुरु हो जाएगी।'' मध्यप्रदेश में 2,60,23,733 महिला मतदाता पंजीकृत हैं। राज्य की कुल 230 विधानसभा सीटों में से 18 निर्वाचन क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है।
इनमें आदिवासी बहुल बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, अलीराजपुर और झाबुआ जिले शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि नयी महिला मतदाताओं की संख्या में 2.79 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि पुरुष मतदाताओं के लिए यह 2.30 प्रतिशत है। अनुमान के मुताबिक 13.39 लाख नए मतदाताओं में 7.07 लाख महिलाएं हैं। -
नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने साबुत अरहर (तुअर) दाल पर लगे 10 प्रतिशत सीमा शुल्क को हटा दिया है। सरकार ने यह कदम अरहर दाल की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने के लिए उठाया है। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने तीन मार्च की एक अधिसूचना में कहा है कि तुअर (साबुत) दाल पर अब कोई सीमा शुल्क नहीं लगेगा।
यह आदेश चार मार्च से प्रभावी हो गया है। हालांकि साबुत तुअर दाल से इतर अन्य तुअर उत्पादों के आयात पर 10 प्रतिशत की दर से सीमा शुल्क लगता रहेगा। देशभर में तुअर दाल के कम उत्पादन की आशंका के बीच साबुत तुअर दाल पर से सीमा शुल्क हटाने का फैसला किया गया है। तुअर की दाल खरीफ की फसल है। कृषि मंत्रालय के शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, तुअर दाल का उत्पादन जुलाई 2022-जून 2023 सत्र में गिरकर 38.9 लाख टन रह सकता है जबकि पिछले सत्र में यह 43.4 लाख टन रहा था। -
अगरतला। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा है कि केंद्र और त्रिपुरा की नयी सरकार को टिपरा मोथा द्वारा उठाये गये मुद्दों को हल करने की जरूरत है। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को यहां पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोगों के विश्वास की पुष्टि करते हैं।
उन्होंने कहा, “भाजपा का मानना है कि त्रिपुरा आज जैसा है वैसा ही रहेगा, लेकिन टिपरा मोथा द्वारा उठाए गए मुद्दों को भी हल करने की जरूरत है। मुझे उम्मीद है कि नयी सरकार निश्चित रूप से शिकायतों को सुनेगी। चुनाव खत्म हो गए हैं। साथ काम करने में कोई बुराई नहीं है। मूल निवासियों से संबंधित मुद्दों को एक जगह बैठकर सुना जा सकता है।”
त्रिपुरा में हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टिपरा मोथा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार में शामिल होने की पेशकश को यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया कि उसे मूल निवासियों के लिए एक अलग राज्य 'ग्रेटर टिपरालैंड' पर लिखित आश्वासन चाहिए। शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे काम की वजह से मिजोरम को छोड़कर पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में भाजपा आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में आठ मार्च, जबकि मेघालय और नगालैंड में सात मार्च को शपथ ग्रहण समारोह होगा। शर्मा ने कहा कि त्रिपुरा में नयी सरकार चुनाव के उपरांत हुई हिंसा से निपटेगी और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। -
भोपाल. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पेड़ों के लिए एम्बुलेंस सेवा शुरु करने पर इंदौर नगर निगम की शनिवार को सराहना की। नगरीय निकाय ने पिछले सप्ताह कीटों से प्रभावित सड़कों के किनारे लगे पेड़ों की देखभाल के लिए यह सेवा शुरु की है। इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि एम्बुलेंस अब तक 50 पेड़ों की देखभाल कर चुकी है। मुख्यमंत्री चौहान ने आज पत्रकारों से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सही कहते हैं कि इंदौर समय से पहले चलता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इंदौर एक और नवाचार लेकर आया है.... अगर सड़क के किनारे का कोई पौधा या पेड़ बीमार हो जाता है तो एम्बुलेंस उसकी मदद के लिए दौड़ेगी, कीटनाशकों का छिड़काव करेगी और उसकी देखभाल करेगी।
-
नयी दिल्ली . राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद ने देशभर में शैक्षणिक सत्र 2023-24 से 57 शिक्षक शिक्षा संस्थानों में एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम (आईटीईपी) शुरू किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आईटीईपी को 2021 में अधिसूचित किया गया था और यह चार वर्षीय बीए.बीएड, बीएससी.बीएड और बीकॉम.बीएड की पेशकश करता है। अधिकारियों के मुताबिक, यह पाठ्यक्रम नए स्कूल ढांचे के चार चरणों - मूलभूत, प्रारंभिक, मध्य और माध्यमिक के लिए शिक्षकों को तैयार करेगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम की शुरू में प्रतिष्ठित केंद्र/राज्य सरकार के विश्वविद्यालयों/संस्थानों में प्रायोगिक आधार पर शुरुआत की गई थी। आईटीईपी उन सभी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध होगा जो माध्यमिक के बाद शिक्षण के पेशे को चुनते हैं।
-



























.jpg)