- Home
- देश
-
बेंगलुरु। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के प्रमुखों के साथ गोलमेज बैठक की और कुछ देशों के समक्ष मौजूद ऋण पुनर्गठन की समस्या पर चर्चा की। विश्व बैंक के अध्यक्ष डेविड माल्पस और आईएमएफ की प्रबंध निदेशक (एमडी) क्रिस्टलिना जॉर्जीवा के साथ सीतारमण की गोलमेज बैठक यहां पर जी-20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की पहली बैठक से इतर आयोजित की गई।
इस बैठक में ऋण पुनर्गठन की चुनौतियों और ऋण जोखिम के मुद्दों पर चर्चा की गई। वित्त मंत्रालय ने एक ट्वीट में इस गोलमेज बैठक का जिक्र करते हुए कहा, “वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वर्तमान के विविध कर्ज परिदृश्य को स्वीकार करने और चुनौतियों व उनसे निपटने के तरीकों की एक आम समझ बनाने की अहमियत पर जोर दिया।” उन्होंने जी-20 समूह के माध्यम से कमजोर और कम प्रतिनिधित्व वाले कर्जदार देशों की आवाज सुनने का आह्वान किया।
वित्त मंत्रालय ने एक और ट्वीट में कहा, “आईएमएफ की एमडी जॉर्जीवा और विश्व बैंक के अध्यक्ष माल्पस ने कर्ज पुनर्गठन की प्रक्रिया को तेज करने का आह्वान किया और कहा कि यह मंच एक साथ काम करने और कमजोर देशों की मदद करने का अवसर है।” कोरोना महामारी के बाद कई देश भारी कर्ज के बोझ से दब गए थे। इन्हें राहत देने के लिए ऋण पुनर्गठन की दिशा में छोटे-छोटे कदम उठाए गए हैं। कुछ सबसे खराब कर्जदार देशों- जाम्बिया, चाड और इथियोपिया के लिए लेनदार समितियां गठित की जा चुकी हैं। -
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज ने शनिवार को दोनों देशों की प्रमुख कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान भारत और जर्मनी के बीच डिजिटल कायाकल्प, वित्तीय प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार के क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर खास जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक ट्वीट में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि शोल्ज के साथ उन्होंने प्रमुख कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ भारत-जर्मनी संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। शोल्ज भारत की दो-दिवसीय यात्रा पर शनिवार को ही नयी दिल्ली पहुंचे। दिसंबर 2021 में जर्मनी का शासन-प्रमुख बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। शोल्ज ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ मुलाकात में स्वच्छ ऊर्जा, व्यापार एवं नवीन प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा की। -
रांची। झारखंड के बोकारो जिले में सरकारी “कुक्कुट फार्म” में “बर्ड फ्लू” फैलने के बाद मुर्गियों और बत्तखों सहित करीब 4,000 पक्षियों को मारा जाएगा। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि लोहांचल के फार्म में ‘कड़कनाथ' नामक मुर्गे में “एवियन इंफ्लूएंजा” वायरस के एक प्रकार “एच5एन1” की पुष्टि हुई, जहां 800 पक्षियों की मौत हो गई और 103 को मारना पड़ा।
प्राणी स्वास्थ्य एवं संरक्षण संस्थान के निदेशक डॉ बिपिन बिहारी महथा ने बताया, “प्रभावित क्षेत्र (फार्म के एक किलोमीटर के दायरे) में मुर्गियों और बत्तखों सहित कुल 3,856 पक्षियों की पहचान की गई है।” उन्होंने बताया कि दो फरवरी को फार्म में पक्षियों के मरने के बाद नमूने परीक्षण के लिए राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भोपाल भेजे गए और फ्लू की पुष्टि हुई।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों के मुर्गे और बत्तख मारे जाएंगे, उनके लिए मुआवजा तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।” जिला प्रशासन ने पहले ही फार्म के एक किलोमीटर के दायरे को प्रभावित क्षेत्र घोषित कर दिया है, जबकि 10 किलोमीटर के दायरे के क्षेत्रों को निगरानी क्षेत्र घोषित किया गया है। साथ ही, प्रशासन ने जिले में मुर्गे और बत्तख की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगा दिया। -
नयी दिल्ली। मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में शुक्रवार देर रात एक ट्रक पलट गया, जिसके नीचे दबकर चार साल के बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस को देर रात करीब डेढ़ बजे सूचना मिली कि आनंद पर्वत की गली नंबर 10 में एक ट्रक पलट गया है और उसमें मजदूरों समेत कुछ लोग दब गए हैं।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) संजय कुमार सेन ने कहा कि ट्रक को क्रेन की मदद से उठाया गया और मौके पर ही मृत तीन व्यक्तियों तथा गंभीर रूप से घायल एक युवक को बाहर निकाला गया। पुलिस ने कहा कि किल्लू (40) नामक घायल व्यक्ति को पास के जीवन माला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
डीसीपी ने बताया कि मृतकों में रमेश (30) एवं सोनम (25) तथा किल्लू का चार साल का बेटा अनुज भी शामिल है। सभी मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ के रहने वाले थे। दुर्घटना के समय लड़का खेल रहा था। अधिकारी ने बताया कि ट्रक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जो सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूरों पर पलट गया। उन्होंने कहा कि ट्रक चालक का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
शवों को राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पुलिस ने बताया कि इस घटना में मामूली रूप से घायल हुए मजदूर मोती (40) के बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है। - भोपाल। मध्य प्रदेश में रीवा और सतना जिलों की सीमा पर शुक्रवार को एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी तीन बसों को टक्कर मार दी जिससे 14 लोगों की मौत हो गयी और 60 अन्य घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि हादसा शुक्रवार रात करीब नौ बजे बरखड़ा गांव के पास सुरंग के बाहर हुआ और बसों में सवार लोग सतना शहर में ‘कोल महाकुंभ’ से लौट रहे थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शबरी माता जयंती के अवसर पर दिन में इस कार्यक्रम को संबोधित किया था।अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) गृह डॉ राजेश राजोरा ने बताया, ‘‘14 लोग मारे गए और 60 अन्य घायल हो गये। घायलों में तीन की हालत बेहद गंभीर है।’’मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में घायलों से मिलने के बाद संवाददाताओं से कहा कि सीमेंट लदा ट्रक टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी तीन बसों से टकरा गया। टक्कर लगने से एक बस पलट गई और दूसरी बस दूसरी तरफ पलट गई जिसके कारण यात्रियों को चोटें आईं।चौहान ने इस घटना को ‘‘बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना’’ करार दिया।उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए विमान से रीवा से बाहर ले जाया जाएगा।उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया।चौहान ने यह भी कहा कि मृतक व्यक्तियों के परिजनों को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये और सामान्य रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को कई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक ने बसों को पीछे से टक्कर मारी और उनमें से एक बस पलट कर खाई में जा गिरी।उन्होंने बताया कि दुर्घटना रात करीब नौ बजे मोहनिया सुरंग के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बसों को इसलिए रोका गया था ताकि महाकुंभ से लौट रहे यात्रियों को खाने के पैकेट दिए जा सकें।राजौरा ने कहा कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित सीधी और रीवा जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और दोनों बसों के सभी यात्रियों को निकाल लिया गया है।अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा भी सतना से घटनास्थल पर पहुंच गए थे। चौहान ने अधिकारियों को घायलों के इलाज की निगरानी करने का निर्देश दिया है और उन्हें रीवा मेडिकल कॉलेज और सीधी जिला अस्पताल को अलर्ट पर रखने को कहा है।केंद्रीय गृह मंत्री ने भी ट्वीट कर हादसे पर दुख जतायापूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने हादसे पर दुख जताया है। कमलनाथ ने एक ट्वीट में कहा कि दुर्घटना में 50 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि सिंह ने एक ट्वीट में दुर्घटना में मरने वालों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये और घायलों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
- ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक गांव के एक डॉक्टर और उसके तीन साथियों से चेन्नई की एक कंपनी ने कथित तौर पर 10 करोड़ रुपये का कर्ज देने का झांसा देकर एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पीड़ित डोंबिवली के पास सोनारपाड़ा गांव के रहने वाले हैं।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि डॉ हर्षवर्धन ठाकुर द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर कंपनी और उसके निदेशक एवं अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।शिकायत में पीड़ित ने कहा कि दिसंबर 2020 में कंपनी व अन्य आरोपियों ने 10 करोड़ रुपये का कर्ज दिलाने का झांसा दिया। उन्होंने पीड़ित से कई किस्तों में 82.50 लाख रुपये लिए, लेकिन कभी कर्ज की व्यवस्था नहीं की। पीड़ित द्वारा कंपनी से विरोध करने पर कंपनी ने उसे 30.30 लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष राशि का भुगतान नहीं किया गया। शिकायत में कहा गया है कि कंपनी ने तीन अन्य लोगों को भी इसी तरह से धोखा दिया और सामूहिक रूप से शामिल राशि 1 करोड़ 8 लाख 60,000 रुपये है।
-
साढ़े 6 हजार कॉल्स का हुआ त्वरित निराकरण
तीन दिव्यांगों को 24 घंटे में घर पहुंचाकर दी गई व्हीलचेयर
मेडिकल सहायता, पेंशन, अन्य योजनाओं संबंधित दिक्कतों का हो रहा निराकरण
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर दिव्यांगजन की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू किए गए टोल फ्री नंबर का फायदा दिव्यांगजनों को मिलने लगा है। टोल फ्री नंबर 155-326 नंबर और हेल्पलाइन नंबर +91-1800-233-8989 पर डॉयल करते ही समाज कल्याण विभाग द्वारा तुरंत उनकी समस्या का समाधान किया जा रहा है। अब तक 6 हजार 522 लोगों के कॉल्स का निराकरण किया जा चुका है। धमतरी जिले के ग्राम पंचायत गुजरा की 28 वर्षीय अस्थिबाधित कु. सुनीति साहू, 20 वर्षीय दिव्यांग श्री एस. कुमार निषाद और दिव्यांग श्रीमती नीरा बाई साहू द्वारा टोल फ्री नंबर पर फोन करने के 24 घंटे में ही सहायक उपकरण प्रदाय योजना के तहत घर पहुंच सेवा के जरिए व्हील चेयर दी गई है।
गौरतलब है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धजनों, दिव्यांगजनों व तृतीय लिंग के व्यक्तियों की सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 155-326 व हेल्पलाइन नंबर +91-1800-233-8989 जारी किया गया है। इस नई सुविधा से महतारी एक्सप्रेस-102, मेडिकल हेल्पलाइन 104 और आपातकालीन सेवाओं के लिए जारी नंबर 112 को भी जोड़ दिया गया है। इन नंबरों में डायल कर हितग्राही अपनी समस्याओं व मांगों से विभाग को अवगत करा सकते हैं। हेल्पलाइन सेंटर द्वारा इनकी समस्याओं को संबधित जिले को ऑनलाइन भेजकर त्वरित कार्यवाही करने कहा जाता है। धमतरी जिले को प्राप्त प्रकरण पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त तीनों दिव्यांगों को इनके आने जाने की समस्या को देखते हुए, घर पहुँचकर आवश्यक दस्तावेज लेकर निःशुल्क व्हीलचेयर वितरित की गई। हेल्पलाईन और टोल फ्री नम्बर के माध्यम से विभागीय योजनाओं की जानकारी के साथ आपातकालीन सेवाएं, परामर्श, शिकायत, पेंशन भुगतान के निराकरण जैसी कई मदद ली जा सकती है। - - मृतक के परिजन को दो लाख तथा घायल लोगों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जायेगीनयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस दुर्घटना के पीड़ितों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की।ज्ञात हो कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में एक पिकअप वैन और ट्रक के बीच हुई टक्कर में चार बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई है और 15 अन्य घायल हो गये।प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक ट्वीट के मुताबिक मोदी ने कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में दुर्घटना के कारण हुई लोगों की मौत से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायल लोग जल्द स्वस्थ हों।’’उन्होंने कहा कि इस हादसे में प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को पीएमएनआरएफ से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जायेगी तथा घायल लोगों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
- इंदौर। राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में पिछले छह साल से सिरमौर इंदौर शहर में स्थानीय प्रशासन के लाख समझाने के बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के पान-गुटखे की पीक थूकने की बुरी प्रवृत्ति पर रोक नहीं लग पा रही है। इसके मद्देनजर प्रशासन ने शुक्रवार से लोगों को पर्यावरण हितैषी कप मुफ्त में बांटने का अभियान शुरू किया जिसमें वे पीक थूक सकते हैं। इस दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव को शहर के व्यस्त बंगाली चौराहे पर "नो थू-थू अभियान के तहत" वाहन चालकों, राहगीरों और पान दुकान संचालकों को ये कप बांटते देखा गया।भार्गव ने कहा,हम चाहते हैं कि शहर के लोग सार्वजनिक स्थानों पर थूकने की आदत बदलें। इसके लिए हम लोगों को विशेष कप बिना किसी शुल्क के मुहैया करा रहे हैं ताकि उन्हें यहां-वहां थूकने का विकल्प मिल सके। इस कप को स्थानीय स्टार्ट-अप एक पहल ने तैयार किया है। स्टार्ट-अप के सह-संस्थापक और पेशे से मुख सर्जन डॉ. अतुल काला ने बताया कि विशेष रसायनों से तैयार कप पान-गुटखे की पीक या मुंह से निकले किसी भी तरल पदार्थ को ठोस कचरे में तब्दील कर देता है। उन्होंने बताया कि ऐसे एक कप में 30 बार थूका जा सकता है और इसमें मुंह से निकला 240 मिलीलीटर तरल पदार्थ समा सकता है।गौरतलब है कि स्थानीय प्रशासन लम्बे समय से कोशिश कर रहा है कि लोग सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बाज आएं। शहरवासियों को स्वच्छता का संदेश देने के लिए महापौर और अन्य जन प्रतिनिधि गत दिसंबर में सड़कों के डिवाइडर से पान-गुटखे की पीक के लाल धब्बे साफ करते नजर आए थे।
- नरसिंहपुर ।मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में एक बस के पलट जाने से इसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई और 24 अन्य घायल हो गए।करेली थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना बीती रात लिंगा गांव में हुई।उन्होंने कहा, ‘‘बस एक शादी समारोह से लौट रही थी लेकिन सड़क पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार्तिक गुर्जर (16), पहलवान सराठे (60) और उदयराम ठाकुर (55) नामक तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।’’मिश्रा ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।थाना प्रभारी ने कहा कि हादसे में 24 यात्री घायल हो गए। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल छह लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज करेली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है।मिश्रा ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस को गलत दिशा में चलाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि घटना के बाद चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है। मिश्रा ने कहा कि पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
-
नासिक. महाराष्ट्र के नासिक शहर में एक व्यक्ति ने चरित्र पर संदेह होने के कारण कथित तौर पर पत्नी की हत्या करने के बाद फांसी लगा कर स्वयं अपनी जान दे दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना शहर के चुंचाले इलाके में बुधवार की रात को हुयी ।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘35 साल के व्यक्ति ने 30 साल की अपनी पत्नी की कथित तौर पर चाकू से गला काट कर हत्या कर दी। बाद में घर के रसोईघर में उसने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली ।'' उन्होंने बताया कि जब दंपति के बच्चे ट्यूशन से शाम साढे़ सात बजे लौटे तो उन्होंने अपने घर का दरवाजा खटखटाया, और इसके नहीं खुलने पर उन्होंने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। बाद में इसे लेकर पुलिस को जानकारी दी गयी। -
नयी दिल्ली. पूर्वी दिल्ली के कांति नगर के पास वीडियो बनाने के दौरान रेल की चपेट में आने से इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष के एक छात्र और उसके दोस्त की मौत हो गयी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार की शाम करीब 4.35 बजे फोन पर घटना की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। रेल पुलिस उपायुक्त हरीश एचपी ने बताया कि मरने वालों की पहचान वंश शर्मा (23) और मोनू (20) के रूप में हुई है, दोनों कांति नगर के निवासी थे। फिलहाल, उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों युवक मोबाइल पर 'लघु फिल्म' शूट करते थे और लाइव वीडियो बनाने के लिए रेलवे पटरी पर आते थे। उनके मोबाइल फोन भी पटरी पर पाए गए। पुलिस ने बताया कि शर्मा बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र था, जबकि मोनू एक दुकान में सेल्समैन का काम करता था।
..file photo - नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरित ऊर्जा क्षेत्र में निवेश आमंत्रित करते हुए गुरुवार को कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा के मामले में देश की जो क्षमता है वह ‘‘सोने की खदान'' से कम नहीं है। आम बजट 2023-24 में हरित वृद्धि को लेकर की गईं विभिन्न घोषणाओं के संबंध में एक वेबिनार को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भारत हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मैं सभी हितधारकों को भारत में निवेश के लिए आमंत्रित करता हूं।'' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में सौर, पवन ऊर्जा और बायोगैस जैसी नवीकरणीय ऊर्जा की संभावनाएं किसी सोने की खदान से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान बायो-ईंधन पर केंद्रित है और निवेशकों के लिए अपार अवसर खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत ने दस फीसदी एथनॉल मिश्रण का लक्ष्य निर्धारित तारीख से पांच महीने पहले ही हासिल कर लिया है और यही नहीं, 40 फीसदी गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता का लक्ष्य तय तारीख से नौ साल पहले ही प्राप्त कर लिया गया है। मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से जितने भी बजट आए उनमें न केवल वर्तमान चुनौतियों को ध्यान में रखा गया, बल्कि नए दौर के सुधारों को भी आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत प्रतिवर्ष 50 लाख टन हरित हाइड्रोजन के उत्पादन का लक्ष्य लेकर चल रहा है और राष्ट्रीय हाइड्रोजन मिशन के तहत निजी क्षेत्र को 19,000 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन दिया गया है। आम बजट में वाहनों को कबाड़ में बदलने के लिए 3,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किए जाने और 15 वर्ष से भी पुराने करीब तीन लाख सरकारी वाहनों को कबाड़ में बदलने के निर्णय का भी उन्होंने इस वेबिनार में जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को बैटरी भंडारण क्षमता बढ़ाकर 125 गीगावॉट करनी होगी।
-
नयी दिल्ली। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) को जिनेवा स्थित अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) का बाह्य लेखा परीक्षक चयनित किया गया है। शीर्ष लेखा परीक्षक ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि यह चयन 2024 से 2027 तक चार साल के लिए हुआ है। फिलहाल आईएलओ का बाह्य ऑडिटर फिलीपीन का शीर्ष ऑडिट संस्थान सुप्रीम ऑडिट इंस्टीट्यूशन है।
कैग ने कहा, “सीएजी की नियुक्ति अंतरराष्ट्रीय समुदाय में उसकी उपस्थिति के साथ-साथ उसके पेशेवराना रुख, उच्च मानक, वैश्विक ऑडिट अनुभव और मजबूत राष्ट्रीय साख की पुष्टि करती है।” उसने कहा कि आईएलओ ने बाह्य ऑडिटर के चयन के लिए एक चयन समिति का गठन किया था और सर्वोच्च ऑडिट संस्थानों (एसएआई) से आवेदन मांगे थे। -
नयी दिल्ली. भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के तहत स्वच्छ ऊर्जा से चलने वाले आजीविका उपकरणों के लिए 50 अरब अमेरिकी डॉलर का बाजार मौजूद है। एक रिपोर्ट में यह संभावना जताई गई। रिपोर्ट में कहा गया कि खासतौर से महिलाओं के बीच इनकी विशेष मांग है। भारत में सभी महिला श्रमिकों में 75 प्रतिशत से अधिक कृषि और संबद्ध उद्योगों जैसे खाद्य प्रसंस्करण और पशुपालन में कार्यरत हैं। सीईईडब्ल्यू और विलग्रो की पहल 'पॉवरिंग लाइवलीहुड' द्वारा तैयार की गई एक रिपोर्ट में कहा गया कि विकेन्द्रीकृत नवीकरणीय ऊर्जा (डीआरई) प्रौद्योगिकियों की मदद से ग्रामीण महिलाएं अपनी उत्पादकता में सुधार कर सकती हैं। रिपोर्ट में ऐसे कई मॉडलों का जिक्र किया गया है, जहां अक्षय ऊर्जा आधारित तकनीकों की मदद से आजीविका के अवसर मुहैया कराकर महिलाओं को मुख्यधारा में लाया जा सकता है।
-
चेक गणतंत्र के विदेश मंत्री लिपावस्क चार दिवसीय यात्रा पर 26 फरवरी को भारत आयेंगे
नयी दिल्ली. चेक गणराज्य के विदेश मंत्री जान लिपावस्क चार दिवसीय यात्रा पर 26 फरवरी को भारत आयेंगे जिसमें द्विपक्षीय संबंधों को गति प्रदान करने से जुड़े विविध आयामों पर चर्चा होगी। लिपावस्क के साथ चेक गणतंत्र की संसद के कई सदस्यों सहित एक उच्च स्तरीय अधिकारी और कारोबारी शिष्टमंडल भी आयेगा। अपनी यात्रा के दौरान लिपावस्क यहां विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ वार्ता करेंगे। दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के सम्पूर्ण आयामों की समीक्षा करने के साथ साझा हितों से जुड़े क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान प्रदान कर सकते हैं। विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, ‘‘ चेक गणराज्य के विदेश मंत्री जान लिपावस्क चार दिवसीय यात्रा पर 26 फरवरी से 1 मार्च तक भारत आ रहे हैं।'' -
लातेहार । झारखंड के लातेहार जिले में बरियातू थानाक्षेत्र के फूलबसिया कोल साइडिंग के समीप कुछ अज्ञात अपराधियों ने कथित रूप से एक ट्रक में आग लगा दी जिससे उसके चालक की जलकर मौत हो गयी। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि झारखंड की राजधानी रांची से करीब 100 किलोमीटर दूर बरियातू थानाक्षेत्र में यह घटना घटी और जान गंवाने वाले चालक की पहचान रूपलाल महतो के रूप में हुई है। लातेहार के पुलिस अधीक्षक अंजनि अंजान ने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने कहा, ‘‘ एफएसएल की एक टीम बुलायी गयी है और उसने घटनास्थल से नमूने लिये हैं।'' थाना प्रभारी मुकेश चौधरी ने कहा कि घटना की सटीक वजह का पता नहीं चला है। उन्होंने कहा, ‘‘यह दुर्घटना थी या कोई साजिश, वह हमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल पाएगा।
- कानपुर । कानपुर में एक व्यवसायी से 5.3 लाख रुपये की लूट के मामले में गुरुवार को तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विजय ढल ने कहा कि गिरफ्तार किए गए आरोपी पुलिसकर्मियों की पहचान उप निरीक्षक यतीश सिंह और रोहित सिंह और हेड कांस्टेबल अब्दुल राफे के रूप में हुई है। आरोपी रोहित सिंह सचेंदी थाना में तैनात था, जबकि अन्य आरोपी पुलिसकर्मी डीसीपी (पश्चिम) मुख्यालय से संबद्ध थे। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारआरोपी पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। ढल ने बताया कि व्यवसायी सत्यम शर्मा सचेंदी थाना गए और एसएचओ पी के सिंह को इस लूट की घटना से अवगत कराया। शर्मा का आरोप है कि जब वह अपनी कार से घर जा रहे थे तो चकेरी में तीन व्यक्तियों ने उनकी कार रोकी जिसमें से एक व्यक्ति वर्दी में था, जबकि अन्य सादे कपड़े में थे। शर्मा के अनुसार उन्हें बताया गया कि वे पुलिसकर्मी हैं और उन्होंने फर्जी आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी देते हुए उनसे पैसे मांगे। व्यवसायी का आरोप है कि इन पुलिसकर्मियों ने उनसे 5.3 लाख रुपये छीन लिए। इस शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल जांच शुरू की और तीनों आरोपी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया जिनके खिलाफ भादंसं की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। ढल ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है।
-
गंगटोक । लोकसभा और राज्यसभा दोनों के पीठासीन अधिकारियों ने गुरुवार को ‘साइबर बुलिंग' पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे युवा प्रभावित हो रहे हैं और आंकड़े बताते हैं कि इस तरह के मामलों में भारत अग्रणी क्षेत्र है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने यहां ‘कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन-इंडिया रीजन' के 19वें वार्षिक जोन-3 सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए कहा कि साइबर बुलिंग (साइबर जगत में डराने, धमकाने के मामले) आज के संदर्भ में बेहद प्रासंगिक है क्योंकि बहुत से लोग, खासकर किशोर और युवा इससे प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘साइबर बुलिंग से लड़ने का सबसे अच्छा तरीका कानून बनाना और (जागरूकता पैदा करना) है।'' लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘सूचना प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल शासन में दक्षता में सुधार और लोगों के जीवन में बेहतरी के लिए किया जाना चाहिए, लेकिन साथ ही संस्थानों तथा लोगों को इसके दोषों से बचाने के लिए सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए।'' राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने भी इसी तरह के विचार व्यक्त करते हुए कहा कि डिजिटल रूप से सशक्त राष्ट्र बनने के लिए नयी डिजिटल तकनीकों को अपनाने के मिशन में ‘साइबर बुलिंग' जैसा नकारात्मक पहलू भी है। हरिवंश ने कहा, ‘‘वैश्विक आंकड़े भारत को साइबरबुलिंग के मामलों में अग्रणी क्षेत्र के रूप में दिखाता है।'' हरिवंश ने नशीली दवाओं के दुरुपयोग के बारे में भी चिंता व्यक्त की और कहा कि भारत दुनिया में ‘‘सबसे युवा राष्ट्र'' है और नीति निर्माताओं को इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए काम करना चाहिए।
-
नयी दिल्ली। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अशोक के मीणा ने बृहस्पतिवार को कहा कि गेहूं की फसल अच्छी स्थिति में है और मार्च से शुरू होने वाले विपणन वर्ष 2023-24 में सरकार की खरीद सामान्य स्तर पर 3-4 करोड़ टन रहेगी। मीणा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘गेहूं का बोया गया रकबा पिछले साल की तुलना में अधिक है।
गेहूं की फसल की मौजूदा स्थिति बहुत अच्छी है। हमारी खरीद वर्ष 2023-24 में सामान्य स्तर 3-4 करोड़ टन होनी चाहिए।'' उन्होंने कहा कि घरेलू उत्पादन में गिरावट और अधिक निर्यात होने के कारण पिछले साल गेहूं की खरीद में गिरावट आई थी। यह पूछे जाने पर कि क्या तापमान में वृद्धि के कारण गेहूं की फसल पर कोई प्रभाव पड़ेगा, मीणा ने कहा कि इसका कोई प्रभाव होने की संभावना नहीं है और अल्प अवधि की फसल प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध, जो पिछले साल मई में लगाया गया था, जारी रहेगा।
सरकार ने कृषि मंत्रालय के दूसरे अनुमान के अनुसार फसल वर्ष 2023-24 (जुलाई-जून) में 11 करोड़ 21.8 लाख टन रिकॉर्ड गेहूं उत्पादन का अनुमान लगाया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल, विपणन वर्ष 2021-22 में केंद्रीय पूल के लिए गेहूं की खरीद 433.44 लाख टन के मुकाबले घटकर 187.92 लाख टन रह गई थी। एफसीआई, सरकार की नोडल एजेंसी है जो सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) और कल्याणकारी योजनाओं के लिए खाद्यान्न की खरीद और वितरण करती है। देश में 15 मार्च से गेहूं की खरीद शुरू हो जाएगी। -
इंदौर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य की नयी आबकारी नीति के तहत एक अप्रैल से सभी शराब अहाते बंद करने का फैसला लिया गया है क्योंकि इनके चलने से महिलाओं को शराबियों की छेड़-छाड़ के साथ ही पारिवारिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इंदौर से करीब 30 किलोमीटर दूर सांवेर में आयोजित राम कथा में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने यह बात कही।
यह धार्मिक आयोजन राज्य के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट द्वारा उनके विधानसभा क्षेत्र में किया जा रहा है। मुख्यमंत्री चौहान ने राम कथा के मंच से कहा, ‘‘कई लोग अहातों में शराब पीने के बाद हंगामा, गाली-गलौज और महिलाओं से छेड़-छाड़ भी करते हैं। प्रदेश में एक अप्रैल से सभी शराब अहाते बंद किए जाएंगे। हमें पुरुषों के शराब पीने से पैदा होने वाली समस्याओं से महिलाओं को मुक्त करना है।" मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरुषों के शराब पीने से उनकी पत्नियां बेहद परेशान रहती हैं।
महिलाओं से मुखातिब मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ‘‘अगर किसी पुरुष को शराब पीना है, तो वह बोतल खरीदकर अपने घर ले जाए और मैं अपनी बहन (बोतल खरीदने वाले शख्स की पत्नी) से कहूंगा कि वह इस व्यक्ति के घर पहुंचने पर डंडा लेकर तैयार रहे और उसे सही कर दे।'' उन्होंने शराब पीने वाले व्यक्तियों की संतानों से अपील की कि वे अपने पिता से कहें कि उनकी शराबखोरी अब बिल्कुल नहीं चलेगी।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि समाज में नशामुक्ति के प्रयास जरूरी हैं और लोगों को नशे की प्रवृत्ति से दूर करना भी भगवान राम का ही काम है। उन्होंने राम कथा सुनने के बाद कहा, ‘‘किसान बढ़िया खेती करें, शिक्षक ढंग से पढ़ाएं, कर्मचारी रिश्वत लिए बिना ईमानदारी से काम करें और नेता हवाला, घोटाला और बेईमानी न करें और जनता की ठीक से सेवा करें, तो हमें परम पिता परमात्मा मिल जाएंगे।''
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार गरीब और निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों की विवाहिताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए ‘‘लाड़ली बहना योजना'' शुरू करने जा रही है। चौहान ने बताया कि इस योजना के तहत आठ मार्च से आवेदन लिए जाएंगे और प्रदेश सरकार की ओर से 10 जून से प्रत्येक पात्र हितग्राही महिला के खाते में हर महीने 1,000 रुपये जमा किए जाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। -
देहरादून। बदरीनाथ और केदारनाथ की तीर्थयात्रा के लिए पिछले दो दिन में 60,000 से ज्यादा श्रद्धालुओं द्वारा पंजीकरण कराया गया है और इसे ध्यान में रखते हुए अप्रैल में शुरू होने वाली चारधाम यात्रा में पिछले सभी रिकार्ड टूटने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस साल बदरीनाथ के कपाट 27 अप्रैल को और केदारनाथ के कपाट 25 अप्रैल को खुल रहे हैं।
पर्यटन विभाग के उपनिदेशक योगेंद्र गंगवार ने बताया कि दोनों हिमालयी धामों के लिए श्रद्धालुओं का पंजीकरण मंगलवार को शुरू हुआ और पहले दो दिनों में अब तक 61,250 लोग पोर्टल पर पंजीकरण करवा चुके हैं। श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि कोविड-19 के कारण दो साल के अंतराल के बाद पिछले साल पूरी तरह से शुरू हुई चारधाम यात्रा में रिकार्ड 47 लाख से ज्यादा श्रद्धालु आए थे और इस साल इस संख्या के और बढ़ने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा, ‘‘यात्रा के लिए पंजीकरण के शुरूआती रूझानों को अगर संकेत माना जाए तो इस बार भी यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बहुत ज्यादा होगी।'' श्रद्धालुओं की संख्या पर जोशीमठ भूधंसाव संकट के प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर अजय ने कहा कि राज्य सरकार ने सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के संचालन के लिए नगर में सीमा सड़क संगठन की एक टीम नियमित रूप से तैनात करने तथा वहां आपदा नियंत्रण कक्ष स्थापित करने जैसे सभी एहतियाती कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि वैसे भी पहाड़ों में भूस्खलन और भूधंसाव जैसी समस्याएं सामान्य हैं जिनका समाधान तभी कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अनावश्यक घबराहट पैदा कर रहे हैं। उधर, गंगवार ने कहा कि पहली बार तीर्थयात्रा में क्यूआर कोड प्रणाली लागू की गयी है। उन्होंने बताया कि पंजीकरण कराने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के मोबाइल फोन में यह क्यूआर कोड भेजा जाएगा जिसके आधार पर उन्हें मंदिर में जाने के लिए टोकन दिया जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि यात्रा से पहले पंजीकरण करवाना बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के अलावा प्रदेश में रहने वाले तीर्थयात्रियों के लिए भी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जरूरत होने पर अव्यवस्था से बचने के लिए मंदिरों में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की अधिकतम दैनिक संख्या भी निर्धारित की जा सकती है। जोशीमठ भूधंसाव के मद्देनजर खासतौर से बदरीनाथ के लिए श्रद्धालुओं की दैनिक संख्या निर्धारित किए जाने को विशेषज्ञ जरूरी मान रहे हैं। जोशीमठ को बदरीनाथ धाम जाने के लिए प्रवेशद्वार माना जाता है। -
प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज में यमुना तट पर लगभग पांच करोड़ की लागत से उत्तर प्रदेश का पहला तैरता रेस्तरां बनाने को बुधवार को यहां हुई मंडलायुक्त की बैठक में सहमति प्रदान की गई। मंडलायुक्त कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, इस रेस्तरां को स्मार्ट सिटी द्वारा धन उपलब्ध कराया जा रहा है और इसे क्रियान्वित करने की जिम्मेदारी यूपीएसटीडीसी को दी गई है।
विज्ञप्ति के मुताबिक, यह रेस्तरां साल में नौ महीने पर्यटकों को आकर्षित करेगा और बाढ़ के तीन महीनों में इसे किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाएगा। यमुना तट पर तैरता रेस्तरां के अलावा, बोट शेड, एक स्लिपवे, लोगों को एक साथ नौकायन करने की सुविधा के लिए दो कैटामारन, आपातकालीन स्थितियों में लोगों को बचाने के लिए दो स्पीड बोट, पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट और लाइफ गार्ड्स की भी व्यवस्था की जा रही है।
विश्व के कई बड़े शहरों में नदियों के तटीय विकास से प्रेरणा लेते हुए और प्रयागराज में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यमुना नदी के तट पर उत्तर प्रदेश का पहला तैरता रेस्तरां बनाने पर बुधवार को मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई पर्यटन विभाग की बैठक में सहमति बनी।
इस रेस्तरां के संचालन की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन एवं विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) को दी गई है। इसे बनाने से पूर्व एनजीटी और अन्य संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र लिया जाएगा। इस रेस्तरां को इस वर्ष बाढ़ से पहले तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। -
नयी दिल्ली। झारखंड के बोकारो जिले के एक सरकारी 'मुर्गी पालन केन्द्र' में बर्ड फ्लू का मामला सामने आने के बाद केन्द्र सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि संक्रमण को फैलने से रोकने में राज्य सरकार की मदद के लिए दो अलग-अलग केंद्रीय दलों को तैनात किया गया है।
सरकार द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय की दो सदस्यीय दल को नियंत्रण और नियंत्रण कार्यों में राज्य की सहायता के लिए नियुक्त किया गया है। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इंसानों में निगरानी के अवलोकन के लिए एक अलग केंद्रीय टीम भी नियुक्त की है। साथ ही झारखंड सरकार को 'एवियन इन्फ्लुएंजा' (2021) को नियंत्रित करने और रोकथाम अभियान चलाने की सलाह दी गई है।
केन्द्र की तरफ से राज्य सरकार से कहा गया है कि वह पीपीई किट और अन्य सामानों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखे। केंद्र सरकार के द्वारा जारी बयान में पश्चिम बंगाल सरकार को भी सलाह दी गई है कि वह अन्य हिस्सों में इस बीमारी को फैलने से रोकने के लिए प्रभावी नियंत्रण उपाय करे। एच5एन1 एक प्रकार का 'एवियन इन्फ्लूएंजा ए' विषाणु है जो पक्षियों में बीमारी का कारण बनता है। वर्ष 2019 में झारखंड के गोड्डा जिले में आखिरी बार बर्ड फ्लू का मामला सामने आया था। -
जयपुर। केन्द्रीय आयुष राज्य मंत्री डॉ मुंजपरा महेंद्रभाई कालूभाई ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिन-प्रतिदिन आमजन का रुझान आयुर्वेद चिकित्सा में तेजी से बढ़ रहा है और केन्द्र सरकार के प्रयास से लोग अपने दैनिक जीवन में आयुर्वेद पद्धति में विश्वास जताकर इससे नित्य अपना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने में अग्रणी है। कालूभाई ने कहा कि समय-समय पर आयुर्वेद के विकास, प्रचार एवं प्रसार हेतु इस प्रकार की ज्ञानवर्धक अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों का आयोजन होना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसी संगोष्ठियों में भाग लेने से निश्चित रूप से प्रत्येक आयुर्वेद क्षेत्र के लोगों के ज्ञान में वृद्धि होती है।
कालूभाई एवं आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान मानद विवि जयपुर के रस शास्त्र एवं भैषज्य कल्पना विभाग द्वारा संस्थान परिसर में आयोजित तीन दिवसीय आयुर्वेदिक औषधि विज्ञानर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी की शुरुआत की। कालूभाई ने कहा कि आयुर्वेद हजारों वर्षों से चली आ रही प्राचीन चिकित्सा पद्धति है। इस मौके पर कोटेचा ने कहा कि आयुर्वेद महज एक चिकित्सा ही नहीं है बल्कि जीवन जीने की एक कला भी है।










.jpg)

.jpeg)

.jpg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpg)
.jpg)







.jpg)