- Home
- देश
- मेरठ (उप्र) ।जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर हस्तिनापुर में बुधवार को कुछ लोगों की पिटाई से घायल युवक ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीड़ित प्रदीप (25) अपने ही गांव की एक युवती से प्रेम करता था और एक साल पहले उसने युवती से गुपचुप शादी भी कर ली थी। उन्होंने बताया कि शादी के बाद भी युवती अपने परिवार के साथ ही रह रही थी। हाल में उसके परिवार को उसकी शादी का पता चला। बुधवार को उन्होंने प्रदीप से मामले में पूछताछ की। इस दौरान प्रदीप के साथ उन्होंने कहासुनी और कथित तौर पर मारपीट की। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनिरुद्ध सिंह ने कहा, ‘‘हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में मंडी के पास प्रदीप नामक युवक पर हमला किया गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।'' अधिकारी ने बताया कि इस मामले में चार हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- बेंगलुरु ।श्रवणबेलगोला जैन मठ के प्रमुख स्वस्तिश्री चारुकीर्ति भट्टारक स्वामी का गुरुवार की सुबह निधन हो गया। मठ के सूत्रों ने यह जानकारी दी। भट्टारक स्वामी (73) मठ में अचानक गिर पड़े थे। उनके अनुयायी तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भट्टारक स्वामी प्रसिद्ध श्रवणबेलगोला जैन मठ के प्रमुख थे, जो भगवान बाहुबली की 57 फुट ऊंची प्रतिमा के लिए प्रसिद्ध है। इसे गोमतेश्वर भी कहा जाता है, जिसे 981 ईस्वी में एक पहाड़ी पर बनाया गया था।भट्टारक स्वामी का जन्म तीन मई 1949 को कर्नाटक के वारंग में हुआ। बचपन में उनका नाम रत्नवर्मा था। उन्होंने मैसूर विश्वविद्यालय से इतिहास में स्नातकोत्तर और बैंगलोर विश्वविद्यालय से दर्शनशास्त्र में एम.ए. किया था। भट्टारक स्वामी 12 दिसंबर 1969 को भिक्षु बने और 19 अप्रैल 1970 को श्रवणबेलगोला मठ के धर्माचार्य बने। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि कर्मयोगी स्वस्तिश्री चारुकीर्ति भट्टारक स्वामी के निधन के बारे में सुनकर उन्हें गहरा दुख हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘ राज्य को उनके निधन से अपूरणीय क्षति पहुंची है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’’
- हरदोई (उप्र)।जिले के मझिला थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को मारपीट के दौरान चाकू और पेचकस से किए गए हमले में 28 वर्षीय वकील सहित दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पुलिस महानिरीक्षक तरुण गाबा के अनुसार पारा गांव निवासी वकील अमित शुक्ला के साथ ग्राम प्रधान का 32 वर्षीय भतीजा और उसी गांव का 30 वर्षीय संतोष कुशवाहा बुधवार को किसी सरकारी काम से टोडरपुर प्रखंड मुख्यालय गए थे। अधिकारी ने कहा, ‘‘वापसी में गौतिया गांव के पास उनकी बाइक को सामने से एक एसयूवी ने टक्कर मार दी। एसयूवी में सवार कुछ लोगों ने उन्हें गाली दी और बाद में चाकुओं और पेचकस से उन पर हमला कर दिया।'' हमले में जहां अमित शुक्ला और रमाकांत कुशवाहा की मौत हो गई, वहीं संतोष कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीड़ितों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।(सांकेतिक फोटो)
- नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को कहा कि आतंकवाद के साजिशकर्ताओं को आखिरकार आतंकवाद ही ‘‘खा'' जाता है। कार्मिक मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, सिंह ने कहा कि एक आतंकवाद प्रभावित क्षेत्र से होने के नाते, वह (सिंह) आतंकवाद के सभी दुष्प्रभावों के साक्षी रहे हैं और निश्चित तौर पर विश्वास के साथ कह सकते हैं कि आतंक का साजिशकर्ता बाघ की सवारी करता है और अंत में उसे वही बाघ खा जाता है। सिंह जम्मू कश्मीर के उधमपुर निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सदस्य हैं।केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री ने यहां शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि देने के लिए ‘बसंती चोला दिवस' के मौके पर कहा कि ब्रिटिश शासन के आतंक का अंत हो गया था क्योंकि आंतरिक अंतर्विरोधों के चलते वह भारत में अपना शासन समेटने को मजबूर हो गया था।
- श्योपुर (मप्र) ।'नामीबिया से लाए गए दो और चीतों को बुधवार को मध्य प्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में जंगल में छोड़ दिया गया। केएनपी में सितंबर 2022 में अफ्रीकी देश से चीतों को यहां बसाने के लिए लाया गया था। वन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इसके साथ ही नामीबिया से लाए गए आठ चीतों में से चार को श्योपुर जिले के केएनपी के जंगल में छोड़ दिया गया है। श्योपुर के वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) पी के वर्मा ने बताया कि एल्टन और फ्रेडी, जिन्हें ‘रॉकस्टार' के नाम से जाना जाता है, को शाम करीब साढ़े छह बजे एक बड़े बाड़े से उद्यान के फ्री रेंज क्षेत्र में सफलतापूर्वक छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा, ‘‘दोनों स्वस्थ हैं और बेहतर कर रहे हैं।''इससे पहले 11 मार्च को दो चीतों - ओबन और आशा को केएनपी में लाए जाने के लगभग छह महीने बाद जंगल में छोड़ दिया गया। भारत में चीतों को पुनः बसाने की योजना ‘‘प्रोजेक्ट चीता'' के तहत नामीबिया से आठ चीतों- पांच मादा और तीन नर को यहां केएनपी में लाया गया था। भारत में चीते 70 साल पहले विलुप्त प्रजाति घोषित कर दिए गए थे। नामीबिया से यहां लाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत वर्ष 17 सितंबर को केएनपी में एक विशेष बाड़े में इन चीतों को छोड़ा था। पहले इन चीतों को छोटे बाड़ों में अलग रखा गया था बाद में बड़े बाड़ों में रखा गया। चीतों का दूसरा जत्था जिसमें एक दर्जन चीते- सात नर और पांच मादा शामिल थे, को 18 फरवरी 2023 को दक्षिण अफ्रीका से केएनपी लाया गया। केएनपी में अब कुल 20 चीते हैं।
- नयी दिल्ली। रेलवे ने बुधवार को वातानुकूलित 3-टीयर इकोनॉमी श्रेणी (3ई) में यात्रा के किराये को बहाल करने का आदेश दिया जिसे पिछले नवंबर में एसी 3-टीयर के साथ मिलाते हुए वापस ले लिया गया था। आदेश के अनुसार शुल्क बहाल होने के बावजूद रेलवे यात्रियों को चादर प्रदान करता रहेगा।इस आदेश के साथ पहले के एक सर्कुलर को वापस ले लिया गया है जिसमें एसी-3 टीयर इकोनॉमी श्रेणी के टिकट के लिए किराये को एसी 3-टीयर टिकट के किराये के समान कर दिया गया था। पहले किराया समान करने की वजह चादर की कीमत बताई गयी थी।आदेश के अनुसार जिन यात्रियों ने ऑनलाइन और काउंटर से टिकट बुक कराया है, उन्हें पहले बुक की जा चुकीं टिकट के लिए अतिरिक्त राशि वापस की जाएगी। रेलवे ने सितंबर 2021 में 3 इकोनॉमी श्रेणी शुरू करते हुए घोषणा की थी कि इन नये डिब्बों में किराया सामान्य एसी-3 कोच से 6-8 प्रतिशत कम होगा। इसे दुनिया में सर्वश्रेष्ठ और सबसे सस्ती एसी यात्रा सेवा करार दिया गया था। नवंबर 2022 से पहले यात्री उन कुछ विशेष ट्रेनों में ‘3ई' की अलग श्रेणी में एसी-3 इकोनॉमी टिकट बुक करा सकते थे जिनमें रेलवे ने इनका प्रावधान किया है। अधिकारियों ने कहा कि इस समय 463 एसी-3 इकोनॉमी डिब्बे हैं जबकि 11,277 सामान्य एसी-3 कोच हैं। उनके मुताबिक एसी-3 इकोनॉमी कोच में यात्रियों के लिए सामान्य एसी-3 डिब्बों से बेहतर सुविधाएं हैं। अधिकारियों ने कहा कि एसी-3 टीयर इकोनॉमी श्रेणी को मिलाने से यात्रियों को करीब 60-70 रुपये अतिरिक्त भुगतान करना होता था। सामान्य एसी-3 टीयर कोच में जहां 72 बर्थ होती हैं, वहीं एसी-3 टीयर इकोनॉमी श्रेणी में 80 बर्थ होती हैं। रेलवे ने इस श्रेणी को शुरू करने के पहले साल में इससे 231 करोड़ रुपये की आय अर्जित की। आंकड़ों के अनुसार अप्रैल से अगस्त 2022 तक 15 लाख यात्रियों ने इन डिब्बों में सफर किया जिससे 177 करोड़ रुपये की आय हुई।
- नयी दिल्ली। सरकार ने बुधवार को जैव-ईंधन के लिये निर्यात नीति में बदलाव किया। इसके तहत आयातित कच्चे माल का उपयोग करके जैव ईंधन का उत्पादन होने पर विशेष आर्थिक क्षेत्रों और निर्यात-उन्मुख इकाइयों से ईंधन और गैर-ईंधन उद्देश्यों के लिये बिना किसी पाबंदी के निर्यात की अनुमति होगी। सरकार ने 28 अगस्त, 2018 को जैव ईंधन के आयात पर ऐसी ही शर्तें लगाने के कुछ दिनों के भीतर उसके निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था। जैव ईंधन के निर्यात और आयात दोनों के लिए लाइसेंस की आवश्यकता होती है। जैव ईंधन में एथिल अल्कोहल, पेट्रोलियम तेल और बिटुमिनस खनिजों से प्राप्त तेल और जैव-डीजल शामिल हैं। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने 2018 की अधिसूचना में संशोधन किया है। इसके तहत ईंधन के साथ-साथ गैर-ईंधन उद्देश्य के लिये विशेष आर्थिक क्षेत्रों/निर्यात उन्मुख इकाइयों से जैव ईंधन के निर्यात को उस परिस्थिति में बिना किसी प्रतिबंध के अनुमति दी गयी है जब उत्पादन के लिये केवल आयातित कच्चे माल का उपयोग किया गया हो।
- भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को घोषणा की कि महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके खिलाफ अन्याय को समाप्त करने के लिए राज्य के हर वार्ड और गांव में विशेष दस्ते बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री कुछ दिन पहले ही मध्य प्रदेश में ‘लाडली बहना योजना' शुरू कर चुके हैं, जिसके तहत पात्र महिलाओं को एक हजार रुपये प्रतिमाह दिए जायंगे। उन्होंने कहा कि महिला सदस्यों वाले इन दस्तों को ‘लाडली बहना सेना' कहा जाएगा।चौहान ने अपने सरकारी आवास पर ‘लाडली बहना के संग नव संवत्सर पर्व' कार्यक्रम में महिलाओं के साथ बातचीत के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य के प्रत्येक वार्ड और गांव में लाडली बहना सेना का गठन किया जाएगा।''मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के अलावा कि लाडली बहना योजना का लाभ महिलाओं तक पहुंचे, महिलाओं की यह सेना घरेलू हिंसा के मामलों से भी निपटेगी और असामाजिक तत्वों को ठीक करेगी। यह आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के मुद्दों पर महिलाओं को एकजुट करेगा। चौहान ने महिलाओं से बातचीत के दौरान यह भी कहा कि राज्य में एक अप्रैल से आहते (शराब की दुकानों से जुड़े पीने के स्थान) बंद कर दिये जायेंगे और सड़क किनारे और पार्कों में शराब पीते पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जायेगी। राज्य में पांच मार्च को लाडली बहना योजना की शुरुआत की गयी। इस योजना के तहत महिलाओं को एक हजार रुपये प्रति माह की सहायता कुछ शर्तों के साथ दी जाएगी। सरकार का लक्ष्य राज्य में एक करोड़ महिलाओं तक पहुंच बनाना है। राज्य में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। हाल में विधानसभा में पेश किए गए राज्य के बजट में इस योजना के लिए 8,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
- नयी दिल्ली।' कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि पिछले 305 दिनों में कच्चे तेल की कीमत में 16.75 रुपये प्रति लीटर की कमी आई, लेकिन इसका फायदा देश के आम लोगों को क्यों नहीं दिया गया है? पार्टी प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने यह सवाल भी किया कि रूस से कच्चा तेल निजी क्षेत्र के किन लोगों ने आयात किया और किस दर पर आयात किया? उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ती हैं तो पेट्रोल-डीजल महंगा हो जाता है। लेकिन जब कीमतें घटती हैं तो उसका फायदा देशवासियों को नहीं मिलता। यानी जब कच्चा तेल महंगा हो तो देशवासी भरें और जब कच्चा तेल सस्ता हो तो फायदा सरकार की जेब में जाए।'' प्रवक्ता ने कहा, ‘‘मई, 2022 में कच्चे तेल की कीमत 109.5 डॉलर प्रति बैरल थी जो गत 20 मार्च को 70.69 डॉलर प्रति बैरल थी। अगर रुपये और प्रति लीटर की बात करें तो मई 2022 में कच्चा तेल 53.45 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था तो 20 मार्च 2023 में 36.68 रुपये प्रति लीटर हो गया।'' उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 305 दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में 16.75 रुपये की कमी आई है, उसका फायदा लोगों को क्यों नहीं मिल रहा है?'' वल्लभ ने दावा किया, ‘‘दावे किए गए थे कि रूस से 45 डॉलर प्रति बैरल कच्चा तेल खरीदा जा रहा है, लेकिन सरकारी आंकड़े बता रहे हैं कि रूस से कच्चे तेल के आयात पर सिर्फ दो डॉलर प्रति बैरल का फायदा हुआ है।'' उन्होंने यह सवाल भी किया, ‘‘सरकार को बताना चाहिए कि निजी क्षेत्र के किन लोगों को रूस से कच्चा तेल मिला और किस भाव में मिला है?'
- नयी दिल्ली। दिल्ली के वित्त मंत्री कैलाश गहलोत ने बुधवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2023-24 के लिए राज्य का 78,800 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। इसमें जी20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों के मद्देनजर परिवहन और बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया गया है। दिल्ली सरकार का 2022-23 के लिए बजट का आकार 75,800 करोड़ रुपये और इससे पहले के वित्त वर्ष में 69,000 करोड़ रुपये था। उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के इस्तीफा देने के बाद गहलोत को वित्त विभाग की जिम्मेदारी मिली थी। अपने बजट भाषण में उन्होंने कहा, ‘‘अगर बजट मनीष सिसोदिया पेश करते तो ज्यादा खुशी होती, वह मेरे बड़े भाई की तरह हैं। यह बजट लोगों की आकांक्षाओं और उम्मीदों की अभिव्यक्ति है।'' गहलोत ने कहा कि यह स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक दिल्ली को समर्पित बजट है जिसमें अगले दस वर्ष के दौरान 1,400 किलोमीटर के सड़क नेटवर्क की मरम्मत पर 19,466 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। राज्य सरकार ने विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजना के लिए 2,034 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार का यह लगातार नौंवा बजट है। इस बार भी बजट में सर्वाधिक 16,575 करोड़ रुपये का आवंटन शिक्षा क्षेत्र के लिए किया गया है। गहलोत ने कहा, ‘‘दिल्ली में कचरे के तीन पहाड़ों को हटाने के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को हरसंभव मदद दी जाएगी। सभी कॉलोनियों को नालों से जोड़ा जाएगा और यमुना नदी की सफाई के लिए दूषित जल शोधन संयंत्रों की क्षमता बढ़ाई जाएगी।'' बजट में स्थानीय निकायों को 8,241 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की गई।गहलोत ने जी20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों के तहत बजट में नौ योजनाओं का भी प्रस्ताव किया।उन्होंने कहा कि सरकार सड़क नेटवर्क का उन्नयन और सौंदर्यीकरण करेगी और 26 नए फ्लाईओवर का निर्माण करेगी। साथ ही डीएमआरसी के सहयोग से तीन डबल-डेकर फ्लाईओवर बनाएगी। इसके अलावा, 1,600 ई-बसें चलायी जाएंगी, विश्वस्तरीय आईएसबीटी का निर्माण और यमुना की सफाई की जाएगी। फ्लाईओवर की 26 परियोजनाओं में से 10 निर्माण के स्तर पर हैं जबकि 11 को लेकर योजना मंजूरी के लिए यूटीटीआईपीईसी (एकीकृत यातायात एवं परिवहन (योजना एवं अभियांत्रिकी) केंद्र) को भेजी गई है। गहलोत ने कहा कि केंद्रीय करों में दिल्ली का बड़ा योगदान होने के बावजूद केंद्र उसे महज 325 करोड़ रुपये दे रहा है। उन्होंने घोषणा की, ‘‘ओखला लैंडफिल को दिसंबर, 2023 तक हटा दिया जाएगा, भलस्वा में इस स्थल को मार्च, 2024 तक, गाजीपुर में दिसंबर, 2024 तक हटा दिया जाएगा। दिल्ली सरकार का लक्ष्य है दो साल में कचरे के तीनों पहाड़ों को हटाना। लैंडफिल को समतल करने के लिए एमसीडी को 850 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।'' अंतिम छोर तक संपर्क के लिए मोहल्ला बस योजना शुरू करने की घोषणा भी बजट में की गई। वित्त मंत्री ने कहा, ‘‘मौजूदा समय में दिल्ली में 7,379 बस चल रही हैं। 2023 के अंत तक यहां 1,900 ई-बसें होंगी जिससे कार्बन उत्सर्जन में 1.07 लाख टन की कमी आएगी।'' उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत आगामी वित्त वर्ष में 100 मोहल्ला ई-बसें उतारी जाएंगी जबकि उसके अगले दो साल में 2,180 बसें जोड़ी जाएंगी।'' अगले वित्त वर्ष के लिए इस योजना के मद में 3,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जा रहा है।
- बागलकोट। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने लिंगायत संप्रदाय के संस्थापक बसवेश्वर को उद्धृत करते हुए और अपनी सरकार के विकास एजेंडे की प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि वह मई में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों में सत्ता बरकरार रखने में सफल रहेंगे। उत्तरी कर्नाटक के बागलकोट जिले के हुंगुंद में मंगलवार रात एक जनसभा को संबोधित करते हुए बोम्मई ने कहा कि उन्होंने समाज के हर वर्ग को सामाजिक न्याय देने के लिए ईमानदारी से काम किया है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य में पिछले चार वर्षों में प्रति व्यक्ति वार्षिक आय में एक लाख रुपये की वृद्धि हुई है। बोम्मई ने कहा, “मैं मुख्यमंत्री के रूप में फिर से लौटूंगा। ईश्वर ने मुझे मां कर्नाटक की सेवा करने का मौका दिया है। मैंने ईमानदारी से काम किया है।” उन्होंने कहा कि वह 12वीं सदी के समाज सुधारक एवं लिंगायत संप्रदाय के संस्थापक बसवेश्वर के दिखाए ‘काम ही पूजा है' और सामाजिक समानता के मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने समाज के हर तबके को सामाजिक न्याय दिलाने की कोशिश की है। लोगों ने अपने समग्र विकास के लिए विभिन्न समुदायों के निगमों की मांग की थी। हम बसवेश्वर के दिखाए रास्ते पर चल रहे हैं।”लिंगायत संप्रदाय से ताल्लुक रखने वाले बोम्मई ने बसवेश्वर के नाम का आह्वान किया, जिनके कर्नाटक में, खासकर राज्य के उत्तरी हिस्से में बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्नाटक में विकास का प्रमुख पैमाना प्रति व्यक्ति आय था, जिसमें उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार के सत्ता में आने से पहले कर्नाटक की प्रति व्यक्ति आय सालाना 2.24 लाख रुपये है। यह अब एक लाख रुपये प्रति वर्ष से अधिक बढ़कर 3.47 लाख रुपये प्रति व्यक्ति प्रति वर्ष पहुंच गई है।” बोम्मई ने कहा, “कोविड-19 महामारी के प्रकोप के बावजूद प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है। यह दिखाता है कि हमने महामारी के प्रकोप के बीच विकास किया।” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि चार साल पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के बाद राज्य सरकार द्वारा की गई पहलों के चलते कर्नाटक निवेश और नवाचार के मामले में नंबर एक गंतव्य बन गया है। बोम्मई के मुताबिक, पिछले साल आयोजित ‘ग्लोबल इंवेस्टर्स मीट' के दौरान राज्य को कुल 12 लाख करोड़ रुपये का निवेश हासिल हुआ था। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर वे राज्य को विकास के मार्ग पर अग्रसर होते देखना चाहते हैं, तो एक बार फिर भाजपा को चुनें। बोम्मई ने कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दरमैया पर निशाना साधते हुए उन पर लोगों से ‘झूठ' बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सिद्दरमैया ने 2012 में गरीबों को दिए जाने वाले चावल की मात्रा पांच किलोग्राम कर दी, जबकि भाजपा के शासन में गरीबों को 10 किलोग्राम चावल दिया जा रहा था।
-
हरिद्वार. योग गुरू स्वामी रामदेव रामनवमी के दिन 100 लोगों को संन्यास की दीक्षा देंगे। इसके लिए यहां पतंजलि योग पीठ में बुधवार को नव संवत्सर चैत्र नवरात्रि के पर्व पर भव्य संन्यास दीक्षा कार्यक्रम शुरू किया गया जिसमें 40 महिलाएं और 60 पुरुष रामनवमी पर स्वामी रामदेव से संन्यास की दीक्षा लेंगे । इसके साथ ही लगभग 500 प्रबुद्ध महिलाओं और पुरुषों को स्वामी रामदेव के करीबी आचार्य बालकृष्ण ब्रह्मचर्य की दीक्षा देंगे। कार्यक्रम में रामदेव ने कहा कि रामनवमी के दिन चार वेदों के महापारायण यज्ञ की पूर्णाहूति के साथ रामराज्य की प्रतिष्ठा, हिन्दू राष्ट्र का गौरव और सनातन धर्म को युगधर्म और विश्वधर्म के रूप में प्रतिष्ठापित करने के लिए ये नव-संन्यासी हमारे पूर्वज ऋषि-मुनियों की संन्यास परंपरा में दीक्षित होंगे। उन्होंने कहा, 'ये वैराग्यवान विद्वान व विदुषी भाई-बहन अष्टाध्यायी, व्याकरण, वेद, वेदांग, उपनिषद में निष्णात होकर योगधर्म, ऋषिधर्म, वेदधर्म, सनातन धर्म की वैश्विक प्रतिष्ठा के लिए संकल्पित होंगे। इससे भारतीय सनातन संस्कृति के संरक्षण के अभियान को ऊर्जा मिलेगी।' उन्होंने कहा कि पतंजलि योगपीठ में स्त्री-पुरुष, जाति, मत, पंथ, धर्म, संप्रदाय की संकीर्णताओं का कोई भेद नहीं है और यहां से संन्यास दीक्षा में दीक्षित होकर सभी भाई—बहन सनातन धर्म की पताका पूरे विश्व में फहरायेंगे । अपने संबोधन में राम मंदिर पर बोलते हुए रामदेव ने कहा कि इससे रामराज्य की प्रतिष्ठा होगी और राम मंदिर के साथ-साथ यह देश का राष्ट्र मंदिर भी बनेगा । उन्होंने कहा कि राम मंदिर का लोकार्पण अगले वर्ष जनवरी में हो जाएगा तथा जम्मू—कश्मीर से धारा 370 भी समाप्त हो गई है । हांलांकि, उन्होंने कहा की अभी दो बड़े काम होने बाकी है पहला— समान नागरिक संहिता लागू करना तथा दूसरा जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाना। उन्होंने उम्मीद जताई की कि ये दोनों काम भी अगले साल 2024 तक हो जाने चाहिए । इससे पहले, भव्य संन्यास दीक्षा कार्यक्रम का उदघाटन् करते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी ने कहा कि पतंजलि योगपीठ से 100 लोगों के संन्यास की दीक्षा लेना तथा संन्यास लेने की इच्छा जाहिर करने वाले 15000 युवाओं में से 500 प्रबुद्धजनों के आचार्य बालकृष्ण से ब्रह्मचर्य की दीक्षा लेने का अवसर बहुत रोमांचित करने वाला है । उन्होंने कहा कि यह चमत्कार तो स्वामी रामदेव ही कर सकते हैं । दस दिवसीय इस कार्यक्रम में देश के शीर्ष संतों के अलावा, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन भागवत, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी शामिल होने की संभावना है । कुछ वर्ष पहले भी रामदेव सौ युवक युवतियों को संन्यास की दीक्षा दे चुके हैं ।
-
नयी दिल्ली. देश में पिछले दो सप्ताह में इन्फ्लूएंजा और कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उच्च-स्तरीय बैठक बुलाई और अधिकारियों को जीनोम अनुक्रमण बढ़ाने तथा लोगों के कोविड-उपयुक्त व्यवहार अपनाने पर जोर दिया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोरोना वायरस के 1,134 नये मामले दर्ज किये गये हैं, वहीं उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 7,026 पहुंच गयी है। सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार संक्रमण से पांच लोगों की मौत होने के साथ मृतक संख्या 5,30,813 हो गयी है। अद्यतन आंकड़ों में छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र में मौत का एक-एक मामला दर्ज किया गया, जबकि केरल में पूर्व में सामने आये मौत के एक मामले में कोविड-19 की पुष्टि होने पर उसे संबंधित आंकड़ों में शामिल किया गया। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के एक बयान के अनुसार, मोदी ने देश में कोविड-19 और इन्फ्लूएंजा की स्थिति और उससे निपटने के लिए स्वास्थ्य ढांचे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बैठक बुलाई। उन्होंने टीकाकरण अभियान की स्थिति, कोविड-19 के नये स्वरूपों तथा इन्फ्लूएंजा के प्रकारों के उभरने और देश के लिए उनके जन स्वास्थ्य प्रभावों की भी समीक्षा की। देश में इन्फ्लूएंजा के मामलों में वृद्धि तथा पिछले दो सप्ताह में कोविड के मामले बढ़ने की पृष्ठभूमि में उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने भारत में बढ़ते मामलों समेत वैश्विक कोविड स्थिति पर एक व्यापक प्रस्तुतीकरण दिया। प्रधानमंत्री को बताया गया कि भारत में संक्रमण के नये मामलों में थोड़ी वृद्धि हुई है और रोजाना औसतन 888 मामले आ रहे हैं। वहीं, 22 मार्च को समाप्त हुए सप्ताह में साप्ताहिक संक्रमण दर 0.98 प्रतिशत रही। हालांकि इसी सप्ताह दुनियाभर में औसतन रोजाना 1.08 लाख मामले सामने आये हैं। बयान के अनुसार, गत 22 दिसंबर, 2022 को कोविड की पिछली समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के निर्देशों पर की गयी कार्रवाई के बारे में भी बैठक में जानकारी दी गयी। उन्हें बताया गया कि कोविड संबंधी 20 मुख्य दवाओं, 12 अन्य दवाओं, आठ बफर दवाओं तथा इन्फ्लूएंजा की एक दवा की उपलब्धता और उसके दाम पर नजर रखी जा रही है। गत 27 दिसंबर, 2022 को 22,000 अस्पतालों में मॉक ड्रिल भी की गयी थी और उसके बाद अस्पतालों ने अनेक उपाय किये। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी को इन्फ्लूएंजा की स्थिति से अवगत कराया गया, विशेष रूप से पिछले कुछ महीने में एच1एन1 और एच3एन2 के मामलों की अधिक संख्या के संबंध में जानकारी दी गयी। मोदी ने अधिकारियों को संक्रमण के पुष्ट नमूनों का इंडियन सार्स-कोव-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (इन्साकॉग) की प्रयोगशालाओं में जीनोम अनुक्रमण कराने को कहा। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, मोदी ने कहा कि इससे नये स्वरूपों पर नजर रखने और समय पर कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रयोगशाला निगरानी बढ़ाने, गंभीर घातक श्वसन संक्रमण (एसएआरआई) के सभी मामलों की जांच करने और जीनोम अनुक्रमण को तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि वरिष्ठ नागरिकों और अन्य बीमारियों से ग्रस्त लोग भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाएं।
- -
जयपुर. राजस्थान के चुरू जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार को एक व्यक्ति ने तंत्र मंत्र के संदेह में एक पुजारी की लाठी से हमला कर हत्या कर दी वहीं उसके बेटे को घायल कर दिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। थानाधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि बागदास मंदिर का पुजारी महावीर प्रसाद शास्त्री (60) और उसका बेटा श्रीकांत (32) वाहन से कहीं जा रहे थे, इसी दौरान उनके वाहन को टक्कर मार कर आरोपी व्यक्ति ने उन पर लाठी से हमला कर दिया जिससे पुजारी की मौत हो गई जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि आरोपी व्यक्ति को पुजारी पर तंत्र मंत्र करने के कारण उसका मानसिक संतुलन बिगड़ने का संदेह था इसलिए उसने उन पर हमला किया था। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है जबकि पुजारी के बेटे का उपचार जारी है। पुलिस ने बताया कि घायल बेटे के होश में आने पर पर्चा बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जायेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
-- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 106 हस्तियों को दिए पद्म पुरस्कार
नई दिल्ली। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को 106 लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया। छत्तीसगढ़ की तीन हस्तियों को पद्मश्री सम्मान दिया गया। पंडवानी गायिका उषा को पद्म श्री से नवाजा गया। दिग्गज नाचा कलाकार डाेमार सिंह कुंवर और शिल्प कलाकार अजय कुमार मंडावी को भी पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया। उन्होंने सम्मान लेने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रणाम किया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रपति के पैर छूकर सम्मान ग्रहण किया। -
नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस एम कृषणा, जाने माने उद्योगपति कुमार मंगलम बिरला, प्रसिद्ध पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर आदि को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया। इसके अलावा जाने माने शेयर बाजार निवेशक राकेश झुनझुनवाला को मरणोपरांत पद्म श्री दिया गया। उनका निधन पिछले वर्ष हो गया था। राष्ट्रपति भवन द्वारा किए गए ट्वीट के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एस एम कृष्णा को पद्म विभूषण प्रदान किया। वे कांग्रेस नीत संप्रग सरकार में विदेश मंत्री थे और बाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। जाने माने वास्तुकार बालकृष्ण दोशी (मरणोपरांत) को भी पद्म विभूषण प्रदान किया गया।
कुमार मंगलम बिरला, प्रोफेसर कपिल कपूर, आध्यात्मिक नेता कमलेश पटेल और सुमन कल्याणपुर को पद्म भूषण प्रदान किया गया। कपूर जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में अंग्रेजी के प्रोफेसर रहे हैं। उन्हें उच्च शिक्षा के भारतीयकरण और उसे भारत की ज्ञान प्रणाली से जोड़ने की दिशा में प्रयासों के लिए जाना जाता है। पटेल ने दुनिया के सबसे बड़े ध्यान केंद्रों में से एक कान्हा शांति वनम विकसित किया है। वहीं, सुमन कल्याणपुर ने चार दशक लंबे करियर में हिन्दी, मराठी और 11 अन्य भाषाओं में गीत गाए हैं।
नरेंद्र मोदी सरकार ने वर्ष 2014 में सत्ता में आने के बाद समाज में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले गुमनाम हस्तियों को सम्मानित करने की पहल शुरू की थी। इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए बैगा चित्रकारी की जानी मानी कलाकार जोधया बाई बैगा, छत्तीसगढ़ की पंडवानी एवं पंथी कलाकार उषा बारले, केरल के जनजातीय किसान रमण चेरूवयाल को पद्म श्री प्रदान किया गया। गुजरात की माता नी पेचडी कला को बढ़ावा देने के लिए भानूभाई चुन्नी लाल चैतरा तथा संकुराथरी फाउंडेशन के प्रबंध न्यासी संकुराथरी चंद्रशेखर को पद्म श्री प्रदान किया गया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के अलावा गृह मंत्री अमित शाह एवं कई अन्य केंद्रीय मंत्री मौजूद थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 106 पद्म पुरस्कार प्रदान करने को मंजूरी दी थी। इनमें से 50 लोगों को बुधवार को पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री प्रदान किये गये।पद्म पुरस्कर तीन श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं जिसमें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री शामिल हैं। वर्ष 2019 के बाद सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न किसी को प्रदान नहीं किया गया है। पद्म पुरस्कार सामाजिक कार्यों, कला, सार्वजनिक मामलों, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, कारोबार एवं उद्योग, औषधि, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, लोक सेवा आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को दिया जाता है।
-
गांधीनगर। गुजरात 27 मार्च से चार अप्रैल के बीच जी20 समूह के अगले दौर की बैठकों की मेजबानी करेगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुजरात में विभिन्न मुद्दों पर तीन बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें जी20 समूह के सदस्य देशों के अलावा विभिन्न देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। भारत इस साल जी20 समूह की अध्यक्षता कर रहा है। इस समूह में विभिन्न महाद्वीपों के 19 देशों के अलावा यूरोपीय संघ (ईयू) शामिल है।
गुजरात में जी20 से जुड़े आयोजनों का समन्वय कर रहे भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीनों बैठकों में से ‘पर्यावरण एवं जलवायु स्थिरता कार्य समूह (ईसीएसडब्ल्यूजी)' की पहली बैठक 27 से 29 मार्च के बीच गांधीनगर में आयोजित की जाएगी। राज्य वित्त विभाग में प्रधान सचिव (आर्थिक मामले) मोना खानदार ने कहा, ‘‘ यह ईसीएसडब्ल्यूजी की दूसरी बैठक होगी। जी20 शेरपा अमिताभा कांत केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों की मौजूदगी में इसका उद्घाटन करेंगे।''
खानदार ने पत्रकारों को बताया कि ईसीएसडब्ल्यूजी की बैठक में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की सचिव लीना नंदन, जल शक्ति मंत्रालय में जल संसाधन की अतिरिक्त सचिव देबाश्री मुखर्जी और स्वच्छ गंगा मिशन के महानिदेशक जी. अशोक कुमार हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्रीय जल आयोग, प्रकृति के संरक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय संघ (आईयूसीएन), सतत तटीय प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय केंद्र (एनसीएससीएम), संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी), संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम और महासागर सूचना सेवा के लिए भारतीय राष्ट्रीय केंद्र के अधिकारी भी इसमें शामिल होंगे। खानदार ने कहा, ‘‘तीन दिवसीय आयोजन में अमेरिका, अर्जेंटीना, ब्राजील, चीन, फ्रांस और जर्मनी सहित लगभग 30 देशों के प्रतिनिधि शिरकत करेंगे।'' उन्होंने बताया कि पहले दिन ‘जल संसाधनों से जुड़ी सर्वोत्तम प्रथाओं' और अन्य संबंधित विषयों पर चर्चा होगी।
इसके बाद, मेहमानों को साबरमती नदी पर स्थित नर्मदा नहर, प्रसिद्ध अडालज स्टेपवेल और साबरमती रिवरफ्रंट ले जाया जाएगा। खानदार के मुताबिक, 28 मार्च को पांच प्रमुख विषयों-जलवायु अनुकूल बुनियादी ढांचे, भूजल प्रबंधन, जल स्वच्छता, जलवायु परिवर्तन शमन और संसाधन दक्षता एवं चक्रीय अर्थव्यवस्था पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 29 मार्च को महासागरों, टिकाऊ समुद्री अर्थव्यवस्था, समुद्री एवं तटीय पारिस्थितिक तंत्र के संरक्षण और समुद्री स्थानिक योजना से संबंधित विषयों पर तकनीकी सत्र का आयोजन किया जाएगा।
प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की एक विज्ञप्ति के अनुसार, इस श्रृंखला में ‘‘आपदा प्रबंधन'' विषय पर दूसरी बैठक 30 मार्च से एक अप्रैल के बीच गांधीनगर में आयोजित की जाएगी। इससे पहले, गुजरात ने जनवरी और फरवरी में जी20 से जुड़ी विभिन्न बैठकों की मेजबानी की थी, जिनमें पर्यटन विषय पर भी एक बैठक की गई थी। -
कोरापुट (ओडिशा)। आंध्र प्रदेश-ओडिशा सीमा पर माओवादियों द्वारा कथित रूप से बड़ी मात्रा में छिपाए गए विस्फोटक जब्त कर लिए गए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक अविनाश सोनकर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कोरापुट जिले के लामातापुट इलाके से 50 किलोग्राम विस्फोटक कोडेक्स तार, 100 डेटोनेटर और 15 रेडियो सेट जब्त किए हैं।
सोनकर के मुताबिक, विस्फोटकों को प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की आंध्र-ओडिशा सीमा विशेष क्षेत्रीय समिति (एओबीएसजेडसी) द्वारा सुरक्षा बलों के खिलाफ भविष्य में इस्तेमाल के लिए छिपाए जाने का संदेह है। -
पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई शहर में पुलिस ने एक निजी परिसर में बिना अनुमति के रखी गई 7.50 लाख रुपये की विदेशी शराब जब्त की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि जब्त की गई शराब अलग-अलग ब्रांड की है।
अधिकारी के मुताबिक, आरोपी व्यक्ति गुजरात के कच्छ जिले का रहने वाला है और उसके खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। -
दार्जिलिंग। केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग और कलिम्पोंग के दो पहाड़ी शहरों के ‘डंपिंग यार्ड' में जमा कचरे को ईंटों और गमलों जैसे उपयोगी उत्पादों में पुनर्चक्रित करने के लिए एक परियोजना प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। दार्जिलिंग के सांसद राजू बिस्टा ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि परियोजना का मकसद ‘लैंडफिल' को उन्नत तकनीकों से लैस करना है जिसमें वहां जमे कचरे को अलग करना, प्लास्टिक के कचरे का पुनर्चक्रण, निर्माण व विध्वंस कार्रवाइयों के कचरे का सही इस्तेमाल और ‘बायोडिग्रेडेबल' कचरे का प्रसंस्करण करना शामिल है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ अलग किए गए कचरे को संसाधित किया जाएगा और विभिन्न काम में इसका इस्तेमाल किया जाएगा जैसे कि जैविक कचरे को खाद में, प्लास्टिक कचरे को फूलदान में और निर्माण कचरे को ईंटों में परिवर्तित किया जाएगा। '' बिस्ता ने बताया कि उन्होंने 30 जनवरी को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र लिखकर इसके लिए मंजूरी मांगी थी।
इस प्रस्तावित परियोजना का शीर्षक ‘इंटिग्रेटिड साइंटिफिक सॉल्यूशंस फॉर इम्प्रूविंग लेगेसी म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट इन द हिमालयन रीज़न' है। आवेदन का जवाब देते हुए यादव ने 14 मार्च को बिस्ता को पत्र लिखा। पत्र में उन्होंने बताया कि हिमालय अध्ययन पर राष्ट्रीय मिशन (एनएमएचएस) के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया और उसकी संचालन समिति ने 1.49 करोड़ रुपये के बजट के साथ इसे मंजूरी दे दी है। -
उन्नाव (उप्र)। उन्नाव जिले के माखी क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल के अनियंत्रित हो कर कुएं में जा गिरने से उस पर सवार दो मजदूरों की मौत हो गयी तथा एक अन्य जख्मी हो गया। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि लखीमपुर खीरी निवासी 30 वर्षीय दिलबर, शाकिर (28) और धौरहरा क्षेत्र के हिदायत नगर निवासी हारुन (27) माखी क्षेत्र के थाना गांव स्थित भट्ठे में काम करने आए थे।
मंगलवार की शाम तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर पड़ोस के गांव में खरीदारी करके देर रात लौट रहे थे। रास्ते में ईंट भट्ठे के नजदीक उनकी मोटरसाइकिल बेकाबू होकर एक पुराने कुएं में जा गिरी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को कुएं से बाहर निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने दिलबर और शाकिर को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल हारून का इलाज किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। -
नयी दिल्ली। भारत में हवाई अड्डों के परिचालकों का राजस्व अगले वित्त वर्ष में 26 प्रतिशत बढ़कर 3.9 अरब डॉलर पर पहुंचने का अनुमान है। विमानन क्षेत्र की परामर्शदाता कंपनी कापा इंडिया ने बुधवार को यह जानकारी दी। हवाई अड्डों के लिए परिदृश्य पेश करते हुए कापा इंडिया ने कहा कि 2023-24 में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय परिचालन में हवाई यात्री यातायात 39.5 करोड़ होने का अनुमान है।
इसमें से, घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या 27.5 करोड़ से बढ़कर इस वित्त वर्ष में 32 करोड़ पर पहुंचने का अनुमान है। वहीं अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रियों की संख्या 5.8 करोड़ से बढ़कर 7.5 करोड़ पर पहुंचने की उम्मीद है। कापा इंडिया ने कहा, ‘‘ऐसा अनुमान है कि 2029-30 तक भारत में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या बढ़कर 70 करोड़ और अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रियों की संख्या 16 करोड़ पर पहुंच सकती है।''
इसमें कहा गया कि भारत के हवाई अड्डों का राजस्व अगले वित्त वर्ष में 3.9 अरब डॉलर पर पहुंचने का अनुमान है जो 2022-23 के अनुमान से 26 प्रतिशत अधिक होगा। यह परिदृश्य कापा इंडिया हवाई सम्मेलन में पेश किया गया। -
बदायूं (उप्र)। बदायूं जिले के बिसौली क्षेत्र में बुधवार तड़के एक ट्रैक्टर—ट्रॉली से हुई टक्कर में कार सवार एक दम्पति और उनके एक साल के बेटे की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि दिल्ली के महरौली क्षेत्र स्थित औलिया मस्जिद के पास रहने वाला शाकिर (27) अपनी गर्भवती पत्नी रोजी (24), एक साल के बेटे आहान और साले याकूब तथा मोबिन के साथ कार पर सवार होकर दिल्ली स्थित अपने घर जा रहा था। तड़के करीब चार बजे बिसौली कोतवाली क्षेत्र के मदनजुडी गांव के निकट उनकी कार गन्ने से लदी खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से, पीछे से जा टकरायी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्राली के नीचे घुस गई। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में शाकिर, रोजी और उनके एक साल के बेटे आहान की मौत हो गयी जबकि शाकिर के साले याकूब और मोबिन गम्भीर रूप से घायल हो गये। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। -
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार शाम 4: 42 मिनट पर एक बार फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.7 मापी गई है। हालांकि आज भूकंप की तीव्रता कम थी।
मंगलवार रात 10.17 मिनट पर भी दिल्ली में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। मंगलवार को आए भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में हिंदू कुश क्षेत्र था। कल रात आए भूकंप में काफी देर तक धरती हिलती रही थी। इमारतों के हिलने से दहशत में लोग घरों से बाहर निकल आए थे। -
नयी दिल्ली. संसद की एक समिति ने सरकार से हर ग्रामीण परिवार को नल से जल का कनेक्शन प्रदान करने में पीछे रहने वाले राज्यों की विशिष्ट समस्याओं पर ध्यान देने और लक्ष्यों की शीघ्र प्राप्ति के लिए जल जीवन मिशन के कार्यान्वयन में तेजी लाने के लिए उपयुक्त उपाय करने को कहा है। लोकसभा में पेश की गई भारतीय जनता पार्टी के सांसद परबतभाई सवाभाई पटेल की अध्यक्षता वाली पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से संबंधित जल शक्ति मंत्रालय से जुड़ी स्थायी समिति की रिपोर्ट में यह बात कही गई है। रिपोर्ट के अनुसार, आज की स्थिति के अनुसार, मंत्रालय अब तक 19.36 करोड़ ग्रामीण परिवारों में से 11.15 करोड़ परिवार (57.5 प्रतिशत) से अधिक ग्रामीण परिवारों के घरों में नल से जल की आपूर्ति करने में सफल रहा।
इसके मुताबिक समिति नोट करती है कि आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, राजस्थान, छत्तीसगढ़ जैसे बड़े राज्यों सहित 13 लक्षित राज्यों में अभी कार्य का बड़ा हिस्सा पूरा किया जाना बाकी है। इन राज्यों में आंध्र प्रदेश ने अब तक केवल 29.56 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश ने 30.21 प्रतिशत, पश्चिम बंगाल ने 30.30 प्रतिशत, झारखंड ने 30.53 प्रतिशत, राजस्थान ने 31.58 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ ने 38.81 प्रतिशत कवरेज हासिल किया है। समिति ने पाया कि बहु ग्राम योजनाओं की लंबी अवधि,भूजल में दूषित पदार्थों की उपस्थिति, सूखा, रेगिस्तानी क्षेत्रों में स्थायी भूजल स्रोतों की कमी, पहाड़ी एवं वन क्षेत्रों में भूभाग की चुनौतियां, राष्ट्रव्यापी कोविड-19 महामारी एवं उससे संबंधित लॉकडाउन आदि से इन राज्यों में जल जीवन मिशन के कार्यान्वयन की गति काफी प्रभावित हुई है। समिति हरियाणा, गुजरात, तेलंगाना, गोवा, पुदुचेरी, गोवा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दादरा नगर हवेली और दमन एवं दीव के सभी ग्रामीण परिवारों को कार्यात्मक नल जल कनेक्शन देकर सभी ग्रामीण परिवारों को 100 प्रतिशत कवरेज की उपलब्धि की सराहना करती है। रिपोर्ट के अनुसार, समिति इस बात की भी सराहना करती है कि बिहार, पंजाब और हिमाचल प्रदेश 95 प्रतिशत से अधिक घरों में कार्यात्मक नल जल आपूर्ति करने में सफल रहे। विभाग ने सूचित किया है कि उन्होंने राज्यों/संघ राज्य क्षेत्रों की वार्षिक कार्य योजना (एएपी) पर संयुक्त चर्चा करने और उसे अंतिम रूप देने, कार्यान्वयन की नियमित समीक्षा बैठकें करने, क्षमता निर्माण और ज्ञान साझा करने के लिए कार्यशालाओं/सम्मेलनों/वेबिनारों का आयोजन करने, कार्यान्वयन एजेंसियों/ग्राम पंचायतों एवं अन्य हितधारकों के लिए नियमित समीक्षा बैठकें करने जैसे कई कदम उठाए हैं। समिति का मत है कि चूंकि योजना के सफल कार्यान्वयन में राज्यों की समान भागीदारी है, इसलिए पीछे चल रहे प्रत्येक राज्य में विशेष समस्याओं की जांच किए जाने की आवश्यकता है। रिपोर्ट के अनुसार, समिति सिफारिश करती है कि विभाग राज्य केंद्रित समस्याओं पर विचार करे और लक्ष्यों की शीघ्र प्राप्ति के लिए जल जीवन मिशन के कार्यान्वयन में तेजी लाने के लिए उपयुक्त उपाय करे।


.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)

















