- Home
- देश
-
नयी दिल्ली। किसानों एवं कृषि कार्मिकों को ज्ञान एवं कौशल सुधार प्रशिक्षण प्रदान करने में कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) के महत्व को रेखांकित करते हुए संसद की एक समिति ने देश के उन 128 जिलों में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की सिफारिश की है जहां एक भी केंद्र नहीं है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद पी.सी. गद्दीगौदर की अध्यक्षता वाली कृषि, पशुपालन एवं खाद्य प्रसंस्करण संबंधी स्थायी समिति की वर्ष 2023-24 की अनुदान की मांगों पर रिपोर्ट में यह बात कही गई है।
यह रिपोर्ट सोमवार को लोकसभा में पेश की गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि कृषि प्रसार संभाग, कृषि प्रौद्योगिकियों की स्थान विशिष्टता की पहचान करने और विभिन्न फसलों की उत्पादक क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए परीक्षण कर रहा है। यह प्रभाग किसानों एवं कृषि कार्मिकों को ज्ञान एवं कौशल सुधार करने एवं जागरूकता फैलाने के लिए प्रशिक्षण प्रदान करता है।
समिति ने इस बात पर गौर किया कि यह कार्य देश भर में फैले 731 कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) के नेटवर्क के माध्यम से किया जाता है। रिपोर्ट के अनुसार समिति कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के इस उत्तर को भी नोट करती है कि वर्तमान में देश में 766 जिले हैं, इनमें से 93 जिलों में दो कृषि विज्ञान केंद्र हैं जबकि 128 जिले में एक भी कृषि विज्ञान केंद्र नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार, समिति ने अपनी सिफारिश में कहा कि चूंकि कृषि विज्ञान केंद्र विस्तारित सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उन 128 जिलों में कृषि विज्ञान केंद्र खोले जाएं जहां एक भी केंद्र नहीं है।
समिति ने इस बात पर भी ध्यान दिया है कि देश भर में कृषि विज्ञान केंद्र में 3449 रिक्तियां हैं जिसमें वरिष्ठ वैज्ञानिक की 187, विषय वस्तु विशेषज्ञ की 1090, तकनीकी अधिकारी टी4 की 688, सहयाक पद की 279, स्टोनोग्राफर की 280, ड्राइवर की 432 और कुशलता प्राप्त सहायक कर्मचारी की 543 रिक्तियां हैं। इसमें कहा गया है कि समिति सिफारिश करती है कि विभाग प्राथमिकता के आधार पर कृषि विज्ञान केंद्र में इन रिक्तियों को भरे।
रिपोर्ट के अनुसार, समिति विभाग से यह भी सिफारिश करती है कि वह मौजूदा तंत्र को सुदृढ़ करे और किसानों के बीच विभिन्न फसलों, मशीनरी, उपकरणों, औजारों, कृषि पद्धतियों, प्रौद्योगिकियों आदि की नई विकसित किस्मों का प्रदर्शन और प्रसार सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन तंत्र विकसित करे। समिति ने कहा कि किसानों और किसान उत्पादक संगठनों को प्रशिक्षण प्रदान करने पर भी जोर दिया जाए ताकि उन्हें कृषि क्षेत्र में अनुसंधान और नवाचार का अधिकतम लाभ मिल सके। -
संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिल के चंदौसी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह मंदिर परिसर में स्थित कोठरी में 55 वर्षीय पुजारी का शव मिला है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने मामले में हत्या की आंशका जताते हुए इस संबंध में दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) चक्रेश मिश्रा ने बताया कि चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास के पास स्थित शिव मंदिर में रोशन लाल सैनी मंदिर में पूजा-पाठ किया करते थे। वह मंदिर परिसर स्थित कोठरी में रहते थे। बुधवार सुबह उनका शव बरामद हुआ। एसपी ने बताया कि प्रतीत होता है कि पुजारी के सिर पर भारी पत्थर से वार कर उनकी हत्या की गई है। शव को पोस्ट मार्टम को भेजा गया है।
श्वान दस्ता और निगरानी टीम जांच कर रही है। एसपी ने बताया कि जांच के दौरान पुजारी से झगड़े का एक पुराना मामला सामने आया है और इस संबंध में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या में किसी परिचित के शामिल होने की बात सामने आई है क्योंकि मौके से कुछ खाने-पीने का सामान भी मिला है। -
चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और लोगों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए राज्य में ‘रसायन मुक्त जैविक कृषि' की दिशा में जैविक खेती नीति शुरू की है। इस नीति का उद्देश्य कृषि-पारिस्थितिकी और जैव विविधता का संरक्षण सुनिश्चित करना भी है।
मुख्यमंत्री एम के स्टालिन द्वारा मंगलवार को सचिवालय में पेश की गई यह नीति सुरक्षित, स्वस्थ और पर्यावरण के अनुकूल भोजन प्रदान करने की दिशा में काम करेगी। नीति में कहा गया है कि भारत कुल 26 लाख 60 हजार हेक्टेयर जैविक कृषि भूमि के साथ दुनियाभर में पांचवें स्थान पर है, जबकि तमिलनाडु 31,629 हेक्टेयर भूमि के साथ देशभर में 14वें स्थान पर है।
नीति दस्तावेज में कहा गया है, “जैविक खेती फसल उत्पादन और पशुपालन के बीच सामंजस्यपूर्ण संतुलन बनाती है और प्राकृतिक पारिस्थितिक तंत्र व चक्र के साथ जीवन के संरेखण की सुविधा प्रदान करती है। इससे खेती में आत्मनिर्भरता और स्थिरता लाने में भी मदद मिलती है।” -
नयी दिल्ली। सरकार ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि पिछले दो वर्ष में देश में साइबर सुरक्षा से जुड़ी 27,94,266 घटनाएं दर्ज की गईं। लोकसभा में अपराजिता सारंगी के प्रश्न के लिखित उत्तर में इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने यह जानकारी दी।
चंद्रशेखर ने कहा कि भारतीय कम्प्यूटर आपात प्रतिक्रिया दल (सर्ट इन) को दी गई सूचना के अनुसार वर्ष 2021 और 2022 के लिए क्रमश: 14,02,809 और 13,91,457 साइबर सुरक्षा घटनाएं दर्ज की गईं। इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री ने बताया कि सर्ट-इन प्रभावित संगठनों को उपचारात्मक कार्रवाइयों के साथ सूचित करता है और प्रभावित संगठनों, सेवा प्रदाताओं, संबंधित क्षेत्र के नियामकों एवं कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ घटना प्रतिक्रिया उपायों का समन्वय करता है।
चंद्रशेखर ने कहा कि समय-समय पर देश के भीतर और बाहर स्थित प्रणालियों से भारतीय साइबर क्षेत्र पर साइबर हमले करने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि यह देखा गया है कि हमलावर दुनिया के विभिन्न हिस्सों में स्थित कम्प्यूटर के माध्यम से वास्तविक प्रणाली की पहचान छिपाने के लिए नकली तकनीक एवं छिपे हुए सर्वर का उपयोग कर रहे हैं और ऐसे हमले किए जा रहे हैं। -
पुडुचेरी। केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में सरकार ने एच3एन2 इन्फ्लूएंजा वायरस के बढ़ते प्रभाव के मद्देनजर बुधवार को 16 मार्च से 26 मार्च तक आठवीं कक्षा तक के सभी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की। विशेष रूप से बच्चों में इन्फ्लुएंजा के बढ़ते प्रभाव के कारण केंद्र शासित प्रदेश के पुडुचेरी, कराईकल, माहे और यनम के सभी चार क्षेत्रों के स्कूलों के लिए यह आदेश लागू होगा।
शून्य काल के दौरान विधानसभा में गृह और शिक्षा मंत्री ए. नम्माशिवयम ने कहा कि बच्चों में इन्फ्लूएंजा के प्रसार को देखते हुए सरकार ने प्राथमिक कक्षा से आठवीं कक्षा तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की है। गौरतलब है कि केंद्र शासित प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने 11 मार्च को कहा था कि पुडुचेरी में चार मार्च तक वायरल एच3एन2 की तरह या उससे संबंधित 79 मामले सामने आए हैं।फाइल फोटो
-
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में एक डम्पर ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोपहिया सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढे दस बजे फतेहपुर थाना क्षेत्र निवासी सरफराज (18) अपने साथी जुबेर (17) के साथ स्कूटी से छुटमलपुर बाजार आ रहा था।
रास्ते में देहरादून रोड पर एक डम्पर ट्रक ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों स्कूटी सहित सड़क पर जा गिरे। उन्होंने बताया कि इसी दौरान सामने से आ रहे एक अन्य डम्पर ने सड़क पर गिरे दोनों युवकों को कुचल दिया,जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जैन ने बताया कि हादसे के बाद डम्पर चालक अपने वाहन लेकर फरार हो गये।
हादसे से गुस्साये ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। फतेहपुर थाना पुलिस ने वहां पहुचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। -
नयी दिल्ली। महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने बुधवार को बताया कि विषम परिस्थितियों में गुजर कर रही महिलाओं की मदद के लिए चलाई जा रही स्वाधार गृह योजना तथा महिलाओं के देह व्यापार की रोकथाम के लिए चलाई जा रही उज्ज्वला गृह योजना का विलय कर इसका नाम ‘‘शक्ति सदन'' रखा गया है।
राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में ईरानी ने बताया कि ‘‘शक्ति सदन'' एकीकृत राहत एवं पुनर्वास आवास योजना है जो प्रतिकूल परिस्थितियों में जीवन यापन कर रही महिलाओं के लिए चलाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि ‘‘शक्ति सदन'' मांग आधारित केंद्र प्रायोजित योजना है जिसके तहत महिलाओं की योजना के कार्यान्वयन के लिए केंद्र सरकार की ओर से राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को वित्त आवंटन किया जाता है। ईरानी ने बताया कि ‘‘शक्ति सदन'' योजना के तहत 2019-20 में 21.37 करोड़ रुपये, 2020-21 में 24.33 करोड़ रुपये और 2021-22 में 18.01 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। -
नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने बुधवार को बताया कि सांसद आदर्श ग्राम योजना (एसएजीवाई) के तहत सांसदों ने पिछले पांच वर्षों में 1949 ग्राम पंचायतों की पहचान की है और इनमें से 956 गांवों ने आदर्श ग्राम के लिए सभी मानकों को पूरा कर लिया है। राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में ग्रामीण विकास राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘संसद सदस्यों ने पिछले पांच वर्षों के दौरान सांसद आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत 1949 ग्राम पंचायतों की पहचान की है।'' केंद्रीय मंत्री द्वारा दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों के दौरान उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 307 ग्राम पंचायतों की पहचान की गई है जबकि तमिलनाडु में 246 गांवों की पहचान की गई है।
उन्होंने बताया कि आदर्श ग्राम के घटक संदर्भ विशिष्ट होते हैं और संसद सदस्य के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत, नागरिक समाज और सरकारी तंत्र के संयुक्त प्रयासों के माध्यम से उनकी क्षमताओं और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करके लोगों के साझा विजन से एक ग्राम विकसित किया जाता है।
साध्वी ज्योति ने बताया कि एसएजीवाई के तहत अपनाई गई ग्राम पंचायतों की ग्राम विकास योजनाएं (वीडीपी) संसद सदस्यों के मागदर्शन में एक भागीदारी प्रकिया के माध्यम से तैयार की जाती हैं। उन्होंने कहा कि वीडीपी में गांव की समग्र प्रगति के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समयबद्ध गतिविधियों को प्राथमिकता देना शामिल है।
उन्होंने बताया, ‘‘एसएजीवाई की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अब तक 2,627 ग्राम पंचायतों ने 2,34,502 परियोजनाओं वाली अपनी वीडीपी अपलोड की हैं और 956 ग्राम पंचायतों ने अपनी-अपनी ग्राम विकास योजना के तहत प्रस्तावित सभी गतिविधियों को पहले ही निष्पादित कर लिया है।''
उल्लेखनीय है कि सांसद आदर्श ग्राम योजना की शुरुआत 11 अक्तूबर 2014 को हुई थी। इसका उद्देश्य एक आदर्श भारतीय गांव के बारे में महात्मा गांधी की व्यापक कल्पना को ध्यान में रखते हुए, वर्तमान परिप्रेक्ष्य में एक यथार्थ रूप देना था। इस योजना के अंतर्गत, प्रत्येक सांसद एक ग्राम पंचायत को गोद लेता है और सामाजिक विकास को महत्व देते हुए इसकी समग्र प्रगति सुनिश्चित करता है। -
मुंबई। मुंबई में एक 55 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई और उसके शव के कई टकड़े किये गये जो उसके घर की अलमारी और पानी की टंकी में पाए गए। इसके बाद पुलिस ने उसकी 23 वर्षीय बेटी को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि लालबाग इलाके में उसके घर की अलमारी के अंदर प्लास्टिक के थैले में लपेटे गये शव के कुछ हिस्से मिले जबकि अन्य हिस्से पानी की टंकी में फेंके पाए गए। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात जब पुलिस ने महिला का दरवाजा खटखटाया तो उसकी बेटी कमरे के अंदर बैठी मिली। अधिकारी ने बताया कि महिला का एक रिश्तेदार मृतका के घर गया था, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला।
बदबू के कारण रिश्तेदार को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और अपराध की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। -
नयी दिल्ली। वैश्विक मांग में नरमी के कारण देश का निर्यात फरवरी में 8.8 प्रतिशत घटकर 33.88 अरब डॉलर रह गया, जो पिछले साल इसी महीने में 37.15 अरब डॉलर था। हालांकि, फरवरी में देश का व्यापार घाटा कम होकर 17.43 अरब डॉलर रहा।
वाणिज्य मंत्रालय के बुधवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली। देश के निर्यात में लगातार तीसरे महीने गिरावट हुई है। समीक्षाधीन अवधि में आयात भी 8.21 प्रतिशत घटकर 51.31 अरब डॉलर रह गया, जो पिछले साल इसी महीने में 55.9 अरब डॉलर था। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-फरवरी के दौरान देश का कुल वस्तु निर्यात 7.5 प्रतिशत बढ़कर 405.94 अरब डॉलर रहा।
इस दौरान आयात 18.82 प्रतिशत बढ़कर 653.47 अरब डॉलर हो गया। दिसंबर 2022 में देश का निर्यात सालाना आधार पर 6.58 प्रतिशत घटकर 32.91 अरब डॉलर रह गया था। फरवरी 2022 में व्यापार घाटा 18.75 अरब डॉलर था। जनवरी 2022 में व्यापार घाटा 17.42 अरब डॉलर को छू गया था। वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने कहा कि अभी तक के रुझानों को देखते हुए भारत का माल एवं सेवा निर्यात 2022-23 में 750 अरब डॉलर को पार कर जाएगा।
बर्थवाल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''हमने विपरीत वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद गति बनाए रखी है। निर्यातकों ने गति बनाए रखी है। सेवा निर्यात का प्रदर्शन बहुत अच्छा है। व्यापार घाटा वास्तव में कम हुआ है। उम्मीद है कि हम बेहतर प्रदर्शन करेंगे।'' उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने अगले वित्त वर्ष के लिए लक्ष्य तय करने की कवायद शुरू कर दी है।
चालू वित्त वर्ष के 11 महीनों के दौरान निर्यात के लिहाज से नकारात्मक वृद्धि दर्ज करने वाले क्षेत्रों में इंजीनियरिंग सामान, रत्न और आभूषण, सूती धागे/ कपड़े और प्लास्टिक शामिल हैं। अप्रैल-फरवरी 2022-23 के दौरान इंजीनियरिंग निर्यात घटकर 98.86 अरब डॉलर रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 101.15 अरब डॉलर था।
रत्न और आभूषण निर्यात अप्रैल-फरवरी 2022-23 के दौरान घटकर 35.21 अरब डॉलर रह गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 35.32 अरब डॉलर था। सकारात्मक वृद्धि दर्ज करने वाले क्षेत्रों में पेट्रोलियम उत्पाद, रसायन, औषधि, इलेक्ट्रॉनिक सामान, चावल और तैयार वस्त्र शामिल हैं। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-फरवरी के दौरान सोने का आयात घटकर 31.72 अरब डॉलर रह गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 45.12 अरब डॉलर था। चालू वित्त वर्ष के 11 महीनों में कच्चे तेल का आयात बढ़कर 193.47 अरब डॉलर हो गया, जो 2021-22 की समान अवधि में 140.67 अरब डॉलर था। -
नयी दिल्ली। तबीयत खराब होने पर दवा लेने से बेहतर है हल्का बुखार, क्योंकि मछली पर किए गए नवीनतम अध्ययन में संकेत मिले हैं कि शरीर के तापमान में हल्की वृद्धि संक्रमण को तेजी से दूर करने में मदद करती है। जर्नल इम्यूनोलॉजी एंड इन्फ्लेमेशन में प्रकाशित अध्ययन के मुताबिक संक्रमित मछली को हुआ हल्का बुखार उसके संक्रमण को दूर करने में मददगार साबित हुआ और सूजन को नियंत्रित करने के साथ-साथ क्षतिग्रस्त ऊत्तकों को ठीक में सहायक रहा।
कनाडा स्थित अल्बर्टा विश्वविद्यालय में प्रतिरक्षा विज्ञानी और अध्ययन पत्र के प्रमुख लेखक डेनियल बैरेडा ने कहा, ‘‘ प्रकृति को वह करने दें जो वह करती है और इस मामले में यह बहुत ही सकारात्मक है।'' बैरेडा ने कहा, ‘‘ मध्यम दर्जे का बुखार समाधान प्रक्रिया है जिसका अभिप्राय है कि शरीर प्राकृतिक रूप से बिना दवा के संक्रमण होने पर उसका समाधान कर सकता है।''
अनुसंधानकर्ताओं ने रेखांकित किया कि मानव में प्राकृतिक बुखार के लाभ की पुष्टि अब भी अनुंसधान के जरिये की जानी है ‘‘क्योंकि बुखार की परिपाटी और उसके बने रहने की प्रक्रिया जानवर साझा करते हैं,इसलिए यह उम्मीद करना तार्किक है कि इसी तरह (मछली पर किए अनुसंधान) का लाभ इनसानों में भी होता है।'' अध्ययन में सलाह दी गई है कि लोगों को हल्का बुखार होने के शुरुआती संकेत सामने के बाद ही दवा लेने से बचना चाहिए।
बुखार में आमतौर पर नॉन-स्टेरायडल एंटी-इंफ्लेमेटरी दवाएं (एनएसएआईडी) दवाएं दी जाती हैं। बैराडा ने कहा,‘‘एनएसएआईडी बुखार की वजह से महसूस की जाने वाली असहजता से राहत देती है लेकिन संभव है कि आप प्राकृतिक प्रक्रिया के कुछ लाभों से वंचित हो रहे हों।'' -
नयी दिल्ली। मध्य और दक्षिण एशिया में वर्ष 2022 के 15 सबसे प्रदूषित शहरों में से 12 भारत में हैं और भिवाड़ी देश का सबसे प्रदूषित शहर है। एक नयी रिपोर्ट में यह दावा किया गया। स्विस संस्था आईक्यूएयर की मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2022 में भारत में पीएम2.5 का वार्षिक औसत स्तर 53.3 माइक्रो ग्राम प्रति घनमीटर था, जो 2021 के औसत स्तर 58.1 से थोड़ा कम है।
पिछले साल मध्य और दक्षिण एशिया के 15 सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में 12 शहर भारत में हैं और भिवाड़ी देश का सबसे प्रदूषित शहर है जहां पीएम2.5 का वार्षिक स्तर 92.7 माइक्रो ग्राम प्रति घनमीटर था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि इस रिपोर्ट में शामिल भारत के करीब 60 प्रतिशत शहरों में पीएम2.5 का वार्षिक स्तर कम से कम सात बार विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के दिशानिर्देश से अधिक रहा।
भारतीय शहरों में पीएम2.5 में परिवहन क्षेत्र का योगदान 20 से 35 प्रतिशत तक है। रिपोर्ट के अनुसार पराली जलाना भी एक बड़ी चुनौती है, लेकिन यह कुछ क्षेत्रों तक ही सीमित है। -
फरीदाबाद। खेलने के दौरान गिरे ‘फर्राटा पंखे' की एक पंखुड़ी (ब्लेड) दो साल के बच्चे के सिर में घुस गयी, जिसे एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने तीन घंटे लंबी सर्जरी के बाद सफलतापूर्वक निकाल दिया। अस्पताल द्वारा जारी बयान के अनुसार, बच्चा फर्राटा पंखे के पास खेल रहा था कि तभी वह (पंखा) गिरा और उसकी करीब 30 सेंटीमीटर लंबी पंखुड़ी बच्चे की खोपड़ी में तीन सेंटीमीटर अंदर घुस गयी।
बयान के अनुसार, फरीदाबाद में स्थित फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल में न्यूरोसर्जरी विभाग के डॉक्टर नितिश अग्रवाल के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने तीन घंटे लंबी जटिल सर्जरी के बाद पंखुड़ी को बच्चे के सिर से बाहर निकाला। बच्चे को 17 फरवरी को जब अस्पताल में जाया गया था तो वह बेहोश था और उसके घाव से मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी में पाया जाने वाला रंगहीन तरल रिस रहा था।
सर्जरी के बाद बच्चे को शिशुओं के आईसीयू में भर्ती किया गया था, बाद में उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। उसे किसी भी प्रकार के संक्रमण से बचाने के लिए सात दिनों तक एंटीबायोटिक के स्लाइन पर रखा गया। -
शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में बुधवार को मुरुम (मिट्टी का) खदान के धंसकने से उसमें से पीली मिट्टी निकाल रहे दो युवकों की माटी में दबने से मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गये। यह जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने दी।
ब्योहारी के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) रवि प्रकाश कौल ने बताया कि घटना शहडोल जिला मुख्यालय से करीब 95 किलोमीटर दूर ब्योहारी थाना क्षेत्र के ग्राम खड्डा और झरौसी के बीच सुबह लगभग 10:30 बजे हुई। उन्होंने कहा कि कुछ ग्रामीण मुरुम खदान से पीली मिट्टी खोदकर उसे ट्रैक्टर में भर रहे थे कि तभी मिट्टी ऊपर से गिरी और दो युवक उसमें दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कौल ने बताया कि मृतकों की पहचान अनीस कोल (20) और मुकेश कोल (19) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि इस घटना में दो अन्य युवक घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए ब्योहारी स्थित एक अस्पताल में भर्ती किया गया है। -
जयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले में सोमवार की रात एक व्यक्ति ने कहासुनी के बाद कथित रूप से अपनी पत्नी की हत्या कर दी और बाद में आत्महत्या करने का भी प्रयास किया। पुलिस ने बुधवार को बताया कि मामला मंगलवार शाम को मकान मालिक द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद सामने आया। मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि दंपती पिछली रात से कमरे से बाहर नहीं निकले हैं।
पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और आरोपी पति बाबूलाल सुथार (25) को लेटा हुआ जबकि उसकी पत्नी सोनू (22) को सिर में गंभीर चोट के कारण बेहोश पड़ा देखा। पुलिस ने बताया कि घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना सवीना थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि दंपती में आपसी विवाद के बाद आरोपी ने सोनू को गैस सिलेंडर से मारा, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपी बाबूलाल ने गला काट कर आत्महत्या करने की भी कोशिश की लेकिन वह ऐसा नहीं कर सका और उसी कमरे में सो गया। सवीना थानाधिकारी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को देर शाम तक जब मकान मालिक ने दंपती को नहीं देखा तो दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचित किया। कुमार ने बताया कि बढ़ई का काम करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। -
मुंबई। देश में 2022 में 23 कंपनियों को यूनिकॉर्न का दर्जा मिला है जो चीन की तुलना में कहीं अधिक है। बीते वर्ष चीन में एक अरब डॉलर के मूल्यांकन वाले ऐसे स्टार्टअप की संख्या महज 11 रही। यह लगातार दूसरी बार है जब इस मामले में भारत ने चीन को पीछे छोड़ा है। बुधवार को जारी एक रिपोर्ट से यह जानकारी मिली।
आईवीसीए-बेन एंड कंपनी की रिपोर्ट में बताया गया कि अब भारत में उच्च मूल्य वाली इन कंपनियों की संख्या 96 हो गई है। हालांकि इस वर्ष यूनिकॉर्न बनने वाली कंपनियों की संख्या 2021 के मुकाबले लगभग आधी है। उस समय देश में 44 यूनिकॉर्न बने थे और उस वर्ष इनकी कुल संख्या 73 पर पहुंच गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक इस वर्ष 23 यूनिकॉर्न में से नौ शीर्ष तीन महानगरों को छोड़कर दूसरे शहरों से हैं।
यह बताता है कि वित्तपोषण अब छोटे शहरों में काम करने वाले स्टार्टअप को भी मिल रहा है। कुल वित्तपोषण में छोटे शहरों के स्टार्टअप को मिलने वाला वित्तपोषण 18 प्रतिशत बढ़ गया है। इसमें कहा गया कि 2022 में व्यापक आर्थिक अनिश्चितता और मंदी की आशंका बढ़ने से निवेश की गति प्रभावित हुई और देश में उद्यम पूंजी निवेश घट गया। प्रतिकूल परिस्थितियों के हावी होने से निवेश की गति साल की दूसरी छमाही में ज्यादा प्रभावित हुई।
बेन एंड कंपनी ने यह वार्षिक रिपोर्ट इंडियन वेंचर एंड अल्टरनेट कैपिटल एसोसिएशन (आईवीसीए) के साथ मिलकर तैयार की है। इसमें कहा गया कि घरेलू स्टार्टअप परिवेश में सौदे के मूल्य में 33 प्रतिशत का संकुचन आने के बावजूद देश 23 यूनिकॉर्न जोड़ पाया है। सौदे का मूल्य 2021 के 38.5 अरब डॉलर से घटकर 2022 में 25.7 अरब डॉलर रह गया।
बेन एंड कंपनी में साझेदार अर्पण सेठ ने कहा कि आगे जाकर भी व्यापक आर्थिक प्रतिकूल परिस्थितियां वित्त पोषण को प्रभावित करेंगी लेकिन 2023 में देश में और अधिक जुझारू परिवेश बनने की उम्मीद भी है। आईवीसीए के अध्यक्ष रजत टंडन ने कहा, ‘‘उद्योग की दीर्घकालिक वृद्धि की संभावनाओं और अनिश्चितताओं से पार पाकर अवसरों की पहचान करने की उसकी क्षमता को लेकर हम आशावादी हैं।' -
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि देश के विभिन्न राज्यों की सरकारें और धार्मिक संगठन अयोध्या में अपने भवन, आश्रम और धर्मशालाओं के निर्माण के लिए जमीन देने का अनुरोध कर रहे हैं। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने लोक भवन में आवास एवं शहरी नियोजन विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश टाउनशिप नीति-2023 के सम्बन्ध में दिया गया प्रस्तुतीकरण देखने के बाद अपने संबोधन में कहा, ‘‘अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मन्दिर बन रहा है। देश के विभिन्न राज्यों की सरकारों तथा धार्मिक संगठनों द्वारा अयोध्या में अपने भवन/आश्रम/धर्मशाला आदि के निर्माण के लिए भूमि के लिए अनुरोध किया जा रहा है।'' आवंटन की कार्यवाही को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि आवंटित की जाने वाली भूमि के लिए बेहतर कनेक्टिविटी का प्रावधान किया जाए। गौरतलब है कि अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।
-
अयोध्या . अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करा रहा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट नवरात्रि के दौरान आगामी 21 से 30 मार्च तक अयोध्या में 10 दिवसीय ‘राम जन्म महोत्सव' का आयोजन करेगा। राम मंदिर ट्रस्ट ने मंगलवार देर शाम अपने ट्विटर हैंडल से महोत्सव का आधिकारिक पोस्टर जारी किया है।
ट्रस्ट के एक अधिकारी ने बताया कि खेल प्रतियोगिताओं में ‘रन फॉर राम' मैराथन दौड़, कुश्ती, कबड्डी, नौका दौड़, तलवारबाजी, साइकिल दौड़ और ग्रामीण क्षेत्रों में लोकप्रिय कुछ अन्य खेल शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि उत्सव के प्रति दिन शाम को धार्मिक सभाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें महाकाव्य श्रीरामचरित मानस की कहानियों पर आधारित नाटकों का प्रदर्शन, भारतीय संगीत वाद्ययंत्रों के साथ संगीतमय प्रस्तुतियां और कवियों का जमावड़ा भी शामिल होगा जो अपनी कविताओं के माध्यम से भगवान राम की स्तुति का पाठ करेंगे। -
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी स्थित जंतर मंतर पर 2022 में धरना, प्रदर्शन की संख्या में इसके पिछले वर्ष की तुलना में 23 प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि हुई जो मुख्यत: कोविड संबंधी पाबंदियों में ढील के कारण हुई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जंतर मंतर पर पिछले साल पुलिस की अनुमति के साथ 661 प्रदर्शन और 189 धरने दिये गये, जबकि 2021 में यहां 560 प्रदर्शन और 129 धरने हुए। साल 2021 में अप्रैल और मई के बीच राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 की दूसरी लहर आई थी जिस दौरान दिल्ली सरकार ने प्रदर्शन समेत किसी भी तरह के समागम पर रोक लगा दी थी। आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि जंतर मंतर पर पिछले साल 2021 की तुलना में धरना प्रदर्शन में 23.36 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि धरना अधिकतर शांतिपूर्ण होते हैं, वहीं प्रदर्शन कभी-कभार उग्र रूप ले सकते हैं।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी के वसंत कुंज में कुत्तों के हमले में दो बच्चों की मौत के कुछ दिन बाद दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय ने मंगलवार को अधिकारियों को आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए एक सप्ताह के भीतर कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारियों ने बताया कि ओबेरॉय ने मंगलवार को आपात बैठक की।
उन्होंने कहा, आवारा कुत्तों के कारण होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए महापौर शैली ओबेरॉय ने अधिकारियों के साथ आपातकालीन बैठक की। वसंत कुंज में कुत्तों के हमले की घटना के बाद ओबेरॉय ने आपात बैठक बुलाई थी।'' अधिकारियों ने कहा, ‘‘महापौर ने अधिकारियों को आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए एक सप्ताह के भीतर कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया था। इस मुद्दे पर महापौर ने बुधवार को पशुओं से जुड़े गैर-सरकारी संगठनों, गौशाला संचालकों और पशु चिकित्सा विशेषज्ञों की बैठक बुलाई है।'' पुलिस ने रविवार को कहा था कि दो दिनों में अलग-अलग घटनाओं में रूचि विहार के वनक्षेत्र में सात और पांच साल की आयु के दो बच्चों की आवारा कुत्तों के हमले में मौत हो गई। -
नयी दिल्ली. खेती-बाड़ी के लिए महत्वपूर्ण माने लाने वाले पानी की कमी को दूर करने के लिए कृषि क्षेत्र की अग्रणी कंपनी धानुका एग्रीटेक लिमिटेड जल्द ही जल संचय हेतु देशव्यापी अभियान शुरू करेगी। धानुका ग्रुप के चेयरमैन आर जी अग्रवाल ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि कंपनी जल संचयन कार्य को लेकर बेहद गंभीर है और इस दिशा में कई सार्थक पहल भी किए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि 22 मार्च को विश्व जल दिवस के उपरांत यह अभियान एक वर्ष तक लगातार चलाया जाएगा और इसके लिए जगह-जगह किसानों की संगोष्ठी समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने देश भर में जल संकट और घटते भू-जल स्तर की समस्याओं पर चिंता जताई और कहा कि अब हमें इस दिशा में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। विश्व जल दिवस 22 मार्च को मनाया जा रहा है जिसके उपरांत इस देशव्यापी अभियान में लोगों को जल संचय के प्रति जागरूक किया जाएगा। खासकर किसानों को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से यह बताने की कोशिश की जाएगी कि कृषि कार्य में कैसे जल को बचाया जा सकता है और उसका संचयन किया जा सकता है। खेतों में रसायन या कीटनाशकों के छिड़काव में कम पानी के इस्तेमाल के बारे में अग्रवाल ने कहा कि धानुका कंपनी देश भर में प्रोद्योगिकी के इस्तेमाल के लिए जागरूकता अभियान चलाएगी। साथ ही, कंपनी देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का पूर्वानुमान करने वाले ‘मौसम जानकारी केन्द्र' की स्थापना करेगी ताकि किसानों को मौसम के अनुरूप पानी के इस्तेमाल की जानकारी दी जा सके।
-
नयी दिल्ली. एनएमडीसी के निदेशक (वित्त) अमिताभ मुखर्जी ने चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया है। भारतीय रेलवे लेखा सेवा (आईआरएएस) के 1995 बैच के अधिकारी मुखर्जी एक कॉस्ट एकाउंटटेंट भी हैं। एनएमडीसी ने बीएसई को भेजी एक सूचना में कहा कि मुखर्जी के ही नेतृत्व में एनएमडीसी लिमिटेड से एनएमडीसी स्टील लिमिटेड के अलगाव को समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया। परियोजना प्रबंधन, डिजिटल पहल और नीति निर्माण उनकी विशेषता है। एनएमडीसी में शामिल होने से पहले, वह रेल विकास निगम लिमिटेड में महाप्रबंधक (वित्त) थे।
-
नयी दिल्ली. सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने मंगलवार को कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) मुहैया कराने में सबसे आगे रहने वाले देश के तौर पर उभरा है। जनरल चौहान ने यह बात भारत की शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की अध्यक्षता के हिस्से के तौर पर रक्षा मंत्रालय के एकीकृत रक्षा स्टाफ (आईडीएस) द्वारा आयोजित एक कार्यशाला में एक डिजिटल संदेश में कही। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इसमें कजाकिस्तान, किर्गिजस्तान, बेलारूस, मंगोलिया, पाकिस्तान और चीन के वक्ताओं ने हिस्सा लिया, साथ ही रूस ने इसमें डिजिटल तरीके से हिस्सा लिया। जनरल चौहान ने कहा, ‘‘वसुधैव कुटुम्बकम की हमारी सांस्कृतिक मान्यताओं को ध्यान में रखते हुए भारत इस क्षेत्र में और उससे आगे एचएडीआर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।'' उन्होंने कहा कि तुर्की में हाल ही में आए भूकंप के बाद 'ऑपरेशन दोस्त' का समय पर शुरू होना दुनिया के सभी संभावित कोनों तक मदद पहुंचाने की भारत की इच्छा का प्रमाण है। सीडीएस ने कहा कि आपदाओं के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए सामूहिक दृष्टिकोण आवश्यक है और इस उद्देश्य के साथ भारत विभिन्न देशों और बहुपक्षीय संगठनों के साथ बहुपक्षीय अभ्यास कर रहा है, जैसे- 2021 में पुणे में बिम्सटेक सदस्यों के लिए एचएडीआर अभ्यास पैनेक्स 21, आसियान सदस्यों के लिए आगरा में 2022 में समन्वय 22 आदि।
-
नई दिल्ली। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ ने बेंगलुरु में हलके लडाकू विमान तेजस पर पावर टेक ऑफ शॉफ्ट-पीटीओ की पहली उड़ान सफलतापूर्वक पूरी की। यह शॉफ्ट लडाकू अनुसंधान और विकास संस्थान-सीबीआरडीई, चेन्नई के रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित और डिजाइन किया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ, पीएसयू और उद्योग की सराहना की है और कहा है कि पीटीओ शॉफ्ट का सफल संचालन आत्मनिर्भर भारत की दिशा में प्रमुख उपलब्धि है। रक्षा मंत्री ने कहा कि पीटीओ शॉफ्ट विमान में महत्वपूर्ण अंग है, जो भावी लडाकू विमानों की आवश्यकता और उनके स्वरूप के लिए सहायक होगा। पीटीओ शॉफ्ट का डिजाइन और अनूठे नवाचार पेंटेंट फिक्वेंसी स्पेनिंग टेक्निक द्वारा किया गया, जो विभिन्न ऑपरेटिंग इंजन गति प्रदान करने में सहायक होता है।
-
लखनऊ. कोलकाता से अमृतसर जा रही अकाल तख्त एक्सप्रेस में बिहार के किऊल से सवार एक दंपत्ति ने एक व्यक्ति पर पेशाब करने का आरोप लगाया है । शिकायत के बाद उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया । बाद में पता चला कि उक्त व्यक्ति बिहार का रहने वाला है और सहारनपुर में रेलवे के टीटी के रूप में कार्यरत है, लेकिन वह इस ट्रेन में डयूटी पर तैनात नही था । उस पर आरोप है कि वह शराब के नशे में था । राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) लखनऊ के इंस्पेक्टर नवरत्न गौतम ने मंगलवार को को बताया कि राजेश नामक यात्री ने शिकायत की कि वह और उसकी पत्नी अकाल तख्त एक्सप्रेस के डिब्बा ए 1 की सीट संख्या 31 व 32 पर बिहार के किऊल से अमृतसर जा रहे थे । शिकायतकर्ता के अनुसार 13 मार्च की देर रात करीब साढ़े बारह बजे एक व्यक्ति ने उनकी पत्नी के सिर पर पेशाब कर दिया । गौतम ने बताया कि इस बात की शिकायत जीआरपी चारबाग लखनऊ से की गयी तो आरोपी को चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 4/5 से गिरफ्तार कर लिया गया । उन्होंने बताया कि आरोपी रेलवे में टीटी हैं और सहारनपुर में तैनात हैं । वह इस ट्रेन अकाल तख्त एक्सप्रेस में तैनात नही थे । उन्होंने बताया कि आरोपी नशे में था या नहीं, इस बारे में जांच की जा रही हैं ।



























