- Home
- देश
-
पुरी (ओडिशा) .कोविड महामारी शुरू होने के करीब दो साल बाद, ओडिशा सरकार ने 12वीं शताब्दी के भगवान जगन्नाथ मंदिर को इस रविवार से श्रद्धालुओं के लिए खोलने का फैसला किया। जनवरी में महामारी की तीसरी लहर के दौरान नए मामलों में वृद्धि के कारण मंदिर करीब 21 दिनों तक बंद रहा था। उसके बाद 21 फरवरी को मंदिर आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया था। लेकिन यह सोमवार से शनिवार तक ही खुला रहता था। मंदिर रविवार को साफ-सफाई के लिए बंद रहता था। रविवार को मंदिर खोलने का फैसला राज्य में कोविड-19 मामलों की संख्या में आयी कमी को ध्यान में रखते हुए किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि तटीय राज्य में रविवार को 45 नए मामले सामने आए जो लगभग दो वर्षों में सबसे कम है। संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 12,87,153 हो गयी है। ओडिशा में अब 627 मरीज उपचाराधीन हैं जबकि 12,77,357 लोग इस बीमारी से उबर चुके हैं।
कोविड मामलों में देश भर में कमी आने और महामारी की स्थिति में सुधार को देखते हुए, श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन ने रविवार को मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति देने का निर्णय लिया है। एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि मंदिर को बंद करने के बजाय अब रात के समय साफ-सफाई की जाएगी। श्रद्धालुओं पर लगे अधिकतर प्रतिबंध हटा लिए गए हैं, लेकिन कोविड संबंधी उचित व्यवहार जैसे मास्क पहनना, सामाजिक दूरी बनाए रखना और हाथों की सफाई आदि का पालन करना होगा। -
पुडुचेरी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी. नारायणसामी ने रविवार को कहा कि पांच राज्यों के हालिया विधानसभा चुनाव में हार के लिए कांग्रेस पार्टी के सभी लोग जिम्मदार हैं। नारायणसामी ने ऑनलाइन प्रेसवार्ता में कहा, '' यह कहना सही नहीं होगा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के लिए पार्टी नेतृत्व ही जिम्मदार था। कांग्रेस की हार के लिए सभी लोग किसी ना किसी रूप में जिम्मेदार हैं।'' उन्होंने कहा, '' पार्टी कार्यकर्ताओं को हालिया विधानसभा चुनावों में हार से हतोत्साहित नहीं होना चाहिए। असफलताएं ही सफलता का रास्ता दिखाती हैं इसलिए कांग्रेस को 2024 के लोकसभा चुनाव में जीतने के लिए रणनीति बनानी चाहिए। हालांकि, पांच राज्यों के चुनाव नतीजे चौंकाने और निराश करने वाले रहे।' -
नई दिल्ली। विश्व प्रसन्नता सूचकांक में 146 देशों की सूची में भारत 136वें स्थान पर है। फिनलैंड लगातार पांचवें वर्ष सबसे खुशहाल देश बन गया है। सूची में शीर्ष पांच देश यूरोप से हैं। इस सूची में अमरीका 16वें स्थान पर और अफगानिस्तान सबसे निचले पायदान पर है। इस रिपोर्ट में डेनमार्क दूसरे, आइसलैंड तीसरे, स्विट्जरलैंड चौथे और नीदरलैंड्स पांचवे स्थान पर है। लक्जमबर्ग, नॉर्वे, इस्राइल और न्यूजीलैंड शीर्ष 10 देशों में शामिल हैं। बांग्लादेश प्रसन्न्ता सूचकांक में सात अंक ऊपर रहा। पिछले साल बांग्लादेश 101वें स्थान पर था जो इस वर्ष सुधरकर 94वे स्थान पर आ गया है।
इस वर्ष विश्व प्रसन्नता दिवस की दसवीं वर्षगांठ है। इस रिपोर्ट में लोगों की खुशहाली को संतुष्टि, सकारात्मकता और नकारात्मकता के तीन पैमानों पर मापा जाता है। ये पैमाने हैं - जीवन मूल्यांकन, सकारात्मक भावनाएं, और नकारात्मक भावनाएं। इस रिपोर्ट में कोविड काल में सकारात्मक और नकारात्मक भावनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है ताकि यह पता लग सके कि कोविड ने जीवन के विभिन्न पहलुओं को कितना बदल दिया है। -
नई दिल्ली। नीति आयोग का महिला उद्यमशीलता मंच अपने पांचवें वीमेन ट्रांसफॉर्मिंग इंडिया अवार्डस् के अंतर्गत आज 75 महिलाओं को पुरस्कृत करेगा। आयोग के अनुसार भारत की आज़ादी के 75वें वर्ष के आयोज़न के सिलसिले में आज़ादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत 75 महिलाओं को सशक्त और समृद्ध भारत से संबंधित उपलब्धियों में योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।आयोग ने बताया है कि ये पुरस्कार पुद्दुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल किरन बेदी, संयुक्त राष्ट्र की पूर्व सहायक महासचिव लक्ष्मी पुरी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की पूर्व अध्यक्ष अरूंधति भट्टाचार्य और अन्य प्रमुख महिलाओं द्वारा प्रदान किए जाएंगे। नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत और वरिष्ठ अधिकारी तथा गायक कैलाश खेर इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। वीमेन ट्रांसफॉर्मिंग इंडिया अवार्ड प्रतिवर्ष भारत की प्रमुख महिलाओं के उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किए जाते हैं।
-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खा़ड़ी और उससे लगे दक्षिण अंडमान सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर और अंडमान निकोबार द्वीप समूह की ओर बढ़ रहा है। अगले 24 घंटे में इसके गहन दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। मंगलवार 22 मार्च को इस तूफान के उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश और पूर्वी म्यांमा के तट से टकराने की संभावना है।
यह पोर्ट ब्लेयर से 170 किलोमीटर दूर केन्द्रित है। पिछले कुछ घंटे के दौरान असानी चक्रवात पूर्व की ओर बढ़ चुका है। इस चक्रवात के कारण रविवार को सुबह पोर्ट ब्लेयर में मध्यम वर्षा हुई है। अगले एक या दो दिन में आंधी और भारी वर्षा की संभावना है। तूफान की गति 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। मछुआरों को 22 मार्च तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। अंडमान निकोबार द्वीप समूह में एहतियात के तौर पर 22 मार्च तक सभी तरह की पर्यटन गतिविधियां स्थगित कर दी गई हैं। सभी स्कूल कल बंद रहेंगे। नौवहन सेवाएं रद्द कर दी गई हैं। चेन्नई के लिए निर्धारित जहाज सेवा भी रविवार को रद्द कर दी गई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने स्थिति पर पैनी नजर बनाए रखने के लिए चौबीसों घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है। इस बीच, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के दल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के निचले इलाकों में फंसे लोगों को निकालना जारी रखे हुए हैं। तलाश और बचाव अभियान में सहायता के लिए उत्तरी और मध्य अंडमान जिले में कई टीमें लगाई गई हैं। - -मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री को दिया धन्यवादबेंगलुरु। यूक्रेन में मारे गए भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा का पार्थिव शरीर हावेरी जिले में आज उनके पैतृक स्थान पहुंचा। यहां पर नवीन शेखरप्पा को श्रद्धांजलि दी जा रही है। खारकीव 'नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में मेडिकल के अंतिम वर्ष के छात्र नवीन शेखरप्पा ज्ञानगौदर की एक मार्च को संघर्ष क्षेत्र में मौत हो गई थी। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बेंगलुरू हवाईअड्डे पहुंचकर पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की।नवीन शेखरप्पा के पिता शंकरप्पा ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि पहले पूजा होगी, उसके बाद बॉडी को दर्शन के लिए रखा जाएगा और शाम को उसकी बॉडी को एस.एस.अस्पताल दावणगेरे को डोनेट करेंगे। उन्होंने कहा कि नवीन का बचपन से डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करने का इरादा था लेकिन उसे यहां मेडिकल सीट नहीं मिल पाई। उसके मन में था कि मुझे जहां भी मेडिकल सीट मिलेगी मैं जाऊंगा फिर उसे यूक्रेन भेजना पड़ा , लेकिन वो डॉक्टर बनने का सपना पूरा नहीं कर पाया । नवीन के पिता ने कहा- कम से कम आगे आने वाले बच्चों को सीखने में उसकी बॉडी से कुछ फायदा होगा इसलिए हमने उसकी बॉडी डोनेट करने का फैसला किया है।मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को दिया धन्यवादकर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा -दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे बच्चे(नवीन शेखरप्पा) की यूक्रेन में जान चली गई। नवीन का पार्थिव शरीर यूक्रेन से यहां लाना बहुत मुश्किल था। ये बहुत साहस की बात है। हमारे प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री और सरकार ने ये करके दिखाया। मैं उन सभी को धन्यवाद देता हूं।
- इंफाल। एन. बीरेन सिंह लगातार दूसरी बार मणिपुर के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। वे आज दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले रविवार को राज्य पार्टी मुख्यालय में भाजपा विधायकों की बैठक के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि नए निर्वाचित विधायकों ने सर्व सम्मति से एन बीरेन सिंह को विधायक दल का नेता चुना। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह निर्णय मणिपुर में राजनीतिक स्थिरता और सुशासन सुनिश्चित करने में काफी मददगार साबित होगा। श्रीमती सीतारामन, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और किरेन रिजिजू के साथ रविवार सुबह नई दिल्ली से इम्फाल पहुंची थीं।मणिपुर में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद एन बीरेन सिंह लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री का पद संभालेंगे। इस महीने की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले सिंह ने फुटबॉल खिलाड़ी के तौर पर अपना सफर शुरू किया और फिर सीमा सुरक्षा बल में उन्हें नौकरी मिल गई। हालांकि इसके बाद उन्होंने पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और स्थानीय भाषा के अखबार ‘नहारोल्गी थोउदांग' के संपादक बने। सिंह यहीं नहीं रुके और दो दशक पहले वह राजनीति के मैदान में कूद गए। वह पहली बार 2002 में डेमोक्रेटिक रेवोल्यूशनरी पीपुल्स पार्टी के टिकट पर विधानसभा के सदस्य बने। सिंह ने पहला चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस का दामन थाम लिया और 2003 में राज्य की तत्कालीन ओकराम इबोबी सिंह नीत सरकार में सतर्कता राज्य मंत्री बने और वन तथा पर्यावरण मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार संभाला। सिंह इस सरकार में इबोबी सिंह के विश्वासपात्र बने और 2007 में फिर से निर्वाचित होने के बाद सिंचाई और खाद्य नियंत्रण, युवा मामलों और खेल तथा उपभोक्ता मामलों और जनापूर्ति विभाग के मंत्री बने। बीरेन सिंह 2012 में तीसरी बार निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंचे लेकिन इबोबी सिंह से उनका रिश्ता बिगड़ गया था और उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के खिलाफ विद्रोह कर दिया। बाद में उन्होंने मणिपुर विधानसभा की सदस्यता और मणिपुर प्रदेश कांग्रेस समिति की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और अक्टूबर 2016 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। भाजपा में शामिल होने के बाद वह पार्टी की मणिपुर इकाई के प्रवक्ता और चुनाव प्रबंधन समिति के सह-समन्वयक बने। 2017 में वह भाजपा के टिकट पर रिकॉर्ड चौथी बार हेईगांग सीट से निर्वाचित हुए और पहली बार राज्य के मुख्यमंत्री बने। हालांकि, पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा को सिर्फ 21 सीटें मिली थीं। लेकिन पार्टी कांग्रेस के कई विधायकों को अपनी ओर लाने में सफल रही और उसका संख्याबल बढ़कर 28 हो गया। सिंह ने 15 मार्च, 2017 को मणिपुर में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। उग्रवाद से प्रभावित बहु-जातीय राज्य मणिपुर के मुख्यमंत्री के रूप में पिछले पांच साल में शांति स्थापना और घाटी तथा पहाड़ के लोगों के बीच की खाई पाटने का व्यापक रूप से श्रेय सिंह को दिया जाता है। मुख्यमंत्री रहते हुए सिंह ने ‘गो टू हिल्स' (पहाड़ों तक पहुंचें), ‘मीयाम्गी नुमित' (हर महीने की 15 तारीख जनता का दिन) और ‘हिल्स लीडर्स डे' (पहाड़ के नेताओं का दिन) जैसे कदम उठाए जिससे राज्य के सुदूर इलाकों में रहने वाले लोगों को भी अपने निर्वाचित नेताओं और शीर्ष नौकरशाहों से मिलने का मौका मिला। सरकार को जनता के करीब ले जाने वाले इन कदमों के कारण सिंह को जमीन से जुड़ा नेता भी कहा जाता है। पिछले पांच साल में थोंगाम बिस्वजीत सिंह की मुख्यमंत्री बनने की आकांक्षा के कारण मणिपुर में सरकार के लिए कुछ आंतरिक चुनौतियां पैदा हुईं, लेकिन सिंह उनसे निपटते हुए पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा करने में सफल रहे।
- मुंबई . मुंबई के उपनगरीय इलाके वर्सोवा में शराब खरीदने के लिए पैसे नहीं देने पर एक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मुंबई पुलिस ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में उसने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि घटना शुक्रवार रात ‘सेवन बंगला' इलाके में हुई और शनिवार को आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। वर्सोवा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान सूरज संजय झिंझोटिया के रूप में हुई। झिंझोटिया ‘सेवन बंगला' इलाके में अपने आवास के लिए जा रहा था। इसी दौरान प्रमुख आरोपी , जो पीड़ित को जानता था, ने उसे अपने सहयोगियों के साथ रोका और शराब के लिए पैसे मांगने लगा। इस पर पीड़ित और अन्य के बीच झगड़ा होने लगा। इसके बाद आरोपियों ने संजय को डंडों से पीटना शुरू कर दिया जिससे वह घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और संजय को नजदीकी अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
- नयी दिल्ली. लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने राष्ट्रीय राजधानी के छह अस्पतालों में भर्ती मरीजों के तीमारदारों को मुफ्त भोजन देने की पहल की है। लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, बिरला सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में अपने सरकारी आवास से छह "प्रसादम रथ" (खाद्य ट्रक) को हरी झंडी दिखाएंगे। बिरला द्वारा 'आओ साथ चले' संगठन को उपलब्ध कराए गए इन ट्रकों में खाना पकाने और गर्म करने की सुविधा है। इन ट्रकों से राम मनोहर लोहिया अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल और लेडी हार्डिंग अस्पताल सहित छह अस्पतालों में भर्ती मरीजों के तीमारदारों को गर्म, स्वच्छ और पौष्टिक खाना दिया जाएगा। अभी तक यह संगठन प्रतिदिन चार अस्पतालों में भर्ती एक हजार मरीजों के तीमारदारों को पैकेट में भोजन उपलब्ध करा रहा है। बयान में कहा गया है कि बिरला की पहल पर अब इसका विस्तार किया गया है। इसमें कहा गया है कि इस सेवा का विस्तार राष्ट्रीय राजधानी के अन्य अस्पतालों में भी करने की योजना है।
- अंबाला. अंबाला के सादोपुर गांव में एक पब्लिक स्कूल के परिसर के निकट खाली मैदान से रविवार को तीन हथगोले बरामद हुए। यह गांव अंबाला-चंडीगढ़ राजमार्ग के करीब और अंबाला शहर से तीन किलोमीटर दूर है। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मैदान के पास एक मेडिकल कॉलेज की निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत भी है। पुलिस ने कहा कि मामला तब सामने आया, जब निर्माणाधीन इमारत में काम करने वाला एक मजदूर आज सुबह मैदान में गया और वहां बम जैसा सामान पड़ा हुआ देखा। पुलिस ने बताया कि मजदूर ने मामले की सूचना अपने सुपरवाइजर को दी, जिन्होंने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद अंबाला के पुलिस अधीक्षक जशनदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया। दस्ते ने पास के खाली पड़े इलाके में तीनों हथगोलों को निष्क्रिय कर दिया। पुलिस ने कहा कि यह पता नहीं चल सका है कि हथगोले वहां कैसे पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जिस क्षेत्र से हथगोले मिले, उसके आसपास के क्षेत्र में तीन पब्लिक स्कूल हैं। अंबाला-चंडीगढ़ रेल ट्रैक भी इसके पास से गुजरता है।
- मलप्पुरम (केरल) . मलप्पुरम जिले में वंदूर के पास एक स्कूल के मैदान में फुटबॉल मैच के आयोजन के दौरान अस्थायी गैलरी ढह जाने से 225 लोग घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायलों में किसी की भी हालत गंभीर नहीं है। यह घटना शनिवार की रात वंदूर और कालिकावु के पास पोंगोडु में फुटबॉल मैच शुरू होने से कुछ मिनट पहले हुई। उन्होंने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और स्थानीय स्कूल के मैदान में आयोजित फुटबॉल मैच के आयोजकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 337 (चोट पहुंचाना), 338 (गंभीर चोट पहुंचाना) और 308 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन अपराधों में चोट पहुंचाने के लिए न्यूनतम छह महीने से लेकर गैर इरादतन हत्या के प्रयास के आरोप में अधिकतम सात साल तक की जेल की सजा हो सकती है। मैच देखने के लिए करीब 3,500 लोग इकट्ठा हुए थे। क्षेत्र के स्थानीय फुटबॉल क्लब द्वारा दान के लिए धन इकट्ठा करने को लेकर मैच का आयोजन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि 225 घायलों में से पांच को पैर में चोट आई और एक को रीढ़ की हड्डी में मामूली चोट लगी। अधिकतर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
- हैदराबाद . हैदराबाद में मटन बनाने से इनकार करने पर पत्नी की शिकायत करने के लिये बार-बार पुलिस को फोन करने वाले 20 वर्षीय व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के अनुसार पत्नी के मटन करी बनाने से मना करने पर कथित रूप से नशे में धुत्त व्यक्ति ने शुक्रवार रात पांच बार 100 नंबर पर फोन किया। पुलिस ने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर शनिवार को फोन करने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया और बाद में चेतावनी देकर छोड़ दिया।
- इटावा (उत्तर प्रदेश). इटावा जिले के बकेवर क्षेत्र में रविवार को डेढ़ साल के एक बच्चे का कटा हुआ सिर बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने बताया कि बकेबर थाना क्षेत्र के कस्बे में काशी राम कालोनी के निकट खेत में डेढ़ वर्ष के एक बच्चे का कटा हुआ कटा सिर बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि आसपास काफी खोजबीन के बावजूद बच्चे का धड़ बरामद नहीं हो सका। शव की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
- बीकानेर. राजस्थान के देशनोक कस्बे के पास रविवार को एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई व पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार बीकानेर-जोधपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर देशनोक के पास यह हादसा एक जीप व ट्रक की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ। देशनोक पुलिस थाने से मिली जानकारी अनुसार हादसे में जीप में सवार बीकानेर निवासी सूर्य प्रताप सिंह (22) व मांगू सिंह (25) की मौत हो गई। जीप में सवार तीन अन्य राजेंद्र सिंह, रामकिशन व विजयपाल भांभू तथा ट्रक चालक पूर्ण सिंह व खलासी बलजीत सिंह निवासी जलालाबाद, पंजाब भी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में ट्रक व जीप के आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इससे राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव भी परिजनों को सौंप दिए गए है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ प्रारंभिक मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
- पोर्ट ब्लेयर. चक्रवात ‘आसनी' के प्रभाव से रविवार को बारिश और तेज हवाओं के कारण अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में आम जनजीवन प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साल के पहले चक्रवाती तूफान के तेजी से द्वीप समूह की तरफ बढ़ने के मद्देनजर अंतर-द्वीपीय जहाज सेवा के अलावा चेन्नई एवं विशापत्तनम समेत अन्य क्षेत्रों के लिए जहाज सेवाओं को भी रोक दिया गया है और मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने का अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, एहतियात के तौर पर द्वीप समूह के विभिन्न हिस्सों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के लगभग 150 कर्मियों को तैनात किया गया है और छह राहत शिविर भी स्थापित किए गए हैं। आपदा प्रबंधन सचिव पंकज कुमार ने कहा, “मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे घबराएं नहीं, क्योंकि प्रशासन उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठा रहा है।” उन्होंने बताया कि पोर्ट ब्लेयर में एनडीआरएफ के कुल 68 कर्मियों, जबकि डिगलीपुर, रंगत और हटबे इलाकों में 25-25 कर्मियों को तैनात किया गया है। अधिकारी ने कहा कि पोर्ट ब्लेयर के साथ-साथ उत्तर एवं मध्य और दक्षिण अंडमान जिलों में भारी बारिश होने के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। उत्तर और मध्य अंडमान की जिला उपायुक्त अंजलि सहरावत ने कहा कि तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को एनडीआरएफ के कर्मियों द्वारा सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को जारी एक ट्विटर पोस्ट में कहा, “आज 20 मार्च 2022 को भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े पांच बजे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बना कल का कम दबाव वाला क्षेत्र न्यूनतम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील हो गया। अगले 24 घंटों के दौरान इसके और गहन न्यूनतम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की आशंका है।” आईएमडी ने कहा, “दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर पर दबाव आज भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े आठ बजे कार-निकोबार (निकोबार द्वीप समूह) से लगभग 110 किलोमीटर उत्तर और उत्तर-पश्चिम में केंद्रित था। भारतीय समयानुसार अगले दिन सुबह साढ़े पांच बजे न्यूनतम दबाव वाले क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में बदलने के आसार हैं।” मौसम विज्ञानियों के अनुसार, चक्रवाती तूफान के बांग्लादेश और म्यांमा के तटों की तरफ बढ़ने के भी आसार हैं। नौवहन सेवा निदेशालय ने 22 मार्च तक सभी अंतर-द्वीपीय सेवाओं को रद्द करने का आदेश दिया है। इसके अलावा, विशाखापत्तनम से एमवी कैंपबेल जहाज और चेन्नई जाने वाले एमवी सिंधु की यात्रा भी स्थगित कर दी गई है। चक्रवाती तूफान के कारण क्षेत्र के सभी स्कूल-कॉलेज भी बंद कर दिए गए हैं।
- नयी दिल्ली. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ‘बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी ब्लॉक' में जलने से घायल हुए मरीजों के लिए आपातकालीन सेवाओं को फिर से शुरू कर दिया गया है। ट्रॉमा सेंटर के बगल में स्थित इस केंद्र का उपयोग अब तक कोविड-19 रोगियों के इलाज के लिए एक अस्थायी केंद्र के रूप में किया जा रहा था। एम्स के चिकित्सा अधीक्षक द्वारा 15 मार्च को जारी एक परिपत्र के अनुसार, ‘बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी ब्लॉक' के भूतल पर आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध हैं और कोई भी यहां जेपीएनएटीसी परिसर में चौधरी झंडू सिंह रोड से प्रवेश कर सकता है। परिपत्र के अनुसार आपातकालीन सेवाओं के लिए आठ निरीक्षण बेड की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों के अनुसार, ब्लॉक लगभग 15,000 आकस्मिक मरीजों को देखने और एक साल में 5,000 मरीजों को देखने में सक्षम है। एक अधिकारी ने कहा कि भारत में प्रतिवर्ष जलने के लगभग 70 लाख मामले दर्ज किए जाते हैं और जलने की वजह से प्रति 1.4 लाख लोगों की जान चली जाती है, जबकि अन्य 2.4 लाख रोगियों गंभीर विकृतियों से ग्रसित हो जाते हैं।
- कानपुर (उत्तर प्रदेश). कानपुर जिले के महाराजपुर स्थित नागापुर घाट पर गंगा में नहाते समय डूबने से 11 साल की एक लड़की की मौत हो गई तथा दो अन्य लोग लापता हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों की मदद के आदेश दिए हैं।पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) ऋषिकेश यादव ने रविवार को बताया कि महाराजपुर के रहने वाले कुछ लोग शनिवार को नहाने के लिए गंगा के नागापुर घाट गए थे। इस दौरान कुछ लोग गहरे पानी में चले गए। उन्होंने बताया कि चीख-पुकार सुनकर नदी के किनारे खेतों में काम कर रहे किसानों ने मौके पर पहुंचकर डूब रहे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान लापता साक्षी नामक 11 वर्षीय लड़की का शव काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि नदी में डूबे दो अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को दुर्घटना के प्रभावितों को हर सम्भव मदद प्रदान करने के निर्देश दिये हैं।-file photo
- मुंबई. महाराष्ट्र की अगुवाई में सभी राज्यों का सामूहिक रूप से स्टाम्प शुल्क और पंजीकरण शुल्क संग्रह चालू वित्त वर्ष के पहले आठ माह में 1,00,100 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। एक रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है। बीते 2020-21 के पूरे वित्त वर्ष में यह आंकड़ा 1,27,700 करोड़ रुपये रहा था।मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज द्वारा राज्यवार आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-नवंबर की अवधि में 28 राज्यों का औसत मासिक संग्रह 12,500 करोड़ रुपये रहा। यह महामारी-पूर्व के 12,800 करोड़ रुपये के स्तर से कुछ कम है। लेकिन यह 2020-21 के 10,600 करोड़ रुपये के आंकड़े से अधिक है। रिपोर्ट में हालांकि, 2020-21 की समान अवधि के तुलनात्मक आंकड़े नहीं दिए गए हैं, क्योंकि उस समय देश में महामारी का संकट जारी था। आंकड़ों के अनुसार, मुंबई और पुणे के बूते महाराष्ट्र का स्टाम्प और पंजीकरण शुल्क संग्रह पहले आठ माह में 17,097 करोड़ रुपये रहा। कुल संग्रह में महाराष्ट्र का हिस्सा 17.1 प्रतिशत रहा। उसके बाद क्रमश: उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक का स्थान रहा। इन राज्यों का संग्रह क्रमश: 12,800 करोड़ रुपये, 8,700 करोड़ रुपये और 8,400 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2020-21 में महाराष्ट्र का कुल संग्रह 25,427 करोड़ रुपये रहा था। यह देश के सभी राज्यों के कुल संग्रह का 19.9 प्रतिशत बैठता है। इसके बाद उत्तर प्रदेश 16,475 करोड़ रुपये के संग्रह के साथ दूसरे स्थान पर रहा। कुल संग्रह में उसका हिस्सा 12.9 प्रतिशत रहा। तमिलनाडु 11,675 करोड़ रुपये या 9.1 प्रतिशत के साथ तीसरे और कर्नाटक 10,576 करोड़ रुपये या 8.3 प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर रहा। इन राज्यों के बाद क्रमश: गुजरात (7,390 करोड़ रुपये या 5.8 प्रतिशत),तेलंगाना (5,243 करोड़ रुपये या 4.1 प्रतिशत) और हरियाणा 5,157 करोड़ रुपये या चार प्रतिशत का स्थान रहा।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन जे बी महापात्र ने कहा है कि आयकर विभाग देश में ‘बेहद खराब' कर जागरूकता या साक्षरता में सुधार लाने के लिए काम कर रहा है ताकि कर भुगतान अदा वाले लोगों और संस्थाओं की संख्या बढ़ाई जा सके। इससे कुल कर संग्रह भी बढ़ेगा। महापात्र ने कहा कि प्रत्यक्ष कर संस्थान करदाताओं की संख्या प्रभावी ढंग से बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने ‘ कहा, ‘‘यहां जो कुछ करने की आवश्यकता है वह है कर संबंधी साक्षरता बढ़ाना जो देश में बहुत ही खराब स्थिति में है। उन्होंने कहा, ‘‘बैंकों के बारे में लोगों के बीच जानकारी बढ़ी है, लोग अब जानते हैं कि बैंक क्या हैं और उनमें खाता कैसे खुलवाया जाता है। बैंकों ने लोगों की बैंकिंग जानकारी बढ़ाने के लिए निवेश किया है। लेकिन आयकर के मामले में ऐसा नहीं हुआ और अभी यही हमारी प्राथमिकता है।'' देश में कर आधार को गहरा और व्यापक करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं, इस सवाल के जवाब में महापात्र ने कहा कि आयकर विभाग ने हाल में जम्मू-कश्मीर के दूरदराज के इलाकों में प्रत्येक पखवाड़े होने वाले ‘मुलाकात' कार्यक्रम का आयोजन किया था जिसमें विभाग के लोगों ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और विभाग तथा इसके कामकाज के बारे में उन्हें बताया। विभाग का अब तक का सर्वाधिक प्रत्यक्ष कर संग्रह चालू वित्त वर्ष में (16 मार्च तक) 13.63 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है।
- भोपाल . मध्य प्रदेश में बढ़ रही गर्मी के बीच शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा नीत राज्य सरकार ने अगले सप्ताहांत में राज्य के नर्मदापुरम जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में अपने मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित करने का फैसला किया है। एक मंत्री ने रविवार को एक न्यूज़ एजेंसी से कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक 26 और 27 मार्च को पचमढ़ी में आयोजित की जाएगी।उन्होंने कहा कि बैठक के एजेंडे के अनुसार इसमें मध्य प्रदेश के विकास के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं एवं विषयों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का मुख्य मकसद राज्य को आत्मनिर्भर बनाना है। मंत्रिमंडल की बैठक आमतौर पर राज्य की राजधानी भोपाल में मंगलवार या बुधवार को आयोजित की जाती है।यह पूछे जाने पर कि क्या 'सतपुड़ा की रानी' के रूप में पहचाने जाने वाले पचमढ़ी को राज्य में गर्मी के मद्देनजर मंत्रिमंडल की बैठक के लिए स्थल के रूप में चुना गया है, तो इस पर उन्होंने कहा, ‘‘इसे इस तरह से नहीं देखा जाना चाहिए क्योंकि इस तरह की बैठकें पहले भी भोपाल के अलावा अन्य स्थानों पर आयोजित की जाती रही हैं।'' मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में पिछले तीन-चार दिन से कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है, जबकि पचमढ़ी में मौसम सुहावना है और वहां पर शनिवार को अधिकतम तापमान केवल 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मंत्रिमंडल की बैठक की योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने मंत्रिमंडल के 30 सदस्यों के साथ इस चिंतन बैठक में शामिल होने के लिये 25 मार्च की शाम बस से पचमढ़ी के लिए रवाना होंगे। चिंतन बैठक 26 मार्च को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री के संबोधन के साथ शुरू होगी। चिंतन बैठक में दोनों दिन विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं एवं विषयों पर सत्र होंगे। सत्र-समापन के बाद मंत्रीगण बस से ही भोपाल वापस आयेंगे।'' उन्होंने कहा कि पचमढ़ी में चौहान और उनके मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य राज्य के पर्यटन विभाग द्वारा संचालित एक वातानुकूलित होटल में ठहरेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘बैठक के दौरान इस बात पर चर्चा की जाएगी कि राज्य को आत्मनिर्भर कैसे बनाया जाए। मुख्यमंत्री मंत्रियों से अलग-अलग बातचीत भी कर सकते हैं।''
- नयी दिल्ली। टीकाकरण पर भारत की शीर्ष संस्था एनटीएजीआई ने कोविड-19 रोधी टीके कोविशील्ड की दूसरी खुराक पहली खुराक के आठ से 16 सप्ताह के बीच देने की सिफारिश की है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। वर्तमान में कोविशील्ड की दूसरी खुराक राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण रणनीति के तहत पहली खुराक के 12-16 सप्ताह के बीच दी जाती है। ‘टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह' (एनटीएजीआई) ने अभी तक भारत बायोटेक के कोवैक्सीन की खुराक देने की अवधि में कोई बदलाव का सुझाव नहीं दिया है, जिसकी दूसरी खुराक पहली खुराक के 28 दिन बाद दी जाती है। कोविशील्ड के बारे में सिफारिश को अभी तक राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम में लागू नहीं किया गया है। एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘‘एनटीएजीआई की नवीनतम सिफारिश प्रोग्रामेटिक डेटा से प्राप्त हालिया वैश्विक वैज्ञानिक साक्ष्य पर आधारित है।'' सूत्र ने कहा, ‘‘इसके अनुसार, जब कोविशील्ड की दूसरी खुराक आठ सप्ताह बाद दी जाती है तो उत्पन्न एंटीबॉडी प्रतिक्रिया लगभग 12 से 16 सप्ताह के अंतराल पर खुराक दिए जाने के समान होती है।'' सूत्र ने कहा कि कई देशों में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच इस निर्णय से शेष छह से सात करोड़ लोगों को कोविशील्ड की दूसरी खुराक मिल जाएगी। सरकार ने 13 मई 2021 को एनटीएजीआई की सिफारिशों के आधार पर कोविशील्ड टीके की पहली और दूसरी खुराक के बीच के अंतर को 6-8 सप्ताह से बढ़ाकर 12-16 सप्ताह कर दिया था। एनटीएजीआई देश में टीके से रोकथाम योग्य बीमारियों के प्रभावी नियंत्रण के संबंध में टीकाकरण सेवाओं पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को मार्गदर्शन और सलाह प्रदान करता है।
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल की बैठक नई सरकार के शपथ लेने के एक दिन पहले आगामी 24 मार्च को होने की संभावना है और इसमें औपचारिक रूप से योगी आदित्यनाथ को इसका नेता चुना जाएगा। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी। योगी आदित्यनाथ का शपथ ग्रहण कार्यक्रम लखनऊ में शहीद पथ पर स्थित इकाना स्टेडियम में 25 मार्च को होगा। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रदेश भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने रविवार को बताया “वैसे तो नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों की बैठक की कोई समय, तारीख तय नहीं है लेकिन संभावना है कि आगामी 24 मार्च को यह बैठक हो सकती है।” प्रदेश भाजपा के एक अन्य वरिष्ठ नेता ने बताया “विधायक दल की जो बैठक 21 मार्च को होनी थी वह संभवतः 24 मार्च तक के लिए टल गई है।” पार्टी सूत्रों के नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले योगी आदित्यनाथ को विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जिनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के हालिया विधानसभा चुनाव में पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल की है। विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को उत्तर प्रदेश में सरकार गठन के लिये पार्टी की तरफ से क्रमश: पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है।
- नयी दिल्ली। उत्तराखंड में सरकार गठन को लेकर जारी कवायद के बीच रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। सूत्रों के मुताबिक पार्टी के शीर्ष नेताओं ने इस बैठक में प्रदेश भाजपा के नेताओं से भावी मुख्यमंत्री के नाम को लेकर रायशुमारी की।सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, संगठन महासचिव बी एल संतोष और राज्य के केंद्रीय चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी मौजूद थे। इन नेताओं ने उत्तराखंड के कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ नेता सतपाल महाराज और पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक से विधायक दल के नेता के नाम पर विचार विमर्श किया। बैठक के बाद कौशिक ने संवाददाताओं को बताया कि सोमवार को विधानसभा में सभी नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण होगा और इसके बाद विधायक दल की बैठक होगी।वहीं दिल्ली में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उत्तराखंड के कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि 24 मार्च को विधानसभा का कार्यकाल पूरा हो रहा है, एक प्रक्रिया के तहत कल सुबह 11 बजे नए विधायकों के शपथ ग्रहण का समारोह रखा गया है। विधायक दल की बैठक कल शाम को होगी।ज्ञात हो कि उत्तराखंड में भाजपा ने शानदार बहुमत तो हासिल कर लिया लेकिन मुख्यमंत्री धामी को खटीमा से हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में सरकार का नेतृत्व कौन करेगा, इसे लेकर भाजपा में मंथन का दौर लगातार जारी है।सूत्रों के मुताबिक हार के बावजूद धामी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। शाह के आवास पर जारी बैठक में धामी की मौजूदगी भी इसका संकेत करती है।हालांकि, सूत्रों का कहना है कि चौबट्टाखाल के विधायक सतपाल महाराज, श्रीनगर के विधायक धन सिंह रावत और राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी भी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल हैं।भाजपा विधायक दल की बैठक के लिए भाजपा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को केंद्रीय पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी को सह पर्यवेक्षक बनाया है।भाजपा की उत्तराखंड इकाई के सूत्रों ने कहा कि धामी के दोबारा मुख्यमंत्री बनने की संभावना ज्यादा है, क्योंकि वह न केवल युवा और ऊर्जावान हैं, बल्कि भाजपा ने पहाड़ी राज्य में उनके नाम पर चुनाव लड़ा था और शानदार जीत दर्ज की।सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के धामी के नाम पर मुहर लगाने का फैसला करने की एक और बड़ी वजह यह हो सकती है कि उसे पिछले कार्यकाल में बेहद कम समय में दो मुख्यमंत्रियों को बदलने के लिए काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। एक भाजपा नेता ने कहा, “अगर उत्तर प्रदेश चुनाव में अपनी सीट गंवाने वाले केशव प्रसाद मौर्य को दोबारा उप-मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है तो धामी को मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाया जा सकता है?” हालांकि, सूत्रों ने कहा कि अगर पार्टी किसी नए चेहरे का चयन करने का फैसला लेती है तो क्षेत्रीय और जातीय संतुलन बैठाना काफी अहम होगा। चूंकि, कुमाऊं के एक ब्राह्मण नेता अजय भट्ट को पहले ही केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया जा चुका है, ऐसे में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन बैठाने के लिए गढ़वाल के एक ठाकुर या राजपूत नेता को मुख्यमंत्री पद के लिए चुना जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो सतपाल महाराज या धन सिंह रावत, जो गढ़वाल के प्रमुख ठाकुर नेता हैं, मुख्यमंत्री पद के लिए पसंदीदा चेहरा बनकर उभर सकते हैं।
-
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्य खाद्य पदार्थों में से एक पखाल के स्वाद को देश भर में पहुंचाने के लिए रविवार को राज्य में ‘पखाल दिवस’ मनाया गया। पिज्जा, बर्गर जैसे आधुनिक खाद्य पदार्थों के जमाने में पारंपरिक भोजन की संस्कृति को बचाए रखने के लिए 20 मार्च को पखाल दिवस के तौर पर मनाया जाता है। इसकी शुरुआत 2015 में राज्य के लोगों ने अपने पारंपरिक भोजन को दुनिया भर में पहुंचाने के उद्देश्य से की थी। पके हुए चावल को पानी में फिर से भिगो कर इसे खमीर उठने (फर्मेंटेशन) के लिए छोड़ दिया जाता है, इस विधि से तैयार व्यंजन को पखाल (चावल का पानी) कहते हैं।
सोशल मीडिया पर लोगों ने पखाल दिवस पर इस भारतीय पारंपरिक भोजन की तस्वीरें पोस्ट कीं। ओडिशा के इस भोजन को समाज के सभी तबके के लोग चाव से खाते हैं।ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का भी यह पसंदीदा भोजन है। पखाल के प्रति पटनायक की पसंदगी 2018 में तब सामने आयी जब उन्होंने तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा, भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और माकपा के सीताराम येचुरी जैसे राष्ट्रीय नेताओं को अपने आवास पर आमंत्रित किया और दोपहर के भोजन में उन्हें पखाल परोसा ।पटनायक ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की जिसमें गणमान्य व्यक्ति पखाल खाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा,‘‘ ओडिशा के खाद्य पदार्थ का स्वाद चखना हमेशा ही आनंददायक होता है, खासतौर पर मेरे पसंदीदा पखाल की। यह याद करते हुई प्रसन्नता हो रही है कि राज्य के बाहर के और देश भर के अनेक अतिथियों को जब भी पखाल परोसा गया, उन्होंने इसकी तरीफ की। आप सभी को पखाल दिवस की शुभकामनाएं।’’केन्द्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी अपने ट्विटर अकाउंट पर पखाल की तस्वीर साझा की और अपने पोस्ट में इसकी तारीफ की। गौरतलब है कि पखाला गर्मी के मौसम में खाया जाना वाला खाद्य पदार्थ है और यह सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। इसे कई अन्य राज्यों में भी लोग चाव से खाते हैं। -
औरैया। युवाओं का क्रेज बाइक को लेकर काफी बढ़ गया है। इसके साथ ही देखा जा रहा है कि कुछ लोग अपनी बाइक के नंबर प्लेट की जगह फिल्मी डायलॉग का इस्तेमल कर कूल बनने की कोशिश करते हैं। फिलहाल एक ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के औरेया जिले में सामने आया है, जिसमें तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। दरअसल गाड़ी की नंबर प्लेट पर जिस्ट्रेशन नंबर की जगह इन युवकों ने अपना भौकाल सेट करने के लिए उस पर बोल देना पाल साहब आए थे, लिखवाया था। जिसके साथ ही उन्होंने अपनी गाड़ी में लाउड साइलेंसर भी लगाया था। तीनों एक ही बाइक पर बिना हेलमेट के सवार थे।
आईपीएस अधिकारी अभिषेक वर्मा ने इस घटना की जानकारी देते हुए कुछ तस्वीरे शेयर की हैं, जिसके साथ ही उन्होंने मजाकिया अंदाज में कैप्शन लिखा, आज औरैया पुलिस की नजर एक मोटर साइकिल पर पड़ी जिस पर लिखा हुआ था-बोल देना पाल साहब आए थे। उस पर बैठे युवकों को यह नहीं पता था कि पाल साहब की यह सवारी आयी तो सही लेकिन जा नहीं पाएगी! यह तो वही बात हो गयी- राह में चलते मुलाक़ात हो गयी जिससे डरते थे वही बात हो गयी। आईपीएस अधिकारी का यह ट्वीट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिस पर 5 हजार से ज्यादा लाइक्स के साथ ही 9 सौ से ज्यादा रिट्वीट हुआ है।



.jpg)

















.jpg)





