- Home
- देश
- पणजी। गोवा के दोनों उपमुख्यमंत्री कांग्रेस के अपने निकटम प्रतिद्वंद्वियों से चुनाव हार गए हैं। हालांकि उनकी पार्टी भाजपा राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनती दिख रही है।उपमुख्यमंत्री मनोहर अजगांवकर को विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस उम्मीदवार दिगंबर कामत ने मडगांव विधानसभा सीट से तकरीबन 6,000 मतों के बड़े अंतर से हराया। अजगांवकर पारंपरिक रूप से उत्तरी गोवा के परनेम से चुनाव लड़ते रहे हैं लेकिन इस बार भाजपा ने उन्हें दक्षिण गोवा में मडगांव से उतारा था। कामत 1994 से विधानसभा में मडगांव का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं।प्रमोद सावंत की अगुवाई वाली मंत्रिपरिषद में दूसरे उपमुख्यमंत्री चंद्रकांत कावलेकर क्यूपेम में कांग्रेस प्रत्याशी अल्टोन डी’कोस्टा से हार गए हैं। वह 2017 में कांग्रेस के टिकट पर यहां से जीते थे। इसके बाद वह नौ अन्य कांग्रेस विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे और उन्हें उपमुख्यमंत्री का पद दिया गया। पहली बार इस सीट से चुनाव लड़ने वाले कोस्टा ने कावलेकर को 3,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया।
- चंडीगढ़। कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने राज्य विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्ण बहुमत हासिल करने के संकेतों के बीच गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी विनम्रतापूर्वक राज्य के जनादेश को स्वीकार करती है।सिद्धू ने अरविंद केजरीवाल नीत ‘आप’ को बधाई भी दी।सिद्धू ने ट्वीट किया, ‘‘ जनता की आवाज, भगवान की आवाज है...पंजाब के लोगों का फैसला विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं...‘आप’ को बधाई।’’ पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भदौर (37,558 वोटों से) और चमकौर साहिब (7942 वोटों से) चुनाव आयोग के आधिकारिक रुझानों के अनुसार हार गए हैं। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर पूर्व से 6,750 मतों के अंतर से हार गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के संस्थापक कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला से 19,873 वोटों के अंतर से हार गए।शुरुआती रुझान के अनुसार, कुल 117 विधानसभा सीटों में से 90 पर आगे चल रही आम आदमी पार्टी (आप) राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल करने की ओर आगे बढ़ रही है। पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए 20 फरवरी को मतदान हुआ था और मतगणना गुरुवार सुबह आठ बजे से जारी है। रुझान के अनुसार, पंजाब में कांग्रेस सत्ता से बाहर होती नजर आ रही है, जबकि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली शिरोमाणि अकाली दल (शिअद) का भी प्रदर्शन बहुत प्रभावी नहीं रहा।
- जम्मू। भारतीय वायुसेना और सरकारी हेलीकॉप्टर सेवा प्रदाता पवन हंस ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभिन्न स्थानों पर फंसे 141 लोगों को सुरक्षित निकाला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वायुसेना के एएन-32 विमान ने 110 लोगों को पहुँचाया, जबकि एमआई-172 पवन हंस हेलीकॉप्टर ने 31 लोगों को उनके गंतव्य तक पहुँचाया। उन्होंने बताया कि 41 लोगों को जम्मू से कारगिल और 14 को कारगिल से जम्मू लाया गया। इसी तरह एक एएन-32 विमान ने 15 लोगों को कारगिल से श्रीनगर और 40 लोगों को श्रीनगर से कारगिल पहुंचाया। एमआई-172 पवन हंस हेलीकॉप्टर ने 31 लोगों को श्रीनगर से कारगिल और तीन को लेह से कारगिल पहुंचाया।जनवरी में हुई भारी बर्फबारी के कारण 434 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद होने के कारण जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में फंसे यात्रियों को हवाई मार्ग से निकालने के लिए वायुसेना नियमित रूप से सी-17, सी-130 और एएन-32 विमानों का संचालन करती रही है।=
- जम्मू। जम्मू क्षेत्र के उधमपुर जिले में बुधवार को एक संदिग्ध आतंकवादी हमले में जिला अदालत परिसर के बाहर हुए एक आईईडी विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और 14 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि ‘‘यह आतंकवादियों का एक कृत्य है लेकिन हम मामले की जांच कर रहे हैं।'' जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और विभिन्न राजनीतिक दलों ने हमले की निंदा की।अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट अपराह्न करीब एक बजे सलाथिया चौक में हुआ, जहां फल और सब्जी विक्रेता अपने ठेले लगाते हैं। डीजीपी सिंह ने कहा कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) मुकेश सिंह ने अन्य शीर्ष पुलिस अधिकारियों, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक टीम और बम निरोधक विशेषज्ञों के साथ विस्फोट स्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि कम तीव्रता वाला एक आईईडी विस्फोट हुआ है, लेकिन फोरेंसिक और सूक्ष्म जांच से अधिक सटीक तथ्य सामने आएंगे।'' उन्होंने कहा कि 14 घायल अब खतरे से बाहर हैं।
- गाजियाबाद(उप्र)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित नार्थ इंडिया टेक्सटाइल रिसर्च एसोसिएशन के परिसर में बुधवार को छात्रावास की कैंटीन में नाश्ता करने के बाद सात छात्राएं बीमार पड़ गईं। इस घटने को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी आरके सिंह ने छानबीन के लिए एक जांच समिति गठित है। समिति 15 दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी विनीत कुमार ने कहा कि पीने के पानी, सब्जियों और खाद्य तेलों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि मिलावट पाये जाने की स्थिति में कैंटीन संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संस्थान का तकनीकी परिसर संजय नगर में स्थित है। बीटेक छात्राओं को नाश्ता करने के बाद चक्कर, पेट दर्द और उल्टी होने की समस्या हुई। प्रबंधन ने उन्हें तुरंत एक अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें इलाज के लिए आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। सात में से चार लड़कियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि तीन का इलाज चल रहा है।
- नयी दिल्ली। कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को केंद्र और राज्य सरकारों के सहयोगात्मक प्रयासों तथा महामारी से निपटने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने कहा कि टीकाकरण अभियान की दिशा में भारत के लगातार प्रयास और कोविड के ओमीक्रोन स्वरूप के कारण हाल में मामलों में बढ़ोतरी के दौरान अस्पताल में कम भर्ती दर, बीमारी की कम गंभीरता तथा मृत्यु दर कम करने में मदद के लिए टीके की प्रभावशीलता के विश्लेषण पर भी प्रकाश डाला गया। पीएमओ ने कहा कि समीक्षा बैठक में यह सामने आया कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में सक्रिय और सहयोगात्मक प्रयासों ने संक्रमण के प्रसार के प्रभावी प्रबंधन में मदद की। पीएमओ ने कहा कि यह भी उल्लेख किया गया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), संयुक्त राष्ट्र, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के साथ-साथ हार्वर्ड बिजनेस स्कूल और इंस्टीट्यूट फॉर कॉम्पिटिटिवनेस की रिपोर्ट में महामारी से निपटने में भारत के कदमों और टीकाकरण प्रयासों की विश्व स्तर पर सराहना की गई है। प्रधानमंत्री ने टीका प्रदाताओं, स्वास्थ्य कर्मियों और केंद्र तथा राज्य सरकारों द्वारा किए गए अथक प्रयासों की सराहना की। मोदी ने कोविड-19 से संबंधित प्रोटोकॉल का पालन करने के महत्व को रेखांकित किया और समुदाय से निरंतर सहयोग तथा व्यक्तियों की भागीदारी से टीकाकरण, कोविड-उपयुक्त व्यवहार का पालन करने का आग्रह किया। बैठक में देश में टीकाकरण अभियान की स्थिति का भी जायजा लिया गया और वैश्विक स्तर पर तथा भारत में महामारी की स्थिति पर एक विस्तृत प्रस्तुति भी दी गई। गृह मंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया के अलावा कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।
- नयी दिल्ली. आगामी 10 मार्च को विश्व वृक्क दिवस से पहले विशेषज्ञों ने कहा है कि समय-समय पर परखी गयीं ‘पुनर्नवा', ‘गोखरू' और ‘वरुणा' जैसी जड़ी-बूटियां गुर्दे के गंभीर रोगियों के लिए जीवनरक्षक हो सकती हैं। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के आयुर्वेद संकाय के डीन प्रोफेसर के एन द्विवेदी ने इन जड़ी-बूटियों को बढ़ावा देने की वकालत करते हुए कहा कि ये निष्क्रिय हो चुके गुर्दे की कोशिकाओं में नयी जान डाल सकती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘नीरी-केएफटी ऐसी आयुर्वेदिक दवा है जो पुनर्नवा, अश्वगंधा और गुडुची जैसे औषधीय पादपों पर आधारित है जिसमें एंटी-ऑक्सीडेंट विशेषताएं हैं।'' प्रोफेसर द्विवेदी ने कहा कि ‘वरुणा' का पौधा जहां रक्त का अच्छा शोधक है वहीं ‘गोखरू' किडनी के नेफ्रोन के पुनरुद्धार में सहायक है। उन्होंने कहा कि इस तरह की जड़ी-बूटियों से अनेक रोगियों ने लाभ उठाया है। एमिल फार्मास्युटिकल ने गहन अनुसंधान के बाद नीरी-केएफटी दवा विकसित की है।
- जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में कथित रूप से 15 लाख रुपये की फिरौती के लिए अगवा किए गए लकवाग्रस्त 25 वर्षीय युवक का शव यहां जंगल से मिला है। गोसलपुर थाना प्रभारी एन. आर. सिन्हा ने बुधवार को बताया कि राहुल सिंह का पिछले सप्ताह अपहरण कर लिया गया था और उसका शव मंगलवार को धर्मपुर वन क्षेत्र में एक खाई से मिला है। उन्होंने कहा कि पीड़ित के पिता ने शव पर मिले कपड़ों और जूतों के आधार उसकी पहचान अपने बेटे राहुल के रुप में की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सिन्हा ने कहा कि राहुल के शव को पहले एक चरवाहे ने देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि राहुल का दाहिना हाथ और पैर लकवाग्रस्त था लेकिन वह बिना किसी की मदद के चल सकता था। अधिकारी ने बताया कि राहुल दो मार्च को स्थानीय बाजार से घर नहीं लौटा था और उसी रात उसके पिता को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस इस संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।
- मथुरा. उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में होली का उत्साह साफ नजर आ रहा है। बसंत पंचमी पर मंदिरों में एवं होलिका दहन स्थलों पर होली का ढांडा गाड़े जाने के बाद से ही भगवान कृष्ण की नगरी में 40 दिनों तक चलने वाले रंगोत्सव की धूम शुरू हो गई थी। अब 10 मार्च को बरसाना के लाड़िली जी मंदिर में ‘लड्डू होली' खेले जाने के साथ ही होली का आनंद चरम पर पहुंचता जाएगा। श्रीजी मंदिर के सेवायत किशोरी गोस्वामी ने ‘‘भाषा'' से कहा ‘‘कान्हा की नगरी में रंग खेलने का आनंद उन लोगों से ज्यादा कौन जानता होगा जो ‘लट्ठ की मार' खाकर भी खुद को धन्य मानते हैं। इस बार फागुन शुक्ल नवमी व दशमी को क्रमश: बरसाना और नंदगांव में लट्ठमार होली खेली जाएगी।'' उन्होंने बताया कि इसके बाद रंगभरनी एकादशी पर 12 मार्च को मथुरा में ठाकुर द्वारिकाधीश एवं वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालु अपने आराध्य के साथ होली खेलेंगे। इस दिन मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में लीलामंच पर ब्रज की कमोबेश सभी प्रकार की होलियों का मंचन होगा। कहा जाता है कि जब बरसाना से एक सखी सुबह राधारानी की ओर से रंग और मिठाई लेकर नन्दगांव के हुरियारों (होली खेलने वालों) को होली का आमंत्रण देने जाती है तो सायंकाल वहां से एक पण्डा कृष्ण के प्रतिनिधि के रूप में होली का न्यौता देने बरसाना पहुंचता है। बरसाना के गोस्वामी उसका आदर-सत्कार करते हैं। सेवायत गोस्वामी ने बताया कि आवभगत के लिए पण्डा को लड्डू खिलाने की होड़ मच जाती है और उस पर एक प्रकार से लड्डुओं की बरसात होती है। इन्हीं लड्डुओं को प्रसाद के रूप में दिया जाता है और इसे ‘लड्डू होली' या ‘लड्डू लीला' कहा जाता है। फाल्गुन शुक्ल नवमी के दिन बरसाना में लट्ठमार होली होती है। सेवायत किशोरी गोस्वामी बताते हैं कि दिल्ली से टेसू के 10 क्विंटल फूल मंगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि टेसू के फूलों से तैयार रंग को लाड़ली जी मंदिर में ऊपर की मंजिलों से श्रद्धालुओं एवं नन्दगांव के हुरियारों पर डाला जाता है। इसके बाद 14 मार्च को श्रद्धालु मथुरा में ठाकुर द्वारिकाधीश एवं वृन्दावन में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में रंगों की होली खेलेंगे। 16 मार्च को गोकुल की छड़ीमार होली होगी। गोपियां बालकृष्ण के साथ होली खेलने के लिए, छोटी-पतली छड़ियां ले कर निकलेंगी। मान्यता है कि यदि बड़ी लाठी से होली खेली जाएगी, तो कृष्ण को चोट पहुंच सकती है इसलिए यहां छड़ियों से ही होली खेली जाती है। फाल्गुन मास की पूर्णिमा के दिन होलिका दहन के अवसर पर कोसीकलां के निकट स्थित फालैन गांव में एक पण्डा होली की धधकती हुई ज्वाला में से गुजरता है। अगले दिन ब्रजवासी होली खेलते हैं। इसी के साथ रंगों से खेली जाने वाली होली की परम्परा का एक पक्ष यहां सम्पूर्ण हो जाता है।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और अमेरिका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एलर्जी एंड इंफेक्शियस डिजीज, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ ऑफ डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ एंड ह्यूमन सर्विसेज के बीच हस्ताक्षर किए गए समझौता ज्ञापन को बुधवार को अनुमति प्रदान कर दी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को अनुमति दी गई । सरकारी बयान के अनुसार, बैठक में मंत्रिमंडल को सितंबर 2021 में हस्ताक्षर किए गए और भारत सरकार (व्यवसाय के लेन-देन) नियम 1961 की दूसरी अनुसूची के नियम 7 (डी) (1) के तहत हुए इस समझौता ज्ञापन (एमओयू) के बारे में अवगत कराया गया। इसके तहत सहयोग मुख्य रूप से भारत में चेन्नई स्थित आईसीएमआर के राष्ट्रीय क्षय रोग अनुसंधान संस्थान (एनआईआरटी) को वैज्ञानिक क्षेत्र में दिया जाएगा, जिसमें बुनियादी एवं नवीन अनुसंधान, महामारी विज्ञान, चिकित्सा, आणविक जीव विज्ञान, चिकित्सा कीट विज्ञान, परजीवी विज्ञान, प्रतिरक्षा विज्ञान, चिकित्सा, सूक्ष्म जीव विज्ञान, विषाणु विज्ञान क्षेत्र शामिल हैं। इसके तहत उष्णकटिबंधीय संक्रामक और एलर्जी रोगों की रोकथाम, निदान और उपचार के लिए तकनीकों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। बयान में कहा गया कि सहयोग के केंद्र में तपेदिक, परजीवी संक्रमण, एचआईवी/एड्स, एलर्जी रोग, प्रतिरक्षा प्रणाली रोग, अन्य उभरते और फिर से उभरते रोगजनक, और अन्य रोग शामिल हैं। बयान के अनुसार, अमेरिका सरकार और भारत सरकार संसाधनों की उपलब्धता के आधार पर इस समझौता ज्ञापन के तहत गतिविधियों के लिए धन सहायता प्रदान कर सकती है। इसमें शामिल पक्ष व्यक्तिगत परियोजनाओं का समर्थन करने के लिए आवश्यक और सामान्य व परंपरागत अभ्यास के अनुरूप, सरकारी, गैर-सरकारी, निजी क्षेत्र, फाउंडेशन और अन्य स्रोतों से अतिरिक्त धन और सक्रिय भागीदारी की मांग कर सकते हैं।
- प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश). प्रतापगढ़ जिले के कंधई क्षेत्र में बुधवार को कोचिंग पढ़ने आए छात्र की एक अन्य आरोपी छात्र ने चाकू से गोद-गोद कर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कालूराम इंटर कॉलेज शीतलागंज में इंटर का छात्र सागर सिंह (20) सुबह कॉलेज के सामने कोचिंग पढ़ने आया था उसी दौरान आरोपी सूर्य प्रकाश नामक एक छात्र अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और सागर पर चाकू से प्रहार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि सागर को मेडिकल कॉलेज लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर मंगलवार को विवाद हुआ था संभवत: उसी कारण यह हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- माले. राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री पड़ोसियों के बीच साझा सुरक्षा चुनौतियों के समाधान के लिए सहयोग को मजबूत करने का बुधवार को आह्वान किया। दिन में पहले मालदीव पहुंचे डोभाल ने यहां 5वीं एनएसए-स्तरीय कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन (सीएससी) बैठक को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। मालदीव में भारतीय उच्चायोग ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘एनएसए अजीत डोभाल ने अपने बयान में साझा सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए समुद्री पड़ोसियों के बीच सहयोग को मजबूत करने का आह्वान किया है।'' दो दिवसीय सम्मेलन में भारत, श्रीलंका, मालदीव, मॉरिशस, बांग्लादेश और सेशेल्स के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में मालदीव की रक्षा मंत्री मारिया दीदी ने मालदीव के सामने उत्पन्न मादक पदार्थ तस्करी, मानव तस्करी, समुद्री डकैती, मत्स्य पालन, आतंकवाद रोधी और हिंसक अतिवाद जैसी क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों पर प्रकाश डाला। मारिया ने सम्मेलन में मॉरिशस की सदस्यता का भी स्वागत किया जिससे इसमें सदस्य देशों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि पर्यवेक्षक सदस्य जल्द ही सम्मेलन में शामिल होंगे। कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन की स्थापना भारत, श्रीलंका और मालदीव के बीच सुरक्षा सहयोग के चार स्तंभों के साथ एक त्रिपक्षीय सुरक्षा ढांचे के रूप में की गई थी, जिसमें समुद्री सुरक्षा, मानव तस्करी, आतंकवाद का मुकाबला और साइबर सुरक्षा शामिल है। पिछले साल नवंबर में भारत, मालदीव और श्रीलंका ने हिंद महासागर क्षेत्र में दो दिवसीय समुद्री अभियान संचालित किया था जिसका उद्देश्य इसे सुरक्षित रखना था। इसमें इस क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए सुरक्षित करना भी शामिल था। तीनों देशों की नौसेनाओं के जहाजों और विमानों ने पहले 'कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव (सीएससी) फोकस्ड ऑपरेशन' में हिस्सा लिया था। अधिकारियों के अनुसार, 'सीएससी फोकस्ड ऑपरेशन' का उद्देश्य हिंद महासागर के महत्वपूर्ण हिस्से को वाणिज्यिक शिपिंग, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और वैध समुद्री गतिविधियों के संचालन के लिए सुरक्षित रखना था।
- नयी दिल्ली . भारत के पूर्व अटॉर्नी जनरल सोली सोराबजी के जीवन पर आधारित एक नयी किताब अगले महीने आएगी। पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया (पीआरएचआई) ने बुधवार को यह घोषणा की। पुस्तक ‘सोली सोराबजी: लाइफ एंड टाइम्स' अधिवक्ता और कानूनी विद्वान अभिनव चंद्रचूड़ ने लिखी है। नौ मार्च को विधि क्षेत्र के दिग्गज सोराबजी की 92वीं जयंती है। यह सोराबजी के जीवन, उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि, उनके द्वारा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार का बार-बार बचाव किए जाने जैसे विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालती है। चंद्रचूड़ ने कहा, ‘‘मैं सोराबजी की जीवनी को प्रकाशित होते देख अत्यंत रोमांचित हूं।''उन्होंने ‘रिपब्लिक ऑफ़ रेटोरिक: फ्री स्पीच एंड द कॉन्स्टिट्यूशन ऑफ़ इंडिया' (2017) और ‘सुप्रीम व्हिस्पर्स: कन्वरसेशन विद जजेज ऑफ द सुप्रीम कोर्ट ऑफ़ इंडिया 1980-1989' (2018) जैसी पुस्तकें भी लिखी हैं। सोराबजी का पिछले साल कोविड-19 संबंधी जटिलताओं के कारण निधन हो गया था। वह 1989-90 और फिर 1998- 2004 तक दो बार भारत के अटॉर्नी जनरल रहे थे। पेंगुइन प्रेस की मेरू गोखले ने कहा, ‘‘सोली सोराबजी एक असाधारण अधिवक्ता थे। हमारे सबसे विद्वान अटॉर्नी जनरल में से एक की एकमात्र अधिकृत जीवनी प्रकाशित करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है।
- नयी दिल्ली. प्रसव के बाद वृक्क (किडनी) के काम करना बंद कर देने पर पिछले एक साल से डायलिसिस पर चल रही उज्बेकिस्तान की एक महिला के लिए उसकी 46 वर्षीय मां ने गुर्दा दान किया है। हालांकि डॉक्टरों का मानना है कि प्रसव के बाद गुर्दे और आंतों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं बिरले ही हैं और ऐसा महज 0.5 से एक फीसद महिलाओं में देखने को मिलता है। यहां द्वारका में आकाश हेल्थकेयर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 23 वर्षीय इस महिला का उपचार कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि निम्न रक्तचाप के कारण इस महिला के गुर्दों ने काम करना बंद कर दिया था और उसे वाहिका परिगलन (ट्यूबलर नेक्रोसिस) हो गया। इस रोग में वृक्क की वाहिका कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाता है। डाक्टरों का कहना है कि महिला की आंतों को भी नुकसान पहुंचा जिससे उसकी जान आफत में आ गयी। अस्पताल के अनुसार जब इस महिला की अपने देश में स्थिति बिगड़ने लगी तब उसकी 46 वर्षीय मां ने ई-मेल से अस्पताल से संपर्क किया। मां ने उसे अपना एक गुर्दा देने का फैसला किया क्योंकि वह अपने नवजात शिशु को देखभाल करने में असमर्थ थी। डॉक्टरों ने कहा कि सबसे बड़ी बात कि वह जिंदगी की जंग में कमजोर पड़ती जा रही थी। अस्पताल में मां के गुर्दे का उसकी बेटी में प्रतिरोपण किया गया। बेटी की आंत के क्षतिग्रस्त हिस्से को भी डॉक्टर ने निकाला। अब मां एवं बेटी स्वास्थ्य लाभ कर रही हैं। आकाश हेल्थकेयर के प्रबंध निदेश्क डॉ. आशीष चौधरी ने कहा कि भारत चिकित्सा लाभ लेने के इच्छुक उज्बेक नागरिकों के सबसे लोकप्रिय गंतव्यों में से एक है। महिला ने कहा कि वह अपनी बेटी एवं नाती को साथ समय बिताते हुए देख खुश है।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को कुछ खनिजों के संबंध में रॉयल्टी की दर स्पष्ट करने के लिये खान और खनिज (विकास एवं नियमन) अधिनियम, 1957 में संशोधन को मंजूरी दे दी। इससे इन खनिजों के भंडार की नीलामी का रास्ता साफ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में ग्लूकोनाइट, पोटाश, एमराल्ड, प्लैटिनम समूह की धातुओं (पीजीएम), एंडेलूसाइट, सिलिमाइट और मॉलिब्डेनम जैसे कुछ खनिजों के संबंध में रॉयल्टी की दर स्पष्ट करने के लिए खान और खनिज (विकास एवं नियमन) अधिनियम, 1957 की दूसरी अनुसूची में संशोधन को मंजूरी दी गई। आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, मंत्रिमंडल की इस मंजूरी से इन खनिजों के भंडार की नीलामी हो पाएगी। इससे इन खनिजों का आयात घटेगा और साथ ही खनन क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इस मंजूरी से अर्थव्यवस्था के लिए जरूरी इन खनिजों के आयात का घरेलू विकल्प भी तैयार होगा। इस तरह मूल्यवान विदेशी मुद्रा की बचत होगी। इन खनिजों के स्थानीय उत्पादन से दूसरे देशों पर निर्भरता कम होगी। खनिज रियायतों के नये दौर में आगे बढ़ने के लिये इस अधिनियम में वर्ष 2015 में संशोधन किया गया था। देश की खनिज संपदा के आवंटन में पारदर्शिता और भेदभाव-रहित प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए नीलामी का तरीका अपनाया गया था। खनिज क्षेत्र में और तेजी लाने के लिये इस अधिनियम को वर्ष 2021 में फिर संशोधित किया गया। इस दौरान सरकार ने खनिज भंडार की नीलामी को बढ़ावा दिया, उत्पादन में बढ़ोतरी की, देश में व्यापार सुगमता में सुधार किया और सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में खनिज उत्पादन का योगदान बढ़ाया। ग्लूकोनाइट, पोटाश, एमराल्ड, प्लैटिनम समूह की धातुओं (पीजीएम), एंडेलूसाइट, सिलिमाइट और मॉलिब्डेनम के मामले में देश अपनी जरूरतें पूरी करने के लिये पूरी तरह आयात पर निर्भर है। खनिज आत्मनिर्भरता के लिये कई राज्य सरकारों ने नीलामी के लिए ऐसे खनिज ब्लॉकों की पहचान की है। खान मंत्रालय ने नीलामी में भागीदारी बढ़ाने के लिये रॉयल्टी की तर्कसंगत दर का प्रस्ताव रखा था जिसे केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। राज्य सरकारों और केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों/विभागों के साथ विस्तृत परामर्श करने के बाद इन दरों को तय किया गया है। खान मंत्रालय इन खनिजों के औसत बिक्री मूल्य (एएसपी) की गणना की पद्धति प्रदान करेगा, जो इन खनिज ब्लॉकों की नीलामी शुरू करने के लिये जरूरी है।
- यवतमाल . महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में बुधवार को एक घर में रसोई गैस सिलेंडर फटने से एक गर्भवती महिला और उसकी पांच साल की बेटी की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि काजल जायसवाल (30) और उनकी बेटी की विस्फोट में मौत हो गई। हादसा जिले के अयाता गांव में सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, काजल की सास खाना बना रही थी तभी गैस सिलेंडर के पाइप पर गर्म तेल गिरने से वह पिघल गयी और आग लग गई। जैसे ही आग फैलने लगी, काजल, उसकी सास और बेटी घर से बाहर भागे, लेकिन अचानक बेटी घर में वापस जाने लगी। काजल उसे पकड़ने गई और तभी सिलेंडर में विस्फोट हो गया। उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच आग को बुझाया ।
- इटावा (उत्तर प्रदेश),। इटावा-मैनपुरी मार्ग पर सैफई थाना क्षेत्र के बाबा ज्ञान दास आश्रम के पास बुधवार को डीसीएम ट्रक और कार की आमने सामने टक्कर में छह युवकों की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य घायल हो गये। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सत्यपाल सिंह ने बताया कि सैफई थाना क्षेत्र में बाबा ज्ञान दास आश्रम के पास डीसीएम ट्रक और आर्टिगा कार की आमने-सामने की टक्कर मे छह युवकों मनजीत, बृजमोहन, करन, विपिन, विशेष, तथा सद्दाम की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सभी युवक जसवंत नगर के हैं जो किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन युवकों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, वहीं सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे में मरने वाले युवकों की आयु 25 से 35 साल के बीच है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
- नयी दिल्ली। भारतीय दवा नियामक ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) के कोविड-19 रोधी टीके ‘कोवोवैक्स' के सीमित आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी दे दी है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि टीके को 12 से 17 साल के बच्चों के लिए विकसित किया गया है। देश में 18 साल से कम उम्र के लोगों के लिए उपलब्ध यह कोरोना रोधी चौथा टीका होगा। भारतीय औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने कोविड-19 से संबंधित विषय विशेषज्ञ समिति की सिफारिश के आधार पर कोवावैक्स के आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी दी। सरकार ने अभी तक 15 साल से कम उम्र वालों को टीका लगाने पर कोई फैसला नहीं लिया है।डीसीजीआई को दिये गए आवेदन में 21 फरवरी को सीरम इंस्टीट्यूट में निदेशक (सरकारी और नियामक मामले) प्रकाश कुमार सिंह ने कहा कि 12 से 17 साल के लगभग 2707 बच्चों पर दो अध्ययनों से पता चलता है कि कोवोवैक्स अधिक असरदार, अधिक प्रतिरोधक क्षमता उत्पन्न करने वाला एक सुरक्षित टीका है। यह भी कहा गया कि इस उम्र वर्ग के बच्चे इस टीके को अच्छी तरह बर्दाश्त कर सकते हैं। एक आधिकारिक सूत्र के मुताबिक आवेदन में सिंह की ओर से कहा गया कि यह मंजूरी न केवल हमारे देश के लिए फायदेमंद होगी, बल्कि इससे पूरा विश्व लाभान्वित होगा। सिंह की ओर से कहा गया कि, ‘‘यह हमारे प्रधानमंत्री के ‘मेकिंग इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड' दृष्टिकोण के अनुरूप है। हमारे सीईओ डॉ. अदार सी पूनावाला के दर्शन के अनुरूप मुझे यकीन है कि कोवोवैक्स देश और दुनिया के बच्चों को बड़े पैमाने पर कोविड-19 बीमारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।'' डीसीजीआई ने पहले ही 28 दिसंबर को वयस्कों में आपातकालीन स्थिति में सीमित उपयोग के लिए कोवोवैक्स को मंजूरी दे दी थी। हालांकि इसे अभी तक देश के टीकाकरण अभियान में शामिल नहीं किया गया है। डीसीजीआई ने 21 फरवरी को कुछ शर्तों के अधीन 12 से 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के लिए बायोलॉजिकल-ई के कोविड-19 रोधी टीके ‘कॉर्बेवैक्स' के आपातकालीन इस्तेमाल को मंजूरी दी थी। कोवावैक्स को नोवावैक्स से प्रौद्योगिकी हस्तांतरण द्वारा निर्मित किया गया है। इस टीके को यूरोपीय मेडिसिन एजेंसी द्वारा बाजार में बिक्री को लेकर सशर्त मंजूरी दी गई है। भारत में 15-18 साल के किशोरों का टीकाकरण करने के लिए भारत बायोटेक के टीके ‘कोवैक्सिन' का उपयोग किया जा रहा है। डीजीसीआई ने सबसे पहले ‘जाइकोव-डी' टीके को 12 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी दी थी।
- पटना। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पटना इकाई ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत पाटलिपुत्र बिल्डर्स लिमिटेड और उसके अन्य समूह के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार सिंह के विरुद्ध की जा रही जांच मामले में मंगलवार को दूसरा जब्ती आदेश जारी कर आरोपी के नाम सावधि जमा की 46,85,928 रुपये राशि को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया। ईडी द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उक्त मामले में प्रवर्तन निदेशालय की पटना इकाई ने पिछले साल 29 अक्टूबर के एक आदेश के माध्यम से 2.62 करोड़ रुपये की अचल सम्पति, जोकि अनिल कुमार सिंह की कंपनी पाटलिपुत्र बिल्डर्स के नाम पर थी, को पूर्व में जब्त किया था। ईडी की पटना इकाई द्वारा उक्त मामले में पीएमएलए के प्रावधानों के तहत कोतवाली और आलमगंज थाना में दर्ज प्राथमिकी और आरोपपत्र के आधार पर जांच शुरू की गई थी।
- श्रीनगर। जम्मू कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर के मध्य में व्यस्त अमीरा कदल पुल पर रविवार को हुए ग्रेनेड हमले के सिलसिले में मंगलवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया। हमले में दो आम नागरिकों की मौत हो गई और 36 अन्य घायल हुए थे। पुलिस ने यह जानकारी दी। मोहम्मद बारिक नामक पहले आरोपी को खानयार से गिरफ्तार किया गया था और उससे आरंभिक पूछताछ के बाद दूसरे आरोपी फाजिल नबी सोफी को गिरफ्तार किया गया। ग्रेनेड हमले में इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहन को भी विशेष जांच दल (एसआईटी) ने जब्त कर लिया है। आतंकी हमले के तुरंत बाद इस एसआईटी का गठन किया गया था। अपनी जांच के दौरान टीम ने जांच के लिए अत्याधुनिक साधनों का इस्तेमाल किया और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, पूरे श्रीनगर शहर में सीसीटीवी के फुटेज, सेल टावर डंप विश्लेषण, आईपी डंप विश्लेषण किया और कुछ चश्मदीदों से पूछताछ के आधार पर अपराध स्थल पर घटना का पुनर्चित्रण किया। इनके आधार पर एसआईटी उन दो आरोपियों की पहचान करने में सफल रही जो बिना नंबर प्लेट के दोपहिया वाहन पर अपराध के लिए आए थे और आतंकी वारदात को अंजाम देकर उसी वाहन से भाग गए थे। श्रीनगर शहर में सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण के दौरान यह पता चला कि दोनों आरोपियों ने वापस जाने के लिए जो मार्ग चुना था वह शहर के खानयार इलाके में की ओर जाता था। उन्होंने कहा कि बाद में पता चला कि दोनों आरोपियों ने कश्मीर घाटी में सक्रिय आतंकवादियों के निर्देश पर आतंकवादी कृत्य किया था। पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर) विजय कुमार ने मामले को जल्दी और पेशेवर तरीके से सुलझाने के लिए श्रीनगर पुलिस को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नागरिकों के खिलाफ जघन्य अपराध के पीछे के पूरे आतंकी मॉड्यूल को ध्वस्त कर दिया जाएगा। सुरक्षा वाहनों को निशाना बनाकर हमला करने की साजिश रची गई थी, लेकिन जैसे ही चलते दोपहिया वाहन से ग्रेनेड फेंका गया, उनका निशाना चूक गया और ग्रेनेड बगल के भीड़-भाड़ वाले इलाके में फट गया, जहां कई दुकानदार और खरीदार मौजूद थे। अधिकारियों ने कहा कि यह भी पाया गया कि इस विशेष क्षेत्र को असंगठित विक्रेताओं और सड़क किनारे दुकानों के कारण क्षेत्र में अत्यंत भीड़-भाड़ तथा गाड़ियों की अत्यधिक संख्या के कारण चुना गया था। क्षेत्र में हाल में दो और ग्रेनेड हमले हुए हैं। पहला हमला 10 अगस्त, 2021 को और दूसरा 25 जनवरी, 2022 को हुआ था। ग्रेनेड हमले की इस वारदात ने पूरे श्रीनगर शहर में आम जनता में दहशत और खौफ का माहौल पैदा कर दिया है। श्रीनगर के उपायुक्त द्वारा जारी परामर्श के अनुसार, जम्मू कश्मीर पुलिस ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों से अपने प्रतिष्ठानों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी अनुरोध किया। यह सभी असामाजिक तत्वों के लिए एक मजबूत निवारक के रूप में कार्य करेगा। घटना छह मार्च को हुई, जब शहर के मध्य में शाम करीब चार बजकर 20 मिनट पर अमीरा कदल पुल के पास ग्रेनेड विस्फोट हुआ, जिसमें 38 लोग घायल हो गए।
- नयी दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि युद्धग्रस्त यूक्रेन के सूमी शहर से सभी भारतीय छात्रों को निकाल लिया गया है और ‘ऑपरेशन गंगा' अभियान के तहत उड़ानों से उन्हें भारत वापस लाया जायेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि सूमी से बाहर निकाले गए भारतीय छात्रों को पोलतावा ले जाया जा रहा है, जहां से वे पश्चिमी यूक्रेन के लिए ट्रेनों में सवार होंगे। पोलतावा सूमी से लगभग 175 किलोमीटर की दूरी पर है। बागची ने ट्वीट किया, ‘‘यह सूचित करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि हमने सूमी से सभी भारतीय छात्रों को निकाल लिया है। वे अभी पोलतावा शहर के लिए रास्ते में हैं जहां से वे पश्चिमी यूक्रेन के लिये ट्रेनों में सवार होंगे।'' उन्होंने कहा कि ऑपरेशन गंगा अभियान के तहत उड़ानों से उन्हें भारत वापस लाया जायेगा। बागची ने हालांकि इस बात का उल्लेख नहीं किया कि छात्रों को किस सीमा चौकी के जरिये और कब यूक्रेन से बाहर निकाला जायेगा ताकि वे भारत वापसी के लिये उड़ान में सवार हो सकें। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ट्वीट के साथ एक वीडियो भी साझा किया जिसमें भारतीय छात्रों को खड़ी बसों के पास जलपान करते देखा जा सकता है। वहीं, यूक्रेन में भारतीय दूतावास द्वारा जारी परामर्श में यूक्रेन में फंसे सभी भारतीय नागरिकों से देश के विभिन्न हिस्सों में घोषित मानवीय गलियारे का उपयोग करने तथा सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर ट्रेन, वाहन या अन्य माध्यमों के जरिये बाहर निकलने का आग्रह किया गया है। यूक्रेन के विभिन्न हिस्सों में फंसे लोगों को निकालने के लिए आठ मार्च, 2022 को सुबह 1000 बजे से मानवीय गलियारे की घोषणा की गई है। परामर्श में कहा गया है कि सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर अगले मानवीय गलियारे की स्थापना अनिश्चित है। परामर्श के अनुसार, ‘‘सभी फंसे हुए भारतीय नागरिकों से इस अवसर का उपयोग करने और ट्रेनों/वाहनों या परिवहन के किसी अन्य उपलब्ध साधन का उपयोग करके सुरक्षा के मद्देनजर वहां से निकलने का आग्रह किया जाता है।
- जयपुर। राजस्थान में झालावाड़ जिले के अकलेरा थाना क्षेत्र के एक ज्वेलर व्यवसायी के घर काम करने वाला नौकर को करीब ढाई करोड़ कीमत का पांच किलोग्राम सोना और डेढ़ किलोग्राम चांदी के जेवरात चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चोर फरार हो चुका था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर छह घंटों में आरोपी नौकर देशराज मीणा को गिरफ्तार कर चोरी किया हुआ सोना व चांदी बरामद कर लिया।झालावाड़ पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने एक बयान में बताया कि मंगलवार को अकलेरा निवासी ज्वेलर व्यवसायी सुरेश कुमार (68) ने शिकायत दी कि वह आज सुबह दुकान जाने के लिये तैयार हो रहे थे। शिकायत के मुताबिक, उनका नौकर आरोपी देशराज मीणा घर में काम कर रहा था और सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग मेज पर रखा हुआ था। व्यवसायी ने शिकायत में आरोप लगाया कि देशराज करीब पांच किलोग्राम सोने के गहने व 1.5 किलोग्राम चांदी के गहनों से भरा बैग चुराकर फरार हो गया। सेन ने बताया कि पुलिस के विशेष दल ने अभियुक्त की जानकारी मीडिया व विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा की। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती राज्य मध्यप्रदेश एवं सीमावर्ती जिलों कोटा व बारां की सीमा तथा जिले के सभी थानों में नाकाबंदी शुरू कर संदिग्ध वाहनों की जांच की गई। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के घर तथा उसके पाये जाने के सम्भावित स्थलों पर दबिश दी गई तथा उसके परिवार, मित्रों एवं रिश्तेदारों से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि बाद में आरोपी को चोरी किए गए माल के साथ गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
- गुरुग्राम (हरियाणा),। गुरुग्राम पुलिस आयुक्त के. रामचंद्रन ने दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर सीएनजी पंप के तीन कर्मचारियों की हत्या की जांच के लिए पांच सदस्यीय एक विशेष जांच समिति (एसआईटी) गठित की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसीपी(सदर) अमन यादव के नेतृत्व में एसआईटी घटना की जांच करेगी। उल्लेखनीय है कि सेक्टर 31 में सीएनजी पंप के तीन कर्मचारियों की 28 फरवरी को धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई थी।
- गाजियाबाद (उप्र)। गाजियाबाद पुलिस ने मंगलवार को पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की ग्रेटर नोएडा शाखा के एक मुख्य प्रबंधक को 400 करोड़ रुपये के ऋण घोटाला मामले के मुख्य आरोपी लक्ष्य तंवर के साथ कथित मिलीभगत के आरोप में गिरफ्तार किया। गाजियाबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) निपुण अग्रवाल ने कहा कि ऋण घोटाले की जांच कर रहे एक विशेष जांच दल (एसआईटी) ने आरोपी मुख्य प्रबंधक उत्कर्ष कुमार को ग्रेटर नोएडा में बैंक की शाखा से गिरफ्तार किया। घोटाले के वक्त आरोपी कुमार पीएनबी की चंद्रनगर शाखा में नियुक्त थे। तंवर विभिन्न बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से जाली दस्तावेजों के आधार पर 400 करोड़ रुपये से अधिक के बैंक ऋण जुटाने में कामयाब रहा था। पुलिस ने पूर्व में बैंक के सहायक महाप्रबंधक आरोपी रामनाथ मिश्रा और प्रबंधक आरोपी प्रियदर्शनी को घोटाले में उनकी भूमिका के आरोप में गिरफ्तार किया था। एसपी अग्रवाल ने कहा कि आरोपी तंवर पर धोखाधड़ी और जालसाजी के 39 मामले दर्ज हैं और आरोपी कुमार पर 12 मामले दर्ज हैं। एसपी अग्रवाल ने कहा कि एसआईटी मामले में आरोपी तंवर की पत्नी प्रियंका तंवर और एक दर्जन से अधिक अन्य आरोपियों के संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। एसपी ने कहा कि घोटाले में मिलीभगत करने वाले बैंक के कुछ पूर्व कर्मचारियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।आरोपी तंवर को गिरफ्तार किया गया था और उसकी अचल संपत्ति को गाजियाबाद प्रशासन ने पहले ही कुर्क किया था। अग्रवाल ने कहा कि आरोपी तंवर के खिलाफ उत्तर प्रदेश गैंगस्टर कानून के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। ऋण घोटाला अगस्त 2020 में सामने आया था जब शिवम नामक व्यक्ति ने आरोपी तंवर, उसकी पत्नी प्रियंका तंवर, पीएनबी प्रबंधक कुमार, उप प्रबंधक प्रियदर्शनी और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ जीटी रोड कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में शिवम ने आरोप लगाया था कि आरोपी तंवर ने उनके नाम पर 1.33 करोड़ रुपये की दो संपत्तियां खरीदी थीं और बैंक से चार करोड़ रुपये का कर्ज लिया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि शिवम और उसके पिता सुनील कुमार के तंवर के साथ घनिष्ठ संबंध थे। पुलिस ने कहा कि शिवम ने खुद को और अपने पिता को बचाने के लिए शिकायत दर्ज कराई थी क्योंकि बैंक ने उन्हें ऋण राशि की वसूली के लिए नोटिस भेजने शुरू किये थे।
- नयी दिल्ली। इस अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर छह महिला थाना प्रभारियों ने राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर महिलाओं और बच्चों में सुरक्षा की भावना सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है। हाल में नियुक्त इन थाना प्रभारियों ने महिलाओं को सलाह दी, ‘‘अपनी शिकायत दर्ज करने के लिए आत्मविश्वास के साथ पुलिस थानों में आएं।'' यह पूछे जाने पर कि इस अवसर पर महिलाओं के लिए उनका क्या संदेश है, डिफेंस कॉलोनी की थाना प्रभारी (एसएचओ) सपना दुग्गल ने कहा, ‘‘एक महिला थाना प्रभारी के रूप में, मैं अपने क्षेत्र की महिलाओं को केवल एक संदेश देना चाहूंगी कि वे मेरे क्षेत्र में सुरक्षित हैं।'' सोनिया विहार थाना की प्रभारी मालती बाना ने कहा कि समय बदल गया है और महिलाएं, जो पहले सिर्फ साड़ी पहनने तक ही सीमित थीं, प्रगतिशील दुनिया के हिसाब से खुद को ढाल रही हैं। विकासपुरी थाना की प्रभारी प्रतिभा शर्मा ने कहा, ‘‘महिलाओं को विभिन्न मोर्चों पर कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। वे अब पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हैं। चाहे वे कहीं भी तैनात हों, महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित की है।'' विवेक विहार थाना की प्रभारी पूनम पारीक ने अपने संदेश में कहा कि उनके क्षेत्र की महिलाएं फोन पर उनसे संपर्क कर सकती हैं और सीधे उन्हें अपनी समस्याएं बता सकती हैं। हौज खास थाना की प्रभारी शिवानी सिंह का मानना है कि अधिक महिलाओं को थाना प्रभारी के रूप में नियुक्त किए जाने के साथ उनमें एकजुटता की भावना आई है। सिंह ने कहा, ‘‘हम एक दूसरे को जानते थे लेकिन अब हम दोस्त बन गए हैं। किसी भी संवेदनशील मुद्दे के मामले में, हम हमेशा अपने बीच उस पर चर्चा करते हैं, जब हमें किसी भी मामले के संबंध में किसी कानूनी सलाह की आवश्यकता होती है, चाहे वह बलात्कार हो या छेड़छाड़।'' सिंह ने कहा, ‘‘आखिरकार, एकता ताकत है। नारी शक्ति जिंदाबाद।'' आर के पुरम की थाना प्रभारी अल्पना शर्मा का संदेश बहुत स्पष्ट है- किसी भी महिला के साथ दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘महिलाएं देश की अर्थव्यवस्था को चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनका सम्मान किया जाना चाहिए।

















.jpg)
.jpg)








