- Home
- देश
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुजरात में होने जा रहे निवेशक सम्मेलन को वीडियो कांफ्रेन्स के जरिये संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को एक बयान में कहा कि स्वैच्छिक वाहन आधुनिकीकरण कार्यक्रम या वाहन कबाड़ नीति के तहत वाहन को कबाड़ में बदलने के बुनियादी ढांचे की स्थापना के लिए निवेश आमंत्रित करने को लेकर इस निवेशक शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें एक एकीकृत कबाड़ केंद्र के विकास के लिए अलंग में ‘शिप ब्रेकिंग' उद्योग के साथ तालमेल पर भी गौर किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा गुजरात सरकार कर रही है।गांधीनगर में आयोजित इस सम्मेलन में संभावित निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों के अलावा केंद्र एवं राज्यों के संबंधित प्रतिनिधि शामिल होंगे। बयान के अनुसार इस मौके पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी उपस्थित रहेंगे। वाहन कबाड़ नीति का उद्देश्य पर्यावरण के अनुकूल और सुरक्षित तरीके से अनुपयुक्त और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को चरणबद्ध तरीके से उपयोग से हटाने के लिए ढांचागत सुविधाओं को खड़ा करना है।
- मेरठ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुकुल गोयल ने साइबर अपराध को लेकर बृहस्पतिवार को यहां कहा कि समय के साथ अपराध का तरीका बदल गया है, पहले फिरौती के लिए अपहरण होता था, अब सीधे बैंक खाते खाली हो जाते हैं। गोयल ने कहा कि इस समय साइबर अपराध बढ़ रहा है और हमारे दरोगा इसकी विवेचना करने में कम सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि इसके चलते दरोगाओं को साइबर अपराध का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश अपराध की दृष्टि से बहुत ही संवेदनशील है और यहां का अपराध दिल्ली और पूरे प्रदेश को प्रभावित करता है। पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल ने बताया कि बागपत व शामली जिला बना दिए गए, लेकिन वहां अभी तक पुलिसकर्मियों के लिए पुलिसलाइन की व्यवस्था नहीं की गई थी। उन्होंने कहा कि जल्दी दोनों जिलों में पुलिस लाइन का निर्माण कार्य जल्द ही पूरा कराया जाएगा। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि 15 अगस्त को लेकर सभी जनपदों में कड़ी सुरक्षा की जा रही है। एडीजी और आईजी खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। पुलिस महानिदेशक ने जनप्रतिनिधियों से भी अलग-अलग वार्ता की और उनसे अपराध और अफसरों की कार्यशैली के बारे में बातचीत की गई।। इससे पहले पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल सुबह 10 बजे मेरठ पहुंचे। पुलिस लाइन पहुंचते ही डीजीपी ने सलामी ली। पुलिस महानिदेशक ने इससे पहले जोन के सभी जनपदों के कप्तान और नोएडा के कमिश्नर के साथ अपराध की समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी कप्तानों और कमिश्नर से पुलिस की बेहतरी के लिए सुझाव मांगे ताकि उन पर काम हो सके। कौमी एकता मंच के एक प्रतिनिधिमंडल ने जनसमस्याओं को लेकर पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल से मुलाकात की।
- मुंबई । उपभोक्ता मामलों की सचिव लीना नंदन ने बुधवार को कहा कि देश बेहतरीन वैज्ञानिकों को साथ लेकर आगे बढ़ने में पूरी तरह से सक्षम है। उन्होंने कहा, ‘‘वो समय आ गया है जब देश में वैज्ञानिक विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मिलकर काम किया जाए, ताकि हम भारतीयों की जरूरतों को पूरा करने के लिए 'आत्मनिर्भर भारत' बनने की हमारी ताकत का उपयोग कर सके। साथ ही दुनिया को दिखा सके कि हम देश में सबसे अच्छे वैज्ञानिक दिमाग का उपयोग करने में पूरी तरह सक्षम है।'' नंदन ने 'आजादी का अमृत महोत्सव- भारत 75' मनाने के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी में हाल के उभरते क्षेत्रों पर दो दिवसीय वेबिनार को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय परीक्षण शाला (एनटीएच) ने देश के लोगों के जीवन को आसान बना दिया है। उन्होंने कहा कि आज एनटीएच बड़ी और छोटी खोजों से जुड़ा हुआ है, जिससे लोगों का जीवन आसान हुआ है।
- चतरा। झारखंड की चतरा पुलिस ने बुधवार को शराब तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान में एक पिकअप वैन से कुल 320 पेटी देशी व विदेशी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। चतरा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अविनाश कुमार ने बताया कि तस्करों के खिलाफ चलाये गये अभियान में पिकअप वैन से बरामद की गयी 275 पेटियों से 14,300 बोतल देशी व 45 पेटियों से 792 बोतल विदेशी शराब बरामद की गयी। उन्होंने बताया कि कुल 15092 देशी-विदेशी अवैध शराब की बोतलों के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया। कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि हज़ारीबाग से चतरा होते हुए शराब की बड़ी खेप बिहार जाने वाली है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तलाश अभियान चलाया गया। इसी दौरान पिकअप वैन को रोक कर तलाशी ली गयी तो उसमें अवैध शराब की पेटियां पाई गईं। उन्होंने बताया सभी तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है ।
- मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पुलिस ने एनटीटी (नर्सरी टीचर ट्रेनिंग) एवं ट्रिपल सी (कम्प्यूटर) आदि पाठ्यक्रम कराकर बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उन्हें ठगने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जमुनापार थाने में लोहवन निवासी सुनील कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने ट्रिपल-सी, एनटीटी एवं अन्य पाठ्यक्रम कराकर नौकरी दिलाने के नाम पर उसे एवं अन्य कई लोगों को ठगा है। पुलिस अधीक्षक (शहर) मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ बल ने इस मामले में मोबाइल नंबर और बैंक खाते आदि के माध्यम से दो व्यक्तियों को चिह्नित कर उनकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस बल ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सदर क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक राम मोहन शर्मा ने बताया कि अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों के खिलाफ केवल एक व्यक्ति ने ही रिपोर्ट दर्ज कराई है, लेकिन ये दोनों कम से कम आठ लोगों से ढाई लाख रुपए राशि की ठगी कर चुके हैं।
- बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में अयोध्या राजमार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि दो अन्य घायल हो गए। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले वाले पांचों लोग एक ही परिवार के है। इस हादसे में दो लोग घायल भी हो गए हैं, जिन्हे पुलिस ने अस्पताल भर्ती कराया है। हादसे की चपेट में आया परिवार लखनऊ से झारखंड कार से जा रहा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के उपचार के निर्देश दिये हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा बृहस्पतिवार सुबह गोटवा के पास हुआ। लखनऊ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 28 (एनएच-28) पर एक होटल के पास खड़े कंटेनर में पीछे से जा घुसी। कार में सवार सात लोगों में से पांच की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कार में सवार एक किशोरी को सुरक्षित निकाल लिया गया। घायल चालक की स्थिति चिन्ताजनक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, कार कंटेनर में पीछे तेज रफ्तार में घुसी थी और पांचों लोगों का शव कार में बुरी तरह से फंसा हुआ था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पांचों शवों को बाहर निकाला। पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि कार में चालक सहित सात लोग सवार थे, जिसमें एक ही परिवार के छह लोग थे। इनमें 13 वर्षीय अनम सुरक्षित बच गई है, जबकि अब्दुल अजीज (50), नरगिस तबस्सुम (48), अनम (18), तिउरा (11) और सबा (6) की मौके पर ही मौत हो गई। यह परिवार लखनऊ के शारदानगर में रहता था और सभी लोग मूलरूप से बिहार राज्य के भागलपुर के रहने वाले थे। मृतक अब्दुल अजीज का ससुराल झारखंड में है। उन्हें सास की मौत की खबर मिली तो वह परिवार के साथ सुबह ही झारखंड के लिए निकल पड़े थे। लखनऊ के शारदानगर का रहने वाला अभिषेक गाड़ी चला रहा था और जिस वक्त हादसा हुआ सब लोग कार में सो रहे थे। दुर्घटना में सुरक्षित बची अनम ने बताया, ‘‘हम सो रहे थे, अचानक तेज आवाज के साथ टक्कर हो गई। हम सब फंस गए थे, चारों तरफ खून ही खून था, कोई बोल नहीं पा रहा था।'' पुलिस अधीक्षक श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना के बाद पुलिस और अन्य टीमों की मदद से गाड़ी में फंसे शवों को निकाल गया। परिजनों को घटना की सूचना दी गई है और वे बस्ती पहुंच गए हैं। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बस्ती में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों का उचित उपचार कराने तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद और राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने बृहस्पतिवार को कहा कि कम से कम 15 करोड़ बच्चे एवं युवा देश की औपचारिक शिक्षा व्यवस्था से बाहर हैं और करीब 25 करोड़ आबादी साक्षरता की बुनियादी परिभाषा के नीचे है। प्रधान ने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित वार्षिक सम्मेलन के दौरान ‘रोजगार सृजन एवं उद्यमिता' विषय पर अपने संबोधन में यह बात कही । केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘ अगर हम सरकारी, निजी एवं धर्मार्थ स्कूलों, आंगनवाड़ी, उच्च शिक्षण संस्थानों एवं कौशल से जुड़ी पूरी व्यवस्था में 3 से 22 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों एवं युवाओं की संख्या पर नजर डालें तब यह संख्या 35 करोड़ होती है जबकि देश में इस आयु वर्ग की आबादी 50 करोड़ है।'' उन्होंने कहा कि इसका अर्थ यह हुआ कि कम से कम 15 करोड़ बच्चे एवं युवा देश की औपचारिक शिक्षा व्यवस्था से बाहर हैं । प्रधान ने कहा कि आजादी के बाद करायी गई जनगणनना में यह पाया गया कि आबादी का 19 प्रतिशत हिस्सा साक्षर है। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष के आंकड़ों के अनुसार देश में साक्षरता दर 80 प्रतिशत पहुंच गई है । इसका अर्थ यह हुआ कि 20 प्रतिशत आबादी या करीब 25 करोड़ आबादी साक्षरता की बुनियादी परिभाषा के नीचे है। इस दिशा में नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रधान ने कहा कि यह केवल एक दस्तावेज नहीं है बल्कि अगले 25 वर्षो में उन लक्ष्यों को हासिल करने का खाका है जब हम आजादी के 100 वर्ष पूरे करेंगे । उन्होंने कहा कि पहली बार हमारी सरकार ने शिक्षा के साथ कौशल को जोड़ा है और यह आजीविका की दिशा में नयी पहल को रेखांकित करता है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड-19 टीके की अब तक 54.04 करोड़ से अधिक खुराक उपलब्ध कराई गई हैं और 1,09,83,510 अतिरिक्त खुराक और भेजने की तैयारी चल रही है। मंत्रालय के पास सुबह आठ बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक टीके की बर्बाद हुई खुराक समेत कुल 52,00,96,418 खुराक की खपत हुई है। मंत्रालय ने कहा राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास कोविड-19 टीके की कुल 2,55,54,533 खुराक अब भी उपलब्ध हैं। इसके मुताबिक केंद्र सरकार पूरे देश में कोविड-19 टीकाकरण की गति को तेज करने और इसके दायरे का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। कोविड-19 टीकाकरण के सार्वभौमिकरण का नया चरण 21 जून, 2021 से शुरू हुआ था। मंत्रालय ने कहा कि टीकाकरण अभियान अधिक टीकों की उपलब्धतता, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को टीकों की उपलब्धतता की अग्रिम सूचना के माध्यम से तेज किया जा रहा है, ताकि उनके द्वारा बेहतर योजना बनाई जा सके और टीका आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ किया जा सके। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत, भारत सरकार कोविड टीकों को नि:शुल्क उपलब्ध करा कर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का सहयोग कर रही है। कोविड टीकाकरण अभियान के नये चरण में, सरकार देश में टीका निर्माताओं द्वारा उत्पादित किए जा रहे टीकों का 75 प्रतिशत खरीदेगी और राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मुफ्त आपूर्ति (मुफ्त) करेगी।
- नयी दिल्ली। नागरिक उड्डयन मंत्रालय (एमओसीए) ने भारत और ब्रिटेन के बीच संचालित होने वाली विशेष उड़ानों की सीमा 16 अगस्त से प्रति सप्ताह 30 से बढ़ाकर 60 कर दी है। मंत्रालय का यह फैसला केन्द्रीय गृह मंत्रालय के अंतर-राज्य परिषद सचिवालय के सचिव संजीव गुप्ता द्वारा ट्विटर पर शिकायत किए जाने के पांच दिन बाद आया है। गुप्ता ने शिकायत की थी कि 26 अगस्त के लिए ‘ब्रिटिश एयरवेज‘, ‘एअर इंडिया' और ‘विस्तारा' की दिल्ली-लंदन उड़ानों की ‘इकोनॉमी-क्लास' की एक टीकट की कीमत 1.2 लाख रुपये से 3.95 लाख रुपये की आ रही है। गुप्ता की शिकायत के बाद, ‘विस्तारा' ने रविवार को कहा था कि मूल्य निर्धारण हमेशा आपूर्ति और मांग पर निर्भर करता है। एमओसीए ने बृहस्पतिवार को कहा कि उड़ानों की बढ़ी हुई सीमा ‘‘ 16 अगस्त 2021 से लागू होगी और यह अगले आदेश तक या निर्धारित अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक उड़ान सेवाओं के सामान्य रूप से बहाल होने तक जारी रहेगी।'' उसने कहा, ‘‘ भारतीय वाहकों के लिए अभी तक उपलब्ध प्रति सप्ताह 30 उड़ानों में से 26 उड़ाने ‘एअर इंडिया' की और शेष चार उड़ानें ‘विस्तारा' की हैं।'' कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण पिछले साल 23 मार्च से भारत में निर्धारित अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ान सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। भारत, ब्रिटेन सहित 28 देशों के साथ ‘एयर बबल' व्यवस्था के तहत जुलाई 2020 से सीमित विशेष अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानें संचालित कर रहा है।-file photo
- नई दिल्ली। अफगानिस्तान में तालिबान द्वारा कई क्षेत्रों में कब्जा करने के बीच भारत ने गुरुवार को कहा कि अफगानिस्तान की स्थिति चिंता का विषय है और वह वहां समग्र एवं तत्काल संघर्ष विराम की उम्मीद करता है । विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता में यह बात कही । उन्होंने कहा, हम अफगानिस्तान में सभी पक्षकारों से सम्पर्क में है और इस युद्धग्रस्त देश में जमीनी स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं । उन्होंने कहा कि भारत दोहा में अफगानिस्तान के मुद्दे पर क्षेत्रीय सम्मेलन में कतर के निमंत्रण पर हिस्सा ले रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, अफगानिस्तान में स्थिति चिंता का विषय है। यह स्थिति तेजी से उभरती है । हम वहां समग्र एवं तत्काल संघर्ष विराम की उम्मीद करते हैं । प्रवक्ता ने कहा, हम चाहते हैं कि वहां (अफगानिस्तान) में शांति हो ताकि वहां दीर्घकालिक विकास हो सके । बागची ने कहा कि सभी पक्षकारों को इस दृष्टि से काम करना चाहिए ताकि अफगान-नेतृत्व वाली, अफगान-स्वामित्व वाली और अफगान-नियंत्रित व्यवस्था हो। अफगानिस्तान के संबंध में भारतीय उच्चायोग के परामर्श के संबंध में एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह परामर्श वहां भारतीय नागरिकों के लिये जारी किये गए थे ।उल्लेखनीय है कि नए परामर्श में काबुल में भारतीय दूतावास ने अफगानिस्तान में काम कर रही भारतीय कंपनियों को देश से हवाई यात्रा सेवाओं को बंद करने से पहले अपने भारतीय कर्मचारियों को परियोजना स्थलों से तुरंत वापस लाने की सलाह दी थी।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को को कहा कि पिछले सात सालों में स्वयं सहायता समूहों में तीन गुना से अधिक की वृद्धि हुई है और इस दौरान उन्होंने ऋण की राशि लौटाने में अभूतपूर्व काम किया है, जिसकी वजह से डूबत ऋण का प्रतिशत नौ से घटकर आज दो से ढाई प्रतिशत के बीच रह गया है।‘‘आत्मनिर्भर नारी-शक्ति से संवाद’’ नाम से आयोजित एक कार्यक्रम में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े महिला स्वयं-सहायता समूहों की महिला सदस्यों के साथ संवाद के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने यह बात कही।इस अवसर पर उन्होंने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की सफलता की कहानी के संक्षिप्त विवरण तथा कम व छोटी जोत वाली खेती से आजीविका पर एक पुस्तिका भी जारी की। साथ ही उन्होंने चार लाख स्व-सहायता समूहों को 1,625 करोड़ रुपये की सहायता राशि और पीएम फॉर्मलाइजेशन ऑफ माइक्रो फूड प्रोसेसिंग एंटरप्राइजेज (पीएमएफएमई) के तहत आने वाले 7,500 स्व-सहायता समूहों को 25 करोड़ रुपये की आरंभिक धनराशि भी जारी की। पीएमएफएमई खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की योजना है।इसी तरह प्रधानमंत्री ने मिशन के तहत आने वाले 75 एफपीओ (किसान उत्पादक संगठनों) को 4.13 करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश भर में लगभग 70 लाख स्वयं सहायता समूह हैं, जिनसे लगभग आठ करोड़ बहनें जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि पिछले छह-सात सालों के दौरान स्वयं सहायता समूहों में तीन गुना से अधिक की वृद्धि हुई है और तीन गुना बहनों की भागीदारी सुनिश्चित हुई है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह और दीन दयाल अंत्योदय योजना ग्रामीण भारत में नयी क्रांति ला रही हैं और यह स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों से संभव हुआ है।प्रधानमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अनेक वर्षों तक महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की कोशिश ही नहीं की गई।उन्होंने कहा, ‘‘आज 42 करोड़ जनधन खाते हैं और इनमें 55 प्रतिशत खाते महिलाओं के हैं। अब उन्हें रसोई के डिब्बे में पैसे नहीं रखने पड़ते बल्कि उनके पैसे सीधे बैंक के खाते में जमा हो रहे हैं। हमने बैंक खाते भी खोले और ऋण लेना भी आसान किया।’’प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले सात सालों में स्वयं सहायता समूहों ने ऋण वापसी को लेकर बहुत अच्छा काम किया है। उन्होंने कहा, ‘‘एक समय था कि इस ऋण का नौ प्रतिशत डूबत ऋण हो जाया करता था...राशि वापस ही नहीं हो पाती थी... अब यह घटकर दो-ढाई प्रतिशत रह गयी है।’’प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने के लिए अब उन्हें 20 लाख रुपए तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘पहले यह राशि 10 लाख रुपए थी जो अब दोगुनी कर दी गई है।’’उन्होंने कहा कि आज आत्मनिर्भर भारत अभियान को देश की आत्मनिर्भर नारी शक्ति नयी ताकत दे रही है और इससे उन्हें भी प्रेरणा मिल रही है।उन्होंने महिलाओं की सराहना करते हुए कहा, ‘‘संवाद के दौरान मैं उनका आत्मविश्वास अनुभव कर रहा था। उनके अंदर आगे बढ़ने की ललक और कुछ करने का जज्बा है जो हम सबके लिए प्रेरक हैं। इससे हमें देश में चल रहे नारी शक्ति के सशक्त आंदेालन की झलक मिलती है।’’प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में जिस प्रकार से महिलाओं ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से देशवासियों की सेवा की, वह अभूतपूर्व है। मास्क और सेनेटाइजर बनाना हो, जरूरतमंदों तक खाना पहुंचाना हो या जागरूकता का काम हो, हर प्रकार से इन समूहों का योगदान अतुलनीय रहा है।इस कार्यक्रम में ग्रामीण विकास और पंचायत राज मंत्री गिरिराज सिंह, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पशुपति कुमार पारस, ग्रामीण विकास राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति और फग्गन सिंह कुलस्ते, पंचायती राज राज्यमंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल भी उपस्थित थे।ज्ञात हो कि दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों के गरीब ग्रामीण परिवारों को स्व-सहायता समूहों से जोड़ना है। यह क्रमबद्ध तरीके से किया जाता है और गांव के गरीबों को लंबे समय तक सहायता दी जाती है ताकि वे अन्य तरह से भी अपनी आजीविका प्राप्त कर सकें, अपनी आय और जीवन के स्तर में सुधार ला सकें।
- जींद। हरियाणा में जींद के जुलाना स्थित गौशाला के पास स्थित तालाब में डूबने से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के मुताबिक, छह वर्षीय केशव मंगलवार को अपने पिता अनिल के साथ तालाब में भैंसों को पानी पिलाने के लिए गया हुआ था। कुछ भैंस तालाब से जल्दी निकल गईं और कुछ भैंस तालाब में ही रह गईं। अनिल तालाब से निकली भैंसों को लेकर घर आ गया और केशव को वहीं छोड़ आया ताकि दूसरी भैसों को साथ ले आए। पुलिस के मुताबिक, अचानक बच्चे का पांव फिसल गया और वह पानी में डूब गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की मशक्त के बाद केशव के शव को तालाब से निकाला जा सका।-file photo
- शिमला। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बुधवार को एक बस और अन्य वाहनों के भूस्खलन की चपेट में आने से दस लोगों की मौत हो गई तथा 13 अन्य को बचा लिया गया जबकि कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। किन्नौर जिला उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने कहा कि मलबे से अब तक दस शव निकाले जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मलबे में फंसे कई अन्य लोगों का पता लगाने के लिए बचाव अभियान जारी है। राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने बताया कि किन्नौर जिले में निचार तहसील अंतर्गत निगुलसारी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या पांच पर चौरा गांव में दोपहर के समय भूस्खलन और पहाड़ से पत्थर गिरने की घटना हुई। उन्होंने कहा कि एक यात्री वाहन, एक टाटा सूमो के मलबे में दबे होने का पता चला और उसमें आठ लोग मृत पाए गए। मोख्ता ने कहा कि हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस, जो दुर्घटना के समय रिकांग पियो से शिमला होते हुए हरिद्वार जा रही थी, अभी भी यात्रियों के साथ मलबे में दबी हुई है। अधिकारियों ने कहा कि एक कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एक अन्य पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया कि बचाव दल क्रेन की मदद से उन्हें मलबे से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पत्थर गिरने से एक ट्रक नदी किनारे लुढ़क गया और चालक का शव बरामद कर लिया गया है।इससे पहले, भावनगर के थानाप्रभारी ने कहा कि लगभग 25 से 30 लोग मलबे में दबे हुए हैं।राज्य के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि मरने वालों में पांच महिलाएं और एक बच्चा शामिल है।मोख्ता ने बताया कि मृतकों में से दो की पहचान शिमला जिले के रामपुर के कैया गांव निवासी रोहित कुमार (25) और हमीरपुर जिले के सुजानपुर के झोल गांव निवासी विजय कुमार (32) के रूप में हुई है। एसएचओ ने कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नूरपुर से एनडीआरएफ को तलाशी एवं बचाव अभियान चलाने के लिए बुलाया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारी, स्थानीय पुलिस के सदस्य, होमगार्ड, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, त्वरित प्रतिक्रिया दल (पुलिस) और चिकित्सा दल सहित खोज और बचाव दल घटना स्थल पर हैं। उन्होंने कहा कि दस एम्बुलेंस, चार अर्थ मूवर, आईटीबीपी की 17वीं बटालियन के 52 जवान, पुलिस के 30 जवान और एनडीआरएफ के 27 जवान बचाव अभियान में लगे हुए हैं। इससे पहले, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्य विधानसभा को बताया कि ऐसी खबरें हैं कि मलबे के नीचे 50-60 लोगों के फंसे होने की आशंका है, लेकिन सही संख्या का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनसे बात की है और अब तक की सर्वोच्च प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को बचाने और उन्हें सर्वोत्तम संभव उपचार प्रदान करना है। इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ठाकुर से बात की।प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से किन्नौर में हुए भूस्खलन के चलते बनी स्थिति पर बात की। प्रधानमंत्री ने जारी बचाव अभियानों में हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया।'' केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने भी भूस्खलन के कारण उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए ठाकुर से बात की। गृह मंत्री ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) को राहत एवं बचाव कार्यों में हिमाचल प्रदेश सरकार को हरसंभव मदद देने का निर्देश दिया। ठाकुर ने विधानसभा को यह भी बताया कि सेना के एक अधिकारी ने उनसे बात की और मदद की पेशकश की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बचाव अभियान के लिए एक हेलीकॉप्टर की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि भूस्खलन तब हुआ जब उस समय इलाके में बारिश नहीं हुई थी।
- नई दिल्ली। सरकार ने बुधवार को कहा कि वह कश्मीर में आतंकवादी हिंसा के चलते अपने घरों से पलायन कर गये कश्मीरी पंडितों की पैतृक संपत्ति को बहाल करने के प्रयास कर रही है तथा अभी तक नौ संपत्तियों को उनके उचित एवं वास्तविक स्वामियों को वापस कर दिया गया है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर विस्थापित अचल संपत्ति (संरक्षण, सुरक्षा एवं मजबूरी में बिक्री का निषेध) कानून 1997 के तहत राज्य के संबंधित जिलों के जिलाधीश विस्थापितों की अचल संपत्ति के कानूनी संरक्षक होते हैं और अतिक्रमण होने की स्थिति उन संपत्तियों को खाली करवाने के लिए स्वत: आधार पर भी कार्रवाई कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विस्थापित लोग ऐसे मामलों में जिलाधीशों से अनुरोध कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि संपत्ति को उसके उचित एवं वास्तविक स्वामी को लौटाने के मामले में जम्मू कश्मीर सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गयी जानकारी के अनुसार नौ संपत्तियों को लौटा दिया गया है।
- तिरुपति (आंध्र प्रदेश)। वाईएसआर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वाई वी सुब्बारेड्डी ने बुधवार को एक बार फिर तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में शपथ ली। टीटीडी बोर्ड, यहां भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर का प्रबंधन देखने वाली संस्था है।सुब्बारेड्डी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी के मामा हैं। वे पहले भी दो साल तक टीटीडी बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके हैं। मंदिर के एक अधिकारी ने बताया कि दो महीने के अंतराल के बाद राज्य सरकार ने सुब्बारेड्डी को फिर से बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया। टीटीडी के कार्यकारी अधिकारी केएस जवाहर रेड्डी ने सुब्बारेड्डी को मंदिर के भीतर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अधिकारी ने कहा कि टीटीडी बोर्ड के अन्य सदस्यों को जल्दी ही नियुक्त किया जाएगा।
- मुंबई। मानसून की वर्षा के असमान वितरण से खरीफ बुवाई प्रभावित होने की संभावना है, जो पिछले साल की तुलना में एक प्रतिशत कम रह सकती है। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। क्रिसिल रिसर्च ने एक रिपोर्ट में कहा, ‘‘हमारे विचार में, कुल खरीफ बुवाई साल- दर- साल आधार पर एक प्रतिशत कम रहने की उम्मीद है।'' इसमें कहा गया है, ‘‘आठ अगस्त तक संचयी बुवाई साल- दर- साल दो प्रतिशत कम थी,जो पिछले साल बुवाई बढ़ने और पिछले पांच वर्षों के औसत से तीन प्रतिशत अधिक होने के कारण हुई थी।''रिपोर्ट में कहा गया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने जून के अंत से जुलाई के मध्य तक रुकने के बाद 12 जुलाई को वर्षा के दीर्घावधि औसत (एलपीए) में सात प्रतिशत की कमी को और घटाकर आठ अगस्त तक केवल चार प्रतिशत कर दिया। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि शेष मौसम में मानसून सामान्य रहेगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय कृषि काफी हद तक वर्षा पर निर्भर है, इस साल कभी-बंद कभी मानसून ठीक रहने की वजह से, खरीफ के लिए बहुप्रतीक्षित तिलहन (मूंगफली और सोयाबीन) की जगह किसान मक्का और धान की बुवाई की ओर गये हैं।
- अहमदाबाद। गुजरात भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक कारोबारी के दस्तावेजों की मंजूरी से जुड़े 3.5 लाख रुपये के रिश्वत मामले में राजकोट से राज्य के दो जीएसटी अधिकारियों और एक बिचौलिए को गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को यह जानकारी दी।राजकोट के कारोबारी ने हाल में एसीबी से संपर्क किया था और आरोप लगाया था कि राज्य के कर अधिकारी (श्रेणी-दो) आरोपी विक्रम कनारा और कर निरीक्षक (श्रेणी-तीन) आरोपी अजय मेहता ने दस्तावेज जांच के उद्देश्य से उनके दो ट्रकों को रोका जो माल आपूर्ति के लिए राजकोट से बामनबोरो औद्योगिक क्षेत्र जा रहे थे। एसीबी ने बताया कि कारोबारी और उनके सहयोगी ने सामान का मूल बिल दिखाया फिर भी आरोपियों ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) कानून के तहत ट्रक को कब्जे में लेने की चेतावनी दी। आरोपियों ने दावा किया कि ई-वे बिल और माल का चालान दोनों ही फर्जी हैं। एजेंसी ने बताया कि दोनों आरोपियों ने बिचौलिए मनसुख हीरपारा के माध्यम से कथित रूप से आठ लाख रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में आरोपी चार लाख रुपये रिश्वत पर तैयार हो गए और ट्रकों को जाने दिया। पहली किस्त के तौर पर शिकायकर्ता से 50 हजार रुपये रकम ली गयी। बाद में रकम के लिए दबाव बनाए जाने पर कारोबारी ने राजकोट में एसीबी कार्यालय से संपर्क किया और एक औपचारिक शिकायत दी, जिसके आधार पर मंगलवार को एक वाणिज्यिक परिसर में आरोपियों को पकडऩे की कार्रवाई की गई। एसीबी ने कहा कि आरोपी हीरपारा को कथित तौर पर 3.5 लाख रुपये नकदी लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया, अन्य दो आरोपियों को भी बाद में गिरफ्तार किया गया।
- आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कोविड-19 के अंतर्गत लागू की गई दो दिन की साप्ताहिक बंदी को खत्म कर अब उसे एक दिन का लॉकडाउन कर दिया गया है, जिससे आगरा में शनिवार को भी पर्यटकों के दीदार के लिए ताजमहल खुलेगा। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। उन्होंने बताया कि पूर्व में साप्ताहिक लॉकडाउन शनिवार-रविवार का था, जिसे अब प्रदेश सरकार ने केवल रविवार का कर दिया है। इसके साथ ही अब पर्यटक शनिवार को भी ताजमहल का दीदार कर सकेंगे।
- बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक कथित लुटेरे को पकडऩे गई टीम पर हमला करने के आरोप में आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि अपराध शाखा और स्थानीय पुलिस की टीम ने सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चंदरू गांव में लूटपाट के मामले में वांछित आरोपी फुरकान को उसके घर पर पकड़ लिया । इसी दौरान तभी कुछ लोगों ने पुलिस पर हमला किया और आरोपी को लेकर भाग निकले। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने कहा, ''सात-आठ लोग पीछे से आए और आरोपी को पुलिस से छुड़ाकर ले गए।'' उन्होंने बताया कि पुलिस ने एक हमलावर को पकड़ लिया जबकि आरोपी फुरकान समेत अन्य लोग भाग निकलने में कामयाब रहे। पुलिस ने कहा कि हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उन्हें पकडऩे का प्रयास किया जा रहा है।
- लेह। केन्द्र शासित प्रदेश लद्दाख इस साल 24 से 28 सितम्बर के बीच लेह में पहला 'द हिमालयन फिल्म उत्सव' (टीएचएफएफ) 2021 आयोजित करेगा। सूचना सचिव पद्मा आंगमो ने बताया कि पांच दिवसीय उत्सव का लक्ष्य संवादात्मक एवं प्रदर्शन मंच तैयार करना है, ताकि महत्वाकांक्षी स्थानीय फिल्म निर्माताओं को बढ़ावा दिया जा सके और लद्दाख को फिल्म निर्माण के लिए आकर्षक स्थल के रूप में प्रदर्शित किया जा सके।केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत फिल्म समारोह निदेशालय के सहयोग से लेह द्वारा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। सूचना सचिव ने बताया कि महोत्सव के दौरान हिमालयी राज्यों जैसे असम, सिक्किम, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय, नगालैंड, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख की लोकप्रिय फिल्मों के अलावा भारतीय दृश्य पटल की चयनित फिल्मों को प्रदर्शित किया जाएगा। आंगमो ने कहा, ''भारत के हिमालय क्षेत्र में प्रतिभाशाली फिल्म निर्माताओं को पहचानने के लिए लघु फिल्मों और वृत्तचित्रों के लिए एक प्रतियोगिता सत्र भी होगा, ताकि क्षेत्र के फिल्म बनाने वाले समुदाय से जुड़ा जा सके और नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जा सके।
- नई दिल्ली। उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने बुधवार को अपने कार्यकाल के चार साल पूरा कर लिये। आधिकारिक बयान के मुताबिक, उप राष्ट्रपति के सचिवालय ने एक पुस्तिका जारी की जिसमें श्री नायडू के पिछले चार साल के कई कार्यक्रमों को स्थान दिया गया है। इस ई-बुक को कई भाषाओं में जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि राज्यसभा के सभापति के तौर पर श्री नायडू देश में संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं। श्री नायडू ने 11 अगस्त, 2017 को उप राष्ट्रपति का पदभार संभाला था।बयान के अनुसार, श्री नायडू ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ मिलकर कोविड महामारी के दौरान संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रबंध किये। इसका नतीजा रहा कि साल 2020-21 (बजट सत्र तक) में सदन का कामकाज 95.82 प्रतिशत रहा जो 2017-18 में 48.17 प्रतिशत था। इसमें कहा गया है कि साल 2020-21 के दौरान राज्यसभा में 44 विधेयक पारित किये गए जो पिछले चार साल में सर्वाधिक था। इसके अलावा इसी अवधि में राज्यसभा की आठ समिति 74 रिपोर्ट सौंपी और यह भी पिछले चार वर्षों में सर्वाधिक है। बयान के मुताबिक, पिछले एक साल में श्री नायडू ने 53 व्याख्यान दिए, 23 पुस्तकों का विमोचन किया, 21 संस्थानों का दौरा किया, सात दीक्षांत समारोहों को संबोधित किया, चार पुरस्कार समारोहों में शामिल हुए और तीन परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इसमें इस बात का उल्लेख किया गया है कि कोरोना महामारी के दौरान उप राष्ट्रपति ने फेसबुक पोस्ट एवं लेखों के माध्यम से लोगों के बीच आशा और संयम का संदेश पहुंचाया। श्री नायडू उन कुछ प्रमुख लोगों में शामिल थे जिन्होंने सबसे पहले कोविड का टीका लिया और लोगों से टीका लगवाने का आग्रह किया।
- नोएडा (उप्र)। जनपद गौतमबुद्ध नगर में थाना बादलपुर क्षेत्र के छपरौला गांव के पास बुधवार सुबह एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना बादलपुर के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मूल रूप से जनपद बुलंदशहर का रहने वाला मनोज कुमार (20) बादलपुर क्षेत्र की चिरंजी विहार कॉलोनी में रहता था। वह यहां एक कंपनी मे काम करता था। सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह मनोज रेलवे की पटरी पार कर रहा था, तभी वह ट्रेन की चपेट में आ गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।-file photo
- शिमला। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बुधवार को हुए भूस्खलन में एक बस और अन्य वाहनों के चपेट में आ जाने से दो लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। राज्य आपदा प्रबंधन बल के निदेशक कुमार मोखता ने बताया कि बचाव अभियान के शुरुआती घंटों में कम से कम 10 लोगों को घायल अवस्था में मलबे में से निकाला गया और पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही बताया कि दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन किन्नौर के चौरा गांव में दोपहर से ठीक पहले हुआ। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्य विधानसभा को बताया कि ऐसी खबरें हैं कि मलबे के नीचे 50 से 60 लोग दबे हुए हैं लेकिन सही संख्या मालूम नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, " प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से किन्नौर में हुए भूस्खलन के चलते बनी स्थिति पर बात की। प्रधानमंत्री ने जारी बचाव अभियानों में हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया।" केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने भी भूस्खलन के कारण उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात की। गृह मंत्री ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) को राहत एवं बचाव कार्यों में हिमाचल प्रदेश सरकार को हरसंभव मदद देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ठाकुर ने कहा कि गृह मंत्री ने उनसे बात की है और फिलहाल शीर्ष प्राथमिकता मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने और उन्हें बेहतर इलाज देने की है।
- मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बंबई उच्च न्यायालय को बुधवार को बताया कि शहर में बिस्तर से उठने में अक्षम 1,317 लोगों का अब तक उनके घर जाकर कोविड रोधी टीकाकरण किया गया है और प्रतिकूल प्रभाव का कोई मामला सामने नहीं आया है। महानगर में घर-घर जाकर लोगों का टीकाकरण करने का अभियान पायलट परियोजना के रूप में 30 जुलाई को शुरू हुआ था। बीएमसी के कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी मंगला गोमारे ने उच्च न्यायालय में दायर एक शपथपत्र में कहा, ''घर-घर जाकर टीकाकरण करने के अभियान के दौरान नौ अगस्त 2021 तक बिस्तर से उठने में अक्षम 1,317 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है और प्रतिकूल प्रभाव का कोई मामला सामने नहीं आया है।'' शपथपत्र एक जनहित याचिका के जवाब में दायर किया गया जिसमें 75 साल से अधिक उम्र के लोगों, दिव्यांगों, बिस्तर या व्हीलचेयर का सहारा लेने वाले लोगों का कोविड रोधी टीकाकरण उनके घर जाकर करने का केंद्र को निर्देश देने का आग्रह किया गया है।अधिवक्ताओं-डी कपाडिय़ा और कुणाल तिवारी द्वारा दायर जनहित याचिका में कहा गया है कि ऐसे लोग टीकाकरण केंद्रों पर जाने में असमर्थ होंगे। केंद्र ने टीकों की बर्बादी और प्रतिकूल प्रभाव के जोखिम के आधार पर पूर्व में घर-घर जाकर टीकाकरण करने में असमर्थता व्यक्त की थी। महाराष्ट्र सरकार ने पिछले महीने कहा था कि वह यह अभियान शुरू करेगी और उसने इसके लिए एक नीति भी बनाई थी। मुंबई में यह अभियान अंतत: पायलट परियोजना के रूप में शुरू हो गया। बीएमसी के शपथपत्र में कहा गया है कि बिस्तर से उठने में अक्षम 4,889 लोगों ने नौ अगस्त तक घर में टीकाकरण कराने के लिए पंजीकरण कराया। इसने कहा कि एक गैर सरकारी संगठन की मदद से 30 जुलाई को एक पायलट चरण में यहां 37 लोगों को उनके घर जाकर कोविड रोधी टीका लगाया गया। बीएमसी ने शपथपत्र में कहा है कि दो अगस्त 2021 से शहर के सभी 24 वार्ड में गृह टीकाकरण जारी है।
- कोलकाता। रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन के मुख्यालय बेलूर मठ को 18 अगस्त से श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए प्रतिदिन लगभग पांच घंटे खोला जाएगा। मठ के प्रवक्ता के अनुसार कोविड-19 की स्थिति में सुधार के मद्देनजर, 18 अगस्त से मठ प्रतिदिन सुबह आठ बजे से 11 बजे तक तथा शाम चार बजे से पौने पांच बजे तक खोला जाएगा। पश्चिम बंगाल में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के चलते बेलूर मठ को 22 अप्रैल से बंद कर दिया गया था। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 24 जुलाई को मठ खोला गया था। प्रवक्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं और आगंतुकों को कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक लेने का प्रमाण पत्र और पहचान पत्र, प्रवेश द्वार पर दिखाना होगा जिसके बाद उन्हें मठ में प्रवेश दिया जाएगा। टीके का प्रमाण पत्र नहीं होने की स्थिति में पिछले 72 घंटे में जांच का कोविड निगेटिव प्रमाण पत्र दिखाना अनिवार्य होगा।



























.jpg)