- Home
- बिजनेस
- नयी दिल्ली। किआ मोटर्स इंडिया को अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी सोनेट के लिए 50,000 से अधिक बुकिंग मिल चुकी हैं। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी। कंपनी ने सोनेट की बुकिंग दो महीने पहले शुरू की थी। कंपनी ने बयान में कहा, सोनेट की बुकिंग के आंकड़ों से पता चता है कि बेहद प्रतिस्पर्धी एसयूवी खंड में ग्राहक इसे पासा पलटने वाले मॉडल के रूप में देख रहे हैं। कंपनी ने कहा कि इसकी बुकिंग 20 अगस्त को शुरू हुई थी। किआ मोटर्स इंडिया ने कहा, ‘‘कंपनी को इस वाहन के प्रति भारतीय ग्राहकों से काफी उत्साहवर्धक प्रतिक्रिया मिली है। बुकिंग शुरू होने के बाद हमें प्रत्येक तीन मिनट में दो ऑर्डर मिले हैं।'' सितंबर में सोनेट की बिक्री का आंकड़ा 9,266 इकाई रहा। सोनेट को बाजार में पेश किए जाने तथा इसकी कीमत की घोषणा के मात्र 12 दिन के भीतर यह कॉम्पैक्ट एसयूवी खंड में अग्रणी मॉडल बन गया है। सोनेट पेट्रोल और डीजल दोनों संस्करणों में उपलब्ध है। इसकी शोरूम 6.71 लाख से 11.99 लाख रुपये है।
- मुंबई। सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने ग्राहकों को आवास ऋण पर ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है। देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई के ग्राहकों को उनके सिबिल स्कोर के हिसाब से ‘योनो' के जरिये आवेदन करने पर 75 लाख रुपये से अधिक के आवास ऋण पर ब्याज में 0.25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। योनो बैंक का डिजिटल ऋण प्लेटफॉर्म है। एसबीआई की ओर से बुधवार को जारी बयान में कहा गया है कि अपनी त्योहारी पेशकश के तहत वह ग्राहकों को 30 लाख रुपये से अधिक के और दो करोड़ रुपये तक के आवास ऋण पर क्रेडिट स्कोर के आधार पर ब्याज दर में 0.20 प्रतिशत की छूट देगा। पहले बैंक ने 0.10 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की थी। यह योजना देशभर के लिए होगी। यही छूट आठ महानगरों में तीन करोड़ रुपये तक के आवास ऋण पर दी जाएगी। यदि ग्राहक योनो मंच के जरिये ऋण के लिए आवेदन करते हैं, तो 0.05 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट दी जाएगी। बैंक अभी 30 लाख रुपये तक का आवास ऋण 6.90 प्रतिशत की निचली ब्याज दर पर दे रहा है। 30 लाख रुपये से अधिक के आवास ऋण पर ब्याज दर सात प्रतिशत है। एसबीआई के प्रबंध निदेशक (खुदरा एवं डिजिटल बैंकिंग) सी एस शेट्टी ने कहा, एसबीआई के सस्ते आवास ऋण के जरिये घर खरीदार अपने सपनों का आशियाना खरीद सकेंगे। अब देश कोविड-19 के बाद के दौर के लिए तैयारी कर रहा है। उपभोक्ता मांग अब सुधर रही है। एसबीआई में हम ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप आकर्षक पेशकश लाते रहेंगे। पिछले महीने बैंक ने अपने खुदरा ऋण ग्राहकों के लिए कई त्योहारी पहल की थीं। इसके तहत योनो के जरिये कार, सोने या व्यक्तिगत ऋण के लिए आवेदन करने वाले ग्राहकों को प्रोसेसिंग शुल्क से छूट दी गई थी।
- नई दिल्ली। इंस्टैंट मैसेजिंग सर्विस वॉट्सएप सबसे लोकप्रिय ऐप बन चुका है। इसमें लगातार नए -नए फीचर्स डाले जा रहे हैं। अब इसमें यूजर्स को जल्द ही नया फीचर मिलने वाला है। खास बात यह है कि इस बार यह फीचर वेब वर्जन के लिए होगा। वेब वर्जन यानी वॉटस ऐप को अपने लैपटॉप या फिर अपने डेस्कटॉप पर खोलकर काम करने की तकनीक।अब वॉट्सऐप वेब यूज करने वालों को नया फीचर मिलेगा। वेब वर्जन पर जल्द ही वॉयस और वीडियो कॉलिंग फीचर मिल सकता है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, इंस्टैंट मैसेजिंग सर्विस वॉट्सऐप अपने वेब वर्जन में इस फीचर को टेस्ट कर रहा है।वॉट्सऐप वेब वर्जऩ 2.2043.7 में आए एक नए अपडेट के बाद इस फीचर को देखा गया था। यह फीचर अभी बीटा फेज में है यानी इसका टेस्ट चल रहा है। वॉट्सऐप वॉयस और वीडियो कॉल पहले ही एंड्रॉयड और आईओएस ऐप में उपलब्ध है। अब जल्द ही यह सुविधा डेस्कटॉप वर्जन में भी मिल सकेगी।इंस्टैंट मैसेजिंग सर्विस वॉट्स ऐप ने पिछले कुछ समय से अपने वेब सर्विस में काफ़ी बदलाव किए हैं। इसी के तहत अब यह नया फ़ीचर लाने की तैयारी है। अभी यूज़र्स वॉट्स ऐप वेब वर्जन से वॉयस और वीडियो कॉल नहीं कर सकते हैं, केवल अपना वॉट्स ऐप मैसेज देख सकते हैं और किसी को भी संदेश भेज सकते , फारवर्ड कर सकते हैं। वीडियो कॉल या वॉट्स कॉल करने के लिए आपको अपने मोबाइल सेट का इस्तेमाल करना होता है। अब वॉटस ऐप के नए बीटा वर्जन में वीडियो और वॉयस कॉल का फ़ीचर देखा गया है। ये एंड्रॉयड फोन के लिए होगा। उम्मीद है कि अगले कुछ हफ़्तों में वॉटस ऐप वेब वर्जन के लिए वॉयस और वीडियो कॉलिंग ऑप्शन दिया जा सकता है।खबरों की माने तो इस फ़ीचर के तहत आप वॉट्सऐप पर इनकमिंग कॉल्स पर एक अलग विंडो खुलेगा जहां से आप कॉल ऐक्सेप्ट और डिक्लाइन कर सकते हैं। नीचे की तरफ इग्नोर ऑप्शन भी है। वहीं कॉल करने के लिए एक छोटी पॉप-अप विंडो में वीडियो, म्यूट, डिक्लाइन, जैसे ऑप्शन रहते हैं। फिलहाल इसमें ग्रुप कॉल्स का फीचर नहीं है, लेकिन उम्मीद है कि आने वाले समय में ये फीचर भी लाए जा सकते हैं।
- मुंबई। शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्रों में तेजी रही और सेंसेक्स 163 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। बैंक और आईटी कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली के असर को वित्तीय कंपनियों के शेयरों में अच्छी लिवाली ने खत्म कर दिया। उतार-चढ़ाव भरे कारोबाार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 162.94 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 40,707.31 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसमें 825.54 अंक का उतार-चढ़ाव आया। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 40.85 अंक यानी 0.34 प्रतिशत बढ़कर 11,937.65 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक लाभ में पावरग्रिड रही। इसमें 4.13 प्रतिशत की तेजी आयी। इसके अलावा, भारती एयरटेल, टाटा स्टील, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, कोटक बैंक और एचडीएफसी में भी अच्छी तेजी रही। मानक सूचकांकों में आधे से अधिक तेजी एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी से आयी।दूसरी तरफ जिन शेयरों में गिरावट दर्ज की गयी, उनमें टीसीएस, नेस्ले इंडिया, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक और बजाज फाइनेंस शामिल हैं। इनमें 2.30 प्रतिशत तक की गिरावट आयी। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘शुरूआती घंटों के कारोबार में भारतीय बाजार ने मजबूत सकारात्मक प्रवृत्ति दिखायी। दोपहर कारोबार में बड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट से इसमें तीव्र सुधार आया। फ्यूचर ग्रुप सौदे को लेकर विवाद के कारण रिलायंस इंडउस्ट्रीज में गिरावट आयी, जिसका असर बाजार पर पड़ा। लेकिन दूसरी तिमाही के वित्तीय परिणाम से बाजार में भरोसा बना रहा।'' उन्होंने कहा, ‘‘अबतक परिणाम अच्छे हैं जबकि भविष्य में अगर वित्तीय नतीजे कमजोर होते हैं या उम्मीद से कम रहते हैं तो उसका असर पड़ेगा। अमेरिका में प्रोत्साहन को लेकर उम्मीद कम होने से पश्चिी बाजारों में गिरावट आयी। हमारा अनुमान है कि निकट भविष्य में बाजार में उतार-चढ़ाव रहेगा। इसका कारण परिणाम का काफी हद तक प्रभाव पड़ चुका है और अमेरिकी चुनाव की तारीख करीब है।'' वैश्विक स्तर पर एशिया के अन्य बाजारों में चीन में हांगकांग, जापान का तोक्यो और दक्षिण कोरिया का सोल सकारात्मक बढ़त के साथ बंद हुए जबकि चीन में शंघाई बाजार नुकसान में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरूआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। इसका प्रमुख कारण ब्रिटेन सरकार की कर्ज को लेकर घोषणा है। उसने कहा कि उसका कर्ज वित्त वर्ष की पहली छमाही में उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.14 प्रतिशत घटकर 42.67 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। विदेशी विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुरूआती बढ़त को गंवाते हुए 9 पैसे टूटकर 73.58 पर बंद हुआ।
- नयी दिल्ली । खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) ने बुधवार को खादी कपड़े के फुटवियर पेश किया। केंद्रीय एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) मंत्री नितिन गडकरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जूते पेश करते हुए कहा कि प्रत्येक जोड़ी के जूते और सैंडल की कीमत 1,100 रुपये से 3,300 रुपये के बीच है। शुरुआत में महिला फुटवियर के लिये 15 डिजाइन और पुरुष फुटवियर के लिये 10 डिजाइन पेश किये गये हैं। इन फुटवियर को खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के पोर्टल पर बेचे जायेंगे। गडकरी ने रोजगार सृजन और निर्यात के लिये देश के फुटवियर क्षेत्र की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा, ‘‘मेरा मानना है कि चीन और अमेरिका के बाद भारत वैश्विक स्तर पर तीसरा सबसे बड़ा फुटवियर निर्माता है। यह 1.45 लाख करोड़ रुपये का उद्योग है। इसमें घरेलू बाजार 85 हजार करोड़ और निर्यात बाजार 45 से 55 हजार करोड़ रुपये का है।
- नई दिल्ली। अगर आप सरकारी कर्मचारी हैं और कार खरीदने की सोच रहे हैं तो आपके लिए मारुति सुजुकी आकर्षक ऑफर लेकर आई है। इस कंपनी की कार खरीदने पर आपको काफी डिस्काउंट मिल सकता है। इसके तहत सरकारी कर्मचारियों को त्योहारी सीजन के दौरान विभिन्न मॉडलों की खरीद पर 11 हजार रुपये तक का लाभ मिलेगा।दरअसल वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल में सरकारी कर्मचारियों को एलटीसी के बदले में कैश वाउचर देने की घोषणा की है। मारुति सुजुकी का मानना है कि सरकार की इस घोषणा के बाद उसकी स्पेशल ऑफर से डिमांड बढ़ाने में मदद मिलेगी। सरकारी कंपनियों, पुलिस और अद्र्धसैनिक बलों सहित केंद्रीय और राज्य सरकारों के विभागों के कर्मचारी मारुति सुजुकी की नई कार खरीदने पर इस ऑफर का फायदा ले सकेंगे। इस ऑफर के तहत अलग-अलग मॉडलों पर अलग-अलग छूट दी जाएगी।इन कारों पर मिलेगा डिस्काउंटयह स्कीम एरिना और नेक्सा सीरीज की तरफ से बेचे जाने वाले मॉडल- ऑल्टो, सेलेरियो, एस-प्रेसो, वैगन-आर, ईको, स्विफ्ट डिजायर, इग्निस, बलेनो, विटारा ब्रेजा, एर्टिगा, एक्सएल 6, सियाज और एस-क्रॉस पर लागू होगी।
- नयी दिल्ली। डायवॉक हेल्थ की 2021 तक देशभर में 20 नयी डिजिटल जांच प्रयोगशालाएं खोलने की योजना है। कंपनी ने हाल ही में दिल्ली में ऐसी एक टेलीमेडिसन प्रयोगशाला खोली है। कोविड-19 महामारी के दौर में शारीरिक दूरी के सुरक्षा नियमों के चलते लोगों के बीच ऑनलाइन चिकित्सा को लेकर रूझान में बदलाव देखा गया है। कंपनी की यह डिजिटल प्रयोगशालाएं टेलीमेडिसन और त्वरित देखभाल की सुविधा देंगी। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉक्टर कणव कहोल ने एक बयान में कहा, ‘डायवॉक लैब्स देशभर में अपना विस्तार कर रही है। कंपनी की योजना लखनऊ, भोपाल और जयपुर जैसे दूसरे एवं तीसरे दर्जे के शहरों में 20 नयी डिजिटल प्रयोगशाला खोलने की है।'' उन्होंने कहा कि इससे 600 से ज्यादा लोगों रोजगार मिलेगा। साथ ही रक्त की जांच करने वाले पेशेवरों के लिए आय दोगुना करने के अवसर पैदा होंगे। कंपनी की प्रयोगशाला को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और राष्ट्रीय परीक्षण और अंशशोधन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) से भी मान्यता मिली है।
- नयी दिल्ली। देश की प्रमुख स्टेनलैस स्टील विनिर्माता कंपनी जिंदल स्टेनलैस ने मंगलवार को अपनी कॉरपोरेट वेबसाइट का नवीन स्वरूप शुरू किया। कोविड-19 के दौर में अधिकतर कारोबारों के ऑनलाइन होने की स्थिति में इसे ग्राहकों के पूछताछ करने के लिए सुगम और सरल बनाया गया है। कंपनी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि ‘जिंदलस्टेनलैस डॉट कॉम' आधुनिक डिजाइन मानकों के अनुरूप है। इसके साथ कंपनी की ग्राहकों को जोड़ने वाली (बी2सी) वेबसाइट मेकस्टेनलैस डॉट कॉम' को भी एकीकृत किया गया है। इसका मकसद ग्राहकों के लिए ऑनलाइन पूछताछ की व्यवस्था करना और अंतिम उपयोक्ताओं को फेब्रिकेटरों, सेवाप्रदाताओं और कारोबारी सहायकों से जोड़ना है। इस बारे में जिंदल स्टेनलैस के प्रबंध निदेशक अभ्युदय जिंदल ने कहा, “हम अपनी नवीनीकृत वेबसाइट को लेकर उत्साहित हैं क्योंकि हमारा मानना है कि इससे ग्राहक, निवेशक, भागीदार और मीडिया समेत सभी हितधारकों के साथ बेहतर कामकाज संभव होगा।
- -आदिवासी अंचल में विद्युत व्यवधान से निपटने बनी वैकल्पिक व्यवस्थारायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य शासन की रीति-नीति सुदूर आदिवासी अंचलों तक बुनियादी सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता से पहुंचाने की है। इसके अनुपालन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दिशा निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर टांसमिशन कंपनी ने बीजापुर में नवनिर्मित 132/33 के.व्ही. अतिउच्चदाब उपकेन्द्र को क्रियाशील करके आज एक बड़ी कामयाबी हासिल की।इस उपकेन्द्र में स्थापित 40 एम.व्ही.ए. क्षमता के टांसफार्मर के साथ साथ उपकेन्द्र से जुड़े बारसूर से बीजापुर के मध्य निर्मित 132 के.व्ही. पारेषण लाईन को भी उर्जीकृत किया गया। उक्त जानकारी टांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक अशोक कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि बीजापुर उपकेन्द्र को शामिल कर प्रदेश में अब 122 अति उच्चदाब उपकेन्द्र क्रियाशील हो गये हैं। श्री कुमार ने कहा कि नवनिर्मित उपकेन्द्र एवं लाईन आदिवासी अंचल के लिए लाईफ लाईन की भॉति महत्वपूर्ण सिद्ध होंगे, दरअसल अब बीजापुर-बारसूर में कभी भी विद्युत व्यवधान की स्थिति निर्मित होती है तो इनके माध्यम से द्वितीय/वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सहज हो सकेगी। पारेषण कंपनी की इस परियोजना के आकार ले लेने से आदिवासी अंचल के एक बहुत बड़े हिस्सें के रहवासी गुणवत्तापूर्ण बिजली से लाभान्वित होंगे। इससे उन्हें बुनियादी सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।बारसूर से बीजापुर के मध्य 87.5 किलोमीटर लम्बी अतिउच्चदाब लाईन का विस्तार एक दुरूह कार्य था, जिसे पूर्ण करके बीजापुर उपकेन्द्र को क्रियाशील करने में पारेषण कंपनी के अधिकारियों/कर्मचारियों ने अपनी तकनीकी दक्षता को कुशलतापूर्वक प्रदर्शित किया। लगभग 91.82 करोड़ की लागत से निर्मित उक्त कार्य को पूर्ण करने के लिए पारेषण कंपनी की टीम को पॉवर कम्पनीज के चेयरमेन श्री सुब्रत साहू ने बधाई दी। साथ ही प्रदेश की पारेषण प्रणाली को उन्नत बनाते हुए ग्रामीण-वनांचलों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाये रखने प्रेरित किया।बीजापुर उपकेन्द्र के उर्जीकृत होने पर इससे लाभान्वित ग्रामों की जानकारी देते हुए एमडी श्री कुमार ने बताया कि इस परियोजना का सीधा सीधा लाभ जांगला, तुगोंली, मदेड़, दतोरा, गदामली, भीघांचल, बरदेला, छोट,े धतोरा, नुकनपाल, नेमैड़, मुसालर, दोगोली, नेलसनार, भैरमगढ़, पातरपारा, माटवारा, कोतरापाल, बेलचर, कुदोली, टिण्डोडी, कर्रेमरका, पुसनार, धुसावड़ एवं जैवारम गॉवों में बड़ी संख्या में निवासरत ग्रामीणजनों को मिलेगा।

- आरडीएसओ ने जेएसपीएल निर्मित हाई-एक्सल लोड एप्लिकेशन और हाई-स्पीड ट्रेन के लिए उपयुक्त 60ई1 1175 हीट ट्रीटेड (एचटी) रेल को दी मंजूरीकंपनी की 1080 एचएच रेल और 880 ग्रेड रेल को पहले ही रेलवे में नियमित उपयोग के लिए मिल चुकी है मंजूरीकई मेट्रो परियोजनाओं और हाई-स्पीड कॉरिडोर के लिए 1080 हेड हार्डेंड रेल की हो रही है आपूर्तिरायपुर। जाने-माने उद्योगपति श्री नवीन जिन्दल के नेतृत्व वाली कंपनी जिन्दल स्टील एंड पावर लिमिटेड (जेएसपीएल) ने रेल के एक और नए ग्रेड का विकास किया है। रेलवे बोर्ड की अधीनस्थ “द रिसर्च डिजायंस एंड स्टैंडर्ड्स ऑर्गेनाइजेशन” (आरडीएसओ) ने हाई-स्पीड और हाई-एक्सल लोड एप्लिकेशन के लिए जेएसपीएल द्वारा विकसित रेल के इस ग्रेड को अपनी मंजूरी दे दी है।यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जेएसपीएल 60ई1 1175 हीट ट्रीटेड (एचटी) रेल को तीव्र गति और हाई-एक्सल लोड प्रयोगों के लिए सफलतापूर्वक विकसित करने वाली पहली और एकमात्र भारतीय कंपनी है। भारतीय रेलवे ने अनुमान लगाया है कि उसे प्रति वर्ष इस ग्रेड की लगभग 1.8 लाख मेट्रिक टन रेल की आवश्यकता पड़ेगी क्योंकि उसने अपनी सेवाओं को और चुस्त-दुरुस्त एवं सुरक्षित बनाने की कवायद तेज कर दी है। भारतीय रेलवे अपने ट्रैक सिस्टम को अपग्रेड कर रही है ताकि 25 टन एक्सल लोड के साथ 200 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गाड़ियां दौड़ाई जा सकें।जेएसपीएल के प्रबंध निदेशक वी.आर. शर्मा ने कहा, "पहले देश में स्पेशल रेलों का आयात किया जा रहा था लेकिन आत्मनिर्भर भारत के सपनों के अनुरूप हम रेलवे और मेट्रो रेल कॉरपोरेशंस की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए देश में ही स्पेशल रेल निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं। 60ई1 1175 हीट ट्रीटेड (एचटी) का इस्तेमाल डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और बुलेट ट्रेन समेत हाई-एक्सल लोड एप्लिकेशन में किया जाएगा।"श्री शर्मा ने कहा कि रेलवे बोर्ड/आरडीएसओ के आकलन के अनुसार जेएसपीएल की क्षमता प्रतिवर्ष 3.24 लाख टन 60ई1 1175 एचटी ग्रेड रेल उत्पादन की है जो मौजूदा स्थितियों में भारतीय रेलवे, मेट्रो रेल कॉरपोरेशंस, हाई-स्पीड कॉरिडोर की आवश्यकताओं को देखते हुए पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि जेएसपीएल बांग्लादेश, श्रीलंका और अफ्रीका के अनेक देशों को रेल की आपूर्ति कर रही है। इसी तरह फ्रांस और यूरोपीय रेलवे को नियमित रूप से विशेष रेल ब्लूम का निर्यात किया जा रहा है। इसके साथ ही जेएसपीएल विश्व स्तर की रेल उत्पादक कंपनी के रूप में स्थापित हो गई है, जो हम सभी भारतीयों के लिए गर्व की बात है।60ई1 1175 हीट ट्रीटेड (एचटी) रेल 1080 हेड हार्डेंड रेल की ही बेहतरीन ग्रेड है, जिसे आरडीएसओ ने पहले ही मंजूरी दे दी है और जिनका इस्तेमाल मेट्रो रेल कॉरपोरेशंस, हाई-स्पीड कॉरिडोर और बुलेट ट्रेन के लिए हो रहा है। कोलकाता मेट्रो रेल परियोजना और पुणे मेट्रो में इस रेल का इस्तेमाल हो रहा है। ये रेल प्रोफाइल और केमिस्ट्री के लिहाज से यूरोप की आर350एचटी ग्रेड के समान है हालांकि इसे अपेक्षाकृत अधिक कठिन गुणवत्ता जांच से गुजरना पड़ा है।सितंबर में जेएसपीएल ने यूआईसी 60 किग्रा 880 ग्रेड प्राइम (क्लास-ए) रेल विकसित करने की जानकारी दी थी। इसे अपनी परियोजनाओं के लिए रेलवे ने नियमित आपूर्तिकर्ता का दर्जा प्रदान कर दिया है। जेएसपीएल अपने रायगढ़ स्थित प्लांट में रेल का उत्पादन करती है।
- मुंबई। विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने मंगलवार को 62 नई उड़ानें शुरू करने की घोषणा की, जिसमें दिल्ली और अहमदाबाद से मस्कट के लिए चार अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शामिल हैं। ओमान के साथ हुए एक समझौते के तहत मस्कट के लिए उड़ानें गुरुवार से शुरू होंगी। स्पाइसजेट ने एक विज्ञप्ति में कहा कि 58 घरेलू उड़ानों में दिल्ली-कांडला-दिल्ली, अहमदाबाद-गोवा-अहमदाबाद, गोवा-हैदराबाद-गोवा, मुंबई-गुवाहाटी-मुंबई, अहमदाबाद-कोलकाता-अहमदाबाद, दिल्ली-दुर्गापुर-दिल्ली, हैदराबाद-मुंबई-हैदराबाद, कोच्चि-कोलकाता-कोच्चि, पुणे-चेन्नई-पुणे, मदुरै-दिल्ली-मदुरै और मैंगलोर-दिल्ली-मैंगलोर की उड़ानें शामिल हैं। कंपनी ने बताया कि इन उड़ानों को बोइंग 737 और बॉम्बार्डियर क्यू400 विमानों के जरिए संचालित किया जाएगा। स्पाइसजेट की मुख्य वाणिज्य अधिकारी शिल्पा भाटिया ने कहा, ‘‘जैसा कि हम धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में वापस आ रहे हैं और मांग में लगातार सुधार हो रहा है, हमें अपने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर 62 नई उड़ानें शुरू करने की खुशी है।
- नई दिल्ली। वित्त और कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारामन ने रविवार को कहा कि केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों का पूंजीगत व्यय आर्थिक वृद्धि का महत्वपूर्ण संचालक है और इसे वित्त वर्षों 2020-21 और 2021-22 में बढ़ाने की जरूरत है। वे पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस तथा कोयला मंत्रालय के सचिवों और 14 केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के अध्यक्षों और प्रबंध निदेशकों को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संबोधित कर रही थीं।श्रीमती सीतारामन ने इस इस दौरान मौजूदा वित्त वर्ष में केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों के पूंजीगत व्यय की समीक्षा की। कोविड-19 महामारी के मद्देनजर आर्थिक वृद्धि को गति देने के लिए विभिन्न हितधारकों के साथ चल रही वित्त मंत्री की बैठकों में आज यह चौथी बैठक थी। केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों का 2020-21 के लिए पूंजीगत व्यय का लक्ष्य एक लाख 15 हजार नौ सौ 93 करोड़ रुपये है।सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के कार्य निष्पादन की समीक्षा करते हुए वित्त मंत्री ने सचिवों से उपक्रमों के कार्य निष्पादन पर निगरानी रखने को कहा, ताकि वित्त वर्ष 2020-21 की तीसरी तिमाही के अंत तक 75 प्रतिशत तक पूंजीगत व्यय सुनिश्चित हो सके। श्रीमती सीतारामन ने कहा कि केन्द्रीय पूंजीगत व्यय के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशकों तथा संबंधित मंत्रालयों के सचिवों के बीच और अधिक समन्वित प्रयासों की जरूरत है।देश की अर्थव्यवस्था को गति देने में सार्वजनिक उपक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री ने उपक्रमों को अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए बेहतर कार्य निष्पादन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने उपक्रमों से यह सुनिश्चित करने केा कहा कि वित्त वर्ष 2020-21 के लिए पूंजीगत व्यय पर्याप्त रूप से और समय पर खर्च हो। वित्त मंत्री ने कहा कि उपक्रमों के बेहतर कार्य निष्पादन से अर्थव्यवस्था को कोविड-19 के असर से उबरने में बल मिलेगा। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के पूंजीगत व्यय की समीक्षा आर्थिक मामलों और सार्वजनिक उपक्रमों के विभाग द्वारा संयुक्त रूप से की जाती है।
- नई दिल्ली। देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख और देश के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी ने कहा है कि देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विनिर्माण पर जोर देना होगा।उदारवाद से पहले के दौर का जिक्र करते हुए अंबानी ने कहा, एक समय ऐसा भी था जब देश की सरकार ने रिलायंस पर उसकी लाइसेंस क्षमता से ज्यादा उत्पादन करने के लिए जुर्माना लगाया था। लेकिन 1991 के आर्थिक सुधारों के बाद से भारत विनिर्माण बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन दे रहा है। उन्होंने कहा, आज हम जो कुछ भी करते हैं वह सब अधिक से अधिक उत्पादन करने से जुडा है। यह दिखाता है कि हमारी सोच में कितना अंतर आया है। श्री अंबानी ने कहा जिस तरह से हमारे पास प्रौद्योगिकी क्षेत्र में स्टार्टअप हैं। मेरा मानना है कि अब भारत लघु और मध्यम उद्योगों को समर्थन देने के लिए पूरी तरह तैयार है। अब हमें इस क्षेत्र में असली स्टार्टअप की जरूरत है। उन्होंने कहा, अभी तक हमने जितना ज्यादा क्लिक (प्रौद्योगिकी या ऑनलाइन स्टार्टअप) के बारे में सोचा है अब उतना ही हमें 'ब्रिक (विनिर्माण कारखाना स्टार्टअप) के बारे में दिमाग लगाने की जरूरत है। वे एन. के. सिंह की किताब पोट्रेट्स ऑफ पावर के विमोचन पर बोल रहे थे।उन्होंने कहा कि उनके पिता धीरूभाई अंबानी ने बहुत पहले एक सवाल पूछा था कि क्या कभी भारतीय एक-दूसरे से पोस्टकार्ड से भी कम कीमत पर बात कर पाएंगे? जियो उनके इसी प्रश्न का उत्तर है। अंबानी ने कहा, मेरे पिता एक विद्यालय के मास्टर के बेटे थे जो 1960 में 1,000 रुपये के साथ भारतीय स्वप्न लेकर मुंबई आए। साथ लाए एक भरोसा कि यदि आप भविष्य के किसी कारोबार और प्रतिभा में निवेश करते हैं तो हम खुद का भारतीय स्वप्न बना सकते हैं। इसी भरोसे के साथ हमने दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में एक को बनाया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ऊर्जा, कपड़ा, दूरसंचार और खुदरा उद्योग में काम करती है। धीरूभाई की स्थापित रिलायंस इंडस्ट्रीज कंपनी आज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी है। मुकेश अंबानी ने कहा, 90 के दशक के सुधार होने तक हमें हर 10 हजार- 20 हजार या 30 हजार टन पॉलिएस्टर उत्पादन क्षमता के लिए संघर्ष करना पड़ता था। और अब हम दुनिया के दो सबसे बड़े पॉलिएस्टर विनिर्माता में से एक हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 संकट के दौरान भी हम बिल्कुल संक्षिप्त उपलब्ध समय में निजी सुरक्षा किट (पीपीई) बनाने में सक्षम रहे।
- नयी दिल्ली। बहुमूल्य धातुओं की वैश्विक कीमतों में तेजी आने के बाद दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 182 रुपये की तेजी दर्शाता 51,740 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी है। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 51,558 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 805 रुपये की मजबूती के साथ 63,714 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। पिछले दिन बंद भाव 62,909 रुपये था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना लाभ दर्शाता 1,909 डॉलर प्रति औंस हो गया जबकि चांदी मामूली लाभ के साथ 24.64 डॉलर प्रति औंस हो गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटी) तपन पटेल ने कहा, ‘‘कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामले और अमेरिकी प्रोत्साहन पैकेज को लेकर मौजूदा बाजार अनिश्चवितताओं के कारण सोने की कीमतों में तेजी रही। दिन के कारोबार में डॉलर के कमजोर होने से भी सोने में लिवाली बढ़ गई।'' मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के उपाध्यक्ष (जिंस बाजार अनुसंधान) विनीत दमानी का कहना है कि वैश्विक बाजार में सोना अभी 1885-1920 डालर प्रति औंस और भारतीय बाजार में 50,300-50820 रुपये प्रति दस ग्राम के दायरे में घट बढ़ सकता है।
- पुरस्कार समारोह में मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री अभिजीत पति ने की भागीदारीकोरबा की सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति में बालको का योगदान महत्वपूर्ण : श्री पतिबालकोनगर। विश्वस्तरीय प्रबंधन, उच्च गुणवत्ता के एल्यूमिनियम उत्पादन, ग्राहक संतुष्टि, नवाचार, सामुदायिक विकास आदि के लिए बालको ने बेस्ट ब्रांड्स 2020 का खिताब जीता। इकोनॉमिक टाइम्स की ओर से आयोजित वर्चुअल पुरस्कार समारोह में बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री अभिजीत पति ने भागीदारी की। चुनौतीपूर्ण व्यावसायिक माहौल में उद्योग के बेहतरीन प्रचालन और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप उत्पादन के विभिन्न मानदंडों पर खरा उतरने के लिए यह सम्मान बालको को दिया गया। श्री पति ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय स्तर का सम्मान मिलने पर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने सम्मान का श्रेय बालको के स्टेकहोल्डरों को दिया। श्री पति ने कहा कि एल्यूमिनियम भविष्य की धातु है जिसका उपयोग विभिन्न उद्योगों में किया जाता है। बालको में वेदांता लिमिटेड की अंशधारिता 51 फीसदी है। 49 प्रतिशत अंशधारिता भारत सरकार की है। प्रति वर्ष 5 लाख 70 हजार टन गर्म धातु का उत्पादन अत्याधुनिक स्मेल्टरों में किया जाता है।श्री पति ने कहा कि कोरबा की सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति में बालको का योगदान महत्वपूर्ण है। बालको से प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रुप से जुड़े देश भर के नागरिक उद्योग के जरिए राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दे रह हैं। स्थानीय स्तर पर ही 5000 से अधिक व्यवसाय बालको की प्रगति से जुड़े हैं। साढ़े पांच दशकों में बालको की भागीदारी से लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन हुए हैं।श्री पति ने कहा कि एल्यूमिनियम उत्पादन, नवाचार एवं प्रबंधन के क्षेत्र में बालको ने वैश्विक स्तर पर अपनी साख बनाई है। प्रचालन क्षेत्र से लगे गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन, महिला सशक्तिकरण, आधारभूत संरचना विकास की परियोजनाओं से जरूरतमंदों को विकास की मुख्यधारा से जुडऩे में मदद मिल रही है। विकास की अनेक परियोजनाओं ने डेढ़ लाख से अधिक नागरिकों के जीवन को छूआ है। वैश्विक महामारी कोरोना के चुनौतीपूर्ण समय में बालको ने जिला प्रशासन और स्थानीय जन प्रतिनिधियों के समन्वयन में जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाई।औद्योगिक स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पर्यावरण के क्षेत्र में अनेक कार्यक्रम संचालित किए गए हैं। पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को प्रोत्साहित किया गया है। लगभग 41 लाख पौधे विभिन्न प्रचालन क्षेत्रों में रोपे गए। 'शून्य क्षति, शून्य अपशिष्ट, शून्य उत्सर्जनÓ नीति के अनुरुप व्यवसाय के उच्च मानदंडों का पालन करते हुए बालको राष्ट्र निर्माण में सतत योगदान के लिए कटिबद्ध है।
- नयी दिल्ली। ई-कॉमर्स क्षेत्र की प्रमुख कंपनी अमेजन इंडिया की ‘ग्रेट इंडियन फेस्टिवल सेल' की शुरुआत काफी अच्छी रही है। कंपनी ने कहा कि इस सेल के शुरुआती 48 घंटों में उसके मंच पर 1.1 लाख विक्रेताओं को ऑर्डर मिले हैं। खास बात यह है कि ज्यादातर ऑर्डर देश के छोटे शहरों से आए हैं। अमेजन की ‘ग्रेट इंडियन फेस्टिवल सेल' 17 अक्टूबर को शुरू हुई है। यह करीब एक माह यानी त्योहारी सीजन तक चलेगी। अमेजन प्राइम के सदस्यों के लिए सेल 16 अक्टूबर से शुरू हुई। अमेजन इंडिया के उपाध्यक्ष मनीष तिवारी ने कहा, अमेजन के सात साल के इतिहास में ये 48 घंटे सबसे बड़े रहे हैं। हमने अमेजन के विक्रेताओं के लिए बड़ी तैयारी की है। इस दौरान करीब 1.1 लाख विक्रेताओं को ऑर्डर मिले हैं। इनमें से 66 प्रतिशत ऑर्डर छोटे शहरों से आए हैं। उन्होंने बताया कि अमेजन के मंच पर 6.5 लाख विक्रेता है। मंच पर नए ग्राहकों की संख्या में जोरदार बढ़ोतरी हुई है। इन नए ग्राहकों में से 91 प्रतिशत महानगरों और शीर्ष 40 शहरों से अलग छोटे शहरों-कस्बों से आए हैं। उन्होंने बताया कि करीब 66 प्रतिशत नए प्राइम साइन-अप्स भी छोटे शहरों मसलन अरुणाचल प्रदेश के तवांग और चांगलांग, मोकोकचुंग (नगालैंड), बरन (राजस्थान), पुदुकोट्टई (तमिलनाडु), ऊना (हिमाचल प्रदेश) और जौनपुर (उत्तर प्रदेश) से हुए हैं। अमेजन के मंच पर कुछ ही वैसा ही रुख देखने को मिला है जैसा फ्लिपकार्ट पर देखने को मिला था। वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली फ्लिपकार्ट की ‘बिलियन डेज' सेल 16 अक्टूबर से शुरू हुई है। फ्लिपकार्ट ने कहा कि पहले दिन उसके मंच पर खरीदारी करने वाले करीब 50 प्रतिशत नए ग्राहक तीसरे श्रेणी के शहरों से थे। इसी तरह एक अन्य ई-कॉमर्स कंपनी स्नैपडील ने कहा है कि उसकी सेल के पहले दिन 16 अक्टूबर को 30 प्रतिशत ऑर्डर नए ग्राहकों से मिले। इनमें से 90 प्रतिशत ऑर्डर दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों से आए। हालांकि, किसी भी कंपनी ने अब तक मिले ऑर्डरों की संख्या का खुलासा नहीं किया है।
- नयी दिल्ली । मोबाइल ऐप आधारित टैक्सी सेवा कंपनी ओला ने पुणे में एक नया प्रौद्योगिकी केंद्र खोलने की योजना बनायी है। कंपनी इसके लिए कुछ महीनों में करीब 1,000 इंजीनियरों की भर्ती करेगी। सूत्रों के अनुसार यह नया केंद्र ओला के भारत और अन्य देशों में कारोबार के लिए आवश्यक प्रौद्योगिकी समाधान में मदद करेगा। ओला का देश में यह दूसरा प्रौद्योगिकी केंद्र होगा। एक केंद्र बेंगलुरु में पहले से चल रहा है। ओला के प्रवक्ता ने इस बारे में इस बारे में संपर्क किए जाने पर ब्योरा देने से इनकार किया। पर इस योजना को जानने वाले एक व्यक्ति ने कहा कि पुणे केंद्र इस तिमाही के अंत तक चालू हो जाएगा। उस व्यक्ति ने कहा कि इस केंद्र में तीन साल में प्रौद्योगिकी में कुशल 1,000 लोगों को नौकरी मिल सकती है। ओला के 4,000 कर्मचारी हैं। इसमें 1,500 के करीब इंजीनियर हैं। ओला ने पिछले साल जून में अमेरिका में सान फ्रांसिस्को बे इलाके में एक उन्नत प्रौद्योगिकी केंद्र शुरू किया था।
- नयी दिल्ली। सीमेंट विनिर्माता मंगलम सीमेंट लिमिटेड ने ‘मंगलम प्रोमैक्स' नाम से पर्यावरण के अनुकूल प्रीमियम सीमेंट ‘मंगलम प्रोमैक्स' पेश किया। कंपनी का कहना है कि जिसमें तराई के लिए पानी कम लगता है। कंपनी के अध्यक्ष (बिक्री और विपणन) कौशलेश माहेश्वरी ने रविवार एक वीडियो कांफ्रेस में इसे पेश करते हुए कहा कि कंपनी की शोध तथा अनुसंधान टीम ने मंगलम प्रोमैक्स को पर्यावरण के अनुकूल बनाया है और यह पानी की बचत करती है।उन्होंने कहा कि निर्माण के लिए मोर्टार एवं कंक्रीट बनाने के दौरान और तराई के लिए पानी की आवश्यकता को कम करके जल संरक्षण के वैश्विक उद्देश्य पर केंद्रित है। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि मंगलम प्रोमैक्स जल्द मजबूती पकड़ने वाली आईपीएसडी तकनीक वाली है और यह कंक्रीट को सघन और मजबूत बनाने के साथ साथ निर्माण को जंग रोधी, दरार रोधी और सलफेट प्रतरोधी बनाती है।
- मुंबई। अडाणी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई (एईएमएल) ने रविवार को कहा कि वह उपनगरीय इलाके़ विक्रोली में एक पारेषण लाइन और बिजली उप-केंद्र की स्थापना का काम तय लक्ष्य के अनुसार अगले साल के अंत तक पूरा कर लेगी, जिससे शहर की बिजली आपूर्ति में 1,000 मेगावाट की बढ़ोतरी होगी। पिछले सोमवार के शहर में पैदा हुए बिजली संकट के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सभी हितधारकों को समयसीमा का पालन करते हुए काम में तेजी लाने के लिए कहा था। अडाणी समूह के एक प्रवक्ता ने कहा, ठाकरे द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर अडाणी खारघर-विक्रोली पारेषण लाइन परियोजना को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
-
नई दिल्ली। भारत में नवरात्र के साथ फेस्टिवल सीजन शुरू हो चुका है। विभिन्न कंपनियां तरह-तरह के लुभावने ऑफर के साथ अपने प्रोडक्ट पेश कर रही हैं। कार की बात करें तो कई कंपनियों ने अपनी कारें एक लाख रुपए तक सस्ती कर दी हैं।
रेनॉ कंपनी ने अपने प्रॉडक्ट्स पर 1 लाख रुपये तक डिस्काउंट की घोषणा की है। आइये देखते हैं कि किस मॉडल पर कितना डिस्काउंट ऑफर किया जा रहा है।रेनॉ ट्राइबर -यदि आप रेनॉ ट्राइबर कंपनी की मॉडल MPV की कार इस महीने खरीदते हैं , तो आपको 39 हजार रुपये तक की बचत हो सकती है। इसमें 20 हजार रुपये का लॉयल्टी बोनस के साथ 9 हजार रुपये का कॉर्पोरेट बोनस भी शामिल है, लेकिन 10 हजार रुपये का लॉयल्टी बोनस सिर्फ RXE वेरियंट मॉडल पर मिल रहा है।इसी तरह रेनॉ क्विड कार पर 49 हजार रुपये तक की छूट का लाभ मिल सकता है। जिसमें 15 हजार रुपये का कैश और 15 हजार रुपये का एक्सचेंज डिस्काउंट शामिल है। साथ में 10, रुपये का लॉयल्टी बेनेफिट भी ऑफर किया गया है।इसी तरह रेनॉ डस्टर पर एक लाख रुपए की बचत का ऑफर कंपनी ने पेश किया है। रेनॉ की इस लोकप्रिय कार खरीदने पर 25 हजार रुपये का एक्सचेंज बेनेफिट , 20 हजार रुपये का लॉयल्टी बेनेफिट, 30 हजार रुपये का कॉर्पोरेट डिस्काउंट और 25 हजार रुपये का कैश डिस्काउंट शामिल है यानी कुल मिलाकर आपको यह कार एक लाख रुपए सस्ती मिलेगी। इस कार की कीमत 8.59 लाख रुपए से शुरू होती है। पेट्रोल वाली इस कार का माइलेज 14.9 से 16.5 किमी प्रति लीटर है। -
नई दिल्ली। आतिथ्य क्षेत्र की कंपनी सरोवर होटल्स एंड रिजॉर्ट्स की 2021 अंक तक करीब 15 नई संपत्तियां (होटल) जोड़ने की योजेना है। सरोवर होटल एंड रिजॉर्ट्स के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि विस्तार योजना के तहत कंपनी मुख्य रूप से दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों में नई संपत्तियां जोड़ेगी। कंपनी फिलहाल भारत और अफ्रीका के 55 गंतव्यों में 93 होटलों का प्रबंधन करती है। इन होटलों में कमरों की संख्या 6,900 है। सरोवर होटल्स एंड रिजॉर्ट्स के प्रबंध निदेशक अजय के बकाया ने कहा, 2021 की रणनीतिक विस्तार योजना के तहत हम दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों में 15 नए होटल जोड़ेंगे। ये होटल पानीपत, मोरबी, डलहौजी, कटरा, डिब्रूगढ़, लातूर, मसूरी, धमतरी, उदयपुर और जालंधर आदि शहरों में जोड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि ये नए होटल सरोवर प्रीमियर, सरोवर पोर्टिकों और गोल्डन ट्यूलिप ब्रांड के तहत खोले जाएंगे। इस अवधि में अंतरराष्ट्रीय विस्तार के बारे में बकाया ने कहा, अंतरराष्ट्रीय विस्तार की योजना के तहत सरोवर अपने पोर्टिका ब्रांड का विस्तार करेगी। इसके तहत तंजानिया के दार-उस-सलाम में होटल खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि आगे भी कंपनी प्रबंधन अनुबंध मॉडल के हिसाब से काम करेगा। बकाया ने कहा, ‘‘हम फ्रेंचाइजी मॉडल के जरिये गोल्डन ट्यूलिप ब्रांड के भी तेजी से विस्तार की तैयारी कर रहे हैं। कोविड-19 के प्रभाव के बारे में उन्होंने कहा कि इसका उद्योग पर काफी असर पड़ा है। अभी इसका पूरा अनुमान नहीं लगाया जा सकता। उन्होंने कहा, मौजूदा स्थिति के हिसाब से यदि दिसंबर, 2020 तक होटलों की बुकिंग 50 प्रतिशत भी पहुंचती है, तो ज्यादातर होटल मालिकों के लिए अच्छी स्थिति होगी।
-
नई दिल्ली। पारले एग्रो ने 2022 तक 10,000 करोड़ रुपये के कारोबार का लक्ष्य रखा है। बेवरेजेज क्षेत्र की कंपनी के लोकप्रिय ब्रांड में फ्रूटी और एप्पी फिज शामिल हैं। कंपनी की एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि अपने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए हम एक नया संयंत्र लगाएंगे तथा एक या अधिक नए ‘प्रमुख उत्पाद' पेश करेंगे। कंपनी ने 2019 में 6,500 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। चालू साल में कंपनी को कारोबार में 10 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है। कंपनी ने हाल में नया उत्पाद बी-फिज पेश किया है, जो कि जौ के स्वाद वाला फ्रूट जूस आधारित पेय है। पारले एग्रो की संयुक्त प्रबंध निदेशक एवं मुख्य विपणन अधिकारी (सीएमओ) नादिया चौहान ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘सामान्य रूप से एक कंपनी के रूप में हम बड़ी संख्या में नए उत्पाद पेश नहीं करते हैं। हम चुनिंदा नए उत्पाद ही पेश करते हैं और उन्हें आगे बढ़ाने पर ध्यान देते हैं। 2022 तक हम संभवत: एक और नई श्रेणी में उतरेंगे।
- नई दिल्ली। रिलायंस जियो के सक्रिय उपभोक्ताओं की संख्या में जुलाई में 25 लाख की बढ़ोतरी हुई है। इससे पिछले महीने जियो के सक्रिय ग्राहकों की संख्या घटी थी। वहीं उसकी प्रमुख प्रतिद्वंद्वी कंपनियों भारती एयरटेल के सक्रिय ग्राहकों की संख्या जुलाई में चार लाख घटी है। इसी तरह वोडाफोन आइडिया ने भी 38 लाख सक्रिय ग्राहक गंवाए हैं।भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। आंकड़ों के अनुसार फरवरी के बाद पहली बार जुलाई में दूरसंचार उपभोक्ताओं की कुल संख्या में 35 लाख का इजाफा हुआ है। हालांकि, इस दौरान सक्रिय ग्राहकों की संख्या कुल मिलाकर 21 लाख घटी है। एक्सिस कैपिटल की ट्राई के मासिक आंकड़ों के हवाले से ताजा रिपोर्ट में कहा गया है, जुलाई में उद्योग के सक्रिय ग्राहकों या कनेक्शनों की संख्या 21 लाख घटकर 95.6 करोड़ रह गई। इससे पहले जून में माह-दर-माह आधार पर सक्रिय ग्राहकों की संख्या 28 लाख घटी थी। सक्रिय ग्राहकों की संख्या की गणना विजिटर लोकेशन रजिस्टर (वीएलआर) के जरिये की जाती है। यह किसी मोबाइल नेटवर्क पर सक्रिय उपभोक्ताओं की संख्या बताता है।एक्सिस की रिपोर्ट में कहा गया है, ट्राई के आंकड़ों के अनुसार जुलाई में रिलायंस जियो के सक्रिय ग्राहकों की संख्या 25 लाख बढ़ी। इस दौरान एयरटेल ने 4 लाख और वोडाफोन आइडिया ने 38 लाख सक्रिय ग्राहक गंवाएं। एयरटेल के ग्राहकों की संख्या में माह-दर-माह आधार पर 33 लाख का इजाफा हुआ, लेकिन वीएलआर में 1.14 प्रतिशत की गिरावट की वजह से उसने इसमें से कुछ लाभ गंवा दिया।ट्राई के अनुसार देश में कुल वायरलेस कनेक्शनों की संख्या जुलाई में 114.4 करोड़ थी। जुलाई, 2020 में इनमें से सक्रिय कनेक्शनों की संख्या 95.58 करोड़ थी। ट्राई ने कहा कि कुल ग्राहकों पर सक्रिय कनेक्शनों का अनुपात 83.54 प्रतिशत था। ट्राई के अनुसार, जुलाई, 2020 में अधिकतम वीएलआर की तारीख के हिसाब से भारती एयरटेल के सक्रिय ग्राहकों का अनुपात सर्वाधिक 97 प्रतिशत था। वहीं रिलायंस जियो के सक्रिय ग्राहकों का अनुपात 78 प्रतिशत तथा वोडाफोन आइडिया का 89.3 प्रतिशत था। कुल मिलाकर जुलाई में जियो के सक्रिय ग्राहकों की संख्या 31.3 करोड़ थी। वहीं एयरटेल के सक्रिय ग्राहकों की संख्या 31 करोड़ और वोडाफोन आइडिया के सक्रिय ग्राहकों की संख्या 26.9 करोड़ थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि जून में एयरटेल 31.1 करोड़ सक्रिय ग्राहकों के साथ सबसे आगे थी। वहीं जून में जियो के सक्रिय ग्राहकों की संख्या 31 करोड़ और वोडाफोन आइडिया के सक्रिय ग्राहकों की संख्या 27.3 करोड़ थी।
- नयी दिल्ली। अचल संम्पत्ति का कारोबार करने वाली कंपनी प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने रविवार को बताया कि वह कार्यालय, खुदरा कारोबार और होटल की कुछ परियोजनाएं व सम्पत्तियां वैश्विक निवेश कंपनी ब्लैकस्टोन को बेचने पर सहमत हुई है। प्रेस्टीज समूह ने यह नहीं बताया है कि ये सौदे कुल कितने रुपये के हैं, पर सूत्रों का कहना है कि अचल संपत्तियों के बाजार का यह बड़ा सौदा करीब 12,000 करोड़ रुपये का होगा। सूत्रों ने कहा कि इसके लिए इकरारनामे पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। सूत्रों के अनुसार यह सौदा प्रतिस्पर्धा आयोग और अन्य कनूनी स्वीकृति के बाद अगले माह तक निपटा लिया जाएगा। प्रेस्टीज ने शनिवार को शेयर बाजार को सूचित किया था कि उसने ब्लैकस्टोन के साथ सम्पत्ति के सौदे का एक कच्चा करार किया है। इसके तहत वह कार्यलय और खुदरा कारोबार की जगहों तथा होटल सम्पत्तियों को बेचने वाली है। प्रेस्टीज समूह इस बिक्री से मिले धन से अपने कुछ कर्जे उतार सकती है। ब्लैकस्टोन अमेरिका की कंपनी है और भारत के अचल सम्पत्ति बाजार में अब तक आठ अरब डॉलर का निवेश कर चुकी है।
- नयी दिल्ली। वित्तीय दिक्कतों से जूझ रही सरकारी बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) के लिये विशेष तरलता पैकेज के तहत 1.08 लाख करोड़ रुपये तक के कर्ज मंजूर किये जा चुके हैं। आरईसी ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कोविड-19 और लॉकडाउन के चलते प्रभावित अर्थव्यवस्था के लिये मई में राहत पैकेज पेया करते हुए डिस्कॉम के लिये तरलता पैकेज की घोषणा की थी। तब यह पैकेज 90 हजार करोड़ रुपये का था, जिसे बाद में बढ़ाकर 1.2 लाख करोड़ रुपये किया गया। आरईसी ने एक बयान में कहा, आरईसी और विद्युत वित्त निगम (पीएफसी) ने 1.08 लाख करोड़ रुपये के ऋण मंजूर किये जा चुके हैं। इनमें करीब 30 हजार करोड़ रुपये के कर्ज का वितरण किया जा चुका है।



























.jpg)