- Home
- देश
- मुंबई।महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को सोमवार को बताया गया कि कोविड-19 के कारण राज्य में कुल 35 सरपंचों की मौत हो गयी। सरपंच परिषद मुंबई के क्षेत्रीय अध्यक्ष दत्ता ककडे पाटिल के नेतृत्व में 14 सरपंच ने राजभवन में कोश्यारी से मुलाकात की और मृतकों के परिजन के लिए वित्तीय सहायता का अनुरोध किया। इस प्रतिनिधिमंडल में छह महिला सरपंच भी थीं। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को एक ज्ञापन दिया और 15वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायतों को मिलने वाली राशि को केवल विकास कार्यों और गांवों में बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए खर्च करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि मुंबई में सभी सुविधाओं से युक्त एक 'सरपंच भवन' बनाया जाना चाहिए।
- नई दिल्ली। केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने प्रसन्नता व्यक्त की है कि भारत के छह मेडिकल कॉलेज 2021 में विश्व के सौ श्रेष्ठ मेडिकल कॉलेज की सूची में शामिल किये गए हैं।श्री जावड़ेकर ने ट्वीटर पर कहा कि नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स को इस सूची में 23वां स्थान मिला है। इस सूची में पुणे का आर्मड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज- ए.एफ.एम.सी. 34वें स्थान पर है। क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज- सी.एम.सी. वेल्लोर, जे.आई.पी.एम.ई.आर. पांडिचेरी, मेडिकल कॉलेज चेन्नई और आई.एम.एस. बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय भी इस सूची में शामिल हैं। श्री जावड़ेकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के मार्ग पर बढ़ रहा है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड टीकाकरण अभियान में भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है। भारत ने अब तक 32 करोड 36 लाख से अधिक कोविड टीके लगाए हैं। भारत ने अमरीका की तुलना में 33 लाख अधिक टीके लगाएहैं।श्री मोदी ने ट्वीटर पर कहा कि भारत का टीकाकरण अभियान तेजी से चल रहा है।सभी लोगों को नि:शुल्क वैक्सीन देने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए प्रधानमंत्री ने उन लोगों को बधाई दी है जो टीकाकरण अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। भारत ने कोविड टीके लगाने के मामले में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर ली है और कुल टीकों के मामले में अमरीका से आगे निकल गया है।देश में अब तक 32 करोड़ 36 लाख कोविड टीके लगाए जा चुके हैं। संक्रमण से स्वस्थ्य होने की दर बढ़कर 96.8 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान 58 हजार से अधिक कोविड मरीज ठीक हुए। इसके साथ ही स्वस्थ लोगों की संख्या 2 करोड़ 93 लाख से अधिक हो गई है। लगातार 46 वें दिन रोजाना स्वस्थ हो रहे लोगों की संख्या संक्रमित लोगों की दैनिक संख्या से अधिक बनी हुई है।पिछले 24 घंटे में 46 हजार से अधिक लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। देश में कोविड मरीजों की संख्या घटकर लगभग 5 लाख 72 हजार रह गई है। कोविड मरीजों की संख्या कुल संक्रमित लोगों का 1.89 प्रतिशत है।साप्ताहिक संक्रमण दर 5 प्रतिशत से नीचे बनी हुई है और इस समय 2.81 प्रतिशत है। दैनिक संक्रमण दर 2.94 प्रतिशत है जो लगातार 21 दिन से 5 प्रतिशत से नीचे बनीहुई है। पिछले 24 घंटे में 979 लोगों की मृत्यु हुई। इसके साथ ही कोविड से मृतकों की संख्या 3 लाख 96 हजारसे अधिक हो गई है। कोविड जांच क्षमता में अत्यधिक वृद्धि हुई है। देशभर में अब तक 40 करोड़ 63 लाख जांच की गई हैं।
- जींद (हरियाणा)। जींद की जुलाना थाना पुलिस ने दिल्ली पुलिस के उपनिरीक्षक से कार और नकदी लूटने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गांव गोसाइखेड़ा निवासी प्रवीन ने 22 अप्रैल को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दिल्ली पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत है। वह किसी काम से जींद आया था और वापस लौटते वक्त गांव किनाना तथा गोसाइखेड़ा के बीच एक कार ने उसे ओवरटेक किया। पुलिस ने बताया कि कार में सवार दो युवकों ने हथियार के बल पर उससे नकदी और कार की चाबी छीन ली।जुलाना थाना पुलिस ने प्रवीन की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट, शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस जांच में गांव शामलो खुर्द निवासी हैप्पी का नाम सामने आया था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। file photo
- नोएडा (उप्र)। जनपद गौतमबुद्ध नगर की थाना सेक्टर-20 पुलिस ने एटीएम क्लोनिंग कर लोगों के खाते से पैसा निकालने के आरोप में एक विदेशी नागरिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।अपर पुलिस उपायुक्त रणविजय सिंह ने बताया कि रविवार को एक सूचना के आधार पर थाना सेक्टर-20 पुलिस ने एटीएम क्लोनिंग करके धोखाधड़ी कर लोगों के खाते से पैसा निकालने के आरोप में विदेशी नागरिक रसलेन, रविकर और एक महिला कोमल को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से एटीएम क्लोनिंग करने के उपकरण बरामद हुए हैं। अपर उपायुक्त ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक लैपटॉप, मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के 28 एटीएम कार्ड, एटीएम मशीन में लगाने वाले सात बोर्ड और अन्य सामान बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि ये लोग एटीएम मशीन में स्किमर, कैमरा डिवाइस लगाकर एटीएम से पैसा निकालने वालों के कार्ड को क्लोन कर लेते थे तथा उसकी पिन आदि की जानकारी करके, उनके खातों से पैसा निकाल लेते थे। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रसलेन बुल्गारिया से पर्यटक वीजा पर वर्ष 2019 में भारत आया था। वह इलेक्ट्रॉनिक्स डिप्लोमा होल्डर है तथा इलेक्ट्रॉनिक जासूसी उपकरण तैयार करने में माहिर है। उन्होंने बताया कि आरोपी रसलेन ने दिल्ली में धोखाधड़ी कर लोगों के खाते से पैसे निकाला था। दिल्ली पुलिस ने इसे गिरफ्तार किया था। अपर उपायुक्त ने बताया कि गत एक फरवरी को यह जमानत पर जेल से बाहर आया। उसके बाद अपने साथियों के संग मिलकर फिर से अपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।
- बर्धमान। पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्धमान जिले में दो बहनों की करंट लगने से मौत हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने मृत बहनों के पिता पर ही 'हत्या' का आरोप लगा उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि रैना पुलिस थानाक्षेत्र के खालेरपुल गांव में लड़कियां- आठ साल की और छह साल की- घर के आंगन में शनिवार को मृत मिली थीं। उनकी दादी ने बताया, '' बच्चियां आंगन में खेल रही थीं तभी अचानक चिल्लाने लगीं। आवाज सुनकर मैं वहां पहुंची तो देखा कि बिजली की तार की चपेट में आ गई हैं। किसी तरह बिजली काटी गई। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। '' पुलिस ने भी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर करंट लगने से मौत की पुष्टि की है। हालांकि, बच्चियों की मां ने आरोप लगाया कि दूसरी महिला के साथ संबंध होने की वजह से पति ने ही उनकी हत्या की है। पुलिस ने बताया कि जब घटना की जानकारी होने पर पिता घर लौटा तो ग्रामीणों ने दो लड़कियों की हत्या का आरोप लगा उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है जबकि पिता का आरोप है कि पत्नी उसे फंसाना चाहती है। पुलिस ने बताया कि घरेलू हिंसा और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। file photo---
- नोएडा (उप्र)। जनपद गौतमबुद्ध नगर के थाना दादरी क्षेत्र के कस्बा दादरी में एक नवविवाहिता का शव रविवार देर रात को उसके घर में पंखे के फंदे से लटका हुआ पाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घटना के बाद मृतका के ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि कस्बा दादरी में रहने वाले अरमान की गत फरवरी में हिना (21) के साथ शादी हुई थी। उन्होंने बताया कि रविवार की रात को हिना का शव घर में पंखे के फंदे से लटका हुआ मिला है। त्रिपाठी ने बताया कि मृतका के ससुराल पक्ष के लोग घर से भाग गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि मृतका के मायके वालों को घटना की सूचना दे दी गई है। (फाइल फोटो)
- भुवनेश्वर। कोविड-19 के नये डेल्टा प्लस को लेकर उत्पन्न चिंताओं के बीच ओडि़शा में इसके पहले मरीज ने रविवार को कहा कि उसे इस वायरस को पराजित करने में तीन हफ्ते से थोड़ा अधिक वक्त लगा। देवगढ़ जिले के बारकोटे प्रखंड के 60 वर्षीय व्यक्ति ने यह भी कहा कि उन्होंने डॉक्टरों द्वारा दी गयी सलाह का कड़ाई से पालन किया एवं वह घर में पृथक-वास में चले गये और उन्हें इन चीजों से शीघ्र उबरने में मदद मिली।उन्होंने एक स्थानीय टेलीविजन चैनल से कहा, '' 23 मई को मुझे बदन दर्द एवं फ्लू जैसे लक्षण महसूस हुए और 26 अप्रैल को जांच में डेल्टा स्वरूप कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। मैंने 30 मार्च को कोविशील्ड की पहली खुराक ले रखी थी। मुझे इस वायरस को पराजित करने में 20-25 दिन लग गये। (ईश्वर को) धन्यवाद, मुझे अस्पताल नहीं जाना पड़ा।'' देवगढ़ के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी एम के उपाध्याय ने कहा कि जिस गांव में यह बुजुर्ग रहते हैं, उस गंव में 10-30 अप्रैल के बीच 81 लोगों में संक्रमण पाया गया । उन्होंने कहा कि लेकिन 60 साल के इन बुजुर्ग में परिवर्तित स्ट्रेन मिला जिसकी केंद्र सरकार ने चिंता के स्वरूप के रूप में पहचान कर रखी है। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि यह बुजुर्ग अब ठीक हो गये। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोविशील्ड की पहली खुराक ने शायद इन बुजुर्ग को डेल्टा प्लस स्वरूप का कड़ा मुकाबला करने की ताकत दी। स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक डॉ. बिजय महापात्रा ने कहा कि रोग विज्ञान टीम उनकी सेहत पर अभी और निगरानी रखेगी।
- नई दिल्ली। कोविड रोगियों के परिजनों को कथित रूप से ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने के बहाने ठगने के आरोप में एक अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मई में गिरफ्तार किये गए गिरोह के चार अन्य सदस्यों के खुलासे के आधार पर आरोपी छोटू चौधरी को बिहार के नालंदा से गिरफ्तार किया। पुलिस उपायुक्त (अपराध) मोनिका भारद्वाज ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी चौधरी ने खुलासा किया कि वह अपने साथी आरोपी मनोज महतो के साथ मिलकर पिछले दो से तीन साल से गिरोह को संचालित कर रहा है और इसके संचालन में उसने अपने क्षेत्र के 200-300 लोगों को शामिल किया था। महामारी के दौरान, जब ऑक्सीजन सिलेंडर और सांद्रक की मांग बढ़ रही थी, तो आरोपी चौधरी ने मौके का फायदा उठाकर लोगों को सिलेंडर बेचने के बहाने ठगना शुरू कर दिया। अधिकारी ने कहा कि आरोपी चौधरी के गिरोह के प्रत्येक व्यक्ति को विशिष्ट कार्य दिया गया था। उनमें से एक ने ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए बैंक खातों की व्यवस्था की जबकि अन्य ने जाली प्रमाण-पत्रों के आधार पर उन्हें खाते खोलने का काम किया और हर खाते के लिय 25 हजार रुपये हासिल किये। पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने धोखाधड़ी के लिये विभिन्न इलाकों में पहले से सक्रिय सिम कार्ड इस्तेमाल किये।
- जम्मू,। जम्मू-कश्मीर की राज्य कार्यकारी समिति (एसईसी) ने केंद्र शासित प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के बाद रविवार को शिक्षण संस्थानों के बंद रहने की अवधि 15 जुलाई तक बढ़ा दी और पहले से प्रभावी कई दिशानिर्देशों को बरकरार रखा। इससे पहले 20 जून को एसईसी ने कोविड-19 की स्थिति में सुधार के मद्देनजर केंद्र शासित प्रदेश के 20 में से आठ जिलों से सप्ताहांत कर्फ्यू हटा दिया था। हालांकि, समूचे जम्मू कश्मीर में रात्रिकर्फ्यू जारी है। मुख्य सचिव ए के मेहता एसईसी के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने आदेश जारी कर कहा कि यह फैसला साप्ताहिक कुल नए मामले (प्रति 10 लाख की आबादी पर), कुल संक्रमण दर, अस्पतालों में मरीजों की संख्या, मृत्यु दर और लक्षित आबादी के टीकाकरण पर केंद्रित बैठक में लिया गया। आदेश के अनुसार, ‘‘जिन पाठ्यक्रमों/कार्यक्रमों में प्रयोगशाला/अनुसंधान/थीसिस कार्य के लिए छात्रों की उपस्थिति और इंटर्नशिप अनिवार्य होती है, उन्हें छोड़कर सभी विश्वविद्यालय, कॉलेज और तकनीकी कौशल विकास संस्थान 15 जुलाई तक छात्रों को परिसर/व्यक्तिगत शिक्षा प्रदान करने के लिए बंद रहेंगे। इन सभी संस्थानों में ऑनलाइन पठन-पाठन जारी रहेगा।''
- नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर शहर में एक व्यक्ति ने कथित रूप से महिला का गला घोंटकर हत्या करने की कोशिश की और बाद में लोगों द्वारा पीछा किए जाने के बाद उसके अपार्टमेंट की दूसरी मंजिल से कूद गया, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना कोराडी इलाके के महादुला में हुई।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी केतन सोनकर (27) का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया, "महिला मध्य प्रदेश में एक सरकारी विभाग में काम करती है। मंगलवार को, उसने देखा कि कोई उसके घर की खिड़की से उसे घूर रहा है, जिसके बाद उसने शोर मचाया। बाद में उस आरोपी को स्थानीय निवासियों ने पकड़ लिया, जिन्होंने उसे छोडऩे से पहले उसकी पिटाई की।" अधिकारी ने बताया कि उस घटना के बाद आरोपी सोनकर ने महिला को मारने की साजिश रची। शुक्रवार की रात उसके फ्लैट में गया जब वह वहां अकेली थी और उसका पति कहीं बाहर गया हुआ था। आरोपी सोनकर ने दुपट्टे से महिला का गला घोंटने की कोशिश की।पुलिस ने बताया, "महिला ने उससे निपटने की कोशिश की और शोर मचाया, जिसके बाद अन्य निवासी और दुकानदार उसकी मदद के लिए दौड़े। कुछ निवासियों ने आरोपी का पीछा किया, लेकिन बचने के लिए वह दूसरी मंजिल से कूद गया और एक पेड़ पर गिर गया। उसके चेहरे और पैरों में चोटें आई हैं।" सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। उसके खिलाफ कोराडी थाना में भादंसं की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 354 (डी) (पीछा करना) और 450 (घर में अवैध रूप से प्रवेश करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।-
- कोटा (राजस्थान)। राजस्थान के बंदूी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए कार हादसे में 42 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि परिवार के ही पांच अन्य सदस्य घायल हो गए। यह हादसा कार का एक टायर फटने से हुआ। यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी।पुलिस ने बताया कि शनिवार दोपहर हिंडोली बाईपास के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-52 पर हुए हादसे में दौसा जिले के मधुबन कॉलोनी निवासी आशीष कुमार शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। हिंडोली पुलिस थाने के प्रभारी मुकेश मीणा ने बताया कि दो घायलों- अर्चना शर्मा और उमाशंकर को गंभीर चोटें आई हैं और उनका कोटा के एमबीएस अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई गई है। उन्होंने बताया कि तीन अन्य घायलों-अशोक शर्मा, उमेश और सुनीता का बूंदी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के वक्त कार में आठ लोग सवार थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
- बालाघाट (मध्यप्रदेश)। मध्यप्रदेश पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार कर कथित रूप से उनके कब्जे से पांच करोड़ रुपये के जाली नोट जब्त किये हैं। बालाघाट जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने रविवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि बालाघाट व बैहर पुलिस को नकली नोट खपाने संबंधी सूचना मिली थी। इसमें संयुक्त टीम बनाकर पिछले दो दिनों तक कार्रवाई की गई, जिसमें मध्यप्रदेश के बालाघाट से छह और पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के गोंदिया से दो लोगों की गिरफ्तारी हुई। उन्होंने कहा कि इन आरोपियों से पांच करोड़ रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। ये नकली नोट 10 रुपए से लेकर 2,000 रुपए तक के हैं। तिवारी ने बताया कि गिरोह के सरगना व सप्लाई चेन से जुड़ी जानकारी के लिए पूछताछ की जा रही है। उम्मीद है इस मामले में कई अहम खुलासे होंगे। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किये गये आरोपियों में राहुल मेश्राम (25), अनंतराम पांचे (38), हरिराम पांचे (33), नन्हूलाल विश्वकर्मा (40), हेमंत उइके (30), मुकेश तवाड़े (30), सोहन लाल (30) एवं रामेश्वर मौजे (40) शामिल हैं।
- मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह करीब 11 बजे दिल्ली से आगरा की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार अन्य वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में बेकाबू हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे में कार सवार दो युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें पहले जिला अस्पताल लाया गया और फिर अन्य अस्पतालों में रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह ने बताया कि रविवार को दिल्ली निवासी अमित शर्मा की बेटी गुनगुन का जन्मदिन था। परिवार के लोगों ने उसका जन्मदिन आगरा में धूमधाम से मनाने का निश्चय किया। तमाम रिश्तेदारों को न्यौता दिया गया था। उन्होंने बताया कि आगरा के एक होटल में शाम को जन्मदिन की पार्टी रखी गई थी। सभी रिश्तेदार अलग-अलग कारों में सवार होकर गुनगुन के परिवार के साथ आगरा के लिए रवाना हुए। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार मुकेश चंद शर्मा निवासी त्यागी अपार्टमेंट, छतरपुर, महरौली (दिल्ली) चला रहे थे। कार में जुगलकिशोर (62), मुकेश की पत्नी निशा (48), बेटी श्रेया (19), लाजपत नगर दिल्ली निवासी मोहित शर्मा की बेटी लवी (12) के अलावा मुकेश चंद शर्मा का बेटा यश (24) सवार था। पुलिस ने कहा कि इन लोगों की कार थाना जमुनापार क्षेत्र में सुबह तकरीबन 11 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे पर ओवरटेक करने के चक्कर में बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में श्रेया और लवी की मौके पर ही मौत हो गई और कार सवार अन्य सभी घायल हो गए। उन्होंने कहा कि घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने घायल जुगल किशोर और निशा को उपचार के लिए नयति अस्पताल रेफर कर दिया जबकि मुकेश और यश को भास्कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।-
- नई दिल्ली। दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में आपातकालीन विभाग के ऑपरेशन थियेटर (ओटी) से सटे एक कमरे में सोमवार सुबह आग लग गई।दिल्ली दमकल सेवा ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। दिल्ली दमकल सेवा के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि आपातकालीन विभाग के ओटी में आग लगने की सूचना तड़के पांच बजकर चार मिनट पर मिली और दमकल की सात गाडिय़ों को एम्स भेजा गया। उन्होंने बताया कि आग पर बहुत जल्दी काबू पा लिया गया। आग ओटी से सटे भंडार कक्ष में लगी। पुलिस के अनुसार, हौज खास पुलिस थाने को आग लगने के बारे में सुबह करीब सवा पांच बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष से फोन पर जानकारी मिली और एम्स पहुंचने पर घटनास्थल से चिंगारियां और धुआं उठता देखा गया। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने कहा, "आसपास मौजूद सभी मरीजों को बाहर निकाल लिया गया है। दमकल की सात गाडिय़ों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।" उन्होंने बताया कि स्थिति अब सामान्य और नियंत्रण में है तथा कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।---
- होशियारपुर।पंजाब के होशियारपुर जिले में रविवार को हुए सड़क हादसे में एक प्रवासी मजदूर समेत तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि होशियारपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर दविड अहिराना में हुई दुर्घटना में एक महिला, एक बच्ची और एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। मजदूर की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि लुधियाना के मुनीष मित्तल अपनी पत्नी ज्योति, दो बेटियों, अपनी किराएदार गुड़िया और उसकी दो बेटियों तीन वर्षीय सोनम और एक वर्षीय सुनेहा के साथ कार में सवार होकर होशियारपुर से लुधियाना को लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि पैदल जा रहे एक प्रवासी मजदूर को बचाने के प्रयास में मित्तल वाहन से नियंत्रण खो बैठे और मजदूर को टक्कर मारते हुए उनकी कार सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से जा टकरायी। उन्होंने बताया कि सुनेहा और मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ज्योति ने स्थानीय सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शेष घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
- बलिया । जिले के बांसडीह कस्बे में रविवार को खराब मौसम के बीच गिरी बिजली की चपेट में आने से दो सगी बहनों की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के बांसडीह कस्बे के वार्ड नंबर-15 की निवासी पार्वती देवी (32) मनियर थाना क्षेत्र के मुड़ियारी की रहने वाली अपनी बड़ी बहन भागमनी देवी (38) के साथ आज दोपहर खेत में धान की रोपाई कर रही थी। इसी बीच तेज गरज के साथ बारिश शुरू हो गयी। बहनें कुछ समझ पाती, उससे पहले ही वह आकाशीय बिजली से झुलस गई तथा उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की है।
- गुवाहाटी। गुवाहाटी के दिगलीपुखुरी तालाब में सैकड़ों मछलियां मृत पायी गयीं और ऐसी आशंका है कि तालाब में ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण इनकी मौत हुई है। मत्स्य मंत्री परिमल शुक्लवैद्य ने रविवार को इसकी जानकारी दी। शनिवार रात से बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां जलाशय में तैरती मिलीं, जिसके बाद मंत्री ने अपने विभाग के अधिकारियों को स्थल का दौरा करने और घटना के सटीक कारण का पता लगाने का निर्देश दिया था। शुक्लवैद्य ने कहा, ''मछलियों की मृत्यु ऑक्सीजन के स्तर में अचानक गिरावट और टैंक में उच्च कार्बनिक भार के कारण हुई। विभागीय अधिकारियों ने जांच में पाया कि मौतें जहर के कारण नहीं, बल्कि पर्यावरणीय अवनति के कारण हुई हैं।'' उन्होंने कहा कि अल्पकालिक उपाय के तौर पर पंपों और नौकाओं के माध्यम से पानी की बौछार करके पानी के ऑक्सीजन स्तर को बढ़ाया गया है। दिगलीपुखुरी तालाब करीब 500 मीटर लंबा है और यह राज्य के सबसे बड़े शहर के अंबारी इलाके में स्थित है। इस तालाब का निर्माण अहोम वंश के शासकों ने ब्रह्मपुत्र नदी की नहर के तौर पर करवाया था। बाद में ब्रिटिश शासन के दौरान यह नहर भर गयी। दिगलीपुखुरी शहर में एक लोकप्रिय पर्यटक स्थल है।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में करीब तीन महीने बाद विवाह समारोहों के लिए अनुमति मिलने से विवाह आयोजकों को थोड़ी राहत मिली है। हालांकि इससे आयोजकों को लाभ की उम्मीद कम ही है। दिल्ली सरकार ने शहर में कोविड-19 की स्थिति में सुधार को देखते हुए चरणबद्ध तरीके से ‘अनलॉक' प्रक्रिया के तहत शनिवार को बैंक्वेट, विवाह सभागार और होटलों में 50 लोगों की मौजूदगी के साथ विवाह आयोजन की अनुमति दी है। इसके साथ ही जिम और योग केंद्रों को भी 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दी गयी है। यह छूट सोमवार सुबह पांच बजे से प्रभावी हो जाएगी। वेडिंग प्लानर और बैंक्वेट हॉल के मालिकों ने दिल्ली सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। हालांकि उनका कहना है कि इस सीजन में उन्हें लाभ की कोई उम्मीद नहीं है। ‘प्रेशियस मोमेंट्स बैंक्वेट्स' के सुनील जुनेजा ने कहा, ‘‘हमें खुशी है कि हमें कम से कम बैंक्वेट हॉल खोलने की अनुमति दी गयी। अपनी जेब से कर्मचारियों को भुगतान करने और घाटा झेलकर हम लोग कम से कम इस घाटे से तो बच पाएंगे।'' उन्होंने कहा कि इससे पहले जिन बुक किए गए कार्यक्रमों को टाल दिया गया था, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी जबकि नयी बुकिंग भी शुरू हो गयी है। मार्च 2020 में महामारी के शुरू होने के बाद से पिछले एक साल में विवाह समारोह आयोजन कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है क्योंकि क्रमवार तरीके से पिछले साल मार्च-सितंबर और इस साल अप्रैल से बार-बार लॉकडाउन लगने से धूमधाम वाले खर्चीले आयोजन नहीं हुए। ‘द वेल्वेट वेडिंग्स' के वेडिंग प्लानर जितेश खन्ना ने कहा, चूंकि अप्रैल से दिल्ली में लॉकडाउन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया गया, इसलिए अधिकतर शादियां शहर से बाहर हुईं। वहीं, ‘शुभ मुहूर्त लक्जरी वेडिंग प्लानर्स' के श्रवण यादव ने कहा, ‘‘अब 50 लोगों की इजाजत दी गयी है तो हमें इस फैसले से खुशी है और उम्मीद है कि जल्द 100 लोगों को आयोजन में शामिल होने की अनुमति मिल जाएगी।''
- नयी दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के प्रमुख डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा कि बच्चों के लिये कोविड-19 टीकों की उपलब्धता एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी और इससे स्कूल खुलने तथा उनके लिए बाहर की गतिविधियों के लिये मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि भारत बायोटेक के टीके कोवैक्सीन के दो से 18 साल आयुवर्ग के बच्चों पर किये गए दूसरे और तीसरे चरण के परीक्षण के आंकड़ों के सितंबर तक आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि औषधि नियामक की मंजूरी के बाद भारत में उस समय के आस-पास बच्चों के लिये टीके उपलब्ध हो सकते हैं। डॉ. गुलेरिया ने शनिवार को बताया, “उससे पहले अगर फाइजर के टीके को मंजूरी मिल गई तो यह भी बच्चों के लिये एक विकल्प हो सकता है।” सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक दवा निर्माता कंपनी जायडस कैडिला के भी भारत के औषधि महानियंत्रण के समक्ष अपने कोविड-19 रोधी टीके ‘जायकोव-डी' के आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी के लिये आवेदन किए जाने की उम्मीद है। कंपनी का दावा है कि इसे वयस्कों और बच्चों दोनों को दिया जा सकता है। डॉ. गुलेरिया ने कहा, “इसलिए, अगर जायडस के टीके को मंजूरी मिलती है तो यह भी एक और विकल्प होगा।”उन्होंने कहा कि बच्चों में यद्यपि कोविड-19 संक्रमण के हल्के लक्षण होते हैं और कुछ में लक्षण भी नहीं होते, वे लेकिन संक्रमण के वाहक हो सकते हैं। बीते डेढ़ साल में कोविड-19 महामारी के कारण पढ़ाई में हुए व्यापक नुकसान का हवाला देते हुए एम्स प्रमुख ने कहा, “स्कूलों को फिर से खोलना होगा और टीकाकरण इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।” उन्होंने कहा कि महामारी से उबरने का रास्ता टीकाकरण ही है। सरकार ने हाल में चेताया था कि कोविड-19 ने अब तक भले ही बच्चों को बड़े पैमाने पर प्रभावित नहीं किया हो लेकिन अगर वायरस के व्यवहार या महामारी की गति में बदलाव आता है तो यह बढ़ सकता है। उसने कहा कि ऐसी किसी स्थिति से निपटने के लिये तैयारियां की जा रही हैं।
- लखनऊ/ कानपुर ।राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को कहा कि उन्होंने सपने में भी कभी नहीं सोचा था कि वह देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होंगे। कोविंद ने कानपुर देहात जिले के परौंख गांव (अपनी जन्मस्थली) में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैंने सपने में भी नहीं सोचा था कि मुझे देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होने का सम्मान मिलेगा, लेकिन हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था ने ऐसा कर दिखाया।'' राष्ट्रपति ने स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को भी श्रद्धांजलि दी और कहा, ‘‘आज मैं जहां भी हूं, उसका श्रेय इस गांव की मिट्टी, इस क्षेत्र और आपके प्यार एवं आशीर्वाद को जाता है। बुजुर्गों को माता-पिता की तरह सम्मान देना हमारे संस्कार हैं और मुझे खुशी है कि हमारे परिवार में बड़ों को सम्मान देने की यह परंपरा अब भी जारी है।'' कोविंद ने अपने गांव परौंख के पास हेलीपैड पर उतरने के बाद गांव की मिट्टी को नमन किया और धरती को छू कर अपनी जन्मभूमि को प्रणाम किया। कोविंद ने कहा, "मैं कहीं भी रहूं, मेरे गांव की मिट्टी की खुशबू और मेरे गांव के लोगों की यादें हमेशा मेरे दिल में बसी रहेंगी। परौंख गांव मेरी 'मातृभूमि' है, जहां से मुझे देश सेवा करने की प्रेरणा मिलती रही है।" राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘ 'मातृभूमि' से मिली इस प्रेरणा ने मुझे उच्च न्यायालय से उच्चतम न्यायालय, उच्चतम न्यायालय से राज्य सभा, राज्य सभा से राजभवन और राजभवन से राष्ट्रपति भवन तक पहुंचाया है।'' कोविंद ने कहा कि इस कोविड काल में फिटनेस और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है, खुद भी टीका लगवाएं और दूसरों को भी प्रेरित करें। कोविंद ने भरोसा दिलाया, ''मैं व्यक्तिगत रूप से ग्रामीणों के लिए राष्ट्रपति भवन देखने की व्यवस्था करूंगा, आप लोग आकर देख सकते हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस बार मैं बहुत देर से गांव आया लेकिन मेरी इच्छा है कि भविष्य में ऐसा ना हो।'' राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण का सौभाग्य प्राप्त हुआ और वहां बने सामुदायिक केन्द्र को देखकर खुशी मिली। उन्होंने बताया, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वादा किया है कि जल्द ही यहां बाबासाहेब की संगमरमर की भव्य प्रतिमा लगाई जाएगी। राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि राष्ट्रपति ने अनुसूचित समाज के लिए काफी काम किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति संसदीय परंपराओं के बारे में काफी जानकार हैं और जीवन भर दलित लोगों के लिए संघर्ष करते रहे। उन्होंने कहा कि आदिवासी गांवों में क्षेत्र के विकास के लिए उन्होंने काफी काम किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रपति के पैतृक गांव पहुंचने पर वह राज्य के सभी नागरिकों की ओर से राष्ट्रपति का स्वागत करते हैं। योगी ने कहा, ‘‘भारत की प्राचीन परंपराएं हमें आत्मनिर्भरता और अनुशासन के साथ आगे ले जाती हैं और हमें दुनिया में एक विशिष्ट पहचान देती हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रपति की यादें इस जगह से जुड़ी हुई हैं। मैंने उन्हें करीब देखा है। जन्मस्थान के प्रति भी हमारी जिम्मेदारी होती है। राष्ट्रपति ने इस दायित्व को पूरा करते हुए अपने जन्मस्थान को बैठक केंद्र के रूप में दान कर दिया है। उन्होंने अपनी जीवन भर की बचत वीरांगना झलकारी बाई इंटर कॉलेज के निर्माण के लिए दान कर दी है। यही कारण है कि परौख गांव देश के साथ-साथ दुनिया में भी अपनी एक खास जगह बना रहा है।'' योगी ने कहा कि यह हमारे लिए सम्मान की बात है और हमने राष्ट्रपति के पैतृक गांव के विकास के लिए कुछ योजनाएं बनाई हैं। मुख्यमंत्री ने कानपुर देहात में मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा की। राष्ट्रपति कोविंद रविवार सुबह परौंख गांव में अपने जन्मस्थान पहुंचे जहां प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। कानपुर देहात के पुलिस अधीक्षक के जन संपर्क अधिकारी ने बताया कि पटेल और आदित्यनाथ ने कोविंद का उनके पैतृक गांव परौंख में स्वागत किया। कोविंद अपनी पत्नी और बेटी के साथ पथरी देवी मंदिर गए और पूजा-अर्चना की। उन्होंने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के साथ परौंख गांव का दौरा किया। वह परौंख गांव के प्राथमिक स्कूल पहुंचे, जहां उन्हें लोगों को संबोधित किया। कोविंद अपने पुराने परिचितों, विधायकों और भाजपा पदाधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत करेंगे। वह पुखरायां जाएंगे, जहां वह 60 से अधिक लोगों से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति 28 और 29 जून को लखनऊ रहेंगे।
- बिजनौर । जिले की एक बरसाती नदी में रविवार को नहाने के दौरान डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई। जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, थाना बढ़ापुर के गांव रसूलपुर मिट्ठे में कुछ बच्चे बरसाती नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान सोफिया (8) और फराह (6) डूबने लगे। बच्चों का शोर सुनकर ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला और डॉक्टर के पास ले गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस इस संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।-file photo
- नयी दिल्ली। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास के शोधकर्ताओं ने ड्रोन विमानों के लिए एक ऐसी पद्धति विकसित की है, जिसके जरिए अंतरिक्ष स्टेशनों, अंतरिक्ष यान और उपग्रहों में आग के स्वरूप का अध्ययन करने में मदद मिलेगी। आईआईटी मद्रास के शोधकर्ताओं की टीम के मुताबिक एक मल्टीरोटर माइक्रोग्रैविटी प्लेटफॉर्म की मदद से चंद्रमा और मंगल के समान कम-गुरुत्वाकर्षण वातावरण जैसी परिस्थिति पृथ्वी पर भी विकसित की जा सकती है, ताकि वैज्ञानिक प्रयोग आसानी से किए जा सकें। शोधकर्ताओं की टीम का कहना है कि मौजूदा समय में माइक्रोग्रैविटी (ऐसी परिस्थिति जहां गुरुत्वाकर्षण बल शून्य के करीब हो) जैसी स्थिति केवल अंतरिक्ष स्टेशनों, उपग्रहों, अंतरिक्ष यानों, रॉकेटों और ड्रॉप टावर्स के जरिए ही पैदा की जा सकती है। ऐसी सुविधाएं भारत के अधिकतर शैक्षणिक संस्थानों की पहुंच से बहुत दूर हैं। आईआईटी मद्रास के एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग में रिसर्च स्कॉलर केदारिसेट्टी सिद्धार्थ ने कहा, ‘‘धरती पर माइक्रोग्रैविटी जैसी स्थिति पैदा करने का एक और तरीका यह है कि इसके लिए 'फ्री-फॉल' फ्लाइट का उपयोग किया जाएगा। रॉकेटों का मुक्त रूप से गिरना और अधिक ऊंचाई वाले गुब्बारों और ड्रॉप टावरों से किसी वस्तु का मुक्त रूप से गिरना भी माइक्रोग्रैविटी जैसी स्थिति पैदा कर सकता है।'' आईआईटी मद्रास के शोधकर्ताओं ने एक ऐसी पद्धति विकसित की है जो मल्टीरोटर मानवरहित टोही विमान (यूएवी) जैसे कि क्वाड्रोटर्स अथवा ड्रोन को सटीक रूप से नियंत्रित कर सकता है। टीम की ओर से किया गया यह शोध एयरोस्पेस सिस्टम्स, एयरोस्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी, और माइक्रोग्रैविटी साइंस एंड टेक्नोलॉजी जैसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुका है।
- मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार के सप्ताहांत में भी मंदिर खोले जाने के निर्देश के बाद प्रदेश के मथुरा जनपद के ठा. बांकेबिहारी एवं ठा. द्वारिकाधीश मंदिर अब हर रोज खुलेंगे जिससे श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। गौरतलब है कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर के प्रकोप से बचने के लिए सरकार ने लॉकडाउन का ऐलान कर सभी सार्वजनिक गतिविधियों को प्रतिबंधित कर दिया था। दूसरी ओर कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार में आयी कमी के बाद प्रदेश में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गयी थी । सप्ताहांत में शनिवार और रविवार को मंदिरों को पहले के समान ही बंद रखा गया था। राज्य सरकार ने शुक्रवार को सप्ताहांत में भी मंदिरों को भक्तों के लिए खोले जाने की अनुमति दे दी थी। ठा. बांकेबिहारी मंदिर के प्रबंधकों मुनीश शर्मा एवं उमेश सारस्वत ने बताया, ‘‘प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर शनिवार से सभी श्रद्धालुओं के लिए मंदिर खोला जा रहा है तथा स्थानीय एवं बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों ने पूर्ववत ठाकुरजी के दर्शन के लिए आना प्रारंभ कर दिया है।'' इसी प्रकार, मथुरा के ठा. द्वारिकाधीश एवं श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर स्थित सभी मंदिरों को शनिवार से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। अब श्रद्धालु पहले के समान ही रोजाना ठाकुरजी के दर्शन करने में सक्षम हो गए हैं। ठा. द्वारिकाधीश के मीडिया प्रभारी एडवोकेट राकेश तिवारी ने बताया, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों के तहत अब शनिवार और रविवार को भी धर्मस्थल खुलेंगे। उन्होंने बताया कि दो झांकी के दर्शन सुबह और दो झांकी के दर्शन शाम को होंगे। प्रशासन की ओर से शुक्रवार देर रात धर्मस्थलों को शनिवार और रविवार को भी खोलने की अनुमति दे दी गई जिसके बाद दर्शन सुचारू कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि प्रदेश सरकार के नये दिशा निर्देशों के साथ धर्मस्थल खोलने की इजाजत दी है, जिनमें मास्क पहनना, सैनिटाइज करना व सोशल डिस्टेंस का पालन करना जरूरी है। गौरतलब है कि साप्ताहांत पर ही तकरीबन दो सौ किमी के दायरे में स्थित दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से सबसे ज्यादा श्रद्धालु मथुरा-वृन्दावन में आते हैं।
- नयी दिल्ली। दिल्ली सरकार द्वारा सोमवार से जिम एवं योग संस्थानों को संचालन की अनुमति दिए जाने के बीच जहां जिम के संचालक इन्हें दोबारा खोलने की तैयारियों में जुटे गए हैं, वहीं महामारी की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए अधिकतर योग संस्थानों ने फिलहाल ऑनलाइन कक्षाएं जारी रखने का फैसला लिया है। जिम संचालकों ने 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालन के लिए सेनेटाइज कराने का काम शुरू कर दिया है और कोविड-19 टीका लगवा चुके ग्राहकों के लिए विशेष छूट की पेशकश भी कर रहे हैं। दिल्ली में कई शाखा वाले संस्थान ''योग गुरु'' की संस्थापक नेहा वशिष्ठ ने कहा कि वह धीरे-धीरे योग कक्षाओं का भौतिक संचालन शुरू करने की उम्मीद कर रही हैं लेकिन फिलहाल वह केवल ऐसे परिसर में ही कक्षाएं आयोजित करने के पक्ष में हैं जहां काफी खुली जगह उपलब्ध है और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन किया जा सके। मालवीय नगर में स्थित नवधा योग हेल्थ केयर इंस्टीट्यूट के धीरेंद्र सिंह ने कहा कि उनका केंद्र करीब साल भर से बंद रहा और पिछले दो महीने से उन्होंने ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन शुरू किया है। यह पूछे जाने पर कि क्या वह सोमवार से अपने केंद्र को दोबारा खोलने की तैयारी कर रहे हैं तो उन्होंने कहा, '' मेरी अभी केंद्र को खोलने की योजना नहीं है। कारोबार में भारी नुकसान हुआ है लेकिन अब हम ऑनलाइन योग सत्र चला रहे हैं। हमारे कई पुराने सदस्य सत्र को बीच में ही छोड़ चुके हैं जबकि कई अब भी सत्र में भाग ले रहे हैं।'' लाजपत नगर में योगसारथी का संचालन करने वाली नीलम कालरा ने कहा कि वह अभी हालात के सामान्य होने तक कुछ और समय के लिए ऑनलाइन सत्र का आयोजन करेंगी। इस बीच, जिम संचालकों का कहना है कि उन्होंने काफी नुकसान उठाया है। हालांकि, वह सोमवार से दोबारा जिम खोलने की तैयारियों में जुटे हुए हैं। दिल्ली जिम एसोसिएशन के उपाध्यक्ष चिराग सेठी ने कहा कि पिछले एक साल में से करीब आठ महीने तक जिम बंद रहने के कारण संचालकों को खासा नुकसान उठाना पड़ा है। सेठी ने कहा, '' इस अवधि में कोई कमाई नहीं हुई। इसके बावजूद जिम मालिकों को किराया, बिजली और पानी का तय बिल देने के साथ ही अपने कर्मचारियों की भी आर्थिक सहायता करनी पड़ी। जिम मालिकों की आर्थिक सहायता के लिए शायद ही किसी तरह की सरकारी योजना है।'' सोमवार से जिम दोबारा खोलने को लेकर उन्होंने कहा, ‘‘जिम को सेनेटाइज किया जा रहा है और मशीनों को भी ठीक कराया जा रहा है। हमने 20 फीसदी कर्मचारी कम कर दिए हैं और केवल टीका लगवा चुके कर्मचारियों को ही प्राथमिकता दे रहे हैं। साथ ही टीका लगवा चुके ग्राहकों के लिए विशेष छूट देने की योजना है।=