’सेवा संकल्प अभियान’ के सफल संचालन हेतु जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति गठित
0- कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा होंगी समिति की अध्यक्ष
बालोद. छत्तीसगढ़ शासन जनसम्पर्क विभाग द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में राज्य में आगामी 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ’सेवा संकल्प अभियान’ के जिला स्तर पर सुचारू संचालन, अंतर्विभागीय समन्वय, प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ’जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति’ का गठन किया गया है। इसके अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की अध्यक्ष होंगी। इसी तरह जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी को संयोजक एवं नोडल अधिकारी तथा संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही समिति में पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण, वनमण्डलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री चन्द्रकांत कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी, उपसंचालक पंचायत, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, समाज कल्याण, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, परिवहन, खेल एवं युवा कल्याण, जनसंपर्क, खाद्य, खनिज, श्रम, संस्कृति एवं पर्यटन, वाणिज्य एवं उद्योग, नोडल अधिकारी उच्च शिक्षा, सहायक संचालक कौशल विकास, गृह निर्माण मण्डल, चिप्स, समग्र शिक्षा एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी को समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय टास्क फोर्स’ अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर जनकल्याणकारी गतिविधियों एवं सेवाओं के त्वरित निष्पादन की सतत निगरानी करेगी। साथ ही यह आदेश तत्काल प्रभावशील कर दिया गया है।











Leave A Comment