राष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा संरक्षण चित्रकला प्रतियोगिता 2026 का होगा आयोजन
बालोद. देशभर के स्कूली छात्र-छात्राओं को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ऊर्जा दक्षता ब्यूरो के माध्यम से एवं केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों के सहयोग से ’नेशनल पेंटिंग काम्पिटीशन ऑन एनर्जी कंसर्वेशन-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। क्रेडा विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता का मुख्य विषय ’एनर्जी कसंर्वेशन फाॅर एनर्जी सिक्यूरिटी’ रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में कक्षा 05वीं से 07वीं तक के छात्र-छात्राएं ’ग्रुप-ए’ और कक्षा 08वीं से 10वीं तक के छात्र-छात्राएं ’ग्रुप-बी’ के अंतर्गत सम्मिलित हो सकते हैं। स्कूलों के माध्यम से चयनित प्रत्येक ग्रुप के प्रथम-दो चित्रकला फोटोग्राफ्स को स्कूल के नाम सहित विवरण आगामी 15 अक्टूबर 2026 से पूर्व संबंधित नोडल अधिकारी के पास जमा किए जा सकते हैं। जिसके लिए पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड 400/200 केवी सबस्टेशन कुम्हारी के वरिष्ठ महाप्रबंधक श्री आर.पी. साहू (मोबाइल नंबर 9685092217) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी वेबसाइट www.paintings.beeindia.gov.in से प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा अन्य किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जानकारी के लिए जिला ऊर्जा संरक्षण प्रभारी व क्रेडा बालोद के उप अभियंता श्री खुबलाल साहू के मोबाइल नंबर 9340862683 पर संपर्क कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि स्कूल स्तर से चयनित प्रथम 02 विजेताओं में से प्रत्येक ग्रुप ए एवं बी से 50-50 छात्रों का चयन राज्य स्तरीय चयन समिति द्वारा किया जाएगा। राज्य स्तर पर यह ऑन-द-स्पॉट प्रतियोगिता 14 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक (02 घंटे की अवधि में) आयोजित होगी। जिसमें प्रथम पुरस्कार 50,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 30,000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 20,000 रुपये तथा 10 छात्रों को प्रत्येक 7,500 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
राज्य स्तर पर प्रत्येक राज्य से चयनित प्रथम 03 विजेता 11 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम विजेता को 01 लाख रुपये, लैपटॉप व गोल्ड मेडल, द्वितीय विजेता को 50 हजार रुपये, लैपटॉप व सिल्वर मेडल एवं तृतीय विजेता को 30 हजार रुपये, लैपटॉप व ब्रॉन्ज मेडल तथा 10 प्रशंसा पुरस्कार के रूप में 15,000 रुपये नगद व टैबलेट से पुरस्कृत किया जाएगा।











Leave A Comment