बाल दिव्यांग प्रमाणीकरण अभियान 2026 अंतर्गत ’हर पात्र बच्चे तक प्रमाण-पत्र और अधिकार’ कार्यक्रम अंतर्गत शिविर का होगा आयोजन
0- दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाकर शासन के महत्वाकांक्षी योजना से किया जाएगा लाभान्वित
बालोद. कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में बाल दिव्यांग प्रमाणीकरण अभियान 2026 अंतर्गत ’हर पात्र बच्चे तक प्रमाण-पत्र और अधिकार कार्यक्रम अंतर्गत शिविर आयोजित किया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री अजय गेडाम ने बताया कि बालोद जिले में शिक्षा विभाग द्वारा कुल 4447 संभावित दिव्यांग छात्र-छात्रा अध्ययनरत् है। जिन्हें उक्त शिविर के माध्यम से दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाकर शासन के महत्वाकांक्षी योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
शिविर स्थल में जिला मेडिकल बोर्ड बालोद द्वारा परीक्षण कर दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाया जाएगा। जिसमें 06 से 18 वर्ष आयु वर्ग के कक्षा पहली से कक्षा बारहवीं के दिव्यांग बच्चों का नवीन दिव्यांग प्रमाण पत्र, प्रमाण-पत्रों का नवीनीकरण, यूनिक आई डी कार्ड, कृत्रिम अंग निर्माण हेतु माप, पेंशन पंजीयन, उपकरण पंजीयन, दिव्यांग छात्रवृत्ति पंजीयन, दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन हेतु पंजीयन एवं घरौंदा गृह से संबंधित जानकारी प्रदाय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर का आयोजन समाज कल्याण विभाग सिवनी के कार्यालय परिसर में किया जाएगा। जिसमें 07 सितंबर को बालोद विकासखण्ड, 08 सितंबर को गुरूर विकासखण्ड, 09 सितंबर को गुण्डरदेही विकासखण्ड, 11 सितंबर को डौण्डी विकासखण्ड एवं 12 सितंबर को डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के दिव्यांगजनों का परीक्षण कर दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों को शिविर स्थल तक लाने एवं परीक्षण उपरांत उन्हें संकुल केन्द्रों तक छोड़ने हेतु बसों की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक बस में दिव्यांगजनों के साथ संबंधित जनपद पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं समाज कल्याण विभाग जिला बालोद के नामित कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। साथ ही शिविर में उपस्थित दिव्यांगजनों एवं उनके सहायकों हेतु चाय, नास्ता, पानी एवं भोजन की व्यवस्था की गई है।










Leave A Comment