ब्रेकिंग न्यूज़

 विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत छूटे हुए एवं पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं की जा रही पहचान

- बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन, पात्र व्यक्तियों का फॉर्म-6 के माध्यम से होगा पंजीकरण
राजनांदगांव  । भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य में मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न कारणों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र व्यक्तियों तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जा रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे तथा मतदाता सूची में किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल न हो। विशेष अभियान अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा वर्तमान मतदाता सूची की तुलना प्री-एसआईआर मतदाता सूची से की जाएगी। इस दौरान ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पूर्व की मतदाता सूची में दर्ज थे, लेकिन विभिन्न कारणों से वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। चिह्नित मतदाताओं की सूची तैयार कर बीएलओ घर-घर जाकर उनका सत्यापन करेंगे तथा उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी दर्ज करेंगे। सत्यापन के दौरान पात्र पाए जाने वाले व्यक्तियों को फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बीएलओ द्वारा एक सप्ताह में कम से कम 20 से 25 चिह्नित मतदाताओं का सत्यापन करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि लगभग एक माह की अवधि में इस प्रक्रिया को पूरा किया जा सके। सत्यापन सूची में प्रत्येक मतदाता की वर्तमान स्थिति तथा जिन मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 भरा गया है, उसका विवरण भी दर्ज किया जाएगा। इसके साथ ही घर-घर सर्वे के दौरान विभिन्न कारणों से नामांकन से छूट गए पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का पंजीकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा।
विशेष अभियान के तहत बीएलओ द्वारा बूथ स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर मतदाता पंजीकरण के लिए आवेदन जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त रैन बसेरों, मजदूर कॉलोनियों तथा बेघर, वंचित एवं अन्य छूटे हुए पात्र व्यक्तियों के नामांकन के लिए भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। युवा मतदाताओं को पंजीकरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के जरिए पात्र युवाओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है तथा नए मतदाताओं के नामांकन के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। विशेष अभियान के अंतर्गत सभी बूथ लेवल अधिकारियों को शिविर आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं तथा बीएलओ द्वारा घर-घर सर्वे का कार्य किया जा रहा है।
विशेष अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा तैयार की गई चिह्नित मतदाताओं की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ साझा की जाएगी। अभियान के अंत में तैयार की गई बूथवार सूचियां निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी साझा की जाएंगी, ताकि छूटे हुए पात्र मतदाताओं को नामांकन का एक और अवसर मिल सके। बीएलओ द्वारा फॉर्म-6 के माध्यम से प्राप्त आवेदन पत्रों तथा क्षेत्र सत्यापन रिपोर्ट के साथ संबंधित सूची निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी को प्रस्तुत की जाएगी। निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 तथा निर्वाचकों का पंजीकरण नियम, 1960 के प्रावधानों के अनुसार प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए सक्षम प्राधिकारी हैं।
मतदाता पंजीकरण एक सतत प्रक्रिया है। कोई भी पात्र व्यक्ति, जिसका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या विभिन्न कारणों से नाम छूट गया है, निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकता है। पात्र युवा एवं अन्य नागरिक ईसीआईनेट मोबाइल ऐप अथवा संबंधित वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अपने मतदान केंद्र क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी के पास फॉर्म-6 भरकर ऑफलाइन आवेदन भी जमा किया जा सकता है। मतदाता पंजीकरण से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान अथवा सहायता के लिए नागरिक ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से बुक ए कॉल विद बीएलओ विकल्प का उपयोग कर अपने बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क करने का अनुरोध कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी एवं सहायता प्राप्त करने के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है। निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english