कलेक्टर ने की प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा
-लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और जन-जागरूकता बढ़ाने के दिए निर्देश
रायपुर / कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों, सब्सिडी वितरण की प्रगति तथा स्थापित सोलर रूफटॉप सिस्टम की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिकों को योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए सभी संबंधित विभाग और बैंक समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने स्व-स्रोत (सेल्फ सोर्स) से प्राप्त आवेदनों की संख्या बढ़ाने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने योजना के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित करने, शिविर आयोजित करने तथा ग्राम एवं वार्ड स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजना से संबंधित तकनीकी स्वीकृति, ऋण स्वीकृति और सब्सिडी की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।बैठक में कलेक्टर ने सभी बैंकों एवं संबंधित विभागों को प्रत्येक सप्ताह की प्रगति रिपोर्ट जिला कार्यालय में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। इससे योजना की नियमित निगरानी करने और क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान करने में मदद मिलेगी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन, लीड बैंक मैनेजर श्री मोहम्मद मोफिज सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी तथा संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।












Leave A Comment