नवरात्रि और दशहरा पर्व पर शांति एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, प्रशासन ने दिए आवश्यक निर्देश
0- कलेक्टर श्रीमती मिश्रा के निर्देशानुसार शांति समिति की बैठक आयोजित
0- मूर्ति विसर्जन से लेकर यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं तक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर
बालोद. आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी श्री सुरेंद्र प्रसाद वैद्य की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना, अपर कलेक्टर श्री हरिवंश सिंह मिरी, अनुविभागीय दंडाधिकारी श्री नूतन कंवर, सीएसपी श्री विकास पाटले, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री विनय कुमार, तहसीलदार सुश्री संध्या नामदेव, थाना प्रभारी श्री शिशुपाल सिन्हा, एसआई यातायात श्रीमती राधा बोरकर एवं अन्य विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं पर विशेष जोर
बैठक में सभी पूजा पंडालों और धार्मिक स्थलों पर भक्तिमय वातावरण बनाए रखने तथा नशाखोरी और अव्यवस्था पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। मूर्ति विसर्जन एवं जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न होने देने पर विशेष जोर दिया गया। उत्सव समितियों को विसर्जन के दौरान स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
विद्युत विभाग को सदर रोड सहित प्रमुख मार्गों पर लटकते बिजली के तारों को व्यवस्थित करने तथा आवश्यकतानुसार ऊंचा करने के निर्देश दिए गए, ताकि जुलूस और विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। वहीं, नगर पालिका को विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और बड़ी मूर्तियों के विसर्जन के लिए क्रेन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चैबंद
मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर सेना को आवश्यकतानुसार सुरक्षा बल और कुशल तैराकों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। रावण दहन एवं विसर्जन कार्यक्रमों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस और चिकित्सा दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके साथ ही ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के लिए लाउडस्पीकर और डीजे का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं समय-सीमा के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए।
शांति और सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी उत्सव समितियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से आपसी सहयोग, शांति एवं सौहार्द के साथ नवरात्रि और दशहरा पर्व मनाने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान आमजन की सुरक्षा, सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे, ताकि जिले में त्योहार सौहार्द्रपूर्वक, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सकें।
--












.jpg)
Leave A Comment