कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जिला कोषालय के मुद्रांक भंडार, स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण
0- कोषालय संहिता के नियमों के तहत व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सभी सामग्रियां व रिकॉर्ड पाए गए सुव्यवस्थित
बालोद. कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय परिसर स्थित जिला कोषालय के मुद्रांक भंडार एवं स्ट्रांग रूम का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कोषालय के सुरक्षा प्रबंधों, स्टांप भंडारण तथा संधारित अभिलेखों की सूक्ष्मता से जांच की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, जिला कोषालय अधिकारी श्री सोमेश शोरी, खजांची श्री टिकेश्वर सिंह निषाद सहित कोषालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
कोषालय संहिता के नियमों के तहत हुआ छःमाही निरीक्षण
छत्तीसगढ़ कोषालय संहिता भाग-एक के सहायक नियम 39 के तहत जिलाधीश द्वारा प्रत्येक वित्तीय वर्ष में दो बार (प्रत्येक छःमाही) जिला कोषालय के मुद्रांक भंडार एवं स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करने का अनिवार्य प्रावधान है। इसी के अनुक्रम में निर्धारित तिथि एवं समय पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा द्वारा यह विधिवत निरीक्षण संपन्न किया गया।
स्ट्रांग रूम में सुरक्षित स्टांप व बहुमूल्य वस्तुओं का किया मिलान
निरीक्षण के दौरान स्ट्रांग रूम की स्थिति पूर्णतः संतोषजनक एवं सुरक्षित पाई गई। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा द्वारा स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखे गए नॉन-ज्यूडिशियल स्टांप (जनरल स्टांप), ज्यूडिशियल स्टांप (कोर्ट फीस स्टांप), रेवेन्यू, स्पेशल एडेसिव और नोटरी स्टांप का अवलोकन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न अपराधों से संबंधित बहुमूल्य वस्तुओं के पैकेट, पैडलॉक, दोहरी चाबियों के पैकेट तथा चेकरोल का बारीकी से मिलान व परीक्षण किया गया, जहां सभी सामग्रियां सही स्थिति में संधारित पाई गईं।
कोषालय के सुचारू संचालन हेतु दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कोषालय के सुदृढ़ सुरक्षा प्रबंधों और व्यवस्थित रखरखाव पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में भी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए जिला कोषालय के मुद्रांक भंडार एवं दृढ़ कक्ष का संचालन पूरी सजगता, सतर्कता और पारदर्शिता के साथ सुचारू रूप से जारी रखा जाए।













Leave A Comment