ब्रेकिंग न्यूज़

 टी-20 विश्व कप के बाद मुश्किल दौर से उबरकर सूर्यकुमार को फिर मिला क्रिकेट का जुनून
मुंबई. भारतीय टीम को टी-20 विश्व कप का खिताब दिलाने के बाद टीम से बाहर होना पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए काफी मुश्किल समय था लेकिन उन्होंने क्रिकेट के प्रति अपना पुराना लगाव और जुनून फिर से हासिल कर लिया है। सूर्यकुमार ने भारत के लिए अपना पिछला मुकाबला आठ मार्च 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 विश्व कप फाइनल में खेला था। भारत ने उस मुकाबले को 96 रन से शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया था। फाइनल मुकाबले में सूर्यकुमार पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए थे। इससे पहले भी उनका बल्ला लगातार खामोश रहा था। खराब प्रदर्शन के चलते आखिरकार उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। 
मुंबई में आयोजित टी-20 मुंबई लीग के 'सेलिब्रेशन ऑफ चैंपियंस' कार्यक्रम में सूर्यकुमार ने कहा, ''टी-20 विश्व कप जीतने के बाद का समय थोड़ा मुश्किल रहा है। मैं इस सच्चाई से मुंह नहीं मोड़ना चाहता। अगर आप खुद के प्रति ईमानदार नहीं हैं, तो खुशहाल जिंदगी जीना भी मुश्किल हो जाता है।'' उन्होंने कहा कि इसी साल मई में बेटी के जन्म ने उन्हें इस मानसिक उथल-पुथल से बाहर निकलने में काफी मदद की। उन्होंने कहा, ''सच कहूं तो टीम से बाहर होना मेरे लिए बहुत कठिन रहा लेकिन इसी दौरान आईपीएल के समय मई में मेरे घर बेटी का जन्म हुआ। इसके बाद मेरा पूरा ध्यान उसकी तरफ चला गया। उसके जन्म के बाद बीते कुछ महीने मेरे लिए बेहद खूबसूरत रहे हैं।'' धीरे-धीरे उनका ध्यान फिर क्रिकेट की ओर लौटने लगा। अब वह भारतीय टीम के लिए अपने 113 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के अनुभव में और इजाफा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, '' मेरे लिए टीम के बाहर होने के बाद शुरुआती दो महीने काफी मुश्किल भरे थे। इसके बाद मैंने अपने पुराने दिनों को याद करना शुरू किया।'' उन्होंने कहा, ''मैंने सोचा कि क्यों न फिर से उसी तरह सोचना शुरू करूं, जैसे अपने करियर की शुरुआत में सोचता था। 
मेरे क्रिकेट के सफर की शुरुआत में मेरा एकमात्र सपना मुंबई की आयु-वर्ग क्रिकेट टीमों में खेलना और आगे चलकर प्रथम श्रेणी क्रिकेट में मुंबई का प्रतिनिधित्व करना था।'' इसके बाद 36 वर्षीय सूर्यकुमार यादव ने अपने भविष्य को लेकर पत्नी देविशा शेट्टी के साथ बैठकर विचार-विमर्श किया। सूर्यकुमार ने कहा, ''मैंने इन तमाम बातों पर गौर किया और पत्नी से बातचीत शुरू की। उन्होंने भी वही बात कही जो मेरे मन थी। उनका मनना था कि मुझे फिर से वही जुनून फिर से जगाना होगा, जो 15 साल की उम्र में मेरे अंदर था। उस समय मेरा एकमात्र सपना मुंबई की अंडर-15 टीम का प्रतिनिधित्व करना था।'' पत्नी की इस सलाह ने उनके नजरिये में बदलाव ला दिया।
उन्होंने कहा, "मैंने इसी बात पर ध्यान देना शुरू किया और अब 10-15 साल पहले की तरह ही अपने खेल पर काम कर रहा हूं। मैंने दोबारा उसी अंदाज में अभ्यास शुरू कर दिया है। खेल के प्रति वही जुनून और लगाव फिर से पैदा कर रहा हूं। उन्होंने कहा, ''अब सब कुछ सामान्य हो गया है। जब आप इन बातों के बारे में सोचते हैं और अपना पूरा ध्यान खेल पर लगाते हैं, तो आपके मन में अपनी टीम और परिवार के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की इच्छा जागती है। इससे चीजें पूरी तरह बदल जाती हैं। फिलहाल मैं भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहा हूं।'' उन्होंने कहा, ''मेरा मुख्य लक्ष्य अब भी वही है, जो पहले हुआ करता था। मुंबई के लिए मैच जीतना और अपनी टीम को चैंपियन बनाना।'' इस दिशा में उनका पहला कदम आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी-20 टूर्नामेंट होगा, जिसमें वह मुंबई की कप्तानी करेंगे। उन्होंने हालांकि मुंबई के युवा क्रिकेटरों को यह नसीहत देने में देर नहीं की कि आईपीएल का अनुबंध हासिल करना उनके करियर का अंतिम लक्ष्य नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, ''जब आप घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करते हैं और शानदार खेल दिखाते हैं, तो आपको पहचान मिलने लगती है। फिर बाकी चीजें अपने आप आपके करियर का हिस्सा बन जाती हैं।'' 
सूर्यकुमार ने कहा, ''इसलिए पहला सपना भारत के लिए खेलना होना चाहिए, लेकिन इसके लिए आपको एक-एक कदम आगे बढ़ाना होगा।'' सूर्यकुमार ने रणजी ट्रॉफी के पहले चरण के लिए मुंबई की टीम में जगह नहीं मिलने पर अपनी निराशा के संकेत भी दिए। उन्होंने मुंबई के टूर्नामेंट के पहले मुकाबले के लिए टीम चयन से ठीक पहले अपनी उपलब्धता जता दी थी, लेकिन रणजी ट्रॉफी की तैयारियों के सत्र पूर्व शिविर में हिस्सा नहीं लेने के कारण उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया। सूर्यकुमार ने कहा, ''जब मैं 2010-11 में पहली बार ड्रेसिंग रूम में आया था, तब सचिन तेंदुलकर सर, अमोल मजूमदार और अजित आगरकर जैसे सीनियर खिलाड़ी टीम में थे। ऐसे कई खिलाड़ी थे, जिन्हें मैं अपना आदर्श मानता था। जब भी वे अभ्यास के लिए जाते, मैं उनके साथ काफी समय बिताता और उनसे बातचीत करता था।'' उन्होंने कहा, ''सचिन सर ने तो मुंबई के ड्रेसिंग रूम में अपनी जगह भी मुझे दे दी थी। वह दाहिने कोने में बैठा करते थे और वहां गणेश जी की एक छोटी-सी मूर्ति भी रखी थी। वह मेरे लिए बेहद खास और यादगार पल था।'' सूर्यकुमार को अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
उन्होंने कहा, "सबसे अहम बात यह है कि अब हम इस पर चर्चा करते हैं कि एक टीम के रूप में साथ मिलकर कैसे आगे बढ़ सकते हैं। पिछले कुछ महीनों और वर्षों में जब भी मुझे मुंबई के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बनने और युवा खिलाड़ियों के साथ समय बिताने का मौका मिला है, मैंने यही भावना देखी है।'' उन्होंने कहा, '' इस रणजी ट्रॉफी सत्र में मुझे खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन आगे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में निश्चित रूप से अच्छे दिन आने वाले हैं।''

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english