ब्रेकिंग न्यूज़

 जनजातीय लोक नृत्य और लोक कलाओं की प्रस्तुतियों से जीवंत हुई समृद्ध सांस्कृतिक विरासत

-सातों विकासखंडों के कर्मा नृत्य दलों ने दी आकर्षक प्रस्तुति, प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
 रायगढ़ । जनजातीय समाज की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से बुधवार को रायगढ़ के संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में जिला स्तरीय उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव में जिले के सातों विकासखंडों से पहुंचे कलाकारों ने पारंपरिक लोक नृत्य एवं लोक कलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों से जनजातीय संस्कृति की विविधता और समृद्धि को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी, भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीरांगना रानी दुर्गावती सहित अन्य महापुरुषों के छायाचित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगीत एवं राज्यगीत का सामूहिक गायन किया गया।
 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सर्व आदिवासी समाज के सचिव डॉ. बाल किशोर भगत ने अपने उद्बोधन में कहा कि जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव का आयोजन समाज के लिए अत्यंत गौरव और महत्व का विषय है। हमारी संस्कृति, संस्कार, नृत्य, बोली और भाषा अत्यंत समृद्ध हैं। इन परंपराओं को संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में आगे बढ़ना और उच्च शिक्षा प्राप्त कर अच्छे पदों पर पहुंचना जरूरी है, लेकिन इसके साथ अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की असली पहचान उसकी संस्कृति, संस्कार, लोकगीत और लोकनृत्य हैं। लोकनृत्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की समृद्धि, एकजुटता और सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम है। छत्तीसगढ़ की 42 जनजातियों में अलग-अलग विशेषताएं और कलात्मक प्रतिभाएं हैं। आवश्यकता है कि सभी जनजातियां अपनी पारंपरिक कलाओं का प्रदर्शन करें, ताकि हमारी सांस्कृतिक विरासत और अधिक समृद्ध हो। उन्होंने कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में इस आयोजन को और अधिक भव्य स्वरूप देने का आह्वान किया।
 नगर निगम रायगढ़ के सभापति श्री डिग्री लाल साहू ने जनजातीय समाज को जय जोहार करते हुए कहा कि जनजातीय समाज अपनी विशिष्ट लोक संस्कृति और परंपराओं के लिए जाना जाता है। किसी भी सांस्कृतिक आयोजन में जनजातीय कलाकारों की भागीदारी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाती है। उन्होंने समाज में संगठन और एकजुटता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि एकजुटता से ही समाज की विकास यात्रा आगे बढ़ती है। उन्होंने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज से अनेक व्यक्तित्व देश के महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचे हैं। आगामी 15 नवंबर को पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी जनजातीय गौरव दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा।
 उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव के अंतर्गत जिले के सभी सातों विकासखंडों के कर्मा नृत्य दलों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रत्येक दल को अपनी कला एवं सांस्कृतिक परंपरा के प्रदर्शन के लिए 15 मिनट का समय दिया गया। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों और लयबद्ध नृत्य के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जिसमें विकासखण्ड लैलूंगा के कर्मा लोक नृत्य दल मोहनीपुरी चंवरपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं घरघोड़ा के लोक नृत्य कर्मा पार्टी आमापाली (बहिरकेला) ने द्वितीय, धरमजयगढ़ के भंडारीपारा कर्मा पार्टी सिथरा ने तृतीय एवं विकासखण्ड तमनार के जय मां कर्मा सेनी कर्मा नृत्य मंडली ग्राम मौहापाली ने चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल को 50 हजार रुपये, द्वितीय को 25 हजार रुपये, तृतीय को 15 हजार रुपये तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले दल को 10 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसी प्रकार शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय लोक कला नृत्य प्रतियोगिता में भी सातों विकासखंडों की टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिसमें घरघोड़ा विकासखण्ड के आदि शक्ति कर्मा पार्टी कोटरीमाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं लैलूंगा के कर्मा आदिवासी लोक नृत्य दल खेडआमा ने द्वितीय, धरमजयगढ़ के मां लक्ष्मी कर्मा पार्टी भुण्डीबहरी ने तृतीय, खरसिया के गेढ़ी नृत्य कर्मा पार्टी छिरपानी ने चतुर्थ एवं विकासखण्ड रायगढ़ के बसंत विश्वकर्मा दल डोंगीतराई पांचवे स्थान पर रहे। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल को 21 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 5 हजार 100 रुपये प्रदान किया गया। दोनों प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी पारंपरिक कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।
 महोत्सव के दौरान जनजातीय समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को मंचासीन अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को सहेजने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे न केवल स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि नई पीढ़ी भी अपनी पारंपरिक विरासत से जुड़ने के लिए प्रेरित होती है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो, जनपद पंचायत रायगढ़ के उपाध्यक्ष श्री रामश्याम डनसेना, श्री सोहन चौधरी, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती शांता भगत एवं श्रीमती अंजू पटेल, अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्री तारा सिंह राठिया सहित विभिन्न समाज प्रमुख, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन का दायित्व श्रीमती धनेश्वरी सिदार ने निभाया, जबकि आभार प्रदर्शन श्री अनुराग नामदेव द्वारा किया गया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english