ब्रेकिंग न्यूज़

नीरज ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में कांस्य पदक के साथ ओलंपिक कोटा पक्का किया

दोहा. भारतीय निशानेबाज नीरज कुमार ने बुधवार को यहां आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा हासिल कर लिया। इस चैंपियनशिप में भारत का यह दूसरा ओलंपिक कोटा है। इससे पहले जयपाल मालवीय ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश के लिए पहला कोटा हासिल किया था। नीरज ने फाइनल में कुल 346.5 अंक हासिल किए। वह रजत पदक की दौड़ में भी बने हुए थे लेकिन अंतिम दौर में 9.4 अंक का निशाना लगाने के कारण उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। व्यक्तिगत तटस्थ खिलाड़ी (एआईएन) के रूप में हिस्सा ले रहे दिमित्री पिमेनोव ने 362.8 अंक के विश्व जूनियर रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया जबकि स्लोवाकिया के पैट्रिक जानी ने रजत पदक जीता। पिमेनोव और जानी ने भी लॉस एंजिलिस ओलंपिक के कोटा हासिल किए।

फाइनल में पहुंचे भारत के एक अन्य निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर 323.7 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहे। भारतीय निशानेबाजी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। नीरज, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और अखिल श्योराण की तिकड़ी ने एलिमिनेशन चरण में कुल 1,751 अंक हासिल किए। भारतीय टीम महज एक अंक से रजत पदक जीतने से चूक गई। नॉर्वे ने 1,752 अंकों के साथ रजत, जबकि चेक गणराज्य ने 1,754 अंकों के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। टीम स्पर्धा में नीरज ने 582, ऐश्वर्य ने 587 और अखिल ने 582 अंक जुटाकर भारत को तीसरे स्थान तक पहुंचाया। इसके बाद हुए क्वालीफिकेशन चरण में नीरज ने शानदार निशानेबाजी करते हुए 591 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। ऐश्वर्य ने 586 अंक जुटाकर चौथा स्थान प्राप्त किया और फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में भारतीय निशानेबाजों को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। खासतौर पर दो बार के ओलंपियन और विश्व चैंपियनशिप के पूर्व रजत पदक विजेता ऐश्वर्य के लिए मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने घुटने के बल बैठकर निशाना लगाने की नीलिंग पोजिशन में शानदार शुरुआत की और 10 शॉट में 102.9 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर पहुंच गए। प्रोन पोजिशन में लगातार कुछ शॉट नौ अंक के दायरे में लगने से उनकी स्थिति कमजोर हो गई। इसके बाद स्टैंडिंग पोजिशन में भी वह लय हासिल नहीं कर सके और अंततः पांचवें स्थान पर रहते हुए प्रतियोगिता से बाहर हो गए। नौसेना के 26 वर्षीय निशानेबाज नीरज ने धैर्य और संयम के साथ मुकाबला जारी रखा तथा पदक की दौड़ में बने रहे।

हाल ही में आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे नीरज एक समय रजत पदक की मजबूत दावेदारी पेश कर रहे थे। उनका एक शॉट 9.4 अंक का रहा, जिसने पदक की दौड़ का समीकरण बदल दिया। इसके बाद जानी ने 10.4 अंक का शानदार निशाना लगाकर नीरज को पीछे छोड़ दूसरे स्थान के साथ रजत पदक पक्का कर लिया। पिमेनोव ने फाइनल में शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने बाकी निशानेबाजों से काफी आगे रहते हुए स्वर्ण पदक जीता और इस दौरान जूनियर विश्व रिकॉर्ड भी कायम किया। इस बीच भारत के पुरुष ट्रैप निशानेबाज भी फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बने हुए हैं। उनके पास बृहस्पतिवार को देश के पदकों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ एक और ओलंपिक कोटा हासिल करने का मौका है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन उदयवीर सिंह और विवान कपूर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः सातवें और आठवें स्थान पर कब्जा जमाया। दोनों निशानेबाज़ों ने 25-25 शॉट के चार चरण के बाद 97-97 अंक हासिल किए। बृहस्पतिवार को होने वाले क्वालीफिकेशन के अंतिम चरण के बाद शीर्ष आठ निशानेबाज पदक दौर में प्रवेश करेंगे। टीम स्पर्धा में भी भारत 285 अंकों के कुल स्कोर के साथ शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। इसमें जोरावर संधू ने 91 अंकों का योगदान दिया। टीम पदक का फैसला भी बृहस्पतिवार को होने वाले 25 शॉट के अंतिम चरण के बाद होगा।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english