ब्रेकिंग न्यूज़

 फ्रूट जूस उद्योग से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बने बीजापुर के युवा उद्यमी जतिन कोर्राम

-प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से मिला स्वरोजगार का अवसर, 6 लाख रुपए से अधिक की लागत से फ्रूट जूस निर्माण इकाई स्थापित करने की पहल
-पीएमईजीपी योजना से युवाओं के सपनों को मिल रही नई उड़ान, स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण की ओर बढ़ रहा बीजापुर
 बीजापुर ।भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) योजना जिले के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। शासन की इस योजना का लाभ लेकर बीजापुर जिले के युवा उद्यमी श्री जतिन कोर्राम ने फ्रूट जूस निर्माण एवं प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने की दिशा में सराहनीय पहल की है। उनकी यह पहल न केवल आत्मनिर्भरता की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बन रही है।
बीजापुर जिले के श्री सुजीत कोर्राम के पुत्र श्री जतिन कोर्राम ने स्वयं का उद्योग स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने का संकल्प लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत फ्रूट जूस निर्माण एवं प्रसंस्करण इकाई की स्थापना के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बीजापुर के मार्गदर्शन एवं सहयोग से उनका ऋण प्रकरण आईडीबीआई बैंक को प्रेषित किया गया। बैंक द्वारा परियोजना का परीक्षण करने के उपरांत ऋण स्वीकृत कर राशि का वितरण भी कर दिया गया।
6 लाख रुपए से अधिक की परियोजना से स्वरोजगार को मिला बढ़ावा- श्री जतिन कोर्राम की फ्रूट जूस निर्माण एवं प्रसंस्करण इकाई की कुल परियोजना लागत 6 लाख 1 हजार रुपए है। इसमें हितग्राही का स्वयं का अंशदान 60 हजार 100 रुपए तथा बैंक ऋण की राशि 5 लाख 40 हजार 900 रुपए है। वहीं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत परियोजना में 35 प्रतिशत की दर से 2 लाख 10 हजार 350 रुपए का अनुदान प्रावधानित है, जो योजना के निर्धारित नियमों एवं सत्यापन के अधीन है।
स्वरोजगार से आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम- इस परियोजना के माध्यम से श्री जतिन कोर्राम ने फ्रूट जूस निर्माण एवं प्रसंस्करण व्यवसाय प्रारंभ करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इकाई के संचालन से एक व्यक्ति को रोजगार प्राप्त हुआ है। यह पहल स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ ही युवाओं को नौकरी की तलाश करने के बजाय स्वयं रोजगार सृजित करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को उद्योग स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता एवं अनुदान का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे सीमित संसाधनों वाले युवाओं को भी अपनी उद्यमशीलता और व्यावसायिक क्षमताओं को विकसित करने का अवसर मिल रहा है।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनी जतिन कोर्राम की पहल- श्री जतिन कोर्राम की यह सफलता दर्शाती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, सही मार्गदर्शन और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के सहयोग से स्वरोजगार का सपना साकार किया जा सकता है। उनकी पहल जिले के अन्य युवाओं को भी स्वयं का उद्योग स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने की प्रेरणा दे रही है। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बीजापुर द्वारा जिले के युवाओं से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आने की अपील की गई है। ऐसे प्रयासों से जिले में स्थानीय रोजगार के अवसरों का विस्तार होने के साथ ही आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बीजापुर के निर्माण को नई गति मिल रही है।

 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english