ब्रेकिंग न्यूज़

 धान के अवैध भंडारण पर प्रशासन की सख्ती, तीन स्थानों पर संयुक्त टीमों की कार्रवाई

0- धमतरी जिले के चर्रा, बिरझूली और सेमरा में दबिश, 120 कट्टा धान जब्त, चर्रा में 13 क्विंटल अवैध भंडारण पर भी कार्रवाई
0- समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की सतत निगरानी
धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और अनियमितताओं से मुक्त बनाए रखने के लिए धमतरी जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान भंडारण एवं नियम विरुद्ध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। किसानों को धान खरीदी व्यवस्था का समुचित लाभ दिलाने तथा अवैध रूप से भंडारित धान को उपार्जन केंद्रों में खपाने की संभावनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें सक्रिय हैं। इसी क्रम में जिले के तीन अलग-अलग स्थानों पर आकस्मिक निरीक्षण कर 120 कट्टा धान जब्त किया गया, वहीं 13 क्विंटल अवैध रूप से भंडारित धान पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
 कुरुद तहसील के ग्राम चर्रा में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने फुटकर व्यापारी ओमप्रकाश महावर के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 13 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। भंडारण संबंधी अनियमितता सामने आने पर संयुक्त जांच दल ने मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की।
 इसी तरह ग्राम बिरझूली में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान छोटे व्यापारी राजेंद्र साहू के पास निर्धारित मात्रा से अधिक धान भंडारित पाया गया। संयुक्त टीम ने मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मौके से 80 कट्टा धान जब्त किया।
          ग्राम सेमरा में फुटकर व्यापारी रमेश खंडेलवाल के दुकान परिसर की जांच के दौरान 40 कट्टा अवैध रूप से भंडारित धान पाया गया। जांच दल ने उक्त धान जब्त कर मंडी अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की। जब्त धान को आगामी वैधानिक कार्रवाई तक दुकान संचालक रमेश खंडेलवाल की सुपुर्दगी में रखा गया है। इसी प्रकार बिरझूली और सेमरा में की गई कार्रवाई में कुल 120 कट्टा धान जब्त किया गया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीमें धान के भंडारण, परिवहन और क्रय-विक्रय की नियमित जांच कर रही हैं। विशेष रूप से व्यापारिक प्रतिष्ठानों, भंडारण स्थलों तथा धान के कारोबार से जुड़े परिसरों में निर्धारित नियमों के अनुपालन की निगरानी की जा रही है।
  जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध भंडारण, निर्धारित सीमा से अधिक धान संग्रहण अथवा नियम विरुद्ध कारोबार पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english