ब्रेकिंग न्यूज़

 गायक ही नहीं सफल अभिनेता, निर्माता, निर्देशक भी थे किशोर दा
 - भाई अशोक कुमार ही फिल्मी दुनिया में लेकर आए थे
13 अक्टूबर पुण्यतिथि पर विशेष
आलेख-मंजूषा शर्मा
 यह एक संयोग ही है  कि फिल्म जगत से जुड़े दो दिग्गज भाइयों की किस्मत की डोर आज भी जुड़ी हुई है।   हम यहां जिक्र कर रहे हैं अशोक कुमार और उनके भाई किशोर कुमार का। दोनों भाइयों का जीवन एक तारीख 13 अक्टूबर से जुड़ा हुआ है। बड़े भाई अशोक कुमार का 13 अक्टूबर को जन्मदिन रहता था और इसी तारीख को छोटे भाई किशोर कुमार ने वर्ष 1987 को इस दुनिया को हमेशा से लिए अलविदा कहा।
ये भी सच है कि अशोक कुमार के कारण ही किशोर कुमार ने गायन और अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा था। किशोर कुमार न तो गायक बनना चाहते थे और न ही अभिनेता, लेकिन अशोक कुमार ने ठान लिया था कि वे किशोर कुमार को अपने जैसा अभिनेता बनाकर छोड़ेंगे। कहा जाता है कि किशोर कुमार जब भी अपनी फिल्म की शूटिंग करते थे, अपनी हरकतों से निर्देशक और सेट पर मौजूद लोगों को  परेशान करते थे ताकि उन्हें फिल्म से बाहर निकाल दिया जाए,  लेकिन अशोक कुमार भी कम नहीं थे। वे सेट पर पहुंच जाते थे और एक बार तो उन्होंने किशोर कुमार के घुटने को तब तक पकड़े रखा, जब तक किशोर कुमार ने शॉट पूरे नहीं किए । आखिरकार अशोक कुमार की मेहनत रंग लाई और फिर किशोर कुमार ने बहुत सी फिल्में की। अभिनेता के तौर पर भी  वे खूब सराहे  गए और फिर उन्होंने फिल्म निर्माण, निर्देशन में भी हाथ आजमाया। किशोर कुमार की  पड़ोसन, चलती का नाम गाड़ी, हाफ टिकट जैसी फिल्में आज भी लोगों को हंसाती और गुदगुदाती हैं। उनका अभिनय करने का अपना अलग ही अंदाज था। उन्होंने अपने दौर में तमाम बड़ी नायिकाओं के साथ फिल्में कीं। 
 अभिनेता, संगीतकार, गायक, लेखक, निर्देशक और निर्माता किशोर कुमार के सभी रंग कमाल के थे। वे ऐसे  शख्स थे, जो हमेशा अपनी शर्तों पर जीते थे और काम करते थे।  किशोर दा का असली नाम आभास कुमार गांगुली था। उन्होंने कभी संगीत की शिक्षा नहीं ली, लेकिन उन्होंने हर तरह के गाने इस खूबी से गाए कि बड़े से बड़ा संगीतकार भी उनका मुरीद हो जाता था।  किशोर दा हरफनमौला इंसान थे। 
उनकी निजी जिंदगी भी काफी चर्चित रही। उन्होंने चार शादियां की।  उनकी पहली शादी 1951 में अभिनेत्री रूमा गुहा से हुई थी। उन दिनोंं किशोर कुमार अपने कॅरिअर को सही दिशा देने में लगे हुए थे। उनका एक बेटा भी हुआ अमित कुमार जो बाद में सफल गायक हुए। रुमा के साथ किशोर कुमार का रिश्ता ज्यादा बरसों तक नहीं रहा और आठ साल बाद वे अलग हो गए। किशोर से अलग होने के बाद रुमा गुहा ने 1958 में अनूप  गुहा ठाकुरता से शादी कर ली। 
 कहा जाता है कि किशोर कुमार और रुमा के अलगाव की वजह मधुबाला थी। शादीशुदा किशोर कुमार मधुबाला के साथ फिल्म करते -करते उन्हें अपना दिल दे बैठे थे।  कहा जाता है कि जिस वक्त किशोर कुमार ने ने मधुबाला के सामने शादी का प्रस्ताव रखा उस वक्त वो अपना इलाज कराने विदेश जा रही थीं। किशोर दा ने रूमा को तलाक दिया और कुछ समय बाद मधुबाला से शादी रचा ली और साथ ही मधुबाला की खातिर अपना धर्म भी बदल लिया और अपना नाम  करीम अब्दुल रख लिया, लेकिन वे किशोर कुमार के रूप में ही पहचाने जाते रहे।  ये भी कहा जता है कि किशोर दा के परिवार वालों ने दोनों के रिश्ते को कभी नहीं स्वीकारा। किशोर कुमार की मां ने ये रिश्ता स्वीकार नहीं किया। मधुबाला का साथ किशोर कुमार को ज्यादा बरसों तक नहीं मिला और दिल की बीमारी के कारण कम उम्र में ही मधुबाला उन्हें छोड़कर चली गई।  
 
 
 मधुबाला की मौत के बाद किशोर कुमार की जिंदगी में योगिता बाली आईं।  1976 में दोनों ने शादी रचाई, लेकिन ये रिश्ता भी नहीं चल पाया दो साल बाद ही उनकी राहें अलग हो गईं। बाद में योगिता ने मिथुन चक्रवर्ती से शादी कर ली। योगिता बाली  से तलाक के बाद किशोर की जिंदगी में अभिनेत्री लीना चंद्रावरकर आई, जो उनके 21 साल छोटी थीं।  1980 में किशोर कुमार ने लीना से शादी की जिनसे उनको एक बेटा सुमित कुमार हैं। लीना का साथ भी किशोर कुमार को केवल 7 साल ही मिल पाया और 1987 में भगवान के घर से उनका बुलावा आ गया। 
आज उनका पूरा परिवार एक साथ रहता है। अमित कुमार ने लीना चंद्रावरकर और भाई सुमीत का साथ कभी नहीं छोड़ा और आज वे एक ही घर में साथ रहते हैं। अमित कुमार की एक बेटी मुक्तिका भी है, जिसके साथ अमित कुमार ने किशोर कुमार को श्रद्धांजलि देते हुए एक म्यूजिक अलबम भी निकाला था। पिछले साल 3 जून को अमित की मां यानी किशोर कुमार की पहली पत्नी रुमा गुहा ठाकुरता का निधन हुआ। 
 
---

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english