पत्नी से हुई लड़ाई, तो पति ने गुस्सा शांत करने 450 किमी पैदल सफर तय किया!
कोमो (इटली)। पति और पत्नी के बीच लड़ाई आम बात है। कभी -कभी यह लड़ाई काफी खतरनाक भी हो जाती है। लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि लड़ाई के बाद अपना गुस्सा शांत करने के लिए पति पैदल ही घर से निकल पड़े और उसे पता ही नहीं चले कि उसने गुस्से गुस्से में 450 किमी का सफर तय कर लिया है। यह सच है और ऐसा ही एक मामला इटली में सामने आया है।
इंडिपेंटडेंट की एक रिपोर्ट के अनुसार इटली के कोमो शहर में रहने वाले 48 साल के एक शख्स ने ऐसा ही कदम उठाया है। यह शहर स्विटजरलैंड की सीमा के पास ही स्थित है। इस शख्स की पत्नी से लड़ाई हुई और फिर वह अपने घर से तूफान की तरह पैदल ही निकल पड़ा। अपने गुस्से को शांत करने के लिए वह चलता रहा चलता रहा और वह अपने कोमो शहर से चलते चलते 426 किमी दूर फानो शहर पहुंच गया। फिर भी उसका सफर खत्म नहीं हुआ और 30 किमी और चलकर जब एड्रियाटिक शहर पहुंचा तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दरअसल कोविड 19 के चलते रात में लाइट कफ्र्यू लागू था और उस शख्स ने इसका उल्लंघन किया था। उस शख्स ने जब अपने यूं पैदल चलने की वजह बताई तो पुलिस वालों को विश्वास नहीं हुआ। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो सारा मामला सामने आया। दरअसल पति के घर नहीं पहुंचने पर उसकी पत्नी ने गुमसुदगी की रिपोर्ट लिखाई थी। उस शख्स ने पुलिस को बताया कि वह खुद को शांत करने के लिए ही पैदल घर से निकल पड़ा था। रास्ते में कई अनजान लोगों ने उसे खाना खिलाया। अपने इस सफर में वह शख्स एक दिन में करीब 64 किमी पैदल चला। इतनी दूरी तय करने के कारण वह काफी थक गया था और उसका शरीर ठंडा पड़ गया था।
पुलिस ने आखिरकार उसकी पत्नी को खबर दी और वह फानो शहर में पति को लेने के लिए पहुंची। जुर्माने के तौर पर पत्नी ने करीब 36 हजार रुपए चुकाए क्योंकि उस शख्स ने नाइट कफ्र्यू के नियम का उल्लंघन किया था।
-------------
Leave A Comment