शी चिनफिंग ने ट्रंप का जोरदार स्वागत किया, हवाई अड्डे पर गले लगाकर की अगवानी
बीजिंग/शेनझेन. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को चीन के शेनझेन शहर पहुंचे, जहां राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने हवाई अड्डे पर उन्हें गले लगाकर उनका जोरदार स्वागत किया। चीन के शीर्ष नेता की ओर से सार्वजनिक रूप से इस तरह स्नेह जताने का यह दुर्लभ मौका था। सितंबर में वाशिंगटन यात्रा के दौरान ट्रंप की ओर से हवाई अड्डे पर किए गए स्वागत के जवाब में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने हवाई अड्डे पर पहुंचकर अमेरिकी राष्ट्रपति की अगवानी की। करीब सात दशक पहले चीन जनवादी गणराज्य के संस्थापक माओत्से तुंग ने सोवियत नेता निकिता ख्रुश्चेव का इसी तरह से स्वागत किया था। उसके बाद किसी चीनी नेता द्वारा किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष का इस तरह स्वागत किए जाने का यह पहला मौका है। ट्रंप बुधवार को शुरू हुई एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) के नेताओं की बैठक में हिस्सा लेने के लिए फिलीपीन के मनीला से शेनझेन पहुंचे। वह बृहस्पतिवार को शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ होने वाली पहली त्रिपक्षीय बैठक में भी शामिल होंगे। ट्रंप के जोरदार स्वागत के बिल्कुल विपरीत, पुतिन की अगवानी शी चिनफिंग के करीबी सहयोगी और सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी की शक्तिशाली स्थायी समिति के सदस्य काई ची ने की। चीनी अधिकारियों ने कहा कि यह भी एक दुर्लभ कदम था, क्योंकि पार्टी के शीर्ष नेता आमतौर पर हवाई अड्डे पर विदेशी राष्ट्राध्यक्षों की अगवानी नहीं करते हैं। चिनफिंग और ट्रंप ने करीब 20 मिनट तक एक-दूसरे से शिष्टाचार भेंट की और अमेरिकी राष्ट्रपति के स्वागत में उड़ान भर रहे चीनी जे-10सी लड़ाकू विमानों के प्रदर्शन को देखा। शी चिनफिंग ने सितंबर में अमेरिका की अपनी राजकीय यात्रा को याद किया, जब अमेरिकी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करने पहुंचे थे और भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया था। उन्होंने कहा कि चीन शिष्टाचार की परंपरा वाला देश है और वह सद्भावना का जवाब सद्भावना से देने में विश्वास रखता है। सरकारी समाचार एजेंसी 'शिन्हुआ' के अनुसार, शी ने कहा कि वह द्विपक्षीय संबंधों, एशिया-प्रशांत सहयोग और वैश्विक परिदृश्य से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ गहन चर्चा को उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य सम्मान, निष्पक्षता और पारस्परिकता के आधार पर चीन-अमेरिका के बीच रणनीतिक स्थिरता वाले रचनात्मक संबंधों को आगे बढ़ाना है। ट्रंप ने हवाई अड्डे पर व्यक्तिगत रूप से उनका स्वागत करने और चीनी पक्ष की ओर से विशेष इंतजाम के लिए शी चिनफिंग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि चीन की फिर से यात्रा करना उनके लिए बहुत खुशी की बात है। उन्होंने चीन को एक महान देश और शी को एक महान नेता बताया। ट्रंप ने कहा कि शी के साथ उनकी हर मुलाकात बेहद सुखद रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती मिलेगी और यह पूरी तरह सफल रहेगी। रात्रिभोज के दौरान के दौरान ट्रंप, शी और पुतिन को हल्के-फुल्के अंदाज़ में बातचीत करते देखा गया।
ट्रंप, शी चिनफिंग और पुतिन त्रिपक्षीय बैठक भी करेंगे। शीर्ष तीन देशों के नेताओं के बीच इस तरह की यह पहली बैठक होगी। इसमें यूक्रेन संघर्ष, ईरान युद्ध, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और परमाणु हथियारों में कटौती समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी 'तास' के अनुसार, रूसी सत्ता प्रतिष्ठान 'क्रेमलिन' के वरिष्ठ सलाहकार यूरी उषाकोव ने कहा कि त्रिपक्षीय बैठक के बाद जारी किए जाने वाले बयान का मसौदा तैयार करने पर काम जारी है। उन्होंने कहा कि तीनों नेता दुनिया में जारी संघर्षों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में इस बात पर भी चर्चा होगी कि प्रमुख शक्तियां आपसी संबंधों को कैसे मजबूत कर सकती हैं और वैश्विक स्थिति में कैसे सुधार ला सकती हैं। चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने सोमवार को मीडिया से कहा था कि तीनों राष्ट्रपति विश्व शांति की रक्षा और प्रमुख देशों के आपसी संबंधों में रणनीतिक स्थिरता सुनिश्चित करने के मुद्दे पर गहन विचार-विमर्श करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय 'व्हाइट हाउस' ने हाल ही में कहा था कि ट्रंप परमाणु हथियारों में कटौती के मुद्दे पर चर्चा करेंगे। यह चर्चा ऐसे समय होने वाली है, जब फरवरी में अमेरिका और रूस के बीच हुई 'न्यू स्टार्ट' संधि की अवधि समाप्त होने के बाद वैश्विक हथियार नियंत्रण के भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।










Leave A Comment