ब्रेकिंग न्यूज़

दिल्ली का खान मार्केट दुनिया के सबसे महंगे प्रमुख खुदरा बाजारों में 24वें स्थान पर: कुशमैन

नयी दिल्ली/ दिल्ली की खान मार्केट दुनिया के सबसे महंगे प्रमुख खुदरा बाजारों की सूची में 24वें स्थान पर बरकरार है। यहां सालाना किराया 238 डॉलर प्रति वर्ग फुट है। रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी कुशमैन एंड वेकफील्ड ने यह जानकारी दी। कुशमैन एंड वेकफील्ड ने कहा कि खान मार्केट भारत का सबसे महंगा प्रमुख खुदरा बाजार बना हुआ है।
न्यूयॉर्क का अपर फिफ्थ एवेन्यू लंदन के न्यू बॉन्ड स्ट्रीट को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे महंगा प्रमुख खुदरा बाजार बन गया है। कंपनी ने कहा, ''दिल्ली का खान मार्केट दुनिया की सबसे महंगी खुदरा कारोबारी सड़कों में 24वें स्थान पर बरकरार है।'' खान मार्केट में खुदरा दुकानों की जगह की मजबूत मांग से किराया सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर करीब 238 डॉलर प्रति वर्ग फुट (1,875 रुपये प्रति वर्ग फुट प्रति माह) हो गया। कुशमैन एंड वेकफील्ड की रिपोर्ट 'मेन स्ट्रीट्स अक्रॉस द वर्ल्ड 2026' का यह 36वां संस्करण है। इसमें दुनिया के 147 प्रमुख खुदरा बाजारों में प्रमुख किराये का आकलन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, न्यूयॉर्क का अपर फिफ्थ एवेन्यू दुनिया की सबसे महंगी खुदरा कारोबारी सड़क के रूप में फिर शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। यहां सालाना किराया 35 प्रतिशत बढ़कर 2,700 डॉलर प्रति वर्ग फुट हो गया। वर्ष 2025 में यह तीसरे स्थान पर था। लंदन का न्यू बॉन्ड स्ट्रीट 2,230 डॉलर प्रति वर्ग फुट सालाना किराये के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इसके बाद मिलान का विया मोंटेनापोलियोने 2,160 डॉलर प्रति वर्ग फुट किराये के साथ तीसरे स्थान पर रहा। पिछले वर्षों में किराये में उल्लेखनीय वृद्धि के बाद इन दोनों बाजारों में बीते साल किराया स्थिर रहा।
सभी बाजारों में स्थानीय मुद्रा के आधार पर किराये में सालाना औसतन तीन प्रतिशत की वृद्धि हुई। यह 2025 में दर्ज 4.3 प्रतिशत की वृद्धि से कम है। सर्वेक्षण में शामिल करीब आधे खुदरा बाजारों (49 प्रतिशत) में किराये बढ़े, जबकि 19 प्रतिशत में गिरावट दर्ज की गई। शेष 32 प्रतिशत बाजारों में किराया स्थिर रहा। कुशमैन एंड वेकफील्ड के वैश्विक आर्थिक शोध संस्थान में अंतरराष्ट्रीय शोध प्रमुख डोमिनिक ब्राउन ने कहा, ''दुनिया भर में किराये की वृद्धि की रफ्तार भले ही धीमी हुई है, लेकिन दुनिया के सबसे स्थापित खुदरा बाजारों में जगह पाने के लिए प्रतिस्पर्धा अब भी काफी कड़ी है।'' ब्राउन ने कहा, ''फिफ्थ एवेन्यू का फिर से शीर्ष स्थान पर पहुंचना दिखाता है कि जब खुदरा विक्रेताओं की मांग मजबूत हो और उपलब्ध जगह सीमित हो, तो किराये कितनी तेजी से बढ़ सकते हैं।'' भारतीय बाजार के बारे में कुशमैन एंड वेकफील्ड के खुदरा कारोबार-भारत प्रमुख मिलिन रोहिनेश ने कहा कि मजबूत खपत, खुदरा विक्रेताओं के लगातार विस्तार और प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती मांग के दम पर खुदरा बाजार की बुनियाद मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा, ''दुनिया के प्रमुख खुदरा बाजारों में खान मार्केट की स्थिति और एशिया-प्रशांत क्षेत्र (एपीएसी) की रैंकिंग में भारत के प्रमुख खुदरा बाजारों की उल्लेखनीय मौजूदगी यह दर्शाती है कि वैश्विक स्तर पर भारत के खुदरा बाजार की पहचान बढ़ रही है और प्रमुख शहरों में मांग कितनी मजबूत है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english