नाबालिग लड़की समेत पांच लापता लोग अपने परिवारों से फिर से मिले: पुलिस
जम्मू। जम्मू जिले में एक नाबालिग लड़की समेत पांच लापता लोग अपने परिवारों के साथ फिर से मिले। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। नाबालिग लड़की के पिता आफताब लोन ने गुरुवार को जम्मू पुलिस को बताया था कि उनकी बेटी गुरुवार शाम को पीरमिथा इलाके से लापता हो गई थी। पुलिस ने विशेष दलों का गठन किया और सीसीटीवी फुटेज देखीं तथा शुक्रवार को एक बस अड्डे के पास लड़की का पता लगा लिया। लड़की को बाल कल्याण समिति के समक्ष ले जाया गया और उसकी चिकित्सकीय जांच की गई। इसके बाद उसे उसके परिवार को सौंप दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा दो अन्य महिलाओं एवं दो पुरुषों के भी लापता होने की जानकारी मिली थी। महिलाएं अरनिया इलाके से लापता हुई थीं। इसके अलावा दीपक कुमार राजपुरा मंगोट्रियन और सुराम चंदन नयी बस्ती इलाकों से लापता थे। अधिकारियों ने बताया कि उनका पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज देखी गई और अन्य जांच की गईं। उन्होंने कहा कि सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वे अपने परिवार से फिर से मिले।
Leave A Comment