कैंटर की टक्कर से बाइक सवार की मौत
पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में तेज रफ्तार कैंटर चालक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज रोहतक पीजीआई में चल रहा है। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर मामले में आगामी कार्रवाई शुरू की है।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में जयकरण ने बताया कि वह भैंसवाल कलां जिला सोनीपत का रहने वाला है। 6 मई को वह बाइक पर सवार होकर घरौंडा आया था। उसके मामा का लड़का विजय और उसका दोस्त नरेश निवासी सोनीपत भी बाइक पर सवार होकर घरौंडा अपनी बुआ के पास आए थे। रात करीब 8 बजे अपनी-अपनी बाइक पर गोहाना के लिए निकले। जैसे ही निजामपुर मोड़ पानीपत के पास पहुंचे तो पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने ओवरटेक करते समय विजय और नरेश की बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विजय और नरेश नीचे गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर काफी भीड़ इक्ट्ठा हो गई। भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी कैंटर चालक मौके से भाग गया। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां से दोनों को पीजीआई रेफर कर दिया गया। पानीपत सिविल अस्पताल से पीजीआई के रास्ते विजय की मौत हो गई। नरेश का PGIMS रोहतक में इलाज चल रहा है।









.jpg)
Leave A Comment