प्याज के पकौड़ों में बेसन का कच्चा स्वाद आता है?
बारिश की हल्की फुहार, गरमा-गरम चाय और साथ में प्याज के करारे पकौड़े... यह सुनते ही ज्यादातर लोगों के मुंह में पानी आ जाता है। लेकिन कई बार घर पर पकौड़े बनाते समय एक आम समस्या सामने आती है। पकौड़े बाहर से तो सुनहरे और कुरकुरे दिखते हैं, लेकिन जैसे ही उन्हें तोड़कर देखते हैं, अंदर बेसन कच्चा रह जाता है। ऐसे पकौड़ों का स्वाद भी बिगड़ता है और खाने का मजा भी आधा रह जाता है।
अच्छी बात यह है कि कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर आप इस परेशानी से बच सकते हैं। आइए जानते हैं कि आखिर पकौड़े अंदर से कच्चे क्यों रह जाते हैं और उन्हें एकदम करारा और अच्छी तरह पका हुआ कैसे बना सकते हैं।
पकौड़े अंदर से कच्चे क्यों रह जाते हैं?
अक्सर लोग तेज आंच पर पकौड़े तलने लगते हैं। इससे पकौड़े बाहर से जल्दी सुनहरे हो जाते हैं, लेकिन अंदर का बेसन पूरी तरह नहीं पक पाता। इसके अलावा बहुत ज्यादा गाढ़ा घोल भी इस समस्या की वजह बन सकता है।
सबसे जरूरी ट्रिक, प्याज में पहले नमक मिलाएं
प्याज काटने के बाद उसमें थोड़ा नमक डालकर दस से पंद्रह मिनट के लिए छोड़ दें। ऐसा करने से प्याज अपना पानी छोड़ने लगती है।
अब इसमें बेसन मिलाएं। इस तरीके से घोल बहुत ज्यादा गाढ़ा नहीं बनेगा और पकौड़े हल्के और कुरकुरे बनेंगे।
प्याज के पकौड़े
घोल ज्यादा गाढ़ा ना रखें
कई लोग पकौड़ों को ज्यादा कुरकुरा बनाने के लिए बहुत ज्यादा बेसन डाल देते हैं।
लेकिन इससे पकौड़ों में बेसन की मोटी परत बन जाती है, जो अंदर से कच्ची रह सकती है। ध्यान रखें कि बेसन सिर्फ प्याज को हल्के से लपेटे।
तेल का तापमान सही होना चाहिए
अगर तेल बहुत ज्यादा गर्म होगा, तो पकौड़े बाहर से जल सकते हैं। वहीं अगर तेल ठंडा होगा, तो पकौड़े बहुत ज्यादा तेल सोख लेंगे।
मध्यम आंच पर पकौड़े तलना सबसे सही माना जाता है। इससे पकौड़े धीरे-धीरे अंदर तक पकते हैं।
प्याज के पकौड़े
एक साथ बहुत ज्यादा पकौड़े ना डालें
कड़ाही में जरूरत से ज्यादा पकौड़े डालने से तेल का तापमान अचानक कम हो जाता है। इससे पकौड़े ठीक तरह से नहीं पकते। हमेशा थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पकौड़े तलें।
करारे पकौड़ों के लिए अपनाएं ये आसान उपाय
चावल का आटा: बेसन में थोड़ा चावल का आटा मिलाने से पकौड़े ज्यादा करारे बनते हैं।
घोल को ज्यादा देर तक ना रखें: बैटर तैयार करने के तुरंत बाद पकौड़े बनाना बेहतर रहता है।
पकौड़ों को दो बार ना तलें: बार-बार तलने से स्वाद और टेक्सचर दोनों खराब हो सकते हैं।
प्याज के पकौड़े
स्वाद बढ़ाने के लिए क्या मिलाएं?
प्याज और बेसन के साथ आप हरी मिर्च, धनिया पत्ती, अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च, हींग और सौंफ जैसी चीजें भी मिला सकते हैं। इससे पकौड़ों का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ते हैं।
गरमा-गरम पकौड़ों का मजा दोगुना कैसे करें?
पकौड़ों को तलने के बाद कुछ मिनट के लिए जाली वाली प्लेट पर रखें। इससे एक्सट्रा तेल निकल जाएगा और पकौड़े ज्यादा समय तक करारे बने रहेंगे।










Leave A Comment