एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने, भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली
मुंबई। महाराष्ट्र में भारी सियासी उथल-पुथल के बाद शिवसेना के बागी विधायक एकनाथ शिंदे नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने आज देर शाम राजभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में पद और गोपनीयता की शपथ ली। वहीं भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
इससे पहले भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे के साथ एक संयुक्त प्रेस वार्ता में घोषणा की कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री होंगे।
वहीं एकनाथ शिंदे ने कहा कि हमने जो कदम उठाया है वो किसी ने कुछ पाने के लिए नहीं किया है। यह सब एक विचार, बालासाहेब ठाकरे जी का हिंदुत्व और राज्य के विकास की बात है इसलिए हम यह एजेंडा लेकर आगे जा रहे थे। शिवसेना के 40 विधायक और निर्दलीय विधायकों को मिलाकर 50 विधायक आज एक साथ हैं। हम लोग हमारे शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे जी की हिंदुत्व की जो भूमिका है उसको आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री की घोषणा होने पर पणजी के होटल में बागी विधायकों ने जश्न मनाया। वहीं राज्य के मनोनीत मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के समर्थकों ने नासिक में जश्न मनाया।
इस बारे में गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा जी के कहने पर देवेंद्र फडणवीस जी ने बड़ा मन दिखाते हुए महाराष्ट्र राज्य और जनता के हित में सरकार में शामिल होने का निर्णय लिया है। यह निर्णय महाराष्ट्र के प्रति उनकी सच्ची निष्ठा का परिचायक है। इसके लिए मैं उन्हें हृदय से बधाई देता हूं।
वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने तय किया है कि देवेंद्र फडणवीस को सरकार में आना चाहिए इसलिए उनसे व्यक्तिगत अनुरोध किया और केंद्रीय नेतृत्व ने कहा है कि देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के रूप में कार्यभार संभालें।
Leave A Comment