ढाबा में खाना बनते वक्त सिलेंडर ब्लास्ट
लखनऊ। विकास नगर कुर्सी रोड स्थित एक ढाबा में शनिवार देर शाम गैस रिसाव से आग लग गई। ढाबा में रखे एक के बाद एक चार सिलेंडर के ब्लास्ट से पूरा इलाका गूंज गया। आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए। आग से ढाबा के साथ ही पड़ोस में स्थित ढाबा भी जलकर राख हो गया। दमकल की छह गाडिय़ों ने आग पर काबू पाया।
कुर्सी रोड संगम चौराहा स्थित ढाबा में शनिवार देर शाम रसोईया खाना बना रहा था। गैस पाइप में कट लगने से गैस रिसाव शुरू हो गया। रसोईया कुछ समझता उससे पहले गैस ने आग पकड़ ली। आग इतनी तेज फैली कि देखते ही देखते ढ़ाबा के टट्टर और बांस की झोपड़ी धूं-धूं कर चलने लगी। ढाबा में बैठे लोग और कर्मचारी जान बचाकर बाहर भागे। कर्मचारियों ने पानी फेंककर पहले आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। आग के विकराल रूप लेते हुए पास ही स्थित संगम ढाबा भी चपेट में ले लिया। जिसके बाद आग की तपिश से दो ढाबे में रखे एक के बाद एक चार सिलेंडर ब्लास्ट हो गए। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
सीएफओ विजय कुमार सिंह ने बताया कि दो ढाबों में आग लगने की सूचना पर इंदिरानगर, चौक, हजरतगंज और विभूतिखंड फायर स्टेशनों से छह गाडिय़ों को भेजा गया। करीब एक घंटे में फायर टीम ने आग पर काबू पा लिया गया। आग से दोनों ढाबों रखा फर्नीचर, गद्दे, कपड़े और राशन जल कर राख हो गया।
ढाबा संचालकों ने गैस रिसाव के चलते आग लगने की बात कही है। आग लगने के सही कारणों का पता जांच के बाद ही लग सकेगा।
Leave A Comment