ऑक्सीजन सिलेंडर संयंत्र में विस्फोट होने से दो लोगों की मौत
चंडीगढ़. पंजाब के मोहाली जिले में एक ऑक्सीजन सिलेंडर संयंत्र में बुधवार को भीषण विस्फोट होने से दो लोगों की मौत हो गई और चार व्यक्ति घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मोहाली के फेज-9 के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित ‘हाई-टेक गैस' नामक ऑक्सीजन सिलेंडर संयंत्र में यह हादसा हुआ। मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे एक ट्रक में सिलेंडर रखते समय उसमें विस्फोट हो गया। उन्होंने बताया कि हादसे में मोहम्मद आसिफ (25) और दविंद्र कुमार (27) की मौत हो गई। दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल ले जाए गए चार घायलों में सर्वेश (45), अशोक (44), सचिन (24) और अकबर (50) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि चारों की हालत स्थिर है। अधिकारियों ने बताया कि मोहाली के फेज-11 पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस हादसे में किसी तरह की लापरवाही बरते जाने के सवाल पर एसएसपी हंस ने कहा, ‘‘हम इसकी जांच करेंगे।''
उन्होंने कहा कि पुलिस पीड़ितों के परिवारों से बात करेगी और जरूरी कानूनी कार्रवाई करेगी। विस्फोट इतना भीषण था कि मृतकों के शरीर के अंग घटनास्थल पर बिखरे पड़े मिले। विस्फोट के कारण संयंत्र और आसपास की इमारतों की कांच की खिड़कियां और दरवाजे टूट गए। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि सिलेंडर का कुछ हिस्सा घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर कंबाला गांव में जाकर गिरा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया।
उन्होंने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। पंजाब सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ है।'' हाई-टेक गैस प्राइवेट लिमिटेड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी अस्पतालों को ‘मेडिकल-ग्रेड ऑक्सीजन सिलेंडर' की आपूर्ति करती है।
Leave A Comment