अमित शाह 6 मार्च को ओडिशा में इफको का सल्फ्यूरिक एसिड संयंत्र राष्ट्र को करेंगे समर्पित
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विज़न को गति देने के क्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 6 मार्च 2026 को ओडिशा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पारादीप में इफको द्वारा स्थापित सल्फ्यूरिक एसिड संयंत्र (एसएपी-3) को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और सहकारिता, डेयरी विकास तथा गृह मंत्रालय से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ करेंगे।
पारादीप में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह इफको के पारादीप संयंत्र में स्थापित सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट (एसएपी-3) को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह संयंत्र उर्वरक उत्पादन और औद्योगिक उपयोग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके बाद अमित शाह भुवनेश्वर के आईडीसीओ प्रदर्शनी मैदान, यूनिट-3 में आयोजित कार्यक्रम में सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत करेंगे। इनमें राज्य सहकारिता नीति का विमोचन, त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय के स्कूल की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन, बदाम्बा शुगर उद्योग के पुनर्जीवन के लिए समझौता ज्ञापन तथा पीएसीएस और लैम्प्स द्वारा संचालित 1567 कॉमन सर्विस सेंटरों का समर्पण शामिल है। कार्यक्रम में 141 पीएसीएस के लिए आवश्यकता आधारित अवसंरचना का वर्चुअल उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही आरसीएस कार्यालय पोर्टल की शुरुआत, राष्ट्रीय सहकारी ऑर्गेनिक लिमिटेड के डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर पोर्टल का डिजिटल शुभारंभ तथा राष्ट्रीय सहकारी निर्यात लिमिटेड द्वारा विकसित ‘कूप मार्क’ और ‘साविद्या’ एआई-सक्षम बहुभाषी डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म का भी शुभारंभ किया जाएगा।
डेयरी क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में ओएमफेड से जुड़ी पहलों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही दो दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों को पंजीकरण प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री कामधेनु योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को अनुदान जारी किया जाएगा और प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र के उन्नयन के लिए एनडीडीबी के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों की परियोजनाओं पर वीडियो प्रस्तुति भी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान 1159.03 करोड़ रुपए की लागत वाली 69 परियोजनाओं का उद्घाटन तथा 2116.06 करोड़ रुपए की लागत वाली 130 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।








.jpg)
Leave A Comment