पीएम मोदी 6 मार्च को ‘कृषि और ग्रामीण रूपांतरण’ वेबिनार को करेंगे संबोधित
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 6 मार्च 2026 को सुबह 11:15 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “कृषि और ग्रामीण रूपांतरण” विषय पर बजट-उपरांत वेबिनार को संबोधित करेंगे। इस वेबिनार का उद्देश्य बजट में घोषित पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विभिन्न हितधारकों के साथ विचार-विमर्श करना है।
इस विषय के अंतर्गत आठ अलग-अलग वेबिनार सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें चार प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है—कृषि, पशुपालन और डेयरी, मत्स्य पालन तथा ग्रामीण आजीविका। इन सत्रों में इन क्षेत्रों के विकास और बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा होगी।
बजट-उपरांत वेबिनार में उच्च मूल्य वाली कृषि को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत काजू, नारियल, चंदन, अगरवुड, बादाम, अखरोट और चिलगोज़ा जैसी फसलों की संभावनाओं के विकास पर विचार किया जाएगा।
वेबिनार में ‘भारत विस्तार’ के माध्यम से उपलब्ध अवसरों पर भी चर्चा होगी, जो कृषि क्षेत्र के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना है। इसके जरिए कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचार और बेहतर प्रबंधन को प्रोत्साहन देने पर जोर दिया जाएगा।
सत्रों में पशुपालन मूल्य श्रृंखला में निजी क्षेत्र के निवेश और उद्यमिता को बढ़ावा देने, मत्स्य पालन के लिए जलाशयों और अमृत सरोवरों के एकीकृत विकास तथा तटीय मत्स्य पालन मूल्य श्रृंखलाओं को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके साथ ही एसएचई-मार्ट्स के माध्यम से ग्रामीण महिला उद्यमियों द्वारा बनाए गए उत्पादों के लिए बाजार पहुंच का विस्तार करने के उपायों पर भी चर्चा की जाएगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला उद्यमिता को मजबूती मिल सके।

.jpg)







.jpg)
Leave A Comment