पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति शृंखला प्रभावित हुई : प्रधानमंत्री मोदी
तिरुचिरापल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति शृंखला प्रभावित हुई है। उन्होंने देश के इस संकट से उबरने का भरोसा व्यक्त करते हुए लोगों से अपील की कि वे घबरायें नहीं। रसोई गैस की आपूर्ति में कमी और विपक्ष द्वारा केंद्र सरकार पर ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधान को लेकर तैयारी करने में "विफल" होने का आरोपों के बीच, प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार हमेशा भारतीयों के हितों को सर्वोपरि रखती है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, "आज मैं तमिलनाडु के लोगों से पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बारे में बात करना चाहता हूं। इसने पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति शृंखला को प्रभावित किया है। हम 'इंडिया फर्स्ट' की विचारधारा में विश्वास रखते हैं।" उन्होंने कहा, "हमने देखा है कि हर परिस्थिति में हमारी सरकार हमेशा भारतीयों के हितों को सर्वोपरि रखती है। इन परिस्थितियों में भी हमारा यही दृष्टिकोण रहेगा। घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की कोई जरूरत नहीं है। मैं जनता से अपील करता हूं कि हम केवल सही और सत्यापित जानकारी का प्रसार करे।" प्रधानमंत्री ने कहा, "कोविड महामारी के दौरान, 140 करोड़ भारतीयों ने दुनिया को दिखाया कि हमारा राष्ट्र कितना परिपक्व है। मुझे विश्वास है कि एक राष्ट्र के रूप में, हम हर परिस्थिति का सफलतापूर्वक सामना करेंगे।" तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने निर्बाध एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित करने और मूल्य वृद्धि के प्रभाव को कम करने के लिए मोदी से हस्तक्षेप की मांग की।










Leave A Comment